जम्मू-कश्मीर के हीरानगर में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़

अधिकारियों के अनुसार रविवार शाम जम्मू-कश्मीर के हीरानगर इलाके़ में चरमपंथियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और कीर्ति रावत

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    - औरंगज़ेब के ऊपर दारा शिकोह को क्यों तरजीह दे रहा है आरएसएस?

    - रूस-यूक्रेन युद्ध विराम कराने में डोनाल्ड ट्रंप को क्यों करना पड़ रहा संघर्ष?

    - महेंद्र सिंह धोनी क्या आईपीएल में इस रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे?

    - क्रांतिकारियों के प्रमुख रणनीतिकार और भगत सिंह के अभिन्न दोस्त सुखदेव के बारे में लोग बहुत कम जानते हैं. जानिए भगत सिंह के अभिन्न दोस्त सुखदेव के बारे में.

    - ग्रोक, चैटजीपीटी और डीपसीक, राजनीति का अखाड़ा क्यों बन रहे हैं एआई टूल्स?

  2. जम्मू-कश्मीर के हीरानगर में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़, माजिद जहांगीर, बीबीसी संवाददाता

    भारतीय सेना के सुरक्षाबल

    इमेज स्रोत, ईशान सुदान

    अधिकारियों के अनुसार रविवार शाम जम्मू-कश्मीर के हीरानगर इलाके़ में चरमपंथियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है.

    इस मुठभेड़ के बारे में भारतीय सेना ने एक एक्स पर पोस्ट पर जानकारी दी है.

    सेना ने इस पोस्ट में लिखा, "हमें ख़ुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ चरमपंथी इलाके़ में मौजूद हैं. इसी जानकारी के आधार पर 23 मार्च 2025 को जम्मू-कश्मीर पुलिस और राइज़िंग स्टार के जवानों ने हीरानगर के सानियाल क्षेत्र में संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया. यह ऑपरेशन अभी भी जारी है."

    सूत्रों ने बीबीसी को बताया कि इस मुठभेड़ में सात साल की एक बच्ची को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है.

    घटनास्थल पर अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भेजा गया है. अधिकारियों के अनुसार जिस इलाके़ में चरमपंथी छिपे हैं, उसे घेर लिया गया है.

    पिछले चार सालों में जम्मू क्षेत्र में चरमपंथी हमले बढ़े हैं, जिनमें कई सैनिक और आम लोग मारे गए हैं.

  3. इसराइल के हमलों से ग़ज़ा में 50,000 से ज़्यादा की मौत- हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय, टॉम बेनेट, बीबीसी न्यूज़

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल-ग़ज़ा युद्ध के दौरान ग़ज़ा का 70 फीसदी से अधिक हिस्सा तबाह हो चुका है

    ग़ज़ा में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, ग़ज़ा में चल रहे इसराइल के सैन्य हमलों में 50,000 से ज्यादा फ़लस्तीनियों की मौत हो गई है.

    मंत्रालय ने बताया कि ग़ज़ा में कुल 50,021 मौतें हुई हैं जो युद्ध से पहले ग़ज़ा की 23 लाख आबादी का करीब 2.1 फीसदी है, यानी हर 46 में से 1 व्यक्ति.

    मंत्रालय के मुताबिक, युद्ध में अब तक 113,274 लोग घायल हुए हैं.

    ग़ज़ा में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों को विश्वनीय माना जाता है और इन आंकड़ों का इस्तेमाल संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय संस्थान भी करती है.

    लेकिन इसराइल लगातार ग़ज़ा प्रशासन की ओर से जारी किए गए आकड़ों को खारिज करता रहा है.

    संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने नवंबर में बताया था कि बीते छह महीनों में मारे गए लोगों में क़रीब 70 फीसदी महिलाएं और बच्चे थे.

  4. आईपीएल: मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपरकिंग्स को दिया 156 रनों का लक्ष्य

    आईपीएल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के तीसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 156 रनों का लक्ष्य दिया है.

    मुंबई ने 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर कुल 155 रन बनाए हैं. मुंबई के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 रन और दीपक चाहर ने 15 गेदों पर 28 रनों की नाबाद पारी खेली.

