पुतिन ने कहा- अगर यूरोप हमसे लड़ना चाहता है, तो हम भी तैयार हैं, लॉरा गोज़ी, यूरोप रिपोर्टर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूसी राष्ट्रपति ने कहा है कि यूरोप रूस-यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने के लिए अमेरिका की कोशिशों में रुकावट डाल रहा है
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस यूरोप के साथ जंग नहीं चाहता, लेकिन अगर यूरोप लड़ना चाहता है, तो वह तैयार हैं.
यूक्रेन के साथ युद्ध ख़त्म करने को लेकर पुतिन अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ से मिलने वाले हैं. इससे पहले वह एक इन्वेस्टमेंट फ़ोरम में भाषण दे रहे थे.
जब उन्होंने भाषण ख़त्म किया तो वह कोई सवाल लिए बिना चले गए, लेकिन जाते समय उन्होंने उन पत्रकारों से बात की जो ट्रेड सेंटर की लॉबी में इकट्ठा हुए थे.
यूक्रेन के साथ शांति वार्ता में यूरोप के शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर पुतिन ने आरोप लगाया कि यूरोप का "कोई शांतिपूर्ण एजेंडा नहीं" है.
पुतिन ने कहा कि यूरोपीय देश यूक्रेन के साथ रूस के संघर्ष को सुलझाने के लिए अमेरिका की कोशिशों में रुकावट डाल रहे हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि जंग ख़त्म करने की यूरोप की मांगें रूस को "मंज़ूर नहीं" हैं. उन्होंने कहा, "हम यूरोप से नहीं लड़ने जा रहे हैं, लेकिन अगर यूरोप हमसे लड़ना चाहता है, तो हम अभी तैयार हैं."
इंडोनेशिया में बाढ़ के कारण 700 से ज़्यादा लोगों की मौत, 500 लोगों की तलाश जारी
इमेज स्रोत, YT HARIONO / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं
इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर आई भयानक बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 700 से ज़्यादा हो गई है. वहीं 500 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.
कई लोगों के मिट्टी में दबे होने की आशंका है. लगभग दस लाख लोगों को उनके घरों से रेस्क्यू किया गया है और बुरी तरह प्रभावित इलाक़ों में अभी भी ज़रूरी मदद पहुंचनी बाकी है.
इमेज स्रोत, YT HARIONO / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, 2 दिसंबर, 2025 को सुमात्रा के तुक्का गांव में बाढ़ के पानी से गुज़रते लोग
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से कई लोगों ने बीबीसी को बताया है कि उन्हें साफ़ पानी, चावल या फ़ोन सिग्नल पाने के लिए घंटों पैदल चलना पड़ रहा है.
बाढ़ के पानी और मलबे की वजह से ज़्यादातर सड़कों पर आवाजाही मुश्किल हो गई है. सहायता कर्मी पैदल और मोटरसाइकिल से लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.
श्रीलंका के लिए भेजी मानवीय मदद रोकने के पाकिस्तान के आरोप पर भारत का जवाब
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारत ने पाकिस्तान के बयान को ख़ारिज किया है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के उस बयान को 'बेतुका' बताया है, जिसमें पाकिस्तान ने भारत पर श्रीलंका के लिए भेजी गई मानवीय मदद रोकने का आरोप लगाया है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हम पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के उस बेतुके बयान को ख़ारिज करते हैं जो भारत के ख़िलाफ़ ग़लत जानकारी फैलाने की एक और कोशिश है."
"श्रीलंका के लिए मानवीय सहायता ले जा रहे पाकिस्तानी विमान के लिए ओवरफ़्लाइट क्लीयरेंस का अनुरोध इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन को 01 दिसंबर, 2025 को दोपहर लगभग 1 बजे मिला."
"मानवीय सहायता की ज़रूरत को देखते हुए, भारत सरकार ने उसी दिन उस अनुरोध को तेज़ी से प्रोसेस किया और 1 दिसंबर, 2025 को साढ़े पांच बजे बताए गए ओवरफ़्लाइट की मंज़ूरी दे दी थी."
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, "भारत इस मुश्किल समय में सभी मौजूदा तरीकों से श्रीलंका के लोगों की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है."
