ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी में गिरा टेम्पो ट्रेवलर, 2 लोगों की मौत, 10 यात्री लापता, आसिफ़ अली, उत्तराखंड से बीबीसी हिंदी के लिए
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. चारधाम यात्रा पर जा रहा एक टेम्पो ट्रेवलर वाहन स्टेट बैंक मोड़, घोलतीर के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा और अलकनंदा नदी में समा गया.
ज़िला प्रशासन के अनुसार, “ दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो ट्रेवलर रुद्रप्रयाग से बद्रीनाथ की ओर जा रहा था. घटना की सूचना आज सुबह क़रीब 8:00 बजे मिली, जिसके बाद ज़िला पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन इकाई और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.”
“बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वाहन में चालक सहित कुल 20 लोग सवार थे. यह एक 31-सीटर टेम्पो ट्रेवलर था, जिसमें उदयपुर (राजस्थान) और गुजरात से आया परिवार चारधाम यात्रा पर था.”
रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने बताया, “हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 यात्री लापता हैं. नदी में बही बस की खोजबीन और लापता यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है."
ज़िला प्रशासन के मुताबिक़, “वाहन के नदी में गिरने से पहले कुछ यात्री खिड़कियों और दरवाज़ों से बाहर छिटक गए थे, जिन्हें रेस्क्यू टीमों और स्थानीय लोगों ने खाई से निकालकर ऊपर सड़क तक पहुंचाया. घायल यात्रियों को तत्काल ज़िला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया है.”
फिलहाल बचाव कार्य जारी है. प्रशासन और राहत टीमें मौके पर तैनात हैं.
इस बीच मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जनपद रुद्रप्रयाग में एक टेम्पो ट्रेवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुखद है."
उन्होंने कहा, "एसडीआरएफ सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है. इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं. ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं."