कर्नाटक: स्कूलों में हिजाब पर रोक को हटाया गया, सीमित धार्मिक प्रतीक पहनने की अनुमति

साल 2022 में तत्कालीन बीजेपी सरकार ने सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में हिजाब समेत सिर ढकने पर प्रतिबंध लगा दिया था

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, रौनक भैड़ा

  1. प्रतीक यादव की मौत पर समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने क्या कहा?

    शिवपाल यादव

    इमेज स्रोत, Sakib Ali/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सपा नेता शिवपाल यादव ने प्रतीक यादव की मौत पर दुख जताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव की मौत हो गई है.

    इस पर अब समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव की प्रतिक्रिया आई है.

    शिवपाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "प्रतीक का निधन अत्यंत दुःखद है, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे. विनम्र श्रद्धांजलि."

    वहीं, परिवार के क़रीबी लोगों ने बताया कि अचानक तबीयत ख़राब होने की वजह से प्रतीक यादव को बुधवार सुबह लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल लाया गया था.

    प्रतीक यादव भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नेता अपर्णा यादव के पति थे. वह मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. साधना गुप्ता का निधन साल 2022 में हुआ था.

  2. अखिलेश यादव के भाई प्रतीक की मौत पर यूपी के डिप्टी सीएम की प्रतिक्रिया आई

    केशव प्रसाद मौर्य

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की मौत पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दुख जताया है.

    केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएँ हैं."

    उन्होंने लिखा, "ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें."

    गौरतलब है कि प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी की नेता हैं और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.

  3. अखिलेश यादव ने अपने भाई के मौत पर क्या कहा?

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, Sunil Ghosh/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की मौत बुधवार को हुई (फ़ाइल फ़ोटो: अखिलेश यादव)

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने भाई प्रतीक यादव की मौत पर दुख जताया है.

    अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, "श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे. विनम्र श्रद्धांजलि!"

    अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैंने हमेशा उसे कहा कि अपनी सेहत का ध्यान रखे और अपने कारोबार को आगे बढ़ाए. कभी-कभी पैसों का नुकसान या कारोबार में रुकावट लोगों को बहुत परेशान कर देती है. अब वह हमारे बीच नहीं है. हम कानून के हिसाब से जो रास्ता है, उसी को अपनाएंगे."

    इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने एक्स हैंडल पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "श्री प्रतीक यादव जी का निधन ह्रदय विदारक है. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे. विनम्र श्रद्धांजलि."

    दरअसल, प्रतीक यादव की मौत बुधवार को हुई. परिवार के क़रीबी लोगों ने बताया कि अचानक तबीयत ख़राब होने की वजह से प्रतीक को लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल लाया गया था.

  4. तमिलनाडु: विधानसभा में बहुमत परीक्षण आज, सीएम विजय को किनका समर्थन

    जोसेफ़ विजय

    इमेज स्रोत, R.Satish BABU / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, 234 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए विजय को 118 विधायकों के समर्थन की ज़रूरत है (फ़ाइल फ़ोटो)

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) चीफ़ सी जोसेफ़ विजय आज विधानसभा में बहुमत परीक्षण का सामना करेंगे.

    दरअसल, 234 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए विजय को 118 विधायकों के समर्थन की ज़रूरत है.

    टीवीके के अपने 108 विधायक हैं, जबकि उन्हें कांग्रेस, वीसीके, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और वाम दलों का समर्थन हासिल है. इनके विधायकों की कुल संख्या 13 है.

    वहीं, मंगलवार को ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (एआईएडीएमके) के एक गुट ने विजय को समर्थन देने की बात कही थी.

    चेन्नई के एमआरसी नगर में एआईएडीएमके नेता सीवी शनमुगम ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर बताया था कि बैठक में प्रस्ताव पास किया गया और मुख्यमंत्री विजय की सरकार को समर्थन देने का फ़ैसला लिया गया.

    हालांकि, इस बीच एआईएडीएमके ने पार्टी के सभी 47 विधायकों के लिए व्हिप जारी किया है.

  5. इन देशों ने पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिशों का किया समर्थन

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Sean Gallup/Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान की मध्यस्थता के बाद ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामबाद में वार्ता भी हुई थी, लेकिन यह बेनतीजा रही थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    क़तर और तुर्की ने पाकिस्तान की उन कोशिशों का समर्थन किया है, जो ईरान युद्ध को ख़त्म करने के लिए की जा रही हैं.

