आरजेडी नेता और लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने परिवार से नाता तोड़ने और राजनीति छोड़ने का एलान किया है.
रोहिणी आचार्य ने मीडिया को बयान दिया, "मेरा कोई परिवार नहीं है. अब ये जाकर आप संजय, रमीज़, तेजस्वी यादव से पूछिए. मेरा कोई परिवार नहीं है. उन्हीं लोगों ने मुझे परिवार से निकाला है क्योंकि उन्हें ज़िम्मेदारी लेनी नहीं है. पूरा देश-दुनिया सवाल कर रही है कि पार्टी का ऐसा हाल क्यों हुआ."
इससे पहले रोहिणी आचार्य ने एक्स पर पोस्ट कर राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने की घोषणा की थी.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं. संजय यादव और रमीज़ ने मुझसे यही करने को कहा था और मैं सारा दोष ख़ुद पर ले रही हूं.”
रोहिणी आचार्य ने बीते साल सारण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन वो बीजेपी के उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी से चुनाव हार गई थीं.
राजीव प्रताप रूडी ने उनकी इस घोषणा पर सवाल किए जाने पर कहा, "यह उनका पारिवारिक मामला है. हो सकता है कि उन्हें किसी प्रकार की निराशा हो. लेकिन मुझे लगता है कि आरजेडी और परिवार बिखरता जा रहा है और संकेत अच्छे नहीं हैं."
"मुझे उनकी पार्टी या परिवार के बारे में कोई टिप्पणी नहीं करनी है. लेकिन आरजेडी पर बड़ा संकट मंडरा रहा है और ये पार्टी पूरी तरह से बिखर चुकी है."
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "यह लालू यादव के परिवार का आपसी मामला है. मैं यह अनुरोध करूंगा कि परिवार बिखरना नहीं चाहिए. किसी व्यक्ति के कारण अगर परिवार बिखर रहा है तो यह उचित नहीं है."
"लालू यादव और राबड़ी देवी को इस परिवार को बचाने की आवश्यकता है. यह एक पारिवारिक मामला है इसलिए इस पर बहुत ज़्यादा टिप्पणी करना उचित नहीं है."
बीजेपी नेता संजय जायसवाल ने कहा, "तेजस्वी यादव के पैसों का जो मैनेजमेंट करते हैं, वो परिवार से ज़्यादा नज़दीक हो गए हैं. अगर आप गलत ढंग से पैसे कमाएंगे, तो सबसे पहले आपका परिवार टूटता है."