बांग्लादेश चुनाव: जानिए चुनाव परिणाम और जनमत संग्रह के नतीजे

बांग्लादेश चुनाव आयोग ने 13वें संसदीय चुनाव की 297 सीटों के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. बांग्लादेश चुनाव: बीएनपी प्रमुख तारिक़ रहमान इन सीटों पर जीते

    तारिक़ रहमान

    इमेज स्रोत, Parvez Ahmad Rony/Drik/Getty

    इमेज कैप्शन, तारिक़ रहमान ने दो सीटों पर जीत हासिल की है

    बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने भारी बहुमत हासिल किया है.

    अब तक हुई मतगणना के मुताबिक़, बीएनपी दो-तिहाई से अधिक सीटें जीत चुकी है. वहीं उसके अध्यक्ष तारिक़ रहमान ने दो सीटों पर जीत हासिल की है.

    बांग्लादेश अख़बार डेली स्टार के मुताबिक़, तारिक़ रहमान ने ढाका-17 और बोगुरा-6 संसदीय सीट से जीत हासिल की है.

    उन्हें ढाका-17 में 72,699 वोट हासिल हुए, जो कि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी और जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार डॉ. ख़ालिदुज़्ज़मान को मिले 68,300 वोटों से ज़्यादा हैं.

    तारिक़ रहमान ने ढाका-17 सीट पर 4,399 वोटों से जीत हासिल की.

    वहीं, बोगुरा-6 में तारिक़ रहमान को 216,284 वोट मिले. उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी और जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार अबीदुर रहमान सोहेल को 97,626 वोट मिले.

    इस सीट पर बीएनपी चीफ़ ने 118,658 वोटों से बड़ी जीत हासिल की.

    बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 207 सीटें हासिल हुई हैं.

    बांग्लादेश चुनाव परिणाम

    इमेज स्रोत, BBC Bangla

  3. बांग्लादेश चुनाव नतीजे और बीएनपी की जीत पर चीन क्या बोला

    शी जनपिंग

    इमेज स्रोत, Adek Berry-Pool/Getty

    इमेज कैप्शन, अगस्त 2024 में अंतरिम सरकार के सत्ता संभालने के बाद से चीन ने बांग्लादेश के साथ अपने संबंध मज़बूत किए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश स्थित चीनी दूतावास ने देश में "शांतिपूर्ण और सफल" संसदीय चुनाव कराने के लिए बधाई दी है.

    चीनी दूतावास ने चुनाव में जीत मिलने पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को शुभकामनाएं दी हैं.

    फ़ेसबुक पर शुक्रवार को की गई एक पोस्ट में दूतावास ने कहा कि वह नई सरकार के साथ मिलकर काम करने और "चीन-बांग्लादेश संबंधों के नए अध्याय लिखने" की उम्मीद करता है.

    चीनी सरकारी मीडिया ने बांग्लादेशी मीडिया के उन अनुमानों का हवाला दिया, जिनमें बीएनपी की जीत का अनुमान जताया गया था.

    अगस्त 2024 में अंतरिम सरकार के सत्ता संभालने के बाद से चीन ने बांग्लादेश के साथ अपने संबंध मज़बूत किए हैं और निवेश बढ़ाकर 80 करोड़ डॉलर तक किया है.

    दोनों देशों ने रक्षा और चिकित्सा क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाया है.

  4. बांग्लादेश में बीएनपी की बड़ी जीत पर भारत के पूर्व विदेश सचिव क्या बोले

    हर्ष वर्धन श्रृंगला

    इमेज स्रोत, Hardik Chhabra/ The India Today Group via Getty

    इमेज कैप्शन, हर्ष वर्धन श्रृंगला ने कहा कि बांग्लादेश चुनाव के नतीजे इस बात के संकेत हैं कि वहां की जनता अपने देश को किस दिशा में ले जाना चाहती है (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जीत को भारत के पूर्व विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रृंगला ने 'अच्छी ख़बर' बताया है.

    उन्होंने कहा कि कई मायनों में 'हम फिर वहीं आ गए हैं, जहां से चले थे'.

    अमेरिका स्थित भारतीय एम्बेसी के मुताबिक़, हर्ष वर्धन श्रृंगला ने बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त के तौर पर भी काम किया है. वह साल 2016 से 2019 तक इस पद पर रहे.

    इसके अलावा उन्होंने भारतीय विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (महानिदेशक) के रूप में भी काम किया है, जहां वह बांग्लादेश मामलों के लिए ज़िम्मेदार थे.