ज़ेलेंस्की ने कहा- यूक्रेन के बिना उसके बारे में कुछ भी तय नहीं किया जा सकता
इमेज स्रोत, Charles McQuillan/Getty Images
इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने अपने आयरलैंड दौरे के दौरान प्रेस कॉन्फ़्रेंस की
अपने पहले आयरलैंड दौरे पर पहुंचे यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका रूस-यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने को लेकर गंभीर क़दम उठा रहा है.
ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन और रूस के बीच शांति की प्रक्रिया का भविष्य होने जा रही अमेरिकी और रूसी प्रतिनिधिमंडल की बातचीत पर निर्भर करेगा. उन्होंने ये भी कहा कि शांति प्रक्रिया खुली और निष्पक्ष होनी चाहिए.
रूस के साथ शांति समझौते से जुड़े एक सवाल पर ज़ेलेंस्की ने जवाब दिया, "यूक्रेन के बिना यूक्रेन के बारे में कुछ भी तय नहीं किया जा सकता. हमें युद्ध को इस तरह रोकना होगा कि एक साल में रूस वापस हमला न करे, जो कि हो सकता है. इसलिए हम निश्चितता चाहते हैं."
अपने आयरलैंड दौरे के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने आयरलैंड के प्रधानमंत्री मिशेल मार्टिन से मुलाक़ात की.
इमेज स्रोत, PA MEDIA
इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की और आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन की प्रेस कॉन्फ़्रेंस
दोनों ने एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ़्रेंस भी की. माइकल मार्टिन ने अंतरराष्ट्रीय क़ानून के प्रति रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के रवैये की निंदा की.
कार्टून: बोल दे, बोल दे
संचार साथी ऐप को लेकर जारी विवाद पर आज का कार्टून.
रुबैया सईद किडनैपिंग केस: सीबीआई ने जिस अभियुक्त को कल गिरफ़्तार किया, कोर्ट ने उन्हें छोड़ा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रुबैया सईद अपने पिता मुफ़्ती मोहम्मद सईद के साथ (फ़ाइल फ़ोटो)
केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई ने रुबैया सईद किडनैपिंग केस में जिस अभियुक्त शफ़ात अहमद शंगलू को गिरफ़्तार किया था, उन्हें मंगलवार को स्पेशल कोर्ट ने छोड़ दिया है. ये जानकारी शंगलू के वकील ने दी है.
1 दिसंबर को सीबीआई ने एक प्रेस रिलीज़ जारी की थी, जिसमें कहा गया था, "सीबीआई ने मुफ़्ती मोहम्मद सईद की बेटी रुबैया सईद की किडनैपिंग से जुड़े 35 साल पुराने केस में फ़रार शफ़ात अहमद शंगलू को गिरफ़्तार किया है."
सीबीआई ने आरोप लगाया था कि अभियुक्त शंगलू ने यासीन मलिक और अन्य लोगों के साथ मिलकर साज़िश रची थी. सीबीआई के मुताबिक़ शंगलू पर 10 लाख रुपये का इनाम था.
शंगलू के वकील शफ़ात अहमद डार ने बताया कि शंगलू के ख़िलाफ़ कोई सबूत नहीं है.
उन्होंने कहा, "सीबीआई ने टाडा कोर्ट में अर्ज़ी दी थी. वे इस आधार पर ज्यूडिशियल कस्टडी मांग रहे थे कि शफ़ात अहमद शंगलू 35 साल से फ़रार चल रहे थे. लेकिन आज कोर्ट ने जब फ़ाइल देखी तो शंगलू के ख़िलाफ़ कुछ पाया नहीं इसलिए उन्हें छोड़ दिया गया है."
वकील ने कहा कि शंगलू फ़रार नहीं थे और वह श्रीनगर में ही बिज़नेस कर रहे थे.
दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर: संचार साथी ऐप को लेकर सरकार की मंशा पर क्यों सवाल?
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
संचार साथी ऐप क्या है, इसे लेकर क्यों चिंता जताई जा रही है? सुनिए दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर.
लोकसभा में चुनाव सुधार के मुद्दे पर कब होगी चर्चा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि सदन में बिना मतलब गतिरोध नहीं होना चाहिए
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया है कि लोकसभा में चुनाव सुधार के मुद्दे पर 9 दिसंबर को चर्चा होगी.