    वहीं, चेन्नई सुपरकिंग्स टीम की तरफ़ से स्पिनर नूर अहमद ने 4 ओवर में 18 रन देकर चार विकेट चटकाए और तेज़ गेंदबाज़ खलील अहमद ने तीन विकेट लिए.

    चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में चेन्नई ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला लिया था.

  5. आईपीएल: चेन्नई के ख़िलाफ़ रोहित शर्मा शून्य पर आउट, मुश्किल में मुंबई इंडियंस

    चेन्नई सुपर किंग्स की खुशी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा का विकेट गिरने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स में खुशी की लहर

    आईपीएल का सबसे बड़ा मुकाबला कहे जाने वाले मैच में रोहित शर्मा खाता नहीं खोल पाए हैं. चेन्नई सुपरकिंग्स के तेज़ गेंदबाज़ खलील अहमद ने पहले ओवर की चौथी गेंद पर उन्हें आउट कर दिया.

    चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में चेन्नई ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    मुंबई की तरफ़ से रोहित शर्मा और रियान रिकेल्टन पारी की शुरुआत करने आए. इसके बाद पहले ओवर की चौथी गेंद पर रोहित मिड विकेट पर कैच आउट हो गए.

    थोड़ी देर बाद तीसरे ओवर की दूसरी गेंद रियान रिकेल्टन के लिए घातक साबित हुई, उन्हें भी खलील अहमद ने पवेलियन का रास्ता दिखाया.

    इसके बाद स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर विल जैक्स का कैच शिवम दुबे ने लपक लिया और 36 रनों के स्कोर पर टीम के तीन बल्लेबाज़ आउट हो गए.

    अब तक सात ओवरों के खेल में मुंबई की टीम ने तीन विकेट खोकर 59 रन बना लिए हैं और क्रीज़ पर सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा टिके हुए हैं.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल: हैदराबाद ने राजस्थान को 44 रनों से हराया

    सनराइजर्स हैदराबाद

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विकेट गिरने के जश्न मनाती सनराइजर्स हैदराबाद की टीम

    इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का दूसरा मैच सनराइजर्स हैदराबाद ने जीत लिया है.

    हैदराबाद ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 287 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे वो निर्धारित 20 ओवरों में हासिल नहीं कर सकी.

    हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान ने छह विकेट खोकर 242 रन बनाए और इस तरह हैदराबाद को 44 रनों से जीत मिली.

    राजस्थान की तरफ से सबसे अधिक 70 रन ध्रुव जुरेल ने बनाए. उन्होंने 35 गेंदों पर छह छक्कों और पांच चौकों की मदद से यह पारी खेली.

    टीम के लिए संजू सैमसन ने 37 गेदों पर 66, हेटमायर ने 23 गेदों पर 42 और शुभम दुबे ने 11 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए.

    इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फै़सला लिया था.

    सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर कुल 286 रन बनाए. यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है.

    हैदराबाद की तरफ़ से ईशान किशन ने 47 गेंदों पर 11 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 106 बनाए. उन्हें इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया है.

    वहीं, ट्रैविस हेड ने 31 गेंदों पर 67 रन, हेनरिच क्लासेन ने 14 गेंदों पर 34 रन और नीतीश कुमार रेड्डी ने 15 गेंदों पर 30 रन बनाए.

    राजस्थान रॉयल्स के लिए जहां सबसे अधिक तीन विकेट तुषार देशपांडे ने लिए, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ़ से सिमरजीत सिंह और हर्षल पटेल ने दो-दो विकेट लिए.

  7. अमेरिका और चीन के रिश्तों पर चीन के प्रीमियर ली चियांग ने क्या कहा?

    चीन के प्रधानमंत्री ली क़ियांग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन के प्रीमियर ली चियांग ने अमेरिकी सीनेटर स्टीव डेनिस से मुलाक़ात के दौरान अमेरिका और चीन के बीच बेहतर रिश्तों और दोनों के बीच आपसी बातचीत पर ज़ोर दिया.

