You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से, सीतारमण लगातार आठवीं बार पेश करेंगी बजट

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा. बजट सत्र शुरू होने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करेंगी.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव, इफ़्तेख़ार अली

  1. ओडिशा की सीमेंट फैक्ट्री में हादसा, कई मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका

    ओडिशा के राजगांगपुर स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री के अंदर एक ढांचे के गिरने से कई मजदूर अंदर फंसे हुए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सीमेंट फैक्ट्री के अंदर एक बड़े लोहे के ढांचे के गिरने से मलबे में कई मज़दूरों के फंसे होने की आशंका है.

    घटनास्थल पर पहुंचे सुंदरगढ़ के विधायक राजन एक्का ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए मामले की जानकारी दी है.

    विधायक राजन एक्का ने कहा है, "डालमिया भारत सीमेंट लिमिटेड में आज एक दुर्घटना घटी है. ख़बर मिलने के बाद हम सभी मौके पर मौजूद हैं. यह घटना शायद शाम के साढ़े छह बजे के आस-पास की है."

    उन्होंने कहा है, "हम सब यह जानना चाहते हैं कि अंदर क्या हुआ है. फैक्ट्री के अंदर डीआईजी, एसपी और सब कलेक्टर सहित प्रशासन के सभी लोग मौजूद हैं. अगर लोगों को कोई जरूरत है तो हम सभी मदद के लिए बाहर खड़े हैं."

    उन्होंने कहा है, "जिनके नाम पर इस फ़ैक्ट्री का लाइसेंस है, जो शिफ्ट इंचार्ज हैं और जो शेफ्टी के इंचार्ज हैं उन्हें कम से कम 72 घंटे के लिए गिरफ्तार किया जाए. उनसे पूछताछ भी की जाए. अगर लोगों को कोई भी क्षति पहुंची है तो उन्हें मुआवजा दिया जाए."

  2. दिल्ली में कोहरे पर मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, ट्रेनों का क्या है हाल?

    भारतीय मौसम विभाग ने घने कोहरे और स्मॉग के लिए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

    शुक्रवार यानी 17 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 18 और 19 जनवरी को येलो अलर्ट जारी किया है.

    उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है. कई ट्रेनें अपने तय समय से काफी लेट चल रही हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक दिल्ली के अलग-अलग स्टेशनों से चलने वाली 27 ट्रेनें देरी से चल रही हैं.

    मौसम विभाग ने आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान जताया है.

  3. एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स का स्टारशिप टेस्ट हुआ फेल

    अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स का स्टारशिप रॉकेट मिशन फेल हो गया है.

    स्पेस एक्स ने बताया है कि गुरुवार को उड़ान भरने के बाद ही दिक्कतें पेश आने लगी थीं. इसके बाद मिशन का 'अपर स्टेज' चरण पूरा नहीं हो पाया.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डाले गए पोस्ट में स्पेस एक्स ने कहा है, "एसेंट बर्न के समय स्टारशिप में समस्या आई थी. इस उड़ान से जुड़े डेटा का टीम अध्ययन करेगी ताकि समस्या के मूल कारण को बेहतर ढंग से समझा जा सके”

    सोशल मीडिया पर दिख रहे एक अपुष्ट वीडियो में रॉकेट को आग में जलते देखा जा सकता है.

    एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर लॉन्च के बाद का वीडियो जारी करते हुए लिखा है, “सफलता अनिश्चित है, लेकिन मनोरंजन की गारंटी है.”

    उन्होंने यह भी कहा है कि शिप और बूस्टर का पहले से बेहतर वर्जन लॉन्च का इंतज़ार कर रहा है.

    यह भी पढ़ें-

  4. सैफ़ अली ख़ान पर हुए हमले पर क्या बोलीं सुप्रिया सुले?

    बॉलीवुड अभिनेता सैफ़ अली ख़ान पर बुधवार देर रात उनके घर में घुसे एक व्यक्ति ने चाकू से हमला किया था. जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    सैफ़ अली ख़ान पर हुए हमले के बाद मुंबई सरकार पर वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर विपक्षी दलों के नेता लगातार हमले कर रहे हैं.

    सैफ़ पर हुए हमले पर एनसीपी (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले ने प्रतिक्रिया दी है.

    सुप्रिया सुले ने कहा है, "सैफ़ अली खान पर हुआ हमला बहुत चिंताजनक है. उनका परिवार बहुत घबराया हुआ है."

    उन्होंने कहा है, "सैफ़ अली खान जी ने अपने बच्चे को बचाने के लिए प्रयास किया, जिसमें वो घायल हुए हैं. अभी अस्पताल में हैं और सुरक्षित हैं."

    सुप्रिया सुले ने कहा है, "मेरी मुंबई के पुलिस कमिश्नर से बात हुई है. वहां की स्थानीय पुलिस से भी मैंने बात की है. उन्होंने कहा है कि घटना के बाद से वहां पर पुलिस मौजूद है. इस घटना में जो भी शामिल है उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा. परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी मुंबई पुलिस की है.

  5. ग़ज़ा युद्धविराम समझौते पर कैबिनेट की वोटिंग में देरी कर रहा इसराइल

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने ग़ज़ा युद्ध विराम समझौते को मंजूरी देने के लिए गुरुवार को होने वाली कैबिनेट की वोटिंग को टाल दिया है.

    बिन्यामिन नेतन्याहू ने हमास पर आखिरी क्षणों में समझौते में बदलाव की मांग करने का आरोप लगाया है.

    अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है, “चीजों को ठीक कर लिया गया है और उन्हें यकीन है कि योजना के अनुसार रविवार से युद्धविराम शुरू हो जाएगा.”

    इसराइल के प्रतिनिधिमंडल के समझौते पर सहमति व्यक्त करने के बाद भी सुरक्षा कैबिनेट और सरकार की मंजूरी के बिना इस समझौते को लागू नहीं किया जा सकता है.

    हमास का कहना है कि वह समझौते को लेकर प्रतिबद्ध है लेकिन बीबीसी को पता चला है कि हमास समझौते के तहत रिहा होने वाले फ़लस्तीनी कैदियों की सूची में अपने कुछ सदस्यों का नाम जुड़वाने का प्रयास कर रहा है.

    यह भी पढ़ें-

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर: 'विदेशी को ले आएंगे कोचिंग के लिए, लेकिन हिंदुस्तानी महिला को नहीं' पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    भारत अब तालिबान की तरफ क्यों बढ़ा रहा है दोस्ती का हाथ? यह ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हिंडनबर्ग रिसर्च पर ताला: एंडरसन ने अचानक क्यों लिया फ़ैसला. मामले की पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    भारत क्या बांग्लादेश के साथ कुछ शर्तों के साथ रिश्ते सुधारना चाहता है, क्या कहते हैं एक्सपर्ट. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.