रिजिजू ने कहा, "आज सर्वदलीय नेताओं की बैठक हुई है और इस बात पर सहमति बनी है कि सोमवार (8 दिसंबर) को लोकसभा में वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर हम विशेष चर्चा करेंगे. उसके बाद मंगलवार (9 दिसंबर) को लोकसभा में चुनाव सुधारों को लेकर दिनभर चर्चा होगी, इसके लिए 10 घंटे का समय तय किया गया है."
उन्होंने बताया कि अगर ज़रूरत पड़ी, तो इस समयसीमा को बढ़ाया भी जा सकता है.
रिजिजू ने कहा, "मैं सब पार्टी के नेताओं से अपील करना चाहता हूं कि हम सब चाहते हैं कि संसद अच्छे से चले. हर मुद्दे पर हर एक सदस्य जो बोलना चाहते हैं, उन्हें बोलने का मौक़ा मिले. बिना मतलब का गतिरोध नहीं होना चाहिए. हमने पहले दिन से कहा है कि सरकार किसी भी विषय पर चर्चा के लिए तैयार है."
पाकिस्तान का आरोप- भारत श्रीलंका जाने वाली उसकी मानवीय मदद रोक रहा है
इमेज स्रोत, X/@ForeignOfficePk
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार
पाकिस्तान ने भारत पर श्रीलंका के लिए उसकी मदद रोकने का आरोप लगाया है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारत पाकिस्तान से श्रीलंका जाने वाली मानवीय मदद को रोक रहा है. पाकिस्तान की मानवीय मदद श्रीलंका ले जा रहा विशेष विमान 60 घंटे से ज़्यादा देरी से चल रहा है और अब भारत से फ़्लाइट क्लियरेंस का इंतज़ार कर रहा है."
"भारत ने कल रात 48 घंटे बाद जो थोड़ी फ़्लाइट क्लियरेंस दी, वह ऑपरेशन के हिसाब से व्यावहारिक नहीं था. सिर्फ़ कुछ घंटों में उसे पूरा करना था और वापसी की फ़्लाइट के लिए वैलिड नहीं था, जिससे श्रीलंका के लोगों के लिए इस राहत अभियान में बहुत रुकावट आई."
इससे पहले भी पाकिस्तानी मीडिया में ये ख़बरें आई थीं कि भारत ने श्रीलंका को मानवीय सहायता भेजने के लिए पाकिस्तान को अपने हवाई क्षेत्र से उड़ान भरने की मंज़ूरी नहीं दी.
हालांकि, भारत के अधिकारियों ने सोमवार को उन ख़बरों का खंडन किया था.
ममता बनर्जी का दावा- पश्चिम बंगाल में एसआईआर की वजह से अब तक 39 मौतें हुईं, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सीएम ममता बनर्जी ने बताया कि दो मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता दे दी गई है
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में उन लोगों के परिवार को आर्थिक मदद का एलान किया है, जिनकी मौत का कारण वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) से संबंधित काम का 'दबाव' बताया जा रहा है.
सीएम ममता बनर्जी ने इसकी वजह से बीमार लोगों को भी मदद देने की बात कही है.
उन्होंने मंगलवार को कहा, "राज्य में एसआईआर के आतंक के कारण अब तक 39 आम लोगों की मौत हुई है. इनमें आत्महत्या करने वाले भी शामिल हैं. इन सबके परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसके अलावा 13 लोग बीमार हैं. इनमें काम के दबाव के कारण बीमार तीन बीएलओ भी शामिल हैं. इन सबको एक-एक लाख की सहायता दी जाएगी."
राज्य में काम के कथित दबाव के कारण अब तक चार बीएलओ की मौतों के मामले सामने आए हैं. सीएम ममता ने कहा, "इनमें से दो लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता दे दी गई है."
पश्चिम बंगाल में एसआईआर के एलान के अगले दिन ही उत्तर 24-परगना ज़िले में प्रदीप कर नाम के एक व्यक्ति ने कथित आतंक के कारण आत्महत्या कर ली थी.
मुख्यमंत्री का दावा है कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है. सरकारी सूत्रों के मुताबिक इनमें से लगभग आधे लोगों ने आत्महत्या की है जबकि बाकी की मौत ब्रेन स्ट्रोक और दिल का दौरा पड़ने से हुई है.
