You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ब्रिटेन: तूफ़ान आयोविन का क़हर, 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रही हैं हवाएं

ब्रिटेन में तूफ़ान आयोविन की वजह से हज़ारों घरों में बिजली सप्लाई बंद हो गई है और 20 प्रतिशत उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, इफ़्तेख़ार अली

  1. गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारत पहुंचे

    इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबिअंतो गुरुवार की रात को दिल्ली पहुँचे. भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में वो दिल्ली आए हैं.

    प्राबोवो सुबिअंतो के दिल्ली पहुँचने पर विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि दिल्ली पहुँचने पर एयरपोर्ट पर प्राबोवो सुबिअंतो का स्वागत विदेश राज्य मंत्री ने किया.

    उन्होंने कहा, "यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी."

    वहीं इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले कहा था कि मैं दौरे के दौरान भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मिलूंगा.

  2. डोनाल्ड ट्रंप कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने के बारे में फिर बोले

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ये कहा कि टैरिफ़ से बचने के लिए कनाडा अमेरिका का 'एक राज्य' बन सकता है.

    ट्रंप ने कहा, "कनाडा के साथ हमारा बड़ा कारोबारी घाटा है. हम इसे अब और जारी नहीं रख सकते."

    "आप जानते हैं कि मैं हमेशा कहता रहा हूँ कि आप राज्य बन सकते हैं. आप राज्य बन जाते हैं तो कारोबारी घाटा नहीं रहेगा और हम आप पर टैरिफ़ भी नहीं लगाएंगे आदि. "

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि सालों से कनाडा के साथ डील करना मुश्किल रहा है.

    ट्रंप ने कहा, "ये न्यायसंगत नहीं है कि 200 अरब या 250 अरब डॉलर कारोबारी घाटा रहे. हमें हमारी कारें बनाने के लिए उनकी (कनाडा) ज़रूरत नहीं है."

    उन्होंने कहा कि हमें उनसे तेल और गैस की ज़रूरत नहीं है. ये हमारे पास किसी भी दूसरे से अधिक है.

    ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि कनाडा अमेरिका का 51वां राज्य बन जाता है तो टैक्स में 60 फ़ीसदी से ज़्यादा की कटौती हो सकती है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि जब तक अमेरिकी सीमाओं के पार से अवैध प्रवासियों और ग़ैर-क़ानूनी तरीके से बनाई फेंटेनिल का देश में आना बंद नहीं हो जाता, तब तक कनाडा से आने वाले सामान पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगेगा.

    ये भी पढ़ें-

  3. रूस-यूक्रेन जंग पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने किया चीन का जिक्र, क्या कहा?

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने एक डील करने पर सहमति जताई है.

    डोनाल्ड ट्रंप कुछ आदेशों पर हस्ताक्षर के बाद ओवल ऑफ़िस में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे.

    इस दौरान उनसे यूक्रेन युद्ध के बारे में पूछा गया और ये भी कि इस संघर्ष में चीन क्या योगदान दे सकता है?

    जवाब में ट्रंप ने चीन के बारे में कहा, "उनका रूस पर बहुत अधिक प्रभाव है. चीन रूस को ऊर्जा आपूर्ति करता है और मैंने सुना है कि पुतिन मुझसे मिलना चाहते हैं."

    "इस युद्ध को खत्म करना अच्छा होगा, ये एक वाहियात जंग है."

    डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि अगर व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में युद्ध ख़त्म नहीं करते हैं तो वह रूस पर कड़े प्रतिबंध लगा देंगे.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा कि वो पुतिन पर युद्ध को ख़त्म करने के लिए दबाव डालकर 'अहसान' कर रहे हैं.

    इसके जवाब में रूस ने कहा, "वह बराबरी का संवाद और आपसी सम्मानपूर्ण संवाद के लिए तैयार है."

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, "हम उन संकेतों का इंतजार कर रहे हैं जो अभी आने बाकी हैं.”

    उन्होंने कहा, "रूस को डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिबंध लगाने की धमकियों में कुछ भी नया नहीं लगता. उन्हें ये तरीक़े पसंद हैं, कम से कम अपने पहले राष्ट्रपति काल के दौरान तो उन्हें ये पसंद थे.”

    ये भी पढ़ें-

  4. जन्म के आधार पर नागरिकता वाले आदेश पर ट्रंप को अदालत का झटका, क्या कहा कोर्ट ने

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग़ैर-अमेरिकी माता-पिता के बच्चों को जन्म के साथ अपने आप मिलने वाली अमेरिकी नागरिकता के प्रावधान को खत्म करने वाले कार्यकारी आदेश पर कोर्ट ने रोक लगा दी.

    अमेरिका के सिएटल में स्थित फेडरल कोर्ट के जज ने ये रोक अस्थाई तौर पर लगाई है.

    कोर्ट में अमेरिका के चार राज्यों ने बच्चों को जन्म के साथ अपने आप मिलने वाली अमेरिकी नागरिकता के प्रावधान को खत्म करने के ट्रंप के कार्यकारी आदेश पर रोक लगाने की मांग की थी.

    अमेरिकी क़ानून विभाग के वकील ने ट्रंप के आदेश के पक्ष में दलील दी तो जज ने सवाल किया, "क्या ये संवैधानिक है?."

    डोनाल्ड ट्रंप के जारी किए गए किए कार्यकारी आदेश में बताया है कि किन परिस्थितियों में अमेरिकी नागरिकता नहीं मिलेगी.

    • अमेरिका में पैदा हुए बच्चे की मां यदि अवैध रूप से रह रही हो
    • पिता अगर बच्चे के जन्म के समय अमेरिका का नागरिक या वैध स्थायी निवासी न हो
    • बच्चे के जन्म के समय मां अमेरिका की वैध, लेकिन अस्थायी निवासी हो
    • पिता, बच्चे के जन्म के समय अमेरिका के नागरिक या वैध स्थायी निवासी न हो

    फ़ैसले में बताया गया था कि ट्रंप का ये कार्यकारी आदेश 19 फ़रवरी से लागू होगा.

    ये भी पढ़ें-

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.