    क़तर के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "क़तर और तुर्की मिलकर पाकिस्तान की कोशिशों का समर्थन करते हैं, जिनका मक़सद युद्धविराम समझौते तक पहुंचना, इस युद्ध को जल्द से जल्द ख़त्म करना और होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलकर समुद्री यातायात को सामान्य करना है."

    यह बयान मंगलवार को दोहा में हुई बैठक के बाद आया. बैठक में क़तर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी और तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फ़िदान शामिल हुए.

    बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में क़तर और तुर्की ने चेतावनी दी कि अगर क्षेत्र में फिर से सैन्य कार्रवाई शुरू होती है तो इसका गंभीर असर वैश्विक सुरक्षा और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा.

    ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान मध्यस्थता के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. दोनों देशों के बीच इस्लामबाद में वार्ता भी हुई थी, लेकिन यह बेनतीजा रही थी.

  6. राहुल गांधी ने सीबीआई डायरेक्टर की सिलेक्शन प्रक्रिया पर जताई असहमति, कहा- 'मैं रबर स्टैम्प नहीं हूं'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Anindito Mukherjee/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है.

    लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को पीएम आवास पर हुई मीटिंग में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) के नए डायरेक्टर की चयन प्रक्रिया पर असहमति जताई है. इसको लेकर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पत्र साझा किया. इसमें लिखा है, "आपकी सरकार ने बार-बार सीबीआई का ग़लत इस्तेमाल किया है. यह संस्था भारत की सबसे बड़ी जांच एजेंसी है, लेकिन इसे राजनीतिक विरोधियों, पत्रकारों और आलोचकों को निशाना बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया. इसी वजह से चयन समिति में विपक्ष के नेता को शामिल किया जाता है, ताकि संस्था पर क़ब्ज़ा न हो सके. अफ़सोस है कि आपने मुझे इस प्रक्रिया में कोई असली भूमिका नहीं दी."

    "कई बार लिखित अनुरोध करने के बावजूद मुझे योग्य उम्मीदवारों की रिपोर्ट नहीं दी गई. इसके बजाय मुझे समिति की बैठक में पहली बार उन 69 उम्मीदवारों की रिपोर्ट देखने के लिए कहा गया. 360-डिग्री रिपोर्ट तो मुझे सीधे ही देने से मना कर दिया गया. इन रिपोर्टों की गहराई से समीक्षा करना ज़रूरी है, ताकि हर उम्मीदवार के काम और बैकग्राउंड को समझा जा सके."

    उन्होंने लिखा, "चयन समिति को ज़रूरी जानकारी न देकर सरकार ने इसे सिर्फ़ औपचारिकता बना दिया है. विपक्ष का नेता कोई "रबर स्टैम्प" नहीं है. मैं अपनी संवैधानिक ज़िम्मेदारी छोड़कर इस पक्षपाती प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बन सकता."

    गौरतलब है कि पीएम आवास पर हुई बैठक में भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और राहुल गांधी शामिल हुए थे. बता दें कि मौजूदा सीबीआई डायरेक्टर प्रवीण सूद का कार्यकाल 24 मई को ख़त्म होने वाला है.

  7. डोनाल्ड ट्रंप बोले- ईरान युद्ध ख़त्म करने के लिए चीन की ज़रूरत नहीं

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 13 से 15 मई तक चीन की यात्रा पर हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन की यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं. इससे ठीक पहले उन्होंने कहा कि ईरान के साथ युद्ध ख़त्म करने के लिए चीन की मदद की ज़रूरत नहीं है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि वह चीन दौरे पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग से विस्तार से बातचीत करेंगे.

    ट्रंप ने कहा, “हमारे पास बात करने के लिए बहुत सारी चीज़ें हैं. सच कहूं तो, ईरान हमारे एजेंडे में नहीं है, क्योंकि ईरान पहले से ही हमारे नियंत्रण में है.”

    उन्होंने ईरान के लिए चेतावनी भरे शब्दों में कहा, “या तो हम समझौते पर पहुंचेंगे या फिर वे (ईरान) तबाह हो जाएंगे.”

    गौरतलब है कि चीन के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि ट्रंप 13 से 15 मई तक चीन की राजकीय यात्रा पर रहेंगे.

    यह लगभग नौ साल बाद किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की चीन यात्रा होगी. ट्रंप की यह यात्रा मार्च में होनी थी, लेकिन मध्य पूर्व में चल रहे तनाव की वजह से टाल दी गई थी.