    वह 2020 से 2022 तक भारत के विदेश सचिव रहे.

    बांग्लादेश चुनाव नतीजों पर हर्ष वर्धन श्रृंगला ने कहा, "बीएनपी के प्रमुख तारिक़ रहमान ने भारत के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने के अपने इरादे को लेकर कुछ सकारात्मक बयान दिए हैं, जिससे कि उनके देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और बांग्लादेश के सबसे नज़दीकी और सबसे बड़े पड़ोसी के साथ सहयोग ऐसा हो जो दोनों पक्षों के लिए परस्पर लाभकारी हो. इसलिए यह सब अच्छी ख़बर है."

    पूर्व विदेश सचिव ने कहा कि बांग्लादेश चुनाव के नतीजे इस बात के संकेत हैं कि वहां की जनता अपने देश को किस दिशा में ले जाना चाहती है.

    हालांकि, उन्होंने यह भी कहा, "इसका मतलब यह नहीं है कि बांग्लादेश में सांप्रदायिकता, कट्टरपंथ और इस्लामीकरण बढ़ने की आशंका पूरी तरह ख़त्म हो गई है."

    बांग्लादेश आम चुनाव में बीएनपी को पूर्ण बहुमत हासिल हो चुका है. अब भी मतगणना जारी है, जिससे कि बीएनपी की सीटें बढ़ने की उम्मीद है.

    बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, अब तक बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 205 सीटों पर जीत हासिल हो चुकी है. वहीं, जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 74 सीटें जीती हैं.

    हालांकि, बीएनपी ने 213 सीटें जीतने का दावा किया है.

    बीएनपी

    इमेज स्रोत, X/BNP

  5. बांग्लादेश चुनाव: बीएनपी की जीत पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, FAYEZ NURELDINE/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ़ ने बांग्लादेश की जनता को भी बधाई दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जीत पर तारिक़ रहमान को बधाई दी है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "मैं बांग्लादेश में संसदीय चुनावों में बीएनपी को शानदार जीत दिलाने के लिए तारिक़ रहमान को हार्दिक बधाई देता हूं. साथ ही मैं बांग्लादेश की जनता को चुनावों के सफल आयोजन पर भी बधाई देता हूं."

    उन्होंने कहा, "मैं बांग्लादेश के नए नेतृत्व के साथ मिलकर हमारे ऐतिहासिक, भाईचारे पर आधारित और बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करने और दक्षिण एशिया और अन्य क्षेत्रों में शांति, स्थिरता और विकास के हमारे साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं."

    इससे पहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी ने भी चुनाव में जीत को लेकर तारिक़ रहमान को बधाई दी.

    बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, बीएनपी ने सरकार बनाने के लिए ज़रूरी 151 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है. अब तक बीएनपी गठबंधन 182 सीटें जीत चुका है.

  6. बांग्लादेश चुनाव: जमात-ए-इस्लामी ने चुनाव नतीजों पर उठाए सवाल

    शफ़ीकुर रहमान

    इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, शफ़ीकुर रहमान जमात-ए-इस्लामी के अमीर हैं

    बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की मुख्य प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी ने एक बार फिर मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं.

    एएफ़पी न्यूज़ के मुताबिक़, इस्लामी पार्टी ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा, "हम चुनाव नतीजों से जुड़ी प्रक्रिया से संतुष्ट नहीं हैं."

    पार्टी ने सभी से "धैर्य बनाए रखने" की अपील भी की है.

    बीएनपी ने बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बहुमत हासिल कर लिया है और वह एक ऐतिहासिक जीत की ओर आगे बढ़ रही है.

    बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, बीएनपी गठबंधन ने अब तक 176 सीटें जीती हैं, जबकि जमात गठबंधन को 57 सीटों पर जीत मिली है.

    बांग्लादेश चुनाव नतीजे

    इमेज स्रोत, BBC Bangla

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, बांग्लादेश चुनाव: बीएनपी को मिला पूर्ण बहुमत, जानिए अब तक किसने कितनी सीटें जीतीं

    तारिक़ रहमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तारिक़ रहमान बीएनपी के अध्यक्ष हैं

    बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने बहुमत हासिल कर लिया है.

    बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अब तक 172 सीटों पर जीत हासिल कर ली है.

    वहीं, जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अब तक 55 सीटें जीती हैं, जबकि अन्य के खाते में 12 सीटें गई हैं.

