You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद पोप लियो बोले, 'मुझे कोई डर नहीं'

पोप लियो ने कहा है कि उन्हें ट्रंप प्रशासन से "कोई डर नहीं है" और वह युद्ध के ख़िलाफ़ अपनी आवाज़ उठाना जारी रखेंगे.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. कच्चे तेल की क़ीमतें फिर 100 डॉलर पार, ओसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर

    ईरान और अमेरिका के बीच बेनतीजा रही वार्ता के बाद तेल की क़ीमतें फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल पार चली गई हैं.

    ग्लोबल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 7.3% बढ़कर 102.30 डॉलर पर पहुंच गया है, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 8.7% बढ़कर 104.94 डॉलर पर रहा.

    यह बढ़ोतरी तब हुई जब अमेरिका और ईरान की बातचीत बिना किसी नए समझौते के ख़त्म हो गई और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी बंदरगाहों को रोकने की बात कही.

    पिछले बुधवार को तेल की क़ीमतें 100 डॉलर से काफ़ी नीचे चली गई थीं, जब अमेरिका और ईरान ने दो हफ़्ते के युद्धविराम का एलान किया था. तब होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने की बात भी कही गई थी जो ऊर्जा व्यापार का अहम रास्ता है.

    28 फ़रवरी से जंग शुरू होने के बाद से सप्लाई लगभग रुकी हुई है, हालांकि भारत और मलेशिया जैसे कुछ देशों के जहाज़ गुज़र रहे हैं. इस रुकावट की वजह से दुनिया भर में ऊर्जा की क़ीमतें तेज़ी से बढ़ी हैं.

  2. हंगरी में पीटर मागयार की जीत पर पीएम मोदी समेत दुनिया के नेताओं ने क्या प्रतिक्रिया दी?

    हंगरी में पीटर मागयार और उनकी तिस्ज़ा पार्टी को जीत पर दुनिया के अलग-अलग देशों के नेताओं ने बधाई दी है. पीएम नरेंद्र मोदी ने भी मागयार को बधाई दी.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, "पीटर मागयार और तिस्ज़ा पार्टी को शानदार जीत पर बधाई. भारत और हंगरी गहरी दोस्ती, साझा मूल्यों और लंबे समय से बने आपसी सम्मान से जुड़े हैं. मैं आपके साथ मिलकर द्विपक्षीय सहयोग को अधिक मज़बूत करने और भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं."

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक्स पर लिखा, "मैंने पीटर मागयार से मुलाक़ात कर उन्हें हंगरी में जीत की बधाई दी. फ़्रांस इस जीत को लोकतांत्रिक भागीदारी की जीत मानता है, हंगरी के लोगों के यूरोपीय संघ के मूल्यों से जुड़ाव की जीत मानता है और यूरोप में हंगरी के लिए भी यह जीत है."

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक्स पर लिखा, "हंगरी में विपक्ष की जीत लोकतंत्र की जीत है, सिर्फ़ यूरोप में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में. यह हंगरी के लोगों की मज़बूती और उनके संकल्प का सबूत है. यह हम सबको याद दिलाता है कि हमें लगातार न्याय, बराबरी और क़ानून के शासन के लिए कोशिश करते रहना चाहिए."

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर लिखा, "मैं हंगरी में संसदीय चुनावों में जीत के लिए पीटर मागयार को बधाई देता हूं. पाकिस्तान हंगरी के साथ अपने दोतरफा रिश्तों को अहमियत देता है और हम भविष्य में इन्हें और मज़बूत करने की उम्मीद रखते हैं."

    गौरतलब है कि हंगरी में 98% वोट गिने जाने के बाद 'तिस्ज़ा पार्टी' को 199 में से 138 सीटें मिलती दिख रही हैं.

  3. नोएडा में कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस भी हाई अलर्ट पर

    उत्तर प्रदेश के नोएडा के फ़ेज़-2 और सेक्टर 60 में आगज़नी, तोड़फोड़ और पत्थरबाज़ी हुई है. यहां पर अलग-अलग कंपनियों के कर्मचारी सैलरी बढ़ाने की मांगों को लेकर विरोध करने के लिए इकट्ठा हुए थे.

