पुतिन की चेतावनी- यूरोपीय देशों ने रूसी जहाज़ जब्त किए तो जवाब देगा रूस

यह बयान ऐसे समय आया है जब यूरोपीय यूनियन रूस के कथित "शैडो फ़्लीट" पर दबाव बढ़ा रहा है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • फुटबॉलर रोनाल्डो ने पार्टनर जॉर्जिना से रचाई शादी
  • पुलिस ने सड़क किनारे क्यों रखीं क्षतिग्रस्त कार?
  • कोलंबिया में भूकंप से तबाही
  • देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल में भर्ती कराया गया
  • चीन का रॉकेट लॉन्च होने के कुछ देर बाद ही फट गया
  • प्रयागराज में स्टूडेंट्स की गिरफ़्तारी पर क्या बोले परिजन
  • नरेंद्र मोदी और मीराबाई चनू
  • स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट
  • होर्मुज़ स्ट्रेट

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल

  1. तमिलनाडु के सीएम विजय ने महिला आरक्षण को लेकर क्या कहा?

    सीएम विजय

    इमेज स्रोत, Tamilnadu Assembly/ANI Video Grab

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया.

    इसमें केंद्र सरकार से लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या को स्थायी रूप से तय करने की मांग की गई है. विधानसभा ने उनके इस प्रस्ताव को मंज़ूरी भी दे दी.

    मुख्यमंत्री ने 2029 में होने वाले अगले लोकसभा चुनाव से ही महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की मांग की. उन्होंने कहा कि यह आरक्षण मौजूदा लोकसभा की 543 सीटों के आधार पर लागू किया जाना चाहिए.

    मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण में अब और देरी नहीं होनी चाहिए.

    उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षण कोई रियायत नहीं, बल्कि उनका लोकतांत्रिक अधिकार है.

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने कहा, “महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव में ही मौजूदा 543 सीटों के आधार पर लागू किया जाना चाहिए. महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण में अब और देरी नहीं होनी चाहिए. तमिलनाडु में पुरुषों की तुलना में ज्यादा महिलाओं ने मतदान किया है. महिलाओं को आरक्षण देना कोई रियायत नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का मामला है. महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण बिना किसी और देरी के लागू किया जाना चाहिए.”

  2. भारत पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ़ की आशंका के मद्देनज़र पीटर नवारो बोले- ट्रंप और पीएम मोदी के बीच अच्छे संबंध, टैरिफ पर दोनों खुद बात करेंगे

    अमेरिकी राष्ट्रपति के काउंसलर पीटर नवारो

    इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images

    इमेज कैप्शन, नवारो ने कहा, "राष्ट्रपति और आपके प्रधानमंत्री के बीच बहुत अच्छे कामकाजी संबंध हैं. वे इस मुद्दे को आपस में सुलझा लेंगे"

    अमेरिकी राष्ट्रपति के काउंसलर पीटर नवारो ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच अच्छे संबंध हैं और दोनों नेता टैरिफ समेत अन्य मुद्दों को आपस में सुलझा लेंगे.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के एक सवाल के जवाब में नवारो ने यह बात लिंडसे ग्राहम बिल को लेकर कही. इस बिल को अमेरिकी राष्ट्रपति का समर्थन हासिल है और इसमें भारत पर संभावित 100 फ़ीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रावधान है. उनसे पूछा गया था कि इसका भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर क्या असर पड़ सकता है.

    नवारो ने कहा कि "राष्ट्रपति और आपके प्रधानमंत्री के बीच बहुत अच्छे कामकाजी संबंध हैं. वे इस मुद्दे को आपस में सुलझा लेंगे और मेरे लिए उनके बीच आने की कोई बात नहीं है."

    रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए नवारो ने कहा कि करीब 6-8 महीने पहले उन्होंने फाइनेंशियल टाइम्स में एक लेख लिखा था.

    इसमें उन्होंने दावा किया था कि यूक्रेन पर रूस के हमले से पहले भारत रूस के तेल कारोबार में शामिल नहीं था, लेकिन बाद में भारत इसमें काफी शामिल हो गया और रूस की ओर से बड़ी मात्रा में रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पाद बेच रहा था.

    नवारो ने कहा कि यह मुद्दा अब सुलझ चुका है. उन्होंने यह भी दावा किया कि उस लेख के बाद इंटरनेट पर भारतीय लोगों की ओर से उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा.

    उन्होंने कहा, "मैं बस इतना कहूंगा कि ऐसा मत कीजिए. अमेरिका में हम समस्याओं को इस तरह हल नहीं करते."

  3. डेरेक ओ'ब्रायन का बीजेपी पर हमला, बोले- नूडल्स की तरह क़ानून बना रही है सरकार

    डेरेक ओ'ब्रायन

    इमेज स्रोत, Arvind Yadav/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो

    टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर 'नूडल्स की तरह क़ानून बनाने' का आरोप लगाया.