    मतगणना अभी जारी है.

    बांग्लादेश चुनाव

    इमेज स्रोत, BBC Bangla

  8. बांग्लादेश में बीएनपी की जीत पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी ने क्या कहा

    आसिफ़ अली ज़रदारी

    इमेज स्रोत, Jeff Zelevansky/Getty

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के राष्ट्रपति कार्यालय ने बीएनपी की जीत पर एक बयान जारी किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी ने बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की 'बड़ी जीत' पर तारिक़ रहमान को बधाई दी है.

    इसकी जानकारी राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया पर दी.

    राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया, "राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी ने बीएनपी की बड़ी जीत पर तारिक़ रहमान को बधाई दी और बांग्लादेश की जनता को सफल और शांतिपूर्ण चुनावों के लिए शुभकामनाएं दीं."

    बीएनपी पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया की पार्टी है. हाल ही में उनके निधन के बाद पार्टी की कमान उनके बेटे तारिक़ रहमान के हाथों में है.

    बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, बीएनपी के नेतृत्व वाला गठबंधन बहुमत के आंकड़े (151) तक पहुंच गया है. अभी मतगणना जारी है और गठबंधन की सीटें और बढ़ने की उम्मीद है.

    बांग्लादेशी मीडिया का कहना है कि बीएनपी दो-तिहाई सीटें जीत सकती है.

    बांग्लादेश में चुनाव

    इमेज स्रोत, BBC Bangla

  9. बांग्लादेश में बीएनपी की 'जीत' पर पीएम मोदी ने क्या कहा

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की 'जीत' पर पार्टी अध्यक्ष तारिक़ रहमान को बधाई दी है.

    पीएम मोदी ने कहा कि यह 'जीत' तारिक़ रहमान के नेतृत्व पर बांग्लादेश की जनता के भरोसे को दिखाती है.

    उन्होंने कहा, "भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा. मैं हमारे बहुआयामी संबंधों को मज़बूत करने और साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए आपके (तारिक़ रहमान) साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं."

    बांग्लादेश में जारी मतगणना के रुझानों में बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को भारी बहुमत मिलता दिख रहा है.

    बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, अब तक बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 128 सीटों पर जीत हासिल कर ली है, जबकि जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 46 सीटों पर जीत मिली है.

    वहीं, अन्य के खाते में अब तक आठ सीटें आई हैं. मतगणना अभी जारी है.

    बांग्लादेश में सरकार बनाने के लिए 151 सीटों की ज़रूरत है.

    बांग्लादेश चुनाव

    इमेज स्रोत, BBC Bangla

  10. बांग्लादेश चुनाव: बीएनपी ने अब तक कितनी सीटें जीतीं?

    बांग्लादेश चुनाव

    इमेज स्रोत, MD Abu Sufian Jewel/NurPhoto via Getty

    इमेज कैप्शन, बीएनपी पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया की पार्टी है, उनके निधन के बाद इसकी कमान उनके बेटे तारिक़ रहमान के हाथों में है

    बांग्लादेश में मतगणना जारी है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) बहुमत की ओर बढ़ रही है.

    स्थानीय मीडिया में अनुमान लगाया जा रहा है कि बीएनपी दो-तिहाई संसदीय सीटों पर जीत हासिल कर सकती है.

    बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अब तक 109 सीटों पर जीत हासिल कर ली है. वहीं जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 43 सीटों पर जीत मिली है.

    वहीं, अन्य के खाते में अब तक पांच सीटें आई हैं.

    बांग्लादेश में सरकार बनाने के लिए 151 सीटें चाहिए.

    बांग्लादेश चुनाव

    इमेज स्रोत, BBC Bangla

  11. बांग्लादेश: बीएनपी प्रवक्ता ने जीत की ख़बरों के बीच बीबीसी से क्या कहा, योगिता लिमये, बीबीसी संवाददाता, ढाका से

    महदी अमीन

    बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) बांग्लादेश में सरकार बनाने की ओर है. रुझानों में बीएनपी को भारी बढ़त मिलती दिख रही है.

    इस बीच बीबीसी से ख़ास बातचीत में बीएनपी के एक प्रवक्ता ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आज़ादी की "पूरी गारंटी" देगी.

    गुरुवार रात हुई इस बातचीत के दौरान बीएनपी के प्रमुख प्रवक्ता महदी अमीन ने कहा, "हमें उम्मीद है कि हम बांग्लादेश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे."

    पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की पार्टी अवामी लीग को इस चुनाव से बाहर रखा गया. बीबीसी ने बीएनपी प्रवक्ता से अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाने के बीच चुनाव की विश्वसनीयता से जुड़ा सवाल किया.

    इस पर अमीन ने कहा, "चुने जाने के बाद हम फिर लोगों के पास जाएंगे और वही करेंगे जो लोग चाहते हैं. लेकिन फ़िलहाल यह बिल्कुल साफ़ है कि लोगों ने ऐसी किसी भी राजनीतिक पार्टी का समर्थन न करने का फ़ैसला किया है जिसने अपना राजनीतिक चरित्र खो दिया और एक ऐसा औज़ार बन गई जो गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए ज़िम्मेदार रही."

    अवामी लीग ने इन आरोपों को खारिज किया है और चुनाव की वैधता पर सवाल उठाया है.

    महदी अमीन ने यह भी कहा कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और आज़ादी की रक्षा की जाएगी.

    बीएनपी का पिछला कार्यकाल हिंसा, भ्रष्टाचार के आरोपों और मानवाधिकार उल्लंघनों से जुड़ा रहा था.

  12. इमरान ख़ान की एक आंख की रोशनी 15 प्रतिशत बचने की रिपोर्ट पर उनके बेटे ने क्या कहा

    इमरान ख़ान का पोस्टर

    इमेज स्रोत, Betsy Joles/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के वकीलों ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट को उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी.

    वकीलों का कहना है कि इमरान ख़ान की दाईं आंख में देखने की क्षमता केवल 15 प्रतिशत बची है.

    जेल में बंद इमरान ख़ान के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद उनके बेटे कासिम ख़ान की प्रतिक्रिया आई है.

    उन्होंने पाकिस्तान सरकार पर आरोप लगाया कि यह 'लापरवाही और जानबूझकर जेल में उचित इलाज न देने का नतीजा' है.

    कासिम ख़ान ने एक्स पर लिखा, "इसकी ज़िम्मेदारी सीधे तौर पर सरकार, सेना प्रमुख और इस क्रूरता को संभव बनाने वाले लोगों पर है."

    उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उनके भाई को उनके पिता से मिलने के लिए वीज़ा नहीं दिया जा रहा है.

    कासिम ख़ान लंदन में रहते हैं और उनके पास ब्रिटिश नागरिकता है.

    इमरान ख़ान के वकीलों ने कहा है कि ख़ान को तीन से चार महीने पहले धुंधला दिखाई देना शुरू हुआ था. जेल अधीक्षक को बताने के बावजूद, उन्हें केवल आई ड्राप्स दिए गए और इसके अलावा कोई क़दम नहीं उठाया गया.

  13. बांग्लादेश में मतगणना जारी, बीएनपी जीत की ओर

    तारिक़ रहमान

    इमेज स्रोत, Syed Mahamudur Rahman/NurPhoto via Getty

    इमेज कैप्शन, तारिक़ रहमान पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिया ज़िया के बेटे हैं

    बांग्लादेश में मतगणना जारी है और रुझानों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) आगे चल रही है जबकि जमात-ए-इस्लामी दूसरे नंबर पर है.

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, बीएनपी क़रीब दो-तिहाई सीटें जीत सकती है.

    बीएनपी, पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया की पार्टी है. उनके निधन के बाद उनके बेटे तारिक़ रहमान इसके मुख्य नेता के तौर पर देखे जा रहे हैं.

    मतगणना के बीच पार्टियों ने वोट में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं. 2024 में शेख़ हसीना को सत्ता से हटाने वाले युवा आंदोलन का प्रतिनिधित्व करने वाली नेशनल सिटीजन्स पार्टी (एनसीपी) ने आरोप लगाया है कि नतीजों में हेरफेर किया गया है.

    एनसीपी ने दोबारा मतगणना की मांग की है.

    कम से कम दो अन्य पार्टियों के उम्मीदवार भी इसी तरह के आरोपों के साथ चुनाव आयोग पहुंचे हैं. बीएनपी ने जमात-ए-इस्लामी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है.

    बांग्लादेश में गुरुवार, 12 फ़रवरी को आम चुनाव के लिए मतदान हुआ था. यह मतदान शाम 04:30 बजे तक चला. इसके बाद से मतगणना जारी है.

    पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध के बाद इस बार मुख्य मुक़ाबला बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच है.

  14. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.