    पीटीआई के मुताबिक़, सोमवार को दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर मज़दूर यूनियन के वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के कारण ट्रैफ़िक जाम लग गया और गाड़ियों की आवाजाही लगभग रुक गई.

    प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बल प्रयोग करने के आरोप लगाए.

    अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को नोएडा में फ़ैक्ट्री मज़दूरों के प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है. इसके चलते राजधानी में आने वाले अहम रास्तों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

    उन्होंने कहा कि अलग-अलग औद्योगिक यूनिट्स के मज़दूर वेतन बढ़ाने की पुरानी मांग को लेकर इकट्ठा हुए और नारे लगाए.

    लेकिन यह प्रदर्शन हिंसक हो गया और नोएडा के फ़ेज़-2 और सेक्टर 60 इलाक़ों से आगज़नी, तोड़फोड़ और पत्थरबाज़ी की घटनाएं सामने आईं.

  4. इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू ने लेबनान पहुंचकर क्या कहा?

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने दक्षिण लेबनान का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि अभी लेबनान में और भी काम बाकी है.

    नेतन्याहू ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "मैं यहां रक्षा मंत्री, चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़, नॉर्दर्न कमांड के प्रमुख, डिवीज़न कमांडर और हमारे रिज़र्व सैनिकों के साथ हूं. यहां सैनिकों में मज़बूत हौसला है और लड़ने की तैयारी है."

    उन्होंने कहा, "लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र के अंदर भी युद्ध जारी है, जहां मैं थोड़ी देर पहले गया था. हमने इस सुरक्षा क्षेत्र की वजह से लेबनान से हमले के ख़तरे को रोक दिया है."

    नेतन्याहू ने कहा, "हम एंटी-टैंक फ़ायर के ख़तरे को दूर कर रहे हैं. हमने बहुत बड़ा काम किया है और अहम उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन अभी और काम बाकी है, हम अपनी कोशिशें जारी रखे हुए हैं."

    गौरतलब है कि इसराइल लेबनान पर लगातार हमलावर है. पाकिस्तान ने कहा था कि लेबनान पर भी युद्धविराम लागू होगा. हालांकि, बाद में इसराइल और अमेरिका ने इससे इनकार किया था.

  5. पुतिन ने दिया अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता करने का ऑफ़र, बीबीसी मॉनिटरिंग

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान को अमेरिका के साथ शांति वार्ता में मध्यस्थता करने का प्रस्ताव दिया है.

    क्रेमलिन की वेबसाइट पर जारी रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को दोनों नेताओं ने इस्लामाबाद में हुई बातचीत को लेकर फ़ोन पर चर्चा की.

    व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि वे राजनीतिक और कूटनीतिक रास्ते से समाधान खोजने और मध्यस्थता करने के लिए तैयार हैं, ताकि पश्चिम एशिया में न्यायपूर्ण और लंबे समय तक शांति कायम हो सके.

    उन्होंने कहा कि इसके लिए रूस क्षेत्र के सभी साझेदारों से संपर्क बनाए रखेगा.

    मसूद पेज़ेश्कियान ने व्लादिमीर पुतिन और रूस के सभी ऑर्थोडॉक्स ईसाइयों को ईस्टर की शुभकामनाएं दीं.

    गौरतलब है अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में वार्ता हुई, जिसकी मध्यस्थता पाकिस्तान ने की. लेकिन यह बातचीत बेनतीजा रही.

  6. ईरान से बचाए गए दो क्रू मेंबर्स के बारे में डोनाल्ड ट्रंप ने दिया ये अपडेट

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से बचाए गए दो अमेरिकी वायुसेना के क्रू मेंबर्स के बारे में जानकारी दी है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है, "वे बहुत अच्छी हालत में हैं और हमें उन पर गर्व है."

