हिज़्बुल्लाह- इसराइल संघर्ष में दो अक्तूबर को क्या कुछ हुआ?

हिज़्बुल्लाह पर इसराइली सेना की ज़मीनी कार्रवाई शुरू होने के बाद ईरान ने इसराइल पर 180 मिसाइलें दागीं. इसके बाद से मध्य-पूर्व में पहले से तनावपूर्ण हालात और बिगड़ गए हैं.

सारांश

  • लेबनान में हिज़्बुल्लाह से लड़ रहे आठ इसराइली सैनिक मारे गए- आईडीएफ़
  • अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में चक्रवाती तूफ़ान हेलेन की वजह से अब तक 160 लोगों की मौत हो चुकी है
  • राजनाथ सिंह ने कहा- अग्निवीर योजना पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे राहुल गांधी
  • हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा- ग़ज़ा में हुए ताज़ा इसराइली हमले में 51 लोगों की हुई मौत
  • इसराइल ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव के देश में घुसने पर लगाया बैन
  • जसप्रीत बुमराह टेस्ट क्रिकेट के नंबर वन गेंदबाज़ बने

लाइव कवरेज

सौरभ यादव

  1. बाबर आज़म ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की कप्तानी से दिया इस्तीफ़ा

    बाबर आज़म

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बाबर आज़म ने कप्तानी से इस्तीफ़ा दिया

    बाबर आज़म ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कप्तानी से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    उन्होंने पोस्ट में अपनी कप्तानी के अनुभव को शानदार बताया. साथ ही अपने फैंस का शुक्रिया कहा.

    बाबर आज़म ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "फैंस, मैं आज आपके साथ एक ख़बर साझा कर रहा हूं. मैंने पाकिस्तान पुरुष क्रिकेट टीम की कप्तानी से इस्तीफ़ा देने का फ़ैसला किया है."

    उन्होंने लिखा, "टीम का नेतृत्व करना सम्मान की बात है लेकिन अब मेरे लिए पद छोड़ने और अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने का वक़्त आ गया है."

    आज़म ने अपनी परफॉर्मेंस को प्राथमिकता देने की बात कही. साथ ही उन्होंने लिखा कि अब परिवार के साथ वक्त बिताएंगे.

    उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "मैं आपके समर्थन और मुझ पर विश्वास करने के लिए आपका आभारी हूं. आपका उत्साह मेरे लिए मायने रखता है."

    उन्होंने लिखा, "हमने साथ मिलकर जो हासिल किया, उस पर मुझे गर्व है और एक खिलाड़ी के रूप में टीम में योगदान जारी रखने को लेकर उत्साहित हूं."

  2. इसराइल पर ईरान के मिसाइल हमलों के बाद तेल की क़ीमतों में उछाल

    तेल की कीमतों में उछाल देखा गया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के हमले के बाद तेल की कीमतों में उछाल देखा गया

    इसराइल पर मंगलवार रात हुए ईरान के मिसाइल हमलों के बाद तेल की क़ीमतों में उछाल आया है.

    इस हमले के बाद से मध्य-पूर्व में संघर्ष के और बड़ा होने की आशंका तेज़ हो गई है. अगर ऐसा हुआ तो इससे तेल की सप्लाई भी प्रभावित हो सकती है.

    ब्रेंट क्रूड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमत बताने वाला बेंचमार्क है. ये एक फ़ीसदी से अधिक बढ़कर 74.40 डॉलर प्रति बैरल हो गया है. मंगलवार को कारोबार के दौरान इसमें पाँच फ़ीसदी से ज़्यादा का उछाल आया.

    यूएस एनर्जी इन्फॉर्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, ईरान दुनिया में तेल का सातवां सबडे़ बड़ा उत्पादक है. साथ ही तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक (ऑर्गेनाइज़ेशन ऑफ़ ऑयल एक्सपोर्टिंग कंट्रीज़) देशों का तीसरा सबसे बड़ा सदस्य है.

    व्यापारियों के बीच इस बात की चिंता बढ़ गई है कि क्षेत्र में किसी भी तरह के सैन्य टकराव से होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते होने वाला व्यापार प्रभावित हो सकता है.

    होर्मुज जलडमरूमध्य ओमान और ईरान के बीच स्थित है. ये अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले तेल व्यापार के लिए महत्वपूर्ण है और दुनिया का 20 फ़ीसदी तेल का व्यापार यहीं से होता है.

    इस रास्ते का इस्तेमाल ओपेक के अन्य सदस्य देश सऊदी अरब, यूएई, कुवैत और इराक भी तेल के निर्यात के लिए करते हैं.

  3. इसराइल पर हमले के बाद ईरान में जश्न मनाते दिखे लोग

    ईरान में लोगों ने मनाया जश्न

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान की सड़कों पर लोगों ने मनाया जश्न

    इसराइल पर ईरान के मिसाइल हमलों के बाद ईरान की राजधानी तेहरान की सड़कों पर लोगों को जश्न मनाते देखा गया है.

    कुछ लोग ब्रिटेन के दूतावास के बाहर भी एकत्रित हुए. यहां भी लोगों ने जश्न मनाया.

    इस दौरान कई लोगों के हाथों में हिज़्बुल्लाह नेता नसरल्लाह की तस्वीर भी देखी गई. कुछ लोगों ने पटाखे भी जलाए.

    हसन नसरल्लाह की कुछ दिन पहले ही इसराइली हमले में मौत हो गई थी.

    इस बीच संयुक्त राष्ट्र में ईरान और इसराइल के दूतों की तरफ़ से तीखे तेवरों में अपना पक्ष रखा गया है.

    संयुक्त राष्ट्र में ईरान के दूत ने चेतावनी दी है कि इसराइल की आगे की कार्रवाई का उचित जवाब दिया जाएगा.

    वहीं इसराइल पर ईरान के मिसाइल हमलों के बाद इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्यायू ने बदले की बात कही है.

    उन्होंने कहा, "ईरान ने आज एक बड़ी ग़लती की है और उसे इसकी क़ीमत चुकानी होगी."

    कैबिनेट बैठक में इसराइली पीएम ने कहा, "हम अपने नियम पर कायम रहेंगे. जो कोई भी हम पर हमला करेगा- हम उस पर हमला करेंगे."

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं. कल के लाइव ब्लॉग की ख़बरें आप इस लिंक पर क्लिक करके पढ़े सकते हैं.

    नीचे कुछ ख़ास ख़बरें हैं जिन्हें आपको पढ़ना चाहिए-

    - मंगलवार शाम अमेरिकी मीडिया में ईरानी मिसाइल हमले की आशंका से जुड़ी ख़बरें छपने के चंद घंटों बाद ही तेहरान ने इसराइल पर मिसाइल दागने शुरू कर दिए. इस पर अमेरिका ने क्या कहा? पढ़िए अब तक की बड़ी बातें

    - ईरान ने मंगलवार को इसराइल पर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है. ईरान का कहना है कि ये हमले हिज़्बुल्लाह चीफ़ हसन नसरल्लाह और हमास के नेता इस्माइल हनिया की मौत के बदले में किए गए हैं. इसका वीडियो भी सामने आया है. जानिए पूरी जानकारी.

    - लेबनान में तेज़ होते इसराइली हमलों के बीच अरब जगत के अलग-अलग मुल्कों से भी इस पर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. अरब देशों के मीडिया में इसराइल के हमलों पर क्या कहा जा रहा है? पढ़िए पूरी रिपोर्ट.