    उन्होंने लिखा, "नूडल्स की तरह क़ानून बनाए जा रहे हैं. बीजेपी ने 17 दिनों में 10 विधेयक पास किए, यानी हर बिल को औसतन सिर्फ़ 4 मिनट मिले. संसद को एक ‘गहरे, अंधेरे कमरे’ में बदला जा रहा है."

    डेरेक ओ'ब्रायन के बताए आंकड़ों के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या से संबंधित विधेयक 4 मिनट में और जन्म और मृत्यु का पंजीकरण विधेयक 2 मिनट में पास किया गया.

    वहीं, बैंकर्स बुक्स एविडेंस विधेयक 3 मिनट, टैक्सेशन एंड अदर लॉज विधेयक 3 मिनट, एप्रोप्रिएशन (नंबर 3) विधेयक 3 मिनट, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम विधेयक 10 मिनट, MSME विकास विधेयक 3 मिनट, ट्रिब्यूनल सुधार विधेयक 4 मिनट, केरल (नाम में बदलाव) विधेयक 2 मिनट और को-ऑपरेटिव डेवलपमेंट कॉरपोरेशन विधेयक 4 मिनट में पास किए गए.

  4. झारखंड: प्रदर्शनस्थल पर रात में पहुंचे सीनियर अफसर, हिरासत की अफ़वाह पर रांची एसपी ने दी सफाई

    रांची के एसपी पारस राणा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रांची के एसपी पारस राणा ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी किसी भी प्रदर्शनकारी को हिरासत में लेने के लिए प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचे थे

    रांची में प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों को हिरासत में लिए जाने की अफवाहों के बीच रांची के एसपी पारस राणा ने बुधवार को सफाई दी.

    उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी किसी भी प्रदर्शनकारी को हिरासत में लेने के लिए प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचे थे.

    प्रदर्शनकारी जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में अनियमितताओं का आरोप लगा रहे हैं.

    हालांकि, छात्र नेता पीयूष कुमार ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से प्रदर्शन खत्म करने को कहा.

    यह पूरा मामला जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम का है, जहां प्रदर्शनकारी जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे हैं.

    प्रदर्शनकारी जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने, कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच और भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं.

    एएनआई से बात करते हुए रांची एसपी पारस राणा ने कहा, यह अफवाह फैलाई जा रही है कि पुलिस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने पहुंची है."

    उन्होंने बताया कि पुलिस टीम छात्रों से बात करने और पहले हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद कुछ लोगों की पहचान की पुष्टि करने के लिए वहां गई थी.

    एसपी राणा ने कहा, "किसी को हिरासत में लेने के लिए कोई नहीं आया था. दरअसल, कुछ इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर यहां वीडियो बनाकर उसे वायरल करने के लिए पहुंचे हैं. प्रशासन के यहां पहुंचने के बाद उन्हें इसे लेकर अफवाह फैलाने का मौका मिल गया. यह कहा जा रहा है कि हम लोगों को हिरासत में लेने आए हैं, लेकिन ऐसा नहीं है."

    झारखंड के विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी बुधवार सुबह प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलने पहुंचे.

    इस दौरान उन्होंने कहा, "आज सुबह मुझे पता चला कि कल देर रात करीब 1:30-2 बजे पुलिस यहां आई थी. सिटी एसपी, एसएसपी और डीसी यहां आए थे और उन्होंने छात्रों को हटाने के लिए बल का भी इस्तेमाल किया और आंदोलन को कमज़ोर करने की कोशिश की."

    "वे कह रहे थे कि जेपीएससी का काम तो हो गया है, तो अब आप लोगों को क्या चाहिए? लेकिन असल में, जेपीएससी का काम तो हुआ ही नहीं है. वो कह रहे हैं कि हमने परीक्षा रद्द कर दी है, लेकिन परीक्षा रद्द करना कोई समाधान नहीं है; समाधान तो यह है कि जांच की जाए कि परीक्षा क्यों रद्द की गई और इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए."

  5. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, 'होर्मुज़ स्ट्रेट पर हमारा पूरा नियंत्रण'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Donald Trump

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि फिलहाल अमेरिका “बहुत अच्छी स्थिति” में है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें ईरान पर बिल्कुल भरोसा नहीं है.

    उन्होंने कहा, "मैं ईरान पर भरोसा करने वाला आखिरी व्यक्ति हूं. उन्होंने लगातार मुझसे झूठ बोला है."

    ट्रंप ने दावा किया कि इस समय होर्मुज़ स्ट्रेट पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है और ईरान का वहां कोई नियंत्रण नहीं है.

    ट्रंप ने जॉइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से कहा, "होर्मुज़ स्ट्रेट पर हमारा पूरा नियंत्रण है. यह हमारे कब्जे में है. और किसी वक्त अगर उन्होंने कुछ किया, तो उन्हें उड़ा दिया जाएगा."

    ट्रंप ने कहा कि फिलहाल अमेरिका “बहुत अच्छी स्थिति” में है.

