You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से, सीतारमण लगातार आठवीं बार पेश करेंगी बजट

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा. बजट सत्र शुरू होने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करेंगी.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव, इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    -दिल्ली चुनाव और आठवें वेतन आयोग की घोषणा के बीच क्या कोई कनेक्शन है? - यहां पढ़ें पूरी स्टोरी

    - पाकिस्तान: चार साल की बच्ची का बलात्कार और हत्या, 'हथकड़ी समेत अभियुक्त फ़रार', फिर मिला शव- यहां पढ़ें पूरी स्टोरी

    - सैफ़ अली ख़ान पर हमला: अभी तक नहीं मिले हैं इन सवालों के जवाब- यहां पढ़ें पूरी स्टोरी

    - इसराइल-हमास समझौते का श्रेय लेने की होड़, ईरान से लेकर ट्रंप और बाइडन के क्या हैं दावे- यहां पढ़ें पूरी स्टोरी

    धन्यवाद.

  2. संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से, सीतारमण लगातार आठवीं बार पेश करेंगी बजट

    संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा. बजट सत्र शुरू होने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करेंगी.

    बजट सत्र 4 अप्रैल को ख़त्म होगा. बजट सत्र के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आम बजट पेश करेंगी.

    आम बजट 1 फ़रवरी को पेश हो सकता है. निर्मला सीतारमण लगातार आठवीं बार बजट पेश करेंगी. इससे पहले आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा.

    बजट सत्र का दूसरा हिस्सा 10 मार्च से 4 अप्रैल तक चलेगा.

  3. ग़ज़ा युद्धविराम समझौता क्यों नहीं चाहते हैं ये इसराइली मंत्री?

    ग़ज़ा युद्धविराम समझौते पर ज़्यादातर इसराइली मंत्रियों द्वारा इस समझौते का समर्थन किए जाने की उम्मीद है, लेकिन कुछ दक्षिणपंथी राजनेता, युद्ध जारी रखना चाहते हैं.

    वह इस मुद्दे पर इस्तीफा देने की धमकी दे रहे हैं, जिनमें मंत्री इतामार बेन-ग्वीर भी शामिल हैं.

    विदेश राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री बेन-ग्वीर ने एक्स पर एक पोस्ट करके इसराइली सांसदों से अपील की है कि वह इस युद्धविराम समझौते के प्रस्ताव को ठुकरा दें.

    उन्होंने लिखा, "अभी भी देरी नहीं हुई है, हम सरकारी बैठक के सामने हैं, हम इस समझौते को रोक सकते हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "अगर कल तक मैं इस समझौते से डरा हुआ था, तो आज जब ज़्यादा से ज़्यादा जानकारी सामने आ रही हैं तो मैं और भी ज़्यादा डरा हुआ हूं."

    उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की चिंता है कि जो चरमपंथी जेलों में आजीवन कारावास की सज़ा काट रहे हैं वे रिहा हो जाएंगे और "फिर से नुकसान पहुंचाने और हत्या करने की कोशिश करेंगे."

  4. सैफ़ अली ख़ान पर हमले को लेकर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा

    फ़िल्म अभिनेता सैफ़ अली ख़ान पर हमला करने वाले शख़्स की तलाश जारी है.

    इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है पुलिस को इस मामले में कई सुराग मिले हैं. पुलिस जल्दी ही हमलावर को तलाश लेगी.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "इस मामले में पुलिस की जांच जारी है. पुलिस ने इसके बारे में आपको ब्रीफ भी किया है. पुलिस को इस मामले में कई सुराग भी मिले हैं और मुझे लगता है पुलिस इस मामले को जल्द ही सुलझा लेगी.''

    बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात अभिनेता के बांद्रा स्थित घर में घुसे एक व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला किया था, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों ने सैफ़ अली ख़ान की ताज़ा स्थिति पर जानकारी दी है.

    लीलावती अस्पताल के चीफ़ ऑपरेटिंग ऑफिसर नीरज उत्तमानी ने कहा है कि जब सैफ़ को अस्पताल लाया गया था तो उनके पूरी शरीर पर खून था.

    उन्होंने बताया है कि सैफ़ अभी सुरक्षित हैं. उनकी स्थिति में सुधार हुआ है. उनको आईसीयू से स्पेशल वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है.

    डॉक्टरों ने बताया कि सैफ़ अली ख़ान भाग्यशाली थे क्योंकि अगर चाकू दो मिलीमीटर से भी ज़्यादा गहरा जाता तो इससे उनके स्पाइनल कॉर्ड को नुक़सान पहुंचता.

    सैफ़ की सर्जरी करने वाले डॉक्टर नितिन डांगे ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया है कि सैफ़ की तबीयत बिल्कुल ठीक है और उन्हें चलने-फिरने में कोई दिक्कत नहीं है.