    रिपब्लिकन सीनेटर स्टीव डेनिस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक हैं.

    बीजिंग में एक बिजनेस फोरम के दौरान स्टीव डेनिस ने चीन के प्रीमियर ली चियांग से मुलाक़ात की. इस दौरान ली चिंयाग ने दोनों देशों में सहयोग की अपील की.

    उन्होंने कहा, "अगर चीन और अमेरिका शांति बनाए रखते हैं, तो इससे दोनों को फायदा होगा, लेकिन अगर वे आपस में लड़ते हैं तो इससे दोनों को नुक़सान होगा."

    "हमें टकराव की बजाय बातचीत करनी चाहिए और एक दूसरे को हराने के बारे में सोचना छोड़कर साथ मिलकर काम करना चाहिए. हम चाहते हैं कि चीन और अमेरिका मिलकर काम करें ताकि चीन-अमेरिका संबंध स्थिर हों और दोनों का विकास हो सके."

    सीनेटर स्टीव डेनिस, जनवरी में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद की ज़िम्मेदारी संभालने के बाद चीन की यात्रा करने वाले सबसे बड़े अमेरिकी नेता हैं.

    ट्रंप प्रशासन के आने के बाद से, अमेरिका ने चीन से आने वाले सामान पर 20 फ़ीसदी टैरिफ लगा दिया है. इसके जवाब में चीन ने भी कड़े कदम उठाए हैं.

  8. उत्तर प्रदेश: संभल जामा मस्जिद प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गिरफ़्तार, पुलिस ने क्या बताया?, ज़की रहमान, बीबीसी हिंदी के लिए

    ज़फ़र अली

    इमेज स्रोत, ANI/Screenshot

    इमेज कैप्शन, बीते साल में नवंबर में संभल जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर तनाव हुआ था. इस दौरान हुई हिंसा में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई थी.

    संभल पुलिस ने संभल जामा मस्जिद प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और एडवोकेट ज़फ़र अली को रविवार को कई घंटों की पूछताछ के बाद गिरफ़्तार कर लिया है.

    संभल पुलिस के एक अधिकारी ने ज़फ़र अली को गिरफ़्तार किए जाने की पुष्टि की है.

    ज़फ़र अली को रविवार सुबह पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था. पूछताछ के बाद उन्हें जज के सामने पेश करने के लिए ले जाया गया है.

    संभल के पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने जफ़र अली की गिरफ़्तारी की पुष्टि की है.

    बीबीसी को पता चला है कि पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ज़फ़र अली को गिरफ़्तार किया है.

    संभल में बीते साल नवंबर में जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर तनाव हुआ था. इस दौरान हुई हिंसा में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई थी. हालांकि पुलिस ने अधिकारिक तौर पर चार लोगों की ही मौत स्वीकार की थी.

    हिंसा में मारे गए सभी लोग मुसलमान थे.

    इस घटना के बाद से पुलिस ने संभल में हिंसा के आरोप में कई लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    ज़फ़र अली जामा मस्जिद प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हैं और अदालत में मस्जिद की तरफ़ से पेश होते रहे हैं.

    ज़फ़र अली की गिरफ़्तारी के बाद इलाक़े में अहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, राजस्थान के ख़िलाफ़ हैदराबाद का 'हल्ला बोल', आईपीएल इतिहास का दूसरा बड़ा स्कोर बनाया

    ईशान किशन

    इमेज स्रोत, get

    इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के दूसरे मैच में सनराइर्ज़ हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 287 रनों का लक्ष्य दिया है.

    हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फै़सला लिया था.

    सनराइर्ज़ हैदराबाद ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर कुल 286 रन बनाए.

    टीम की तरफ से ईशान किशन ने 47 गेंदों पर 11 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 106 बनाए.

    वहीं ट्रैविस हेड ने 31 गेंदों पर 67 रन, हेनरिच क्लासेन ने 14 गेंदों पर 34 रन और नीतीश कुमार रेड्डी ने 15 गेंदों पर 30 रन बनाए.

    राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे अधिक तीन विकेट तुषार देशपांडे ने लिए.