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) इस मुद्दे पर पहले दिन से ही मुखर रही है. सीएम ममता इसके लिए केंद्र सरकार, बीजेपी और चुनाव आयोग की आलोचना करती रही हैं.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)
रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर राष्ट्रपति पुतिन से बात करने मॉस्को पहुंचे विटकॉफ़
इमेज स्रोत, SPUTNIK/KREMLIN POOL/EPA/Shutterstock
इमेज कैप्शन, अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ राष्ट्रपति पुतिन से मिलेंगे
रूस की सरकारी न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात करने के लिए मॉस्को पहुंच गए हैं.
विटकॉफ़ मॉस्को के वनुकोवो एयरपोर्ट पर उतरे हैं, यहां वह रूस के मुख्य वार्ताकार किरिल दिमित्रिव से मिलेंगे.
इसके बाद रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने के मुद्दे पर बातचीत के लिए विटकॉफ़ राष्ट्रपति पुतिन से मिलेंगे. पुतिन के प्रेस सचिव दिमित्री पेसकोव ने बताया कि ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी इस बातचीत में शामिल होंगे.
यह मुलाक़ात यूक्रेनी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच दो दिनों की बातचीत के बाद हो रही है, जिसमें अमेरिका की 28 पॉइंट वाली शांति योजना को बेहतर बनाने पर बात हुई थी, जिसे रूस के लिए फ़ायदेमंद माना जा रहा था.
श्रीलंका की मदद के लिए एक विशेष टास्क फ़ोर्स तैनात कर रही है भारतीय सेना
इमेज स्रोत, X/@adgpi
इमेज कैप्शन, श्रीलंका की मदद के लिए भारत ने 'ऑपरेशन सागर बंधु' शुरू किया है
भारतीय सेना ने जानकारी दी है कि वह श्रीलंका में मानवीय सहायता और आपदा राहत के लिए एक विशेष टास्क फ़ोर्स तैनात कर रही है.
भारतीय सेना के एडिशनल डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ़ पब्लिक इन्फ़ॉर्मेशन ने एक्स पर पोस्ट किया, "नेबरहुड फ़र्स्ट की राष्ट्रीय प्रतिबद्धता के तहत भारतीय सेना शत्रुजीत ब्रिगेड की एक टास्क फ़ोर्स को तैनात कर रही है ताकि चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह से प्रभावित श्रीलंका में ज़रूरी राहत पहुंचाई जा सके, ज़रूरी सेवाएं फिर से शुरू की जा सकें और परिवारों की मदद की जा सके."
"यह मिशन 'वसुधैव कुटुम्बकम - दुनिया एक परिवार है' के हमारी संस्कृति के संकल्प को दिखाता है, भारतीय सेना ज़रूरत के समय में श्रीलंका के साथ मज़बूती से खड़ी है."
इमेज स्रोत, X/@adgpi
इमेज कैप्शन, भारत ने प्राकृतिक आपदा में श्रीलंका को मानवीय सहायता पहुंचाई है
श्रीलंका में बीते दिनों चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण हुई भारी बारिश से भयानक बाढ़ आई थी. यहां इस आपदा में मरने वालों की संख्या 410 हो गई है, वहीं 336 लोग अभी भी लापता हैं.
एसआईआर पर सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा- ये सब तिकड़म सत्ता में बने रहने के लिए है
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा है कि एसआईआर की कोई आवश्यकता नहीं थी
समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) को 'सत्ता में बने रहने का तिकड़म' कहा है.
रामगोपाल यादव ने कहा, "एसआईआर की कोई आवश्यकता नहीं थी, 1952 से चुनाव चल रहे थे, हर बार चुनाव से पहले नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाते थे, मृत मतदाताओं के नाम काटे जाते थे और किसी को कोई दिक्कत नहीं होती थी. एक सतत प्रक्रिया थी और कोई गड़बड़-घोटाला नहीं था."
उन्होंने कहा, "2014 से पहले क्या एसआईआर हुआ था? लेकिन अब ये सब तिकड़म सत्ता में बने रहने के लिए चल रहे हैं."
रामगोपाल यादव ने कहा, "मैंने सर्वदलीय बैठक में भी कहा था कि अगर सामान्य तरीके़ से वोट के ज़रिए कोई सत्ता में आता है, तो इसका कोई विरोध नहीं करता, लेकिन अगर कोई असामान्य तरीके़ से आता है तो उसका नतीजा लोगों ने नेपाल और बांग्लादेश में देखा है. इसलिए इतिहास से लोगों को सीखना चाहिए."