    इससे पहले लीलावती अस्पताल के चीफ़ ऑपरेटिंग ऑफ़िसर (सीओओ) डॉक्टर नीरज उत्तमनी ने मीडिया को बताया कि सैफ़ की रीढ़ से ढाई इंच का चाकू का टुकड़ा सर्जरी से निकाला गया है.

  5. इसराइली राष्ट्रपति ने युद्धविराम समझौते का स्वागत किया, लेकिन दी चेतावनी?

    इसराइली राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने सुरक्षा कैबिनेट के उस फ़ैसले का स्वागत किया है जिसमें युद्धविराम और बंधकों की अदला-बदली के लिए तय समझौते को मंज़ूरी देने की सिफ़ारिश की गई है.

    उम्मीद है कि सरकार का पूरा मंत्रिमंडल जल्द ही इस समझौते पर मतदान करेगा, अगर इसे मंज़ूरी मिल जाती है तो यह रविवार से लागू हो जाएगा.

    हर्ज़ोग ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "यह राज्य और उसके नागरिकों के बीच सबसे उच्चतम समझौते को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे बड़ा कोई नैतिक, मानवीय, यहूदी और इसराइली कर्तव्य नहीं है."

    उन्होंने आगे कहा, "हमें अपने सभी बंधकों को वापस घर लाना होगा."

    उन्होंने कहा कि वे बंधकों के सभी परिवारों से गले मिले हैं, ख़ासकर उन लोगों से जो समझौते के पहले चरण में वापस नहीं लौटेंगे, जिसके तहत 33 बंधकों की रिहाई की उम्मीद है.

  6. कनाडा और बांग्लादेश के साथ भारत के रिश्ते पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कनाडा और बांग्लादेश के साथ रिश्ते पर प्रतिक्रिया दी है.

    विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “कनाडा के अंदर कुछ राजनीतिक गतिविधियां चल रही हैं, हम लोग उस पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं.”

    “भारत और कनाडा के बीच बड़े गहरे रिश्ते हैं और हमारी आशा है कि इस साझेदारी को हम फिर से मज़बूत करें.”

    विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश के साथ रिश्ते पर बात करते हुए कहा, “हमने अपनी स्थिति बिल्कुल साफ़ कर दी है. हमने बांग्लादेश के उप उच्चायुक्त को तलब किया और सीमा पर बाड़ लगाने के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट की.”

    “हम बांग्लादेश के साथ मिलकर सीमा पर अपराध, तस्करी, और मानव तस्करी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”

    उन्होंने कहा, “बाड़, सीमा पर रोशनी, तकनीकी उपकरणों की स्थापना और मवेशियों के लिए बाड़ जैसी व्यवस्थाएं सीमा की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए हैं.”

    उन्होंने आगे कहा, “इस संदर्भ में जो भी पहले समझौते हुए हैं, उन्हें बांग्लादेश को सहयोगात्मक दृष्टिकोण से लागू करना होगा, ताकि हम इन अपराधों से निपट सकें.”

  7. बीजेपी के 'संकल्प पत्र' पर बोले केजरीवाल- 'जो चाहते हैं मोहल्ला क्लीनिक तोड़ दिए जाएं वो बीजेपी को वोट दो'

    भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना 'संकल्प पत्र' जारी कर दिया है. बीजेपी के 'संकल्प पत्र' पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, “मोदी जी कहें कि केजरीवाल फ्री बिजली, फ्री पानी दे रहा है, हम भी फ्री बिजली, फ्री पानी जारी रखेंगे.”

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, “हम दिल्ली की सारी जनता से पूछेंगे कि उन्हें मोहल्ला क्लीनिक चाहिए कि नहीं.”

    “जो भी मोहल्ला क्लीनिक चाहते हैं वह आम आदमी पार्टी को वोट दो और जो चाहते हैं कि मोहल्ला क्लीनिक तोड़ दिए जाएं, वो बीजेपी को वोट दो.”

    बीजेपी पर तंज़ कसते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मोदी जी रेडियो पर आकर बोलें कि जो केजरीवाल फ्री बस सेवा देता है वह हम जारी रखेंगे. जब केजरीवाल का सारा काम करना है तो केजरीवाल के काम के लिए बीजेपी को क्यों लाया जाए.”

    अरविंद केजरीवाल के मुताबिक़, “पूरे संकल्प पत्र में एक भी लाइन कानून व्यवस्था को लेकर नहीं लिखी हुई है.”

    इससे पहले केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 'संकल्प पत्र' जारी करते हुए बताया कि दिल्ली में जो जन कल्याण की योजनाएं चल रही हैं, वो सारी योजनाएं बीजेपी की सरकार बनने पर भी जारी रहेंगी.

  8. रूस-यूक्रेन जंग में कितने भारतीयों की मौत हुई और कितने लापता हैं?

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने रूस-यूक्रेन जंग में भारतीय नागरिकों की मौत और लापता लोगों के बारे में बयान देते हुए कहा है कि, “रूसी सेना में काम कर रहे 12 भारतीय नागरिकों की मौत गई है.

