इसराइल: बंधकों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन और हड़ताल

इसराइल के तेल अवीव और यरूशलम में लोगों ने बंधकों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन किया है.

सारांश

  • इसराइल के तेल अवीव और यरूशलम में लोगों ने बंधकों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन किया है. लोग सरकार से हमास से बात करने का आग्रह कर रहे हैं
  • मुसलमानों पर हो रहे हमलों को लेकर राहुल गांधी ने कहा- भाजपा सरकार से इन उपद्रवियों को खुली छूट मिली हुई है
  • संयुक्त राष्ट्र संघ ग़ज़ा पट्टी में बच्चों को पोलियो वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए एक बड़ा अभियान चलाने जा रहा है
  • बीएचयू गैंगरेप मामले में अभियुक्तों को ज़मानत मिलने पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा- भाजपा इस बारे में देश की बहन-बेटियों से कुछ कहना चाहेगी
  • रूस में हेलीकॉप्टर के क्रैश होने से 17 लोगों की हुई मौत, शनिवार को उड़ान भरने के बाद रडार से लापता हो गया था यह हेलीकॉप्टर

लाइव कवरेज

सौरभ यादव

  1. यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को और सीमावर्ती इलाकों पर किया ड्रोन हमला

    यूक्रेन ने किया रूस पर ड्रोन अटैक (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन ने किया रूस पर ड्रोन अटैक (सांकेतिक तस्वीर)

    यूक्रेन ने रूस के ख़िलाफ़ सीमावर्ती इलाक़ों और राजधानी मॉस्को में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए हैं.

    मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने सोशल मीडिया पर एक बयान देते हुए कहा कि मॉस्को की तरफ उड़ान भर रहे कम से पांच ड्रोन्स को नष्ट किया गया है.

    वहीं स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि ब्रान्स और वोरोनिश इलाक़े के ऊपर उड़ान भर रहे क़रीब 40 ड्रोन्स नष्ट किए गए हैं.

    उन्होंने कहा कि 'हमें काफ़ी कम क्षति पहुंची है. केवल दो फ़्यूल स्टेशनों और एक इमारत को ही नुक़सान पहुंचा है. हालांकि संवाददाताओं का कहना है कि रूस कभी भी यूक्रेनी हमले से हुए नुक़सान के बारे में सही जानकारी नहीं उपलब्ध कराता है.'

    जैसे-जैसे ड्रोन्स का उत्पादन बढ़ रहा है वैसे-वैसे ही यूक्रेन ने रूस पर अपने हमलों में भी इज़ाफ़ा किया है.

    इससे पहले रूस ने भी यूक्रेन के उत्तरी हिस्से में स्थित शहर खारकीव पर हमला किया था जिसमें कि एक 14 साल की बच्ची की मौत हो गई थी.

    स्थानीय अधिकारियों ने कहा था कि कि यह एक रूस का एक नियंत्रित बम हमला था.

    इसके अलावा रूसी सीमा के नज़दीक एक 12 मंज़िला इमारत को भी निशाना बनाया गया था. जिसमें कम से कम 6 लोगों की जान चली गई और 59 लोग घायल हो गए.

    ताज़ा रूसी हमला यूक्रेनी वायुसेना के प्रमुख लेफ़्टिनेंट जेन मायकोला ओलेश्चुक को हटाए जाने के कुछ ही घंटों के बाद हुआ. जेन मायकोला ओलेश्चुक को ज़ेलेंस्की ने ही पद से हटाया है.

  2. देवेंद्र फडणवीस ने महाविकास अघाड़ी और कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- वे करते हैं शिवाजी का अपमान

    देवेंद्र फडणवीस (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, देवेंद्र फडणवीस (फ़ाइल फ़ोटो)

    महाराष्ट्र में शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने के मामले पर राजनीति गरमाई हुई है. रविवार को विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी इस मामले को लेकर मुंबई में एक मार्च निकालने का एलान कर चुका है.

    महाविकास अघाड़ी का यह मार्च मुंबई के हुतात्मा चौक से गेटवे ऑफ़ इडिया तक निकाला जाएगा.

    इस मार्च पर अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर करते हुए महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस और महाविकास अघाड़ी पर आरोपों की झड़ी लगा दी.

    देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “ये जो आज आंदोलन हो रहा है ये पूरी तरह से राजनैतिक आंदोलन है. महाविकास अघाड़ी और कांग्रेस ने कभी भी शिवाजी महाराज का सम्मान नहीं किया.”

    फडणवीस ने बयान में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी को भी शामिल करते हुए कहा, “आप मुझे पंडित नेहरू और इंदिरा गांधी का लाल किले से दिया गया कोई भी ऐसा भाषण बताइये जिसमें इन्होंने शिवाजी के बारे में बात की हो.”

    जवाहरलाल नेहरू पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 'यहां तक कि नेहरू जी ने अपनी किताब डिस्कवरी ऑफ़ इंडिया में छत्रपति शिवाजी महाराज का पूरा अपमान किया है. क्या कांग्रेस पार्टी कभी इसकी माफ़ी मांगेगी.'

  3. मणिपुर के सीएम का तेजस्वी यादव और इंडिया गठबंधन पर निशाना, क्या कहा

    मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है.

    एक पोस्ट में एन बीरेन सिंह ने लिखा, “ऐसा लगता है कि इंडी अलायंस अज्ञानी नस्लवादियों का समूह है जिसे कि हमारे देश के इतिहास और भूगोल के बारे में कोई भी जानकारी नहीं है.”

    मणिपुर के सीएम ने लिखा कि 'पहले सैम पित्रोदा और अब तेजस्वी यादव जो पूर्वोत्तर के लोगों को लेकर नस्लीय सोच का शिकार हुए हैं. यह दुर्भाग्पूर्ण है कि तेजस्वी यादव जैसे राजनीतिक नेता ने असम के सीएम को केवल इसलिए चीनी बोल दिया क्योंकि वे असम से हैं.'

    एन बीरेन सिंह ने लिखा, “हम उतने ही भारतीय हैं जितना कि देश के दूसरे हिस्से के लोग और हमें इसका प्रमाण देने की ज़रूरत नहीं है. पूर्वोत्तर राज्यों के लिए इंडी अलायंस का यह नस्लभेद हमेशा के लिए बंद होना चाहिए.”

    इससे पहले असम में जुमे की नमाज़ की छुट्टी को कैंसल करने वाले फ़ैसले पर तेजस्वी यादव ने राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधा था.

    भाजपा प्रवक्ता शाहज़ाद पूनावाला ने भी तेजस्वी के बयान की आलोचना की थी.

    तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने कहा था, "आप अगर निर्णय से सहमत नहीं है तो असम के मुख्यमंत्री पर अपमानजनक टिप्पणी करने की हद तक चले जाते हैं, क्योंकि वो नॉर्थ-ईस्ट से हैं."

  4. शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने के विरोध में आज मुंबई में मार्च निकालेगी महाविकास अघाड़ी

    शिवाजी की प्रतिमा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शिवाजी की प्रतिमा

    महाराष्ट्र में शिवाजी महाराज की प्रतिमा के गिरने का मामला एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है.

    रविवार को इस घटना के विरोध में महाविकास अघाड़ी ने मुंबई में एक मार्च निकालने का एलान किया है.

    महाविकास अघाड़ी का यह मार्च मुंबई के हनुमंता चौक से गेटवे ऑफ़ इडिया तक निकाला जाएगा.

    सिंधुदुर्ग के राजकोट किले में बनी इस प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था लेकिन नौ महीने में ही इसके धाराशाई होने के बाद एकनाथ शिंदे की महायुति गठबंधन सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है.

    कुछ दिनों पहले ही महाराष्ट्र दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके लिए शिवाजी महाराज से माफ़ी मांगी जबकि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री अजीत पवार भी इस मुद्दे पर माफ़ी मांग चुके हैं.

    वहीं शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने प्रधानमंत्री की माफ़ी को राजनैतिक बताया था.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  5. कमला हैरिस ने अमेरिकी सैनिकों से जुड़े किस मामले में की ट्रंप की आलोचना

    कमला हैरिस (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कमला हैरिस (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी उप-राष्ट्रपति और डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ़ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस ने डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना की है.

    कमला हैरिस की यह आलोचना हालिया आर्लिंगटन नेशनल सीमेट्री पर पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप के बयान के बाद सामने आई है.