    सनराइज़र्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स

    इस मैच में बनाए गए 286 रनों के साथ सनराइज़र्स हैदराबाद ने आईपीएल के इतिहास का अब तक का दूसरा बड़ा स्कोर बनाया है.

    हालांकि इस मामले में पहले नंबर पर भी सनराइज़र्स हैदराबाद ही है.

    पिछले सीज़न में हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के ख़िलाफ़ 287/3 का स्कोर बनाया था. यह आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर है.

    सनराइज़र्स हैदराबाद का स्कोर
  10. यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की का दावा, 'रूस ने 150 ड्रोन से हमला किया'

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की का कहना है कि रूस के हमले यूक्रेन के लिए हर दिन का सच हो गए हैं.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने दावा किया है कि शनिवार रात को रूस ने यूक्रेन पर लगभग 150 ड्रोन से हमला किया है.

    इन हमलों के बारे में उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर जानकारी साझा की है और रूस पर अधिक कड़े प्रतिबंधों की मांग की है.

    ज़ेलेंस्की ने लिखा, "बीती रात रूस ने यूक्रेन पर क़रीब 150 ड्रोन से हमला किया. इस हमले में कीएव में तीन लोगों की जान गई है, जिनमें एक पिता और उसकी पांच साल की बेटी शामिल हैं. हमले में अब तक, एक बच्चे समेत दस लोग घायल हुए हैं."

    "हमलों के कारण ज़ापोरिज़िया में भी तीन लोगों की मौत हुई, इनमें एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं. मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजन के साथ हैं."

    ज़ेलेंस्की का कहना है कि रूस की तरफ से हमले रोज़ाना की बात हो गई है.

    उन्होंने कहा कि इस हफ़्ते यूक्रेन पर रूस ने 1,580 से अधिक गाइडेड बम, लगभग 1,100 ड्रोन और 15 मिसाइलें दागी हैं.

    यूक्रेन में एक इमारत

    इमेज स्रोत, Pavlo Zarva/Kordon.Media/Global Images Ukraine via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन में एक हमले में तबाह हुई एक इमारत

    अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, "इसलिए रूसी आतंकवादियों के ख़िलाफ़ प्रतिबंधों को और अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए. हर उस रास्ते को बंद करना होगा, जिनके ज़रिए रूस इन प्रतिबंधों के असर से बच सकता है. उस पर और अधिक दबाव बनाने और इन हमलों के साथ युद्ध को रोकने के लिए नए फ़ैसले लेने की ज़रूरत है."

    इससे पहले रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि उसने हमला कर रहे क़रीब 60 यूक्रेनी ड्रोन को निशाना बनाया है. रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इनमें से अधिकतर को दक्षिणी रोस्तोव के इलाक़े में गिराया गया है.

    वहीं, रोस्तोव के गवर्नर का दावा है कि एक ड्रोन कार पर गिरा था जिससे कार में आग लग गई थी और इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है.

  11. पोप फ़्रांसिस को रविवार को अस्पताल से मिल जाएगी छुट्टी, बेथनी बेल और ज़हरा फातिमा, बीबीसी न्यूज़

    पोप फ़्रांसिस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पोप फ़्रांसिस पांच हफ्तों से ज़्यादा समय से बायलेटरल निमोनिया से जूझ रहे हैं

    डॉक्टरों के मुताबिक़, ईसाई धर्मगुरु पोप फ़्रांसिस को रविवार को रोम के गेमेली अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी.

    हालांकि डॉक्टरों ने कहा है कि उन्हें वेटिकन में अभी कम से कम दो महीने के आराम की ज़रूरत होगी.

    88 साल के पोप फ़्रांसिस को सांस की गंभीर समस्या के कारण 14 फरवरी को अस्तपाल में भर्ती कराया गया था. संक्रमण के कारण उनके दोनों फेफड़ों में निमोनिया हो गया था.

    उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों में से एक, सर्जियो अल्फ़ियरी ने उनके स्वास्थ्य के बारे में और जानकारी दी है.

