पेरिस ओलंपिकः जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर, गोल्ड पाकिस्तान के अरशद नदीम के हिस्से

नीरज चोपड़ा ने 89.45 मीटर के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता. जबकि 92.97 मीटर स्कोर के साथ पाकिस्तान के अरशद नदीम गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहे.

सारांश

  • पेरिस ओलंपिक खेलों में भारत ने स्पेन को हराकर ओलंपिक खेलों में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीत लिया है.
  • बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के प्रधान सलाहकार के पद पर मोहम्मद यूनुस ने शपथ ले ली है.
  • केंद्र सरकार ने वक़्फ़ संशोधन विधेयक 2024 पेश किया लेकिन इसे ज्वाइंट पार्लियामेंट्री कमेटी के पास भेजा गया.
  • पेरिस ओलंपिक में भारतीय पहलवान अमन सहरावत सेमीफाइनल में हारे.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार

  1. विनेश फोगाट के ओलंपिक फ़ाइनल से बाहर होने पर संसद में हंगामा

    राज्यसभा में बोलते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे

    इमेज स्रोत, Sansad/tv

    इमेज कैप्शन, राज्यसभा में बोलते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे

    विनेश फोगाट के ओलंपिक फाइनल से पहले अयोग्य करार दिए जाने का मुद्दा संसद में गुरुवार को भी उठा. विपक्ष ने राज्यसभा में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की है.

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमने कल ये मुद्दा उठाया था और यह बहुत की महत्वपूर्ण मुद्दा है.

    उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष से जुड़ा मुद्दा नहीं है और हम इस मुद्दे को लेकर चर्चा करना चाहते हैं.

    राज्यसभा के सभापति जगदीप धनकड़ ने इस विषय पर चर्चा करने से मना कर दिया.

    विनेश फोगाट के विषय को लेकर राज्यसभा में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया और सदन से वॉक ऑउट कर लिया.

    राज्यसभा के सभापति ने कहा कि विपक्ष को लग रहा है कि सिर्फ इन्हें ही दुख हुआ है. हमारी लड़की के बाहर होने से पूरे देश को दुख हुआ है. राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से लेकर हर कोई दुखी है.

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि विनेश फोगाट का सवाल पक्ष और विपक्ष का सवाल नहीं है देश का सवाल है. विपक्ष के पास बहस के लिए विषय नहीं बचा है.

    उन्होंने कहा कि भारत सरकार, खेल मंत्रालय और ओलंपिक संघ के लोगों ने इस विषय को हर संबंधित मंच पर उठाया है.

  2. पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य का निधन, कई दिनों से थे बीमार

    पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य (फाइल फोटो)

    पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का निधन हो गया है.

    बुद्धदेव भट्टाचार्य ने 80 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली. वह कई दिनों से बीमार चल रहे थे.

    बुद्धदेव भट्टाचार्य साल 2000 से 2011 तक लगातार 11 साल मुख्यमंत्री के पद पर थे.

    बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन से दुखी हूं.”

    ममता बनर्जी ने कहा, “मैं उन्हें कई दशकों से जानती हूं और पिछले कुछ वर्षों के दौरान जब वह बीमार थे तो मैं कई बार उनसे मिलने उनके घर गई थी.”

    ममता बनर्जी ने बुद्धदेव भट्टाचार्य के परिवार, उनकी पार्टी और उनके समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.

  3. पेरिस ओलंपिक: जिस फ़ाइनल में विनेश फोगाट खेल नहीं पाईं, उसमें जीता कौन और विवाद पर क्या कहा?

    स्वर्ण पदक जीतने के बाद सारा हिल्डेब्रांट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गोल्ड पदक जीतने के बाद सारा हिल्डेब्रांट

    विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक के जिस फ़ाइनल मैच से पहले अयोग्य करार दी गईं, उसमें अमेरिका की महिला पहलवान सारा हिल्डेब्रांट ने गोल्ड मेडल जीता है.

    सारा हिल्डेब्रांट ने क्यूबा की पहलवान युस्नेलिस गुज़मैन लोपेज़ को हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया.

    सारा हिल्डेब्रांट ने विनेश फोगाट के पेरिस ओलंपिक में अयोग्य करार दिए जाने पर प्रतिक्रिया दी है.

    सारा ने कहा है, ''विनेश के लिए मुझे बुरा लग रहा है. विनेश के लिए कल का दिन अद्भुत था, उन्होंने कारनामा कर दिखाया था.''

    बुधवार को फ़ाइनल जीतने के बाद सारा ने कहा, ''मुझे नहीं लगता है कि विनेश को इस बात का अंदाजा रहा होगा कि इस तरह से उनका ओलंपिक अभियान समाप्त होगा.''

    सारा ने कहा- मुझे लगता है कि विनेश एक शानदार प्रतिद्वंद्वी, शानदार पहलवान और इंसान हैं.

    गुरुवार यानी आज सुबह विनेश फोगाट ने ट्वीट कर कुश्ती को अलविदा कहने की बात कही है.