    ट्रंप की आलोचना करते हुए हैरिस ने कहा कि सैनिकों का क़ब्रिस्तान राजनीति करने की जगह नहीं है.

    शनिवार को अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप पर निशाना साधते हुए कमला हैरिस ने लिखा कि उन्होंने (ट्रंप) केवल राजनीति के लिए उस पवित्र जगह का अपमान किया है.

    इसी हफ़्ते सोमवार को ट्रंप ने अफ़ग़ानिस्तान में मारे गए 13 अमेरिकी सैनिकों के परिवारों को सम्मानित करने के लिए आर्लिंगटन नेशनल सीमेट्री का दौरा किया था.

    ऐसा आरोप है कि इसी दौरान ट्रंप के चुनावी अभियान के एक कार्यकर्ता ने सीमेट्री के एक कर्मचारी को धक्का देकर किनारे कर दिया था. वे कर्मचारी ट्रंप के साथ मौजूद कार्यकर्ताओं को फ़ोटो खींचने के लिए तय किए गए नियमों के बारे में बता रहे थे.

    वहीं ट्रंप अभियान से जुड़े आधिकारिक लोगों का कहना है कि उनको इसके लिए सैनिकों के परिवार से मंज़ूरी मिली थी.

  6. ग़ज़ा में संयुक्त राष्ट्र चलाएगा पोलियो टीकाकरण अभियान

    संयुक्त राष्ट्र संघ ग़ज़ा में चलाएगा पोलियो टीकाकरण अभियान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारी

    संयुक्त राष्ट्र संघ की एजेंसियां और स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी ग़ज़ा पट्टी में 6 लाख 40 हज़ार बच्चों को पोलियो की वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए एक बड़ा अभियान चलाने जा रहे हैं.

    संयुक्त राष्ट्र संघ और स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों का यह अभियान रविवार से ही शुरू हो रहा है. हालांकि यह अभियान इसराइल और हमास के बीच स्थानीय स्तर पर युद्ध विराम पर भी निर्भर है.

    वहीं इस अभियान की सफलता को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का कहना है कि ग़ज़ा के 10 साल से कम की उम्र वाले कम से कम 90 फ़ीसदी बच्चों का टीकाकरण जल्द से जल्द किया जाना चाहिए.

    पोलियो टीकाकरण अभियान का यह क़दम ग़ज़ा में एक बच्चे में पोलियो संक्रमण का मामला सामने आने के बाद उठाया गया है. यह पिछले 25 सालों में ग़ज़ा में देखा गया पहला पोलियो मामला था.

    इस मामले के सामने आने के बाद संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेषज्ञों ने कहा था कि ग़ज़ा में कई बच्चे पोलियो से संक्रमित हो सकते हैं और अगर जल्द ही कोई क़दम नहीं उठाया गया तो यह भयंकर तरीके़ से फैल भी सकता है.

  7. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर हाज़िर हूं.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    फ़ेमस मैसेंजिंग ऐप टेलीग्राम का इस्तेमाल कई सारे लोग करते हैं. हो सकता है कि यह आपके फ़ोन में भी हो. लेकिन क्या इसका इस्तेमाल करना आपके लिए सुरक्षित है. जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    दक्षिण चीन सागर के एक विवादित हिस्से में चीन और फ़िलीपीन्स के कोस्टगार्ड के जहाज़ आपस में टकरा गए जिसके बाद दोनों ने एक दूसरे पर आरोप लगाया है. पूरी घटना के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इसी सप्ताह बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी डिजिटल मीडिया पॉलिसी, 2024 की घोषणा की थी. यूपी सरकार के इस फ़ैसले के बाद राज्य में रहने वालों पर इसका क्या असर पड़ेगा. जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    सुप्रीम कोर्ट की दो बेंचों ने हाल के दिनों में ऐसे आदेश जारी किए हैं जो निचली अदालतों के लिए एक संदेश की तरह हैं. संदेश ये कि ख़ासतौर से ज़मानत देने के मामलों में अदालतों को अपने नज़रिए में बदलाव लाना चाहिए. सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    शनिवार यानी कल के लाइव पेज पर मौजूद ख़बरों को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.