    उन्होंने बताया कि पिछले पांच हफ्तों में पोप फ़्रांसिस की तबीयत दो बार बहुत ज़्यादा बिगड़ गई थी, जिससे उनकी जान को भी ख़तरा हो गया था.

    डॉक्टर सर्जियो अल्फ़ियरी ने बताया कि पोप फ़्रांसिस को वेंटिलेटर पर नहीं रखा गया और वो हमेशा होश में रहे. वो अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं, लेकिन अब उन्हें निमोनिया नहीं है और उनकी हालत स्थिर है.

    डॉक्टर सर्जियो ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा था, “आज हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कल वह अपने घर लौटेंगे.”

  12. तुर्की में विपक्षी नेता इमामोग्लु गिरफ़्तार, राष्ट्रपति अर्दोआन ने क्या कहा

    इकराम इमामोग्लु

    इमेज स्रोत, Serdar Ozsoy/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस्तांबुल के मेयर और विपक्षी नेता इकराम इमामोग्लु

    तुर्की में इस्तांबुल के मेयर और विपक्षी नेता इकराम इमामोग्लु को औपचारिक तौर पर गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    उन पर कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, इमामोग्लु ने ख़ुद पर लगे आरोपों को ग़लत बताया है.

    इमामोग्लु राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन के राजनीतिक विरोधी हैं.

    बीते बुधवार को उनको हिरासत में लिया गया था. यह कार्रवाई विपक्ष की तरफ से उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुने जाने से कुछ ही दिन पहले की गई थी.

    इमामोग्लु की गिरफ़्तारी के बाद उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए थे. बीते चार दिनों से देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.

    राष्ट्रपति अर्दोआन ने इन विरोध प्रदर्शनों की अलोचना की है और इमामोग्लु की रिपब्लिकन पीपुल्स पार्टी (सीएचपी) पर देश में अशांति फैलाने और लोगों को बांटने का आरोप लगाया है.

    अर्दोआन ने अपने ऑफ़िस से जारी किए गए एक संदेश में कहा कि तुर्की में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है.

  13. औरंगज़ेब विवाद पर आरएसएस के दत्तात्रेय होसबाले क्या बोले?

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले

    औरंगज़ेब पर विवाद और उनकी कब्र को लेकर नागपुर में हिंसा हुई थी. अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    रविवार को दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि इस देश के इतिहास के साथ किसको जोड़ना है, ये हमें सोचना चाहिए.

    होसबाले ने यह बयान कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित आरएसएस की तीन दिवसीय बैठक के आख़िरी दिन एक सवाल के जवाब में दिया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने कहा, "इतिहास में कई घटनाएं घटी हैं. औरंगज़ेब के बारे में दिल्ली में औरंगज़ेब मार्ग था, उसको बदलकर अब्दुल कलाम रोड किया. उसका कुछ मक़सद है ना?"

    दत्तात्रेय होसबाले ने कहा, "गंगा-जमुनी संस्कृति की बात करने वालों ने औरंगज़ेब के भाई दारा शिकोह को कभी आदर्श नहीं बनाया. इसलिए मुद्दा ये है कि भारत में यहां की मिट्टी, यहां की संस्कृति के साथ जो लोग रहे हैं, उनको आदर्श बनाना है या उन्हें जो भारत के खिलाफ़ चले."

    उनका कहना है कि "सिर्फ अंग्रेज़ों के ख़िलाफ़ लड़ी गई लड़ाई स्वतंत्रता आंदोलन नहीं था. अंग्रेज़ों के पहले जो आक्रांता थे, उनके ख़िलाफ़ भी स्वतंत्रता आंदोलन ही था."

    उन्होंने कहा कि इसमें विदेशी, स्वदेशी या धर्म की बात नहीं है.

    अपने जवाब में महाराणा प्रताप का ज़िक्र करते हुए होसबाले ने कहा, "राणा प्रताप ने जो किया, वो भी स्वतंत्रता आंदोलन ही था. इसलिए आक्रमणकारी मानसिकता के लोग आज भी अगर हैं, तो वो देश के लिए खतरा हैं. हमें किसके साथ अपने देश के इतिहास को जोड़ना है, वो (सोचना) चाहिए."

    महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर ज़िले (पहले औरंगाबाद) के खु़ल्दाबाद में सत्रहवीं सदी के मुग़ल शासक औरंगज़ेब की कब्र है.

    पिछले कुछ समय से विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल समेत कुछ हिन्दूवादी संगठन इस कब्र को हटाने की मांग कर रहे हैं.

    बीते दिनों इस मांग को लेकर इन संगठनों ने पूरे महाराष्ट्र में विरोध प्रदर्शन किए और इस दौरान नागपुर में हिंसा भड़की थी.

  14. दोपहर के ढाई बज चुके हैं. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके आप पढ़ सकते हैं.

  15. सपा सांसद के राणा सांगा को 'ग़द्दार' कहने का क्या है पूरा मामला? दिया कुमारी क्या बोलीं

    दिया कुमारी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिया कुमारी ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के बयान पर आपत्ति जताई है

    राजस्थान की उप-मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    दिया कुमारी ने पत्रकारों से कहा, "जिस तरह से संसद में उन्होंने कहा उनके शब्द बहुत ही ग़लत थे. उन्हें इतिहास की जानकारी नहीं है. राणा सांगा ने मेवाड़ और राजस्थान के लिए बहुत कुछ किया है."

    डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, "जिस तरह से विपक्ष बिना सही रिसर्च और जानकारी के महाराणा प्रताप और राणा सांगा के बारे में टिप्पणियां करता है ये बेहद ही ग़लत है."

    उन्होंने कहा, "मातृभूमि के लिए उन्होंने इतने युद्ध लड़े हैं और उनके बारे में ऐसा कहना बिल्कुल ग़लत है."

    दरअसल, शुक्रवार को राज्यसभा में सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने राणा सांगा को लेकर बड़ा बयान दिया था.

    रामजी लाल सुमन ने क्या कहा था?

    सपा सांसद रामजी लाल सुमन

    इमेज स्रोत, Sansad TV/YT

    इमेज कैप्शन, सपा सांसद रामजी लाल सुमन

    उन्होंने कहा, "बीजेपी के लोगों का तकिया कलाम हो गया है कि इनमें बाबर का डीएनए है. मैं ये जानना चाहता हूं कि हिन्दुस्तान का मुसलमान बाबर को अपना आदर्श तो मानता नहीं है, वह मोहम्मद साहब को अपना आदर्श मानता है."

    सपा के राज्यसभा सांसद ने कहा, "मैं जानना चाहूंगा कि बाबर को आखिर लाया कौन था. इब्राहिम लोदी को हराने के लिए बाबर को राणा सांगा लेकर आया था."

    उन्होंने कहा, "मुसलमान बाबर की औलाद हैं, लेकिन तुम ग़द्दार राणा सांगा की औलाद हो और हिंदुस्तान में ये तय हो जाना चाहिए. बाबर की आलोचना हो तो राणा सांगा की आलोचना क्यों नहीं."

    सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर पत्रकारों से कहा, "रामजी लाल सुमन ने जो कहा वो इसलिए कहा क्योंकि हर कोई इतिहास के पन्ने पलट रहा है. बीजेपी के नेता औरंगजेब के बारे में बहस करना चाहते हैं."

    उन्होंने कहा, "रामजी लाल सुमन ने भी इतिहास का वो पन्ना पलट दिया जहां कुछ ऐसा लिखा था. हमने 100-200 साल पहले का इतिहास नहीं लिखा."

    अखिलेश ने कहा, "मैं बीजेपी से विनती करता हूं कि वो इतिहास के पन्ने न पलटे क्योंकि अगर ऐसा हुआ तो लोग ये भी याद रखेंगे कि जब छत्रपति शिवाजी महाराज का तिलक होने वाला था तो किसी ने नहीं किया था. उनका तिलक हाथ से नहीं किया गया था सुनने में आ रहा है कि पैर के बाएं अंगूठे से उनका तिलक किया गया था."

