You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइल-हमास युद्धविराम को लेकर जो बाइडन ने मिस्र के राष्ट्रपति से की बात

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने ग़ज़ा युद्धविराम को लेकर मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल-फतह-अल-सीसी से बात की है.

सारांश

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में यूनियन कैबिनेट ने नई पेंशन योजना यूनिफाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) को मंजूरी दे दी है.
  • बीजेपी शासित राज्यों में 'बुलडोज़र एक्शन' पर प्रियंका गांधी ने कहा, “बुलडोज़र न्याय पूरी तरह अस्वीकार्य है, यह बंद होना चाहिए.”
  • कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ़्रेंस गठबंधन को लेकर अमित शाह के सवालों पर पवन खेड़ा ने कहा, “भाजपा के नेताओं को अनाप-शनाप बोलने की बीमारी लग गई है.”
  • जम्मू कश्मीर चुनाव को लेकर महबूबा मुफ़्ती ने जारी किया पीडीपी पार्टी का घोषणा पत्र, 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने का किया वादा.
  • केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने नेपाल बस हादसे में घायल हुए लोगों से काठमांडू के त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षा अस्पताल में मुलाक़ात की है.
  • ग़ज़ा में 25 साल बाद पोलियो का मामला सामने आया है. संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है.

लाइव कवरेज

सौरभ यादव

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा की

    भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है.

    उन्होंने शनिवार सुबह सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है.

    शिखर धवन ने 34 टेस्ट और 167 एकदिवसीय मैच खेले हैं.

    उन्होंने एकदिवसीय मैचों में 6793 रन जबकि टेस्ट मैचों में उन्होंने 58 पारियों में 2315 रन बनाए हैं.

    शिखर धवन ने कहा, “आज मैं एक ऐसे मोड़ पर खड़ा हूं जहां से पीछे देखने पर सिर्फ़ यादें ही नज़र आती हैं और आगे देखने पर पूरी दुनिया. मेरी हमेशा से सिर्फ एक ही मंज़िल थी इंडिया के लिए खेलना और वो हुआ भी जिसके लिए मैं कई लोगों का शुक्रगुज़ार हूं.”

    शिखर धवन ने अपने परिवार, बचपन के कोच, भारतीय टीम, बीसीसीआई, डीडीसीए और फ़ैंस का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि अपनी क्रिकेट जर्नी को अलविदा कहते हुए मेरे मन में इस बात का सुकून है कि मैं इंडिया के लिए खेला.

  2. राजनाथ सिंह ने की अमेरिकी रक्षा मंत्री से मुलाक़ात, इन मामलों पर बनी सहमति

    भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन से मुलाक़ात की.

    इस मुलाक़ात के दौरान दोनों ही देशों ने मौजूदा रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की.

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने यह भरोसा जताया कि भविष्य में दोनों ही देशों के बीच रक्षा सहयोग और भी ज़्यादा मज़बूत होंगे.

    इस मुलाक़ात पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, “अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ बैठक हुई. हमने मौजूदा रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की साथ ही इसे और ज़्यादा मज़बूत बनाने की चर्चा की."

    "साथ ही सुरक्षा आपूर्ति की व्यवस्था और अमेरिकी कमांड में भारतीय अधिकारियों की तैनाती पर सहमति बनी.”

    राजनाथ सिंह अपनी चार दिवसीय यात्रा के तहत गुरुवार को अमेरिका पहुंचे थे.

  3. जर्मनी के ज़ोलिंगन में चाकू से किए गए हमले में गई तीन लोगों की जान

    जर्मनी के पश्चिमी इलाक़े के शहर ज़ोलिंगन में शुक्रवार की रात एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर चाकू से हमला कर दिया.

    पुलिस का कहना है कि इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई है वहीं चार अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

    यह हमला शहर के बीचों-बीच फ़्रॉनहॉफ़ बाज़ार में एक उत्सव के दौरान हुआ. वहीं ऐसा बताया जा रहा है कि हमलावर अभी भी फ़रार है.

    पुलिस शहर भर में तलाशी अभियान चला रही है. इस तलाशी अभियान के लिए पुलिस हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल भी कर रही है.

    ज़ोलिंगन शहर जर्मनी का इंडस्ट्रियल शहर है और शुक्रवार को इस शहर के 650वें स्थापना दिवस के मौक़े पर उत्सव का आयोजन किया गया था.

    हमले के तुरंत बाद ही पुलिस ने फ़्रॉनहॉफ़ बाज़ार को खाली करा दिया.

  4. नमस्कार

    बीबीसी के लाइव हिंदी पेज पर आप सभी का स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को आप इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    म्यांमार के कई इलाक़ों में सेना के ज़्यादतियों की ख़बरें सामने आई हैं. कुछ चश्मदीदों ने इनकी दर्दनाक कहानियों को सुनाया है. इस ख़बर को आप इस लिंक के ज़रिए पढ़ सकते हैं.

    नेपाल में एक भारतीय नंबर प्लेट वाली बस के नदी में गिरने से बड़ा हादसा हो गया. बस में 40 लोग सवार थे. यह हादसा नेपाल के तनाहुन ज़िले में हुआ. वहां ज़िलाधिकारी जनार्दन गौतम के मुताबिक़ इस हादसे में 27 लोग मारे गए. पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. राज्य में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस सभी 90 सीटों पर साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी. गठबंधन का एलान फ़ारुक़ अब्दुल्ला ने किया. वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने इस गठबंधन पर क्या प्रतिक्रिया दी यह जानने के लिए आप इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

    पूर्वोत्तर का राज्य जैसे त्रिपुरा इन दिनों भारी बाढ़ का सामना कर रहा है. वहीं बांग्लादेश भी अपने यहां आई बाढ़ के पीछे भारत को ज़िम्मेदार ठहरा रहा था. पूरी ख़बर के लिए आप इस लिंक पर क्लिक करें.

    23 अगस्त के लाइव पेज को आप इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.