    दरअसल, दोनों अमेरिकी क्रू मेंबर में एक पायलट था, जिसे विमान से बाहर निकलने के तुरंत बाद ढूंढ लिया गया.

    दूसरा वेपन सिस्टम ऑफ़िसर था, जिसे ईरान की पहाड़ियों में 24 घंटे से ज़्यादा छिपे रहने के बाद बचाया गया.

    डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी के पास जॉइंट बेस एंड्रूज़ पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ईरान अब भी परमाणु हथियार चाहता है.

    इससे पहले भी ट्रंप कह चुके हैं कि ईरान से सीधी बातचीत असफल रही क्योंकि तेहरान अपनी परमाणु महत्वाकांक्षा छोड़ने को तैयार नहीं था.

    दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची का कहना है कि वो समझौते के बहुत क़रीब थे, लेकिन उनके सामने ज़्यादा मांगें रखी गईं, बदलती हुई शर्तों और प्रतिबंधों को भी रखा गया.

  7. आशा भोसले का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार आज, बेटे ने की ये अपील

    मशहूर गायिका आशा भोसले का रविवार को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया. सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.

    आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने बताया, "13 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोग 'कसा ग्रांडे' बिल्डिंग में आकर मां (आशा भोसले) का अंतिम दर्शन कर सकते हैं."

    उन्होंने कहा, "शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि वहां भीड़ ना करें क्योंकि ज़्यादा लोगों के जुटने की संभावना है."

    ग़ौरतलब है कि आशा भोसले को शनिवार शाम दिल का दौरा पड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    इसके बाद रविवार को उनका निधन हो गया.

  8. अमेरिका से बातचीत बेनतीजा रहने के बाद ईरान में 'अमेरिकी जासूसों' की बड़े पैमाने पर ग़िरफ़्तारियां, बीबीसी मॉनिटरिंग

    ईरान के अधिकारियों ने बताया कि जासूसी, दुश्मन देशों से सहयोग और सरकार विरोधी गतिविधियों के आरोप में कई गिरफ़्तारियां की गई हैं. साथ ही मुक़दमे दर्ज हुए हैं और कई संपत्तियां भी ज़ब्त की गई हैं.

    ईरानी मीडिया के मुताबिक़, पुलिस कमान ने कहा कि रविवार को देशभर में ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई में एक संगठित नेटवर्क को तोड़ा गया, जो संवेदनशील जानकारी दुश्मन तक भेजने की कोशिश कर रहा था.

    इस दौरान 50 लोग गिरफ़्तार किए गए हैं. यह ख़बर सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने दी है.

    आरोप है कि संदिग्धों ने सर्विस इन्फ़्रास्ट्रक्चर, चेकपॉइंट्स और सुरक्षा बलों के ठिकाने दुश्मन को बताए, जिससे इन्हें निशाना बनाने में मदद मिली. संदिग्धों से ख़ास इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सैटेलाइट डिवाइस, हथियार और गोलियां भी ज़ब्त की गईं.

    इसके अलावा, गिलान प्रांत में इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) ने कहा कि हाल की जंग में 'अमेरिका-ज़ायोनिस्ट आतंकी नेटवर्क' से जुड़े 102 लोग गिरफ़्तार किए गए.

    बयान में यह भी कहा गया कि चार लोगों को मोसाद से जुड़े होने के आरोप में पकड़ा गया.

  9. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कहा, 'वो दोबारा बातचीत नहीं करते तो भी मुझे उसकी परवाह नहीं'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान बातचीत के लिए फिर तैयार नहीं होगा तो उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी के पास जॉइंट बेस एंड्रूज़ पर पत्रकारों से कहा, "अगर ईरान बातचीत में वापस नहीं आता तो उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता."

    ट्रंप ने कहा, "मुझे परवाह नहीं कि वे वापस आते हैं या नहीं. अगर वे वापस नहीं आते, तो भी ठीक है."