    उन्होंने कहा, "क्या भारतीय जनता पार्टी इस बात की आज निंदा करेगी. छत्रपति शिवाजी महाराज जी का तिलक बाएं पैर के अंगूठे से किया गया तो इसके लिए क्या भाजपा माफी मांगेगी?"

  16. शहीद दिवस पर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शहीद दिवस पर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया है

    शहीद दिवस (23 मार्च) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि दी है.

    प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "आज, हमारा देश भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के सर्वोच्च बलिदान को याद करता है. स्वतंत्रता और न्याय के लिए उनका निडर प्रयास हम सभी को प्रेरित करता है."

    वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, "शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु जी के शहीद दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. अन्याय और अत्याचार के खिलाफ उनका निडर संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान हर भारतीय के लिए एक मिसाल है."

    राहुल गांधी ने आगे लिखा, "भगत सिंह जी की लड़ाई सिर्फ ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ़ ही नहीं, बल्कि जातिवाद और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ भी थी. समानता व भाईचारे पर आधारित उनके ये विचार हमें सदैव प्रेरणा देते रहेंगे."

  17. जगदंबिका पाल का दावा- 'वक़्फ़ विधेयक पर देश के मुसलमानों को गुमराह कर रहा विपक्ष'

    भाजपा सांसद जगदंबिका पाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भाजपा सांसद जगदंबिका पाल का दावा है कि वक़्फ़ बिल से ग़रीब मुसलमानों को फ़ायदा होगा

    वक़्फ़ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर बनी संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष और भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा है कि वक़्फ़ पर संशोधित क़ानून से आम ग़रीब मुसलमानों को फ़ायदा होगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि इसका विरोध देश के मुसलमानों को गुमराह करने के लिए किया जा रहा है.

    जगदंबिका पाल ने कहा, "ये कहीं न कहीं एक सोची-समझी रणनीति है. जब स्पीकर साहब ने वक़्फ़ को संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को सौंप दिया तो इसके बाद छह महीने हमने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड सहित सभी हितधारकों की इस पर राय ली और उसे अपनी रिपोर्ट का हिस्सा बनाया."

    उन्होंने आगे कहा, "इसके बाद अभी संसद के सामने क़ानून लंबित है. अभी संशोधित क़ानून जो आ रहा है, वो सभी मुद्दों को संबोधित करने वाला क़ानून होगा, पारदर्शी क़ानून होगा. इससे गरीब, पसमांदा, महिलाओं, अनाथ बच्चों को फायदा होगा."

    जगदंबिका पाल ने आरोप लगाया कि विपक्ष इसका विरोध कर देश में लोगों को गुमराह करके आपस में सांप्रदायिकता फैलाना चाहता है.

    उन्होंने कहा, "मिल्ली काउंसिल कह रही है कि 26 को विरोध करेगी. जमीयत उलमा-ए-हिंद पटना में मुख्यमंत्री की इफ़्तार पार्टी का बहिष्कार कर रहा है. आम ग़रीब मुसलमानों को वक़्फ़ से जो फायदा होना चाहिए, अभी तक नहीं मिल रहा था. अब जो कानून बनेगा, उससे (फायदा) मिलेगा."

  18. बिहार: एशिया अस्पताल की निदेशक सुरभि राज की हत्या पर मंत्री ने क्या कहा?

    मंत्री अशोक चौधरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मंत्री अशोक चौधरी ने एशिया अस्पताल की निदेशक सुरभि राज की हत्या पर प्रतिक्रिया दी है

    बिहार के एशिया अस्पताल की निदेशक सुरभि राज की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई.

    पटना सिटी के सब डिविज़नल पुलिस ऑफिसर (एसडीपीओ) अतुलेश झा ने शनिवार को यह जानकारी दी है.

    एसडीपीओ अतुलेश झा के मुताबिक़ शनिवार की शाम साढ़े तीन बजे सूचना मिली कि एशिया अस्पताल की संचालिका सुरभि राज को गोली लग गई है. उन्हें एम्स रेफर किया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई.

    बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "इस घटना में जो लोग भी शामिल हैं उनकी पहचान करके उन पर कार्रवाई होगी."