  6. फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इस मॉडल से रचाई शादी, पॉलिन कोला

    रोनाल्डो और जॉर्जिना

    इमेज स्रोत, aleed Zein/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, रोनाल्डो और जॉर्जिना पिछले 10 साल से साथ हैं. दोनों की मुलाक़ात मैड्रिड के एक गुच्ची स्टोर में हुई थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपनी पार्टनर और मॉडल-इन्फ्लुएंसर जॉर्जिना रोड्रिगेज से शादी कर ली है. दोनों ने पुर्तगाल में एक सिविल सेरेमनी में शादी की.

    रोनाल्डो ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की जिसमें दोनों के हाथों में शादी की अंगूठियां नज़र आ रही हैं.

    पुर्तगाली मीडिया के मुताबिक़, कपल ने 11 अगस्त को लिस्बन के पास समुद्र किनारे बसे शहर कास्काइस में शादी की. इस खास मौके पर उनके पांच बच्चे भी मौजूद थे.

    रोनाल्डो की इंस्टाग्राम पोस्ट को शेयर किए जाने के सिर्फ 30 मिनट के अंदर 30 लाख से ज़्यादा लाइक्स मिल गए.

    रोनाल्डो और जॉर्जिना पिछले 10 साल से साथ हैं. दोनों की मुलाक़ात मैड्रिड के एक गुच्ची स्टोर में हुई थी, जहां उस समय जॉर्जिना काम करती थीं. उस वक्त रोनाल्डो स्पेन के मशहूर क्लब रियल मैड्रिड के लिए खेल रहे थे.

    दोनों ने पिछले साल 11 अगस्त को अपनी सगाई का ऐलान किया था. उस समय जॉर्जिना ने अपनी सगाई की अंगूठी की तस्वीर शेयर करते हुए स्पेनिश में लिखा था कि वह इस ज़िंदगी और अपनी हर ज़िंदगी में रोनाल्डो के साथ रहने के लिए तैयार हैं.

  7. अमेरिकी सेना का दावा, ईरान जा रहे जहाज़ को रोकने के लिए दागीं मिसाइलें

    स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने दावा किया है कि उसने ईरान के एक बंदरगाह की ओर जा रहे एक जहाज़ को रोककर उसके स्टीयरिंग सिस्टम को नाकाम कर दिया.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि पनामा के झंडे वाला यह जहाज़ ओमान की खाड़ी से गुज़रने की कोशिश कर रहा था.

    अमेरिकी कमांड के मुताबिक, जहाज़ का मक़सद ईरानी बंदरगाह तक पहुंचकर अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को तोड़ना था. बयान में कहा गया है कि जहाज़ के नागरिक चालक दल ने अमेरिकी सेना की ओर से दी गई बार-बार चेतावनियों को नजरअंदाज़ किया.

    इसके बाद अमेरिकी नौसेना के एक एमएच-60 हेलीकॉप्टर ने जहाज़ के इंजन रूम पर दो हेलफायर मिसाइलें दागीं.

    सेंट्रल कमांड ने कहा, “यह जहाज़ अब ईरान की ओर नहीं जा रहा है.”

    सेंटकॉम के मुताबिक, मंगलवार 11 अगस्त तक 55 वाणिज्यिक जहाज़ों का रास्ता बदला गया है, जबकि सहयोग नहीं करने वाले तीन जहाज़ों को नाकाम किया गया और दो जहाज़ों की तलाशी ली गई.

  8. कोलंबिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 180 से ज़्यादा हुई, बचावकार्य अभी भी जारी

    कोलंबिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोलंबिया के राष्ट्रपति ने बताया कि 1,100 से ज़्यादा घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं और आठ हज़ार से अधिक घरों को नुक़सान पहुंचा है

    कोलंबिया में सोमवार को आए तेज़ भूकंप के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं.

    भूकंप में अब तक 180 से ज़्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. सबसे ज़्यादा नुक़सान कैली और पेरेरा शहरों में हुआ है.

    7.4 तीव्रता का भूकंप सोमवार सुबह 7:34 बजे आया था. इसके झटके पश्चिमी कोलंबिया के सैकड़ों मील दूर तक महसूस किए गए. मंगलवार को भी भूकंप के बाद के झटके यानी आफ्टरशॉक्स महसूस किए जाते रहे.

    सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, मरने वालों की संख्या 181 है. हालांकि, स्थानीय अधिकारियों से मिले आंकड़ों को जोड़ें तो यह संख्या 240 से भी ज़्यादा हो सकती है. राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है.

    राष्ट्रपति मंगलवार को सबसे ज़्यादा प्रभावित शहरों में से एक पेरेरा पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बताया कि भूकंप में करीब 2,600 लोग घायल हुए हैं, जबकि लगभग 200 लोग अब भी लापता हैं.

    उन्होंने बताया कि 1,100 से ज़्यादा घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं और 8,000 से अधिक घरों को नुक़सान पहुंचा है.

    सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक पेरेरा और कैली जैसे शहरों में कई लोगों ने खुले में रात बिताई. कुछ लोगों के घर पूरी तरह तबाह हो गए थे, जबकि कई लोग इमारतों के दोबारा गिरने के डर से घरों के अंदर नहीं गए.

  9. बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.