  4. चीन ने अपने देश के ओलंपिक प्रशंसकों को क्यों दी तमीज़ में रहने की हिदायत

    चीन के प्रशंसक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के प्रशंसक (फाइल फोटो)

    पेरिस ओलंपिक में चीनी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रभावित कर रहे प्रशंसकों पर चीन नकेल कस रहा है.

    चीनी मीडिया रिपोर्टस में प्रशंसकों के अनुचित व्यवहार की बात कही गई है. रिपोर्ट्स में प्रशंसकों के इवेंट्स के दौरान शोर मचाने या रेफरी पर बेवजह आरोप लगाने की बातें शामिल हैं.

    3 अगस्त को पैडलर चेन मैंग के टेबल टेनिस के एक मुकाबले में अपनी ही देश की सुन यिंग्शा को हराने के बाद प्रशंसकों का अनुचित व्यवहार चरम पर दिखा.

    सुन के मैच हारने के बाद चीन का इंटरनेट सुन के समर्थन में पोस्ट से भर गया था. कुछ लोग चेन मैंग की जीत की आलोचना कर रहे थे. उनका कहना था कि चेन मैंग सिर्फ इसलिए जीत पाईं हैं क्योंकि सुन यिंग्शा पिछले तीन मैचों में थक गई थीं.

    चीन की सोशल मीडिया ने सामूहिक रूप से प्रतियोगिता को लेकर नफ़रत फैला रहे और विवाद को बढ़ावा दे रहे लगभग 10 हजार से ज्यादा सोशल मीडिया पोस्टों को हटाया है और कथित तौर पर लगभग 800 अकांउट्स को भी बैन किया है.

    सुन यिंग्शा के एक प्रशंसक ने यहां तक लिखा कि चेन मैंग डोपिंग में फंस जाएं और गोल्ड मेडल सुन को चला जाए. इस पोस्ट को लेकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा.

    एक 29 वर्षीय महिला प्रशंसक को मैच को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर गिरफ्तार भी किया गया है.

    चीन की तरफ से की गई यह कार्रवाई प्रशंसकों की ओर से अपनाए जा रहे गलत रवैये के ख़िलाफ़ जारी कवायद का हिस्सा है.

    पेरिस ओलंपिक से पहले चीनी अधिकारियों ने इस फैन कल्चर को लेकर चेतावनी भी जारी की थी.

  5. विनेश फोगाट का कुश्ती को अलविदा, वो कुछ घंटे जिनमें टूटा मेडल का सपना

  6. महिला पहलवान अंतिम पंघाल को ओलंपिक से वापस भेजा जाएगा भारत, वजह क्या है?

    महिला पहलवान अंतिम पंघाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अंतिम पंघाल

    भारतीय महिला पहलवान अंतिम पंघाल और उनके सपोर्ट स्टाफ को पेरिस ओलंपिक से वापस भारत भेजा जाएगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार अंतिम पंघाल के ख़िलाफ़ ये कार्रवाई इसलिए की गई है क्योंकि उन्होंने अपना ओलंपिक विलेज एक्रेडेशन अपनी बहन को दे दिया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने भारतीय ओलंपिक संघ के हवाले से बताया है कि अंतिम पंघाल और उनके पूरे स्टाफ़ को अनुशासनात्मक उल्लंघन के बाद वापस भेजने का निर्णय लिया गया है.

    इससे पहले अंतिम पंघाल महिला कुश्ती इवेंट के 53 किलो ग्राम भार वर्ग में हारकर ओलंपिक से बाहर हो गईं थी.

    तुर्की की जेनेप येटगिल ने महिलाओं के 53 किग्रा फ्रीस्टाइल राउंड ऑफ 16 बाउट में भारतीय पहलवान अंतिम पंघाल को 10-0 से हराया.

    हालांकि, तुर्की पहलवान क्वार्टरफाइनल में जर्मनी की अनिका वेंडल से हार गईं.

    परिणामस्वरूप, अंतिम पंघाल रेपेचेज राउंड में हिस्सा नहीं लेंगी और उनका पेरिस ओलंपिक अभियान समाप्त हो गया.

  7. विनेश फोगाट के कुश्ती छोड़ने के एलान पर साक्षी मलिक ने दी प्रतिक्रिया

    साक्षी मलिक और विनेश फोगाट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट

    विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक में अयोग्य करार दिए जाने के बाद कुश्ती को अलविदा कह दिया है.

    विनेश के कुश्ती को अलविदा कहने के एलान पर भारतीय महिला पहलवान साक्षी मलिक ने प्रतिक्रिया दी है.

    साक्षी मलिक ने सोशल मीडिया पर लिखा है, “विनेश तुम नहीं हारी. हर वो बेटी हारी है जिनके लिए तुम लड़ी और जीती.”

    उन्होंने लिखा है, “ये पूरे भारत देश की हार है. देश तुम्हारे साथ है. खिलाड़ी के तौर पे उनके संघर्ष और जज्बे को सलाम.”