    उन्होंने कहा, "जो घटनाएं हो रही हैं वह आपसी विवाद का है. बिहार में कोई संगठित अपराध नहीं है."

    सुरभि राज के पिता राजेश सिन्हा ने एएनआई से कहा, “मुझे नहीं पता था क्या हुआ है, हमने उन्हें आईसीयू में देखा बाद में पता चला गोली लगी है. ये साज़िश हुई है इसकी उच्च स्तरीय जांच हो.”

  19. नीतीश कुमार की 'इफ़्तार' का बायकॉट क्यों कर रहे हैं बिहार के ये मुस्लिम संगठन

    नीतीश कुमार की 'इफ़्तार' पार्टी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार की 'इफ़्तार' पार्टी का कई मुस्लिम संगठन बॉयकॉट कर रहे हैं (फ़ाइल फोटो)

    बिहार में एक प्रमुख मुस्लिम संगठन ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से आयोजित की जाने वाली इफ़्तार पार्टी का विरोध किया है.

    संगठन की ये घोषणा वक़्फ़ बिल को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के "समर्थन" के विरोध में की गई है.

    बिहार, झारखंड और ओडिशा में अपने फॉलोअर्स का दावा करने वाली इमारत-ए-शरिया ने रविवार को मुख्यमंत्री के निवास पर होने वाले इफ़्तार के निमंत्रण के जवाब में पत्र जारी किया है.

    जारी बयान में कहा गया, "बिहार के प्रमुख मुस्लिम धार्मिक संगठनों ने रविवार 23 मार्च को होने वाली मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दावत-ए-इफ़्तार के बायकॉट की घोषणा की है."

    "यह फै़सला आपकी ओर से प्रस्तावित वक्फ संशोधन बिल 2024 के समर्थन के खिलाफ विरोध के तौर पर लिया गया है, जिससे मुसलमानों का आर्थिक और शैक्षणिक पिछड़ापन बढ़ने का खतरा है."

    बयान के मुताबिक़, "पत्र लिखने वाले संगठनों में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड, इमारत-ए-शरिया, जमीयत उलेमा हिंद, जमीयत अहले हदीस, जमात-ए-इस्लामी हिंद, खानकाह मुजीबिया और खानकाह रहमानी शामिल हैं."

  20. तालिबान का दावा- अमेरिका ने सिराजुद्दीन हक़्क़ानी समेत उनके तीन नेताओं पर घोषित इनाम हटाया

    सिराजुद्दीन हक्क़ानी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, तालिबान नेता सिराजुद्दीन हक़्क़ानी पर अमेरिका ने 1 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका ने उनके तीन नेताओं सिराजुद्दीन हक़्क़ानी, अज़ीज़ हक़्क़ानी और याह्या हक़्क़ानी पर घोषित इनाम हटा दिया है.

    हालांकि, अमेरिका की ओर से इस पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की गई है.

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक अफ़ग़ानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि अमेरिका ने सिराजुद्दीन हक़्क़ानी पर घोषित 1 करोड़ डॉलर का इनाम हटा दिया है.

    वहीं एफ़बीआई की वेबसाइट पर अभी भी अफ़ग़ानिस्तान के कार्यवाहक गृह मंत्री सिराजुद्दीन हक़्क़ानी पर दस मिलियन यानी 1 करोड़ डॉलर का इनाम है. इसमें कहा गया है कि हक़्क़ानी ने 'अफ़ग़ानिस्तान में अमेरिका और गठबंधन बलों के ख़िलाफ़ सीमा पार हमलों में हिस्सा' लिया.

    सिराजुद्दीन हक़्क़ानी के साथ ही अब्दुल अज़ीज़ हक़्क़ानी और याह्या हक़्क़ानी भी अमेरिका में वांटेड हैं.

    बता दें कि ट्रंप प्रशासन अफ़ग़ानिस्तान में बंद अमेरिकी नागरिकों की रिहाई सुनिश्चित करने की कोशिश में है. अफ़ग़ानिस्तान में दो दशकों की लड़ाई के दौरान दो हज़ार से ज़्यादा अमेरिकी सेवा सदस्य मारे जा चुके हैं.