    विदेश मंत्रालय के साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “बिनिल बाबू की मौत बेहद दूर्भाग्यपूर्ण है.”

    “हमारा दूतावास रूसी अधिकारियों के साथ संपर्क में है, ताकि उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाया जा सके.”

    उन्होंने कहा, “एक और घायल व्यक्ति हैं, जिनका इलाज मॉस्को में चल रहा है. उम्मीद है कि इलाज पूरा होने के बाद वह भी जल्द भारत लौट आएंगे.”

    उन्होंने जानकारी देते हुए बताया, “आज तक 126 मामले (रूसी सेना में सेवारत भारतीय नागरिकों के) सामने आए हैं. इन 126 मामलों में से 96 लोग भारत लौट आए हैं और उन्हें रूसी सशस्त्र बलों से छुट्टी दे दी गई है.”

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, “रूसी सेना में 18 भारतीय नागरिक बचे हैं और उनमें से 16 लोगों का कोई अता-पता नहीं है. रूसी पक्ष ने उन्हें लापता बताया है.”

    बयान में आगे कहा गया, “हम बचे हुए लोगों की शीघ्र रिहाई और स्वदेश वापसी की मांग कर रहे हैं.”

  9. इसराइल-हमास के बीच समझौता: बंधकों को कब रिहा किया जाएगा?

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा है कि पहले बंधकों को रविवार तक रिहा किया जा सकता है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "मंत्रिमंडल और सरकार की मंज़ूरी और समझौते के लागू होने के बाद बंधकों की रिहाई योजनाबद्ध रूपरेखा के मुताबिक़ की जा सकती है, जिसके मुताबिक़ बंधकों की रिहाई रविवार तक होने की उम्मीद है."

    एएफ़पी समाचार एजेंसी और इसराइली मीडिया के रिपोर्ट के मुताबिक़ समझौते को मंज़ूरी देने के लिए सुरक्षा कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है.

    इसराइल और हमास के बीच बुधवार को सबसे पहले अमेरिका और क़तर ने युद्धविराम पर सहमति बनने की जानकारी दी थी.

    सात अक्तूबर 2023 को हमास ने इसराइल पर हमला किया था. इसके जवाब में इसराइल ने ग़ज़ा में सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी थी और इसके बाद से ये जारी है.

  10. बीजेपी का दिल्ली चुनाव के लिए 'संकल्प पत्र' जारी, महिलाओं को 2500 देने का वादा

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. बीजेपी अपने घोषणापत्र को 'संकल्प पत्र' कहती है.

    बीजेपी ने घोषणापत्र का पहला भाग जारी किया है. इस 'संकल्प पत्र' में कई घोषणाएं की गई हैं.

    केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने घोषणापत्र जारी करते हुए बताया कि दिल्ली में जो जन कल्याण की योजनाएं चल रही हैं, वो सारी योजनाएं बीजेपी की सरकार बनने पर भी जारी रहेंगी.

    बीजेपी के संकल्प पत्र के मुताबिक़

    • सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी और होली, दीवाली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा.
    • हर गर्भवती महिला को 21,000 रुपये दिए जाएंगे.
    • दिल्ली में महिला समृद्धि योजना के तहत हर महीने 2,500 रुपये हर महिला को दिए जाएंगे.
    • 10 लाख रुपये का हेल्थ कवर दिल्लीवासियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलेगा
    • 60 से 70 वर्ष के बुज़ुर्गों के लिए सीनियर सिटीजन पेंशन को 2,000 से बढ़ाकर 2,500 कर दिया जाएगा
    • 70 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं, बेसहारा महिलाओं की पेंशन 2,500 से बढ़ाकर 3,000 कर दिया जाएगा.
    • दिल्ली में अटल कैंटीन के माध्यम से सभी झुग्गी-झोपड़ी कलस्टर में 5 रुपये में भरपेट भोजन दिया जाएगा.

    दिल्ली में पाँच फ़रवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं. नतीजे आठ फ़रवरी को आएंगे.

  11. मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार लेने के बाद क्या बोलीं मनु भाकर?

    दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज़ मनु भाकर को शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया है.

    पुरस्कार मिलने के बाद न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए मनु भाकर ने कहा, "भारत का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार पाना मेरे लिए यह सम्मान की बात है."

    उन्होंने आगे कहा, "इससे मुझे भविष्य में और ज़्यादा मेहनत करने और देश के लिए और ज़्यादा मेडल जीतने की प्रेरणा मिलेगी."

    2 जनवरी को भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 की घोषणा की थी.

    इनमें ओलंपिक में मेडल जीतने वाली मनु भाकर, शतरंज के वर्ल्ड चैंपियन गुकेश डी, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले प्रवीण कुमार शामिल थे.

  12. इसराइल-हमास के बीच युद