You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान ने किया अमेरिका, ब्रिटेन और चीन का शुक्रिया, जानिए पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने और क्या कहा?

भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम पर सहमति बनने की घोषणा के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने शनिवार देर रात राष्ट्र का संबोधित किया.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत , अश्वनी पासवान और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. पाकिस्तान को आईएमएफ़ से मिले क़र्ज़ पर उमर अब्दुल्लाह ने क्या कहा?

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) से मिले एक अरब अमेरिकी डॉलर के फंड पर सवाल खड़े किए है.

    उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "मुझे समझ नहीं आता कि 'अंतरराष्ट्रीय समुदाय' यह कैसे मान रहा है कि दक्षिण एशिया में तनाव कम होगा."

    "जबकि आईएमएफ़ पाकिस्तान को उन हथियारों और गोला-बारूद के लिए पैसा दे रहा है जिनका इस्तेमाल वह पुंछ, राजौरी, उरी, तंगधार और कई दूसरी जगहों पर हमला करने में कर रहा है."

    भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) ने पाकिस्तान को एक्सटेंडेड फंड फैसिलिटी (ईएफ़एफ़) के तहत एक अरब अमेरिकी डॉलर का फंड दिया है.

    पाकिस्तान को क़र्ज़ देने के लिए हुए मतदान में भारत ने हिस्सा नहीं लिया.

    भारत ने पाकिस्तान के ख़राब ट्रैक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए आशंका जताई है कि पाकिस्तान आईएमएफ़ फंड का दुरुपयोग राज्य-प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद के लिए कर सकता है.

  2. जी-7 देशों ने भारत और पाकिस्तान से किस तरह की अपील की है?

    जी- 7 देशों ने भारत और पाकिस्तान से कहा है कि वे शांति बनाए रखें और आपस में सीधी बातचीत करें.

    यह अपील उस वक़्त आई है जब दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ रहा है.

    कनाडा की ओर से जारी बयान में कनाडा, फ़्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है.

    इसके साथ ही जी-7 देशों ने भारत और पाकिस्तान दोनों देशों से संयम बरतने को कहा है.

    जी-7 के बयान में कहा गया, “हम चाहते हैं कि दोनों देश तनाव बढ़ाने की बजाय आपस में बातचीत करें और किसी शांतिपूर्ण हल की ओर बढ़ें.”

  3. भारत-पाकिस्तान के दौरे के बाद सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

    सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने अपने विदेश राज्य मंत्री के भारत और पाकिस्तान दौरे की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के ज़रिए दी और इस दौरे को लेकर एक आधिकारिक बयान जारी किया.

    जारी बयान में कहा गया, “सऊदी अरब के नेतृत्व के निर्देश पर विदेश मामलों के राज्य मंत्री और जलवायु दूत महामहिम अदेल अल-जुबैर ने 8 से 9 मई, 2025 के बीच भारत और पाकिस्तान का दौरा किया.”

    सऊदी अरब ने इस दौरे का मक़सद दोनों देशों के बीच चल रहे सैन्य टकराव को रोकना और सभी विवादों को बातचीत और कूटनीतिक तरीकों से सुलझाना बताया है.

    भारत के इस दौरे में सऊदी अरब के विदेश राज्य मंत्री अदेल अल-जुबैर ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की थी.

  4. उमर अब्दुल्लाह ने कहा- पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी में जम्मू-कश्मीर के एक अधिकारी की मौत

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने कहा है कि पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी में एक अधिकारी की मौत हुई है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "राजौरी से दुखद खबर. हम ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन सर्विस के एक समर्पित अधिकारी को खो दिया है. कल ही वे डिप्टी सीएम के साथ जिले में थे और मेरी अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए थे."

    उमर अब्दुल्लाह ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से राजौरी शहर में गोलीबारी की जा रही है.

    उन्होंने लिखा, "पाकिस्तान की ओर से आज गोलाबारी में राजौरी शहर को टारगेट किया गया. इसी दौरान अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा का घर निशाने पर आया और हमले में उनकी मौत हो गई."

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तानी सेना ने कहा उसने भारत के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई शुरू की

    पाकिस्तान के सरकारी टीवी और फ़ौज के जनसंपर्क विभाग ने कहा है कि उन्होंने भारत के ख़िलाफ़ जवाबी हमला शुरू कर दिया है.

    पाकिस्तान ने भारत पर उसके तीन सैन्य हवाई अड्डों को निशाना बनाने का आरोप लगाया था.

    पाकिस्तान की फ़ौज के जनसंपर्क विभाग आईएसपीआर के मुताबिक़, पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई को ‘ऑपरेशन बुनयान मरसूस' का नाम दिया है.

    भारत ने पाकिस्तान के इन दावों पर अब तक कुछ नहीं कहा है.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान ने कहा भारत ने तीन सैन्य हवाई अड्डों पर मिसाइल हमला किया

    पाकिस्तान की सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि भारत ने उसके तीन सैन्य हवाई अड्डों पर मिसाइलें दागी हैं. भारत ने अभी तक इन दावों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    सरकारी टीवी चैनल पर पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ़्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ़ चौधरी ने कहा है कि पाकिस्तानी सेना इसका 'जवाब देगी.'

    उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान की सेना के एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने भारत की अधिकतर मिसाइलों को गिरा दिया था. उन्होंने कहा कि देश की सेनाएं ‘पूरी तरह तैयार हैं.’

    पाकिस्तान ने जिन सैन्य हवाई अड्डों को निशाना बनाए जाने का दावा किया है उनमें से एक रावलपिंडी का नूर ख़ान है जो कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से 10 किलोमीटर दूर है.

    हालांकि, भारत की ओर से अब तक इन दावों पर कुछ भी नहीं कहा गया है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.