    इससे पहले हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने कहा- हमारी सरकार ने ये फैसला किया है कि विनेश फोगाट का स्वागत और अभिनंदन एक मेडलिस्ट की तरह ही किया जाएगा.

    सीएम ने लिखा है, “हरियाणा सरकार ओलंपिक रजत पदक विजेता को जो सम्मान, ईनाम और सुविधाएँ देती है वे सभी विनेश फोगाट को भी कृतज्ञता पूर्वक दी जाएंगी.”

    विनेश फोगाट के कुश्ती को अलविदा के एलान पर भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा- विनेश आप हारी नहीं, हराया गया है. हमारे लिए सदैव आप विजेता ही रहेंगी. आप भारत की बेटी के साथ साथ भारत का अभिमान भी हो.

  8. पेरिस ओलंपिक से बाहर हुईं मीराबाई चनू

    मीराबाई चनू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मीराबाई चनू

    भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चनू पेरिस ओलंपिक से बाहर हो गईं हैं.

    महिलाओं की वेटलिफ्टिंग की 49 किग्रा स्पर्धा में मामूली अंतर से पदक हासिल करने से चूक गईं और वह चौथे स्थान पर रही हैं.

    अपना तीसरा ओलंपिक खेलते हुए मीराबाई चनू ने पेरिस ओलंपिक की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में कुल 199 किग्रा (88 किग्रा स्नैच + 111 किग्रा क्लीन एंड जर्क) के साथ चौथे स्थान पर रहीं.

    ओलंपिक से बाहर होने के बाद मीराबाई चनू ने कहा है कि आप सबको मालूम है खिलाड़ियों के साथ कुछ न कुछ होता रहता है. मैं इंजरी से गुजर रही थी.

    उन्होंने कहा है कि रियो ओलंपिक में मेरे हाथ से मेडल निकल गया था, उसके बाद मैंने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक हासिल किया था.

    चनू ने कहा- मैंने इस बार भी पूरी कोशिश की थी मेडल जीतने की पर इस बार मेरी किस्मत में मेडल नहीं था.

    मीराबाई ने कहा- "मैं इस बार मेडल नहीं जीत पाई, इसके लिए मैं माफी मांगती हूं."

  9. विनेश फोगाट के कुश्ती को अलविदा कहने पर क्या बोले हरियाणा के सीएम और बजरंग पूनिया

    हरियाणा के सीएम नायब सैनी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हरियाणा के सीएम नायब सैनी (फाइल फोटो)

    पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती को अलविदा कहा है.

    विनेश बुधवार को पेरिस ओलंपिक में कुश्ती के फाइनल से पहले ज्यादा वज़न होने के कारण अयोग्य करार दी गई थीं.

    विनेश फोगाट के कुश्ती को अलविदा के कहने के बाद हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला है.

    मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लिखा है, “हरियाणा की हमारी बहादुर बेटी विनेश फोगाट ने ज़बरदस्त प्रदर्शन करके ओलंपिक में फाइनल में प्रवेश किया था. किन्हीं भी कारणों से वो भले ही ओलंपिक का फाइनल नहीं खेल पाई हो लेकिन हम सबके लिए वो एक चैंपियन है.”

    उन्होंने लिखा है कि हमारी सरकार ने ये फैसला किया है कि विनेश फोगाट का स्वागत और अभिनंदन एक मेडलिस्ट की तरह ही किया जाएगा.

    सीएम ने लिखा है, “हरियाणा सरकार ओलंपिक रजत पदक विजेता को जो सम्मान, ईनाम और सुविधाएँ देती है वे सभी विनेश फोगाट को भी कृतज्ञता पूर्वक दी जाएंगी.”

    मुख्यमंत्री ने लिखा है- “हमें आप पर गर्व है विनेश!”

    विनेश फोगाट के कुश्ती को अलविदा कहने पर भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला है.

    बजरंग पूनिया ने लिखा है, “विनेश आप हारी नहीं, हराया गया है, हमारे लिए सदैव आप विजेता ही रहेंगी. आप भारत की बेटी के साथ साथ भारत का अभिमान भी हो.”

  10. पेरिस ओलंपिक से बाहर होने के बाद विनेश फोगाट ने कुश्ती को कहा अलविदा

    विनेश फोगाट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विनेश फोगाट

    पेरिस ओलंपिक में कुश्ती के 50 किलो भार वर्ग के फाइनल में वज़न ज्यादा होने के कारण अयोग्य करार दिए जाने के बाद विनेश फोगाट ने कुश्ती को अलविदा कह दिया है.

    पेरिस ओलंपिक के फाइनल से बाहर होने के बाद विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया है.

    विनेश फोगाट ने लिखा है, “माँ कुश्ती मेरे से जीत गई, मैं हार गई. माफ़ करना आपका सपना, मेरी हिम्मत सब टूट चुके. इससे ज़्यादा ताक़त नहीं रही अब.”

    विनेश ने लिखा है- “अलविदा कुश्ती 2001-2024”

    उन्होंने लिखा है- “मैं आप सबकी हमेशा ऋणी रहूँगी. माफी.”

  11. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    7 अगस्त की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें