ब्रिटेन ने इसराइल के दो मंत्रियों पर प्रतिबंध लगाया, फ़लस्तीनियों के ख़िलाफ़ हिंसा भड़काने का आरोप

ब्रिटेन ने क़ब्जे़ वाले वेस्ट बैंक में 'फ़लस्तीनी समुदायों के ख़िलाफ़ बार-बार हिंसा भड़काने' के आरोप में दो अति-दक्षिणपंथी इसराइली मंत्रियों पर प्रतिबंध लगा दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और सुरभि गुप्ता

  1. ग़ज़ा जा रहे जहाज़ को रोकने के बाद इसराइल ने अब ये फ़ैसला लिया

    फ़्रीडम फ़्लोटिला कोएलिशन का जहाज़

    इमेज स्रोत, Freedom Flotilla Coalition

    इमेज कैप्शन, अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग भी इस जहाज़ में मौजूद थीं

    इसराइल के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जहाज़ से ग़ज़ा जा रहे फ़्रीडम फ़्लोटिला कोएलिशन के कार्यकर्ताओं को उनके देश वापस भेजने की घोषणा की है.

    इसकी जानकारी इसराइली विदेश मंत्रालय ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर साझा की.

    उन्होंने लिखा, "'सेल्फी यॉट' के यात्रियों को उनके देश भेजने के लिए बेन गुरियन एयरपोर्ट लाया गया है. कुछ यात्री अगले कुछ घंटों में इसराइल से रवाना हो सकते हैं. उम्मीद है कि 'सेल्फी यॉट' के कुछ यात्री अगले कुछ घंटों में इसराइल छोड़ देंगे.”

    इसराइली विदेश मंत्रालय ने ये स्पष्ट कर दिया है कि अगर फ़्रीडम फ़्लोटिला कोएलिशन का कोई भी कार्यकर्ता इसराइल से नहीं जाएगा तो उनके ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    उन्होंने लिखा, "जो लोग इसराइल छोड़ने और ज़रूरी दस्तावेज़ों पर साइन करने से मना कर रहे हैं, उन्हें क़ानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जाएगा ताकि उनके डिपोर्टेशन को मंज़ूरी मिल सके. यात्रियों से उनके देश के राजनयिक अधिकारी एयरपोर्ट पर मिले."

    इसराइली सेना ने सोमवार को संस्था फ़्रीडम फ़्लोटिला कोएलिशन (एफ़एफ़सी) के कार्यकर्ताओं के जहाज़ को रोक लिया था. ये जहाज़ ग़ज़ा पट्टी में मानवीय मदद लेकर जा रहा था.

    फ़्रीडम फ़्लोटिला कोएलिशन (एफ़एफ़सी) एक जन आधारित एकजुटता आंदोलन है, जिसमें दुनिया भर के लोग और संगठन शामिल हैं. यह समूह मिलकर ग़ज़ा पर इसराइल की नाकेबंदी को ख़त्म करने के लिए काम कर रहा है.

  2. शुभांशु शुक्ला अब इस तारीख़ को एक्सिओम-4 मिशन से अंतरिक्ष में जाएंगे

    शुभांशु शुक्ला

    इमेज स्रोत, @Axiom_Space/X

    इमेज कैप्शन, एक्सिओम-4 मिशन का संचालन एक्सिओम स्पेस, नासा और स्पेसएक्स के सहयोग से हो रहा है

    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने एक्स अकाउंट पर एक्सिओम-4 मिशन के लॉन्च पर नई जानकारी साझा की है.

    इसरो ने लिखा, "मौसम संबंधी कारणों की वजह से एक्सिओम-4 मिशन के तहत भारतीय गगनयात्री को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन भेजने के लिए तय तारीख़ 10 जून 2025 से बदलकर 11 जून 2025 कर दी गई है."

    "अब यह मिशन 11 जून 2025 को शाम 5:30 बजे (भारतीय समयानुसार) लॉन्च किया जाएगा."

    इस मिशन का हिस्सा भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी हैं. शुभांशु शुक्ला, राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय होंगे.

    उनसे पहले 1984 में राकेश शर्मा सोवियत मिशन के ज़रिए अंतरिक्ष में गए थे. क़रीब 40 साल बाद कोई भारतीय दोबारा अंतरिक्ष में जाएगा.

  3. महेंद्र सिंह धोनी आईसीसी के हॉल ऑफ़ फ़ेम में शामिल किए जाने पर क्या बोले

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, धोनी ने कहा है कि महान खिलाड़ियों के साथ ख़ुद का नाम देखना एक शानदार अनुभव है

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सोमवार को लंदन में हुए एक समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने हॉल ऑफ़ फ़ेम में शामिल किया.

    क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने हॉल ऑफ़ फे़म में शामिल होने पर कहा, "आईसीसी हॉल ऑफ़ फे़म में शामिल किया जाना मेरे लिए एक बहुत बड़ा सम्मान है, जो दुनियाभर के अलग-अलग दौर के क्रिकेटरों के योगदान को मान्यता देता है."

    "ऐसे महान खिलाड़ियों के साथ अपना नाम देखना वाकई एक शानदार अनुभव है. यह वो पल है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा."

    धोनी ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अपनी पहली पारी साल 2004 में खेली थी. उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में 350 वनडे, 98 टी20 और 90 टेस्ट मैच खेले हैं.

    उनकी कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने साल 2007 में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप, साल 2011 में आईसीसी वर्ल्ड कप और साल 2013 में चैंपियंस ट्राफ़ी का ख़िताब जीता था.

    आईसीसी ने सोमवार को क्रिकेट जगत से सात खिलाड़ियों को हॉल ऑफ़ फे़म में शामिल करने की घोषणा की, जिनमें पांच पुरुष और दो महिला खिलाड़ी शामिल हैं.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.