You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने राजभवन तक निकाला जुलूस, राज्यपाल से की ये मांग

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शनिवार को कांग्रेस विधायकों और सांसदों के साथ राजभवन तक जुलूस निकाला. उन्होंने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से भाजपा के चार पूर्व मंत्रियों और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के खिलाफ़ मुकदमा चलाने की अनुमति देने का आग्रह किया.

सारांश

  • पेरिस पैरालंपिक में भारत की रूबिना फ्रांसिस ने 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता है
  • भारतीय चुनाव आयोग ने जम्मू और कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख़ों में बदलाव किया है
  • असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की कथित अपमानजनक टिप्पणी के बाद भाजपा ने पलटवार किया है
  • जापान में शानशान तूफ़ान की वजह से अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है, 100 से ज्यादा लोग घायल हैं
  • भारतीय दूतावास ने लाओस में गोल्डेन ट्रायंगल विशेष आर्थिक क्षेत्र के साइबर स्कैम सेंटर में फंसे 47 भारतीय नागरिकों को रेस्क्यू किया है

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. बांग्लादेश में भारतीय परियोजनाओं के बारे में विदेश मंत्रालय ने क्या बताया?

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश में चल रही भारत की परियोजनाओं के बारे में बयान दिया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि 'बांग्लादेश में जो हमारे प्रोजेक्ट चल रहे हैं उनको मौजूदा परिस्थितियों के चलते स्थगित कर दिया गया है.'

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "क्योंकि बहुत सारी विकास की परियोजनाओं में वहां जो कुछ लोग काम कर रहे थे, उनको वापस आना पड़ा है. कई अन्य कारणों से भी ये परियोजनाएं रुक गई हैं."

    रणधीर जायसवाल ने कहा कि जब हालात बेहतर होंगे, क़ानून व्यवस्था बहाल होगी, फिर वहां की सरकार से बातचीत कर देखा जाएगा कि इसको कैसे फिर से आगे ले जाया जाए. अभी की यही स्थिति है.

    बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी छात्र आंदोलन के चलते बांग्लादेश की तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था.

    जिसके बाद बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर उथल-पुथल, हिंसा और अल्पसंख्यकों पर हमलों की ख़बरें सामने आ रही थीं.

    हालांकि बांग्लादेश में फ़िलहाल नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार का गठन हो चुका है. लेकिन भारत अभी भी स्थितियों के स्थिर होने का इंतज़ार कर रहा है.

  2. बांग्लादेश के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ से क्यों बाहर हुए शाहीन शाह अफ़रीदी

    पाकिस्तानी तेज़ गेंदबाज शाहीन शाह अफ़रीदी बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेली जा रही टेस्ट सिरीज़ से बाहर हो गए हैं.

    टीम मैनेजमेंट का कहना है कि वे अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहते थे.

    शाहीन की जगह स्पिनर गेंदबाज़ अबरार अहमद और तेज़ गेंदबाज़ मीर हमज़ा को टीम के संभावित 12 खिलाड़ियों के तौर पर शामिल किया गया है.

    वहीं पाकिस्तान के लिए पिछले कुछ वक़्त से सबसे सफल तेज़ गेंदबाज़ों में से एक रहे शाहीन को टीम का हिस्सा ना होने पर मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है.

    पिछले साल भी जब शाहीन शाह चोट के बाद वापस लौटे थे तो उसके बाद भी उनकी रफ़्तार में कमी देखने को मिली थी. बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच के दौरान भी उनका प्रदर्शन निराश करने वाला ही रहा था.

    वहीं पाकिस्तानी कोच जेसन गिलेस्पी ने इस बारे में कहा, “उनसे हमारी अच्छी तरह से बात-चीत हुई है और इस फ़ैसले के पीछे की सोच को पूरी तरह से समझते हैं. उनको फ़ीडबैक दे दिया गया है और वह ख़ुद को बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं. हम उनको बेस्ट फ़ॉर्म में देखना चाहते हैं.”

    पाकिस्तान और बांग्लादेश के ख़िलाफ खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट शुक्रवार को बारिश के चलते शुरू नहीं हो पाया. वहीं पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 10 विकेट से हाराया था.

  3. कंगना रनौत सांसद बनने योग्य नहीं: रॉबर्ट वाड्रा

    कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के किसान आंदोलन पर दिए बयान की आलोचना की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई, से बातचीत में रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, “कंगना सांसद बनने योग्य भी नहीं हैं.” वाड्रा ने यह भी कहा कि कंगना एक महिला हैं और मैं उनका सम्मान करता हूं. लेकिन मुझे लगता है कि वे संसद में बैठने योग्य नहीं हैं."

