आईपीएल 2026: रवींद्र जडेजा और संजू सैमसन ने बदली टीम
आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स समेत कई टीमों के बीच प्लेयर्स की ट्रेडिंग हुई है. अब अगले सीज़न में रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलेंगे.
आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक़, राजस्थान ने जडेजा को 14 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया है. सीएसके उन्हें 18 करोड़ रुपये दे रही थी.
इसके अलावा, इंग्लैंड के ऑल-राउंडर सैम करन को भी सीएसके से राजस्थान में ट्रेड किया गया है. उन्हें उनकी मौजूदा फ़ीस 2.4 करोड़ रुपए में ही टीम में शामिल किया है.
वहीं, सीएसके ने राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल किया है. सैमसन को उनकी मौजूदा फ़ीस 18 करोड़ रुपये में ट्रेड किया गया.
इसके अलावा तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी को लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद से 10 करोड़ रुपये में ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल किया.
मयंक मार्कंडेय को मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स से, अर्जुन तेंदुलकर को लखनऊ ने मुंबई से, नीतीश राणा को दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान से और डोनोवन फ़ेरीरा को राजस्थान ने दिल्ली से ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल किया.