रूसी तेल के कारण भारत पर लगे टैरिफ़ को लेकर क्या बोले पुतिन के प्रेस सचिव
इमेज स्रोत, ANI/Sputnik
इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रेस सचिव दिमित्री पेसकोव
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रेस सचिव दिमित्री पेसकोव ने रूसी तेल ख़रीदने के कारण भारत पर लगे उच्च अमेरिकी टैरिफ़ को लेकर किए गए सवाल का जवाब दिया है.
एक ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ़्रेंस में दिमित्री पेसकोव ने कहा, "हम अमेरिका और भारत के बीच कूटनीतिक रिश्तों में दखल नहीं दे सकते. हम समझते हैं कि भारत पर दबाव है. यही वजह है कि हमें आपसी रिश्ते बनाने में सावधानी बरतनी होगी जो किसी भी तीसरे देश के असर से मुक्त हो."
"हमें अपने आपसी रिश्ते और व्यापार को सुरक्षित करना होगा, जिससे दोनों देशों को फ़ायदा पहुंचता है. हम जानते हैं कि भारत अपने राष्ट्रीय हित को तय करने के लिए आज़ाद है. हम भारत की इस ख़ासियत की तारीफ़ करते हैं."
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4-5 दिसंबर को भारत का राजकीय दौरा करेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी बातचीत होगी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उनके सम्मान में रात्रिभोज देंगी.
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने 16 दिसंबर को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को लेकर अबू धाबी में होने वाली नीलामी से अपना नाम वापस ले लिया है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी.
मैक्सवेल ने लिखा, "कई यादगार आईपीएल सीज़नों के बाद, मैंने तय किया है कि इस साल मैं अपना नाम नीलामी में नहीं दूंगा. यह बड़ा फ़ैसला है."
37 साल के मैक्सवेल 2012 से अब तक हर आईपीएल सीज़न में खेले हैं, सिवाय 2019 के.
उन्होंने 141 मैचों में केवल 2819 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 155 से ज़्यादा है, लेकिन औसत 24 से भी कम रहा है.
अपनी गेंदबाज़ी से उन्होंने 41 विकेट भी लिए, लेकिन इकॉनमी रेट 8.30 रहा.
अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक इस लाइव पेज के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्तारात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगी.
आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
डीके शिवकुमार को कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनाने के सवाल पर क्या बोले सिद्धारमैया?, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Karnataka CMO
इमेज कैप्शन, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को नाश्ते पर बुलाया था
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने साफ़ कर दिया है कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार तब ही मुख्यमंत्री बनेंगे 'जब पार्टी हाईकमान कहेगा'.
उन्होंने यह बात उस सवाल के जवाब में कही जिसमें उनसे पूछा गया था कि 'शिवकुमार कब मुख्यमंत्री बनेंगे?'
यह मीडिया ब्रीफ़िग शिवकुमार के घर पर हुई, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री को नाश्ते पर बुलाया था.
मुख्यमंत्री ने भी पिछले शनिवार को हाईकमान के निर्देश पर शिवकुमार को नाश्ते पर बुलाया था ताकि विपक्ष की ओर से कर्नाटक में राजनीतिक अस्थिरता के आरोपों को शांत किया जा सके.
सत्ता हस्तांतरण की मांग एक सप्ताह पहले तब तेज़ हुई जब कांग्रेस सरकार अपने ढाई साल पूरे करने वाली थी.
शिवकुमार के अनुसार, 2023 विधानसभा चुनाव जीतने के बाद 'पांच-छह नेताओं की मौजूदगी में' यह तय हुआ था कि सिद्धारमैया ढाई साल बाद पद छोड़कर मुख्यमंत्री का पद उन्हें सौंपेंगे.
कांग्रेस हाईकमान की दुविधा यह है कि सिद्धारमैया पूरे राज्य में एक बड़े जनाधार वाले नेता हैं, जबकि शिवकुमार पार्टी के लिए 'साधन संपन्न' नेता माने जाते हैं. दोनों ही नेता पार्टी और गांधी परिवार के वफ़ादार माने जाते हैं.