    इससे पहले अमेरिकी सेना ने कहा है कि वह सोमवार से ईरानी बंदरगाहों की नाक़ेबंदी शुरू करेगी.

    गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अमेरिका होर्मुज़ स्ट्रेट में दाख़िल होने या वहां से बाहर जाने की कोशिश करने वाले 'किसी भी और हर एक जहाज़' की नाक़ेबंदी शुरू करने जा रहा है.

    उन्होंने कहा, "जो कोई भी अवैध शुल्क देता है, उसे खुले समुद्र में सुरक्षित रास्ता नहीं मिलेगा."

  10. हंगरी में 16 साल बाद विक्टर ओरबान के शासन का अंत, बोले- नतीजे दर्दनाक हैं, पॉल किर्बी, बुडापेस्ट में यूरोप डिजिटल एडिटर

    हंगरी में 16 साल बाद विक्टर ओरबान का शासन खत्म हो गया है. क़रीब 98% वोट गिने जाने के बाद शुरुआती नतीजों में 'तिस्ज़ा पार्टी' को 138 सीटें मिलती दिख रही हैं.

    199 सीटों वाली संसद में ओरबान की 'फ़िदेज़ पार्टी' को 55 और धुर दक्षिणपंथी पार्टी 'अवर होमलैंड' को 6 सीटें मिली हैं.

    तिस्ज़ा पार्टी के नेता पीटर मागयार ने ओरबान को हराया है. उन्होंने डेन्यूब नदी के किनारे मौजूद भीड़ से कहा, "हमने मिलकर हंगरी की सरकार गिरा दी."

    उन्होंने यह भी बताया कि विक्टर ओरबान ने उनको फ़ोन कर जीत की बधाई दी.

    दूसरी ओर, ओरबान ने अपने समर्थकों से कहा, "नतीजे साफ़ और दर्दनाक हैं. हमें 25 लाख लोगों का धन्यवाद करना चाहिए जिन्होंने हमारा साथ दिया. आने वाले दिन हमारे ज़ख़्म भरने के लिए हैं."

    मागयार ने कहा है कि वो ओरबान के समय किए गए बदलावों को पलटेंगे. उन्होंने वादा किया, "शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार करेंगे, भ्रष्टाचार पर रोक लगाएंगे, न्यायपालिका को स्वतंत्र बनाएंगे और उस सिस्टम को खत्म करेंगे जिसे एनईआर कहा जाता है. इसने ऑर्बान के समर्थकों को फ़ायदा पहुंचाया और सरकारी संसाधन बर्बाद किए."

    संविधान में बदलाव करने के लिए मागयार को 133 सीटों की ज़रूरत थी, ताज़ा नतीजे बताते हैं कि तिस्ज़ा पार्टी को 138 सीटें मिल सकती हैं.

  11. ईरान ने बताया, 'अमेरिका से समझौता होने ही वाला था कि तभी आख़िरी लम्हों में ये हुआ'

    अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही है. अब ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि वे समझौते से कुछ ही दूर थे.

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "47 साल में सबसे ऊंचे स्तर पर गहन बातचीत हुई. ईरान ने अमेरिका से अच्छे इरादे के साथ युद्ध ख़त्म करने के लिए बात की."

    "लेकिन जब हम 'इस्लामाबाद समझौते' से बस कुछ क़दम दूर थे, तभी हमारे सामने ज़्यादा मांगें रखी गईं, बदलती हुई शर्तों और प्रतिबंधों को सामने रखा गया."

    उन्होंने अमेरिका पर तंज़ कसते हुए लिखा, "कोई सीख नहीं मिली. अच्छी नीयत से अच्छी नीयत मिलती है. दुश्मनी से दुश्मनी मिलती है."

    गौरतलब है कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध ख़त्म करने को लेकर बातचीत हुई, लेकिन यह बेनतीजा रही.

    इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी कि अब अमेरिका होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले हर एक जहाज़ की नाकेबंदी करेगा.

  12. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.