अज़रबैजान एयरलाइंस ने बताया, क्यों हादसे का शिकार हुआ उसका विमान?

अज़रबैजान एयरलाइंस का कहना है कि 25 दिसंबर को कज़ाकिस्तान में उसका विमान बाहरी तकनीकी दखल की वजह से हादसे का शिकार हुआ था.

सारांश

  • पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर भारत सरकार ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है
  • पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी के मुताबिक अवैध रूप से विदेश जाने वाले 10,000 से अधिक पाकिस्तानी नागरिकों को साल 2024 में ईरान में गिरफ़्तार किया गया
  • भारत की महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज़ को पांच विकेट से हराकर सिरीज़ 3-0 से जीत ली है
  • दक्षिण कोरिया में कार्यवाहक राष्ट्रपति हान डक-सू के ख़िलाफ़ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव के लिए मतदान पूरा हो गया है
  • मुंबई हमलों के कथित मास्टरमाइंड और हाफ़िज़ सईद के साले हाफ़िज़ अब्दुल रहमान मक्की की शुक्रवार को मौत हो गई है
  • मनमोहन सिंह: उदारीकरण के नायक से लेकर प्रधानमंत्री तक का सफ़र

लाइव कवरेज

संदीप राय, कीर्ति रावत

  1. मनमोहन सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संदेश में क्या कहा

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Narendra Modi/ Youtube

    इमेज कैप्शन, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने गहरा शोक जताया है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन को देश के लिए बहुत बड़ी क्षति बताया है.

    एक शोक संदेश में उन्होंने कहा, "उनका जाना राष्ट्र के रूप में हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है. विभाजन के उस दौर में बहुत कुछ खोकर भारत आना और यहां जीवन के हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करना सामान्य बात नहीं है."

    "अभावों और संघर्षों से ऊपर उठकर कैसे उंचाइयों को हासिल किया जा सकता है, उनका जीवन ये सीख भावी पीढ़ी को देता रहेगा. एक नेक इंसान के रूप में, एक विद्वान अर्थशास्त्री के रूप में और सुधारों के प्रति समर्पित नेता के रूप में उन्हें हमेशा याद किया जाएगा."

    "एक अर्थशास्त्री के रूप मे उन्होंने अलग अलग स्तर पर भारत सरकार में अनेक सेवाएं दीं. एक चुनौतीपूर्ण समय में रिज़र्व बैंक के गवर्नर के रूप में भूमिका निभाई."

    "पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने वित्तीय संकट से घिरे देश को एक नई अर्थव्यवस्था के मार्ग पर प्रशस्त किया. प्रधानमंत्री के रूप में देश के विकास में और प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा."

    राज्यसभा सांसद रहते हुए संसद में उनके व्हील चेयर पर आने को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "सांसद के रूप में डॉ. साहब की निष्ठा सभी के लिए प्रेरणा है. सत्र के समय अहम मौकों पर वो व्हील चेयर पर बैठकर आते थे."

    "दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थानों की शिक्षा लेने और सरकार के अनेक शीर्ष पदों पर रहने के बाद भी वो अपनी सामान्य पृष्ठभूमि के मूल्यों को कभी भी नहीं भूले. दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्होंने हमेशा हर दल के व्यक्ति से सहज रिश्ता रखा, सबके लिए उपलब्ध रहे. जब मैं मुख्यमंत्री था, तब उनसे राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अनेक विषयों पर खुले मन से चर्चा होती थी."

    "आज इस कठिन घड़ी में उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. मैं डॉ. मनमोहन सिंह जी को सभी देशवासियों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं."

    गुरुवार रात को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया. उनके निधन पर भारत सरकार ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. उनका अंतिम संस्कार शनिवार को राजघाट पर किया जाएगा.

  2. आरएसएस ने मनमोहन सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि संदेश में क्या कहा?

    मोहन भागवत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरएसएस ने कहा है कि मनमोहन सिंह के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने श्रद्धांजलि दी है.

    आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की ओर से एक बयान जारी किया गया है.

    बयान के अनुसार, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और देश के वरिष्ठ नेता डॉ. सरदार मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश दुखी है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उनके परिवार और उनके अनगिनत चाहने वालों और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है.”

    “साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद डॉ. मनमोहन सिंह देश के शीर्ष पद पर आसीन हुए. डॉ. सिंह को भारत के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. हम उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं.”

    गुरुवार को उनकी तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां रात 10 बजे उनका निधन हो गया.

    उनके निधन पर प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है. शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा ने मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

    भारत सरकार ने सात के दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा.

  3. बॉक्सिंग डे टेस्टः ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में भारत के ख़िलाफ़ बनाए 474 रन

    स्टीवेन स्मिथ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्टीवेन स्मिथ ने सर्वाधिक 140 रनों की पारी खेली.

    भारत के ख़िलाफ़ चौथे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 474 रन बनाए. सबसे अधिक 140 रन स्टीवेन स्मिथ ने बनाए.

    सलामी बल्लेबाज़ सैम कोंस्टास के 60 रन और उस्मान ख्वाजा के 57 रन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मज़बूत शुरुआत की थी.

    भारत की ओर से बुमराह ने सर्वाधिक चार विकेट झटके जबकि रविंद्र जडेजा ने तीन और आकाश दीप ने दो विकेट लिए.

    इसके बाद क्रीज पर उतरे भारतीय बल्लेबाज़ों ने एक विकेट के नुकसान पर 50 रन बनाए लिए हैं.