    उन्होंने कहा, “कंगना शिक्षित नहीं हैं. ना वे जनता के बारे में सोचती हैं. वे केवल अपने बारे में ही सोचती हैं. वे महिलाओं के बारे में भी नहीं सोचतीं.”

    कंगना के हालिया कुछ बयानों को लेकर काफ़ी विवाद हुआ है.

    कंगना ने किसान आंदोलन को लेकर बयान दिया था. जिसके बाद बीजेपी ने उस बयान को कंगना की निजी राय बताते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया था.

    इसके अलावा कंगना ने जातिगत जनगणना को लेकर भी अपनी राय ज़ाहिर करते हुए कहा था कि यह नहीं होना चाहिए.

  4. यूक्रेन में ख़ारकीव पर हुए ताज़ा रूसी हमले में हुई 14 साल की बच्ची की मौत

    यूक्रेन के उत्तरी हिस्से में स्थित ख़ारकीव शहर पर किए गए ताज़ा रूसी हमले में एक 14 साल की बच्ची की मौत हो गई है.

    स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक रूस का एक नियंत्रित बम हमला था.

    इसके अलावा रूसी सीमा के नज़दीक एक 12 मंज़िला इमारत को भी निशाना बनाया गया था. जिसमें कम से कम 6 लोगों की जान चली गई और 59 लोग घायल हो गए.

    इन हमलों के बाद जारी की गई तस्वीरों में बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में आग की लपटों और काले धुएं का ग़ुबार साफ देखा जा सकता था. इसी दौरान दमकल कर्मी लोगों को बचाने की कोशिशें भी करते देखे जा सकते थे.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने अपने सभी अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से अपील करते हुए रूस के अंदर हमला करने की मंज़ूरी मांगी है, ताकि वे इस तरह के रूसी हमलों को रोक सकें.

    यूक्रेनी राष्ट्रपति के दफ़्तर ने बयान जारी करते हुए कहा है कि पिछले हफ़्ते रूस ने यूक्रेन पर 400 से ज़्यादा ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं.

    ताज़ा रूसी हमला यूक्रेनी वायुसेना के प्रमुख लेफ़्टिनेंट जेन मायकोला ओलेश्चुक को हटाए जाने के कुछ ही घंटों के बाद हुआ. जेन मायकोला ओलेश्चुक को ज़ेलेंस्की ने ही पद से हटाया है.

  5. ब्राज़ील के सुप्रीम कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स को किया बैन, लेकिन क्यों

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) को ब्राज़ील ने बैन कर दिया है. यह क़दम ब्राज़ील की सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद उठाया गया.

    एक्स तय वक़्त से पहले ब्राज़ील में अपने क़ानूनी प्रतिनिधि को नियुक्त करने में नाकाम रहा था.

    एलेक्स्रांदे दे मोरास ने एक्स के “तुरंत और पूरी तरह से निलंबन” का आदेश दिया था, जब तक कि वह कोर्ट के सभी आदेश के पालन को पूरा नहीं करता और तय किया गया जुर्माना नहीं भर देता.

    इस पूरे मामले की शुरुआत इसी साल अप्रैल में हुई थी, जब जजों ने ग़लत जानकारी फैलाने के आरोप में दर्जनों एक्स अकाउंट को बैन कर दिया था.

    उस आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स के मालिक एलन मस्क ने कहा था, “फ़्री स्पीच किसी भी लोकतंत्र का आधार है और ब्राज़ील के जज जिन्हें जनता ने नहीं चुना है वे राजनीतिक दबाव में आकर इसे बर्बाद कर रहे हैं."

  6. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर हाज़िर हूं.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    - इसराइल और हमास के बीच पिछले साल से ही युद्ध जारी है. लेकिन क्या इस युद्ध के बहाने इसराइल फ़लस्तीनियों की बस्ती पर अपना कब्ज़ा जमा रहा है. पढ़िये पूरी ख़बर.

    - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पालघर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शिवाजी महाराज से माफ़ी मांगी है. लेकिन क्यों, इस बारे में पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करिए.

    - पेरिस में पैरालंपिक खेल समारोह शुरू हो चुका है. इसमें भारतीय शूटर अवनि लेखरा ने गोल्ड मेडल पर अपना निशाना साधा. अवनी ने इससे पहले टोक्यो पैरालंपिक में भी गोल्ड जीता था. पूरी ख़बर आप इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    - झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रहे चंपाई सोरेन ने औपचारिक रूप से भाजपा का दामन थाम लिया है. लेकिन क्या चंपाई झारखंड में भाजपा के लिए कमल खिलाने में सहायक साबित हो पाएंगे. जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    30 अगस्त यानी कल के लाइव पेज पर मौजूद ख़बरों तक आप इस लिंक के ज़रिए पहुंच सकते हैं.