कैबिनेट फेरबदल के सवाल पर सिद्धारमैया ने कहा, "अगर हाईकमान हमें दिल्ली बुलाएगा तो हम जाएंगे. राहुल गांधी तय करेंगे. हाईकमान जो भी कहेगा, हम उसका पालन करेंगे."
सिद्धारमैया ने कहा, "हम भाई हैं, एक ही पार्टी में हैं और समान सिद्धांतों के साथ काम करते हैं. 2028 के चुनावों में भी हम इसी तरह साथ काम करते रहेंगे." शिवकुमार ने भी इसी तरह के भाव प्रकट किए
सीएम सिद्धारमैया ने कहा, "उनके घर हमने नॉन-वेज नाश्ता किया, जबकि वे खुद शाकाहारी हैं. मेरे घर मैंने उन्हें शाकाहारी नाश्ता दिया, जबकि मैं नॉन-वेज खाता हूं."
शिवकुमार ने बताया कि चिकन डिश 'मैसूर स्टाइल' में बनाई गई थी. इस पर सिद्धारमैया ने कहा, "उनकी पत्नी मैसूर की रहने वाली हैं." (जो सिद्धारमैया का गृह ज़िला है.
'संचार साथी' ऐप पर उठे विवाद के बाद मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ये कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संचार साथी ऐप पर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है
भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (डीओटी) के मोबाइल फ़ोन में संचार साथी ऐप प्री-इंस्टॉल कराने के निर्देशों पर संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्पष्टीकरण दिया है.
उनका कहना है कि ये ऐप अगर आप अपने मोबाइल में नहीं रखना चाहते हैं तो इसे हटा सकते हैं यानी डिलीट कर सकते हैं.
ऐप को लेकर उठे विवाद के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "अगर आप इस ऐप का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो रजिस्टर मत करो और डिलीट करना है तो डिलीट कर लो."
साथ ही उन्होंने कहा, "लेकिन देश में हर व्यक्ति को नहीं मालूम कि ये ऐप फ्रॉड से बचाने, चोरी से बचाने के लिए है. हर व्यक्ति तक ये ऐप पहुंचाना हमारी ज़िम्मेदारी है."
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह स्पष्ट किया कि अगर इस ऐप पर 'आप रजिस्टर करोगे तभी एक्टिव होगा अगर नहीं करोगे तो नहीं होगा'.
विपक्ष की ओर से इस ऐप को लेकर उठाए जा रहे सवाल पर उन्होंने कहा, "विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं होता और विपक्ष मुद्दा ढूंढना चाहता है तो विपक्ष की मदद हम नहीं कर सकते हैं."
इससे पहले कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने संचार साथी ऐप को एक 'जासूसी ऐप' बताया था.
संचार साथी ऐप पर बोलीं प्रियंका गांधी- 'यह एक जासूसी ऐप है'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सांसद प्रियंका गांधी ने संचार साथी ऐप को एक 'जासूसी ऐप' बताया है
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने संचार साथी ऐप को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "यह एक जासूसी ऐप है. मेरा मतलब है, यह साफ़ तौर पर हास्यास्पद है."
कांग्रेस सांसद ने कहा, "नागरिकों को यह हक़ है कि वे अपने परिवार और दोस्तों को निजी तौर पर बिना सरकार की नज़रों के संदेश भेज सकें."
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया, "वे हर तरह से इस देश को एक तानाशाही में बदल रहे हैं. संसद इसलिए नहीं चल रही है क्योंकि वे किसी भी मुद्दे पर बात करने से इनकार कर रहे हैं."
दरअसल, भारत सरकार के दूरसंचार विभाग ने सोमवार को स्मार्टफोन निर्माताओं को एक निर्देश दिया.
इस निर्देश में कहा गया कि वे मार्च 2026 से बेचे जाने वाले नए मोबाइल फ़ोन में संचार साथी ऐप को प्री-इंस्टॉल करके रखें.
निर्देशों में कहा गया है कि संचार साथी ऐप का उपयोग "मोबाइल उपकरणों में उपयोग किए जाने वाले आईएमईआई की प्रामाणिकता सत्यापित करने" के लिए किया जाएगा.
एक बयान में डीओटी ने कहा कि यह क़दम "नागरिकों को नकली हैंडसेट ख़रीदने से बचाने और दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग को समझने में मदद के लिए उठाया गया है."