    पारी शुरू होते ही कप्तान रोहित शर्मा के रूप में पहला विकेट गिरा. पांच गेंदों में वो सिर्फ़ तीन रन ही बना सके. उन्हें पैट कमिंस ने बोल्ड किया.

    यशस्वी जायसवाल (22) और केएल राहुल (24) क्रीज़ पर बने हुए हैं.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट का चौथा मैच गुरुवार को शुरू हुआ था.

    ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    अभी तक हुए तीन टेस्ट मैचों में दोनों एक-एक से सिरीज़ में बराबरी पर हैं. एक मैच ड्रॉ हो गया था.

  4. मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिन का राष्ट्रीय शोक

    मनमोहन सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर भारत सरकार ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, 27 दिसंबर को सारे सरकारी समारोहों को रद्द कर दिया गया है. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.

    शनिवार को अंतिम संस्कार के दिन विदेशों में भारत के दूतावासों और उच्चायोगों में भी राष्ट्रीय झंडे को झुका दिया जाएगा.

    केरल की सरकार ने भी राज्य में 26 दिसंबर से एक जनवरी तक सात दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है. राज्य सरकार ने सभी ज़िलाधिकारियों को आदेश जारी कर राष्ट्रीय झंडा झुकाने का निर्दश दिया है.

    कर्नाटक सरकार ने भी सात दिन के राजकीय शोक और 27 दिसंबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है.

    भारत के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, नेता प्रतिपक्ष समेत तमाम नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है. अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा.

    मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत के एक गाँव में हुआ था.

    पंजाब विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के बाद उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री ली और फिर ऑक्सफोर्ड से पीएचडी की पढ़ाई की.

  5. मनमोहन सिंह के निधन पर अमेरिका ने जताया शोक

    मनमोहन सिंह और पूर्व अमेरिका राष्ट्रपति जॉर्ज बुश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश 2006 में भारत आए थे

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर अमेरिका ने शोक जताया है.

    अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है, “संयुक्त राज्य अमेरिका पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भारत के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है.”

    “डॉ. सिंह अमेरिका-भारत की रणनीतिक साझेदारी के बड़े समर्थकों में एक थे और पिछले दो दशकों में दोनों देशों ने मिलकर जो कुछ हासिल किया है, यह उनके कामों की बदौलत है.”

    ब्लिंकन ने कहा, “अमेरिका-भारत के नागरिक परमाणु समझौते को आगे बढ़ाने में उनके नेतृत्व ने अमेरिका और भारत के बीच संबंधों की क्षमता में बड़े निवेश के द्वार खोले. घरेलू स्तर पर डॉ. सिंह को उनके आर्थिक सुधारों के लिए याद किया जाएगा, जिन्होंने भारत की तेज़ आर्थिक विकास को रफ़्तार दी.”

    बयान में मनमोहन सिंह को अमेरिका और भारत को क़रीब लाने का श्रेय देते हुए कहा गया है, “डॉ. सिंह के निधन पर हम शोक व्यक्त करते हैं और भारत और अमेरिका को क़रीब लाने में उनकी प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखेंगे.”

    गुरुवार रात को दिल्ली में मनमोहन सिंह का निधन हो गया था. भारत सरकार ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. उनका अंतिम संस्कार शनिवार को होगा.

  6. मनमोहन सिंह के निधन पर मालदीव और अफ़ग़ानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपतियों ने जताया शोक

    मनमोहन सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुनिया के कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.

    अफ़गानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने एक्स पर एक पोस्ट में संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत ने अपने सबसे होनहार बेटे को खो दिया है.

    उन्होंने लिखा, “डॉ. मनमोहन सिंह अफ़ग़ानिस्तान की जनता के दृढ़ सहयोगी और दोस्त थे. मैं उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं और उनके परिवार, सरकार और भारत के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.”

    करज़ई ने मनमोहन सिंह से मुलाक़ात की एक तस्वीर भी लगाई है.

    मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने भी श्रद्धांजलि देते हुए, उन्हें मालदीव का बेहतरीन दोस्त बताया.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “मनमोहन सिंह के निधन की ख़बर सुनकर दुख हुआ. मुझे उनके साथ काम करना हमेशा अच्छा लगता था और वह एक उदार पिता तुल्य थे. वह मालदीव के अच्छे दोस्त थे."

    भारत के प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

    दिल्ली के एम्स में गुरुवार रात मनमोहन सिंह का निधन हो गया था. भारत सरकार ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है.

    उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा.

  7. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर एम्स से उनके आवास पर लाया गया

    मनमोह सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार रात दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया था.

    उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली स्थित उनके आवास पर लाया गया है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री और अन्य प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के कई नेता रात में उनके आवास पर पहुंचे.

    केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर जानकारी दी है कि कांग्रेस ने अगले सात दिनों तक अपने सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं.

    कांग्रेस शुक्रवार को कर्नाटक के बेलगावी में ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ रैली करने वाली थी.

    गुरुवार शाम में तबीयत बिगड़ने के बाद मनमोहन सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था और यहीं उन्होंने आख़िरी सांस ली.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    क्या कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के टकराव से ख़तरे में है 'इंडिया' गठबंधन की एकता? पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीपीएससी परीक्षा विवाद: विपक्ष का आरोप, छात्रों की मांग और सरकार का जवाब, पूरा मामला जानिए. विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    विराट कोहली ने कोंस्टास को टक्कर मारी, आईसीसी ने की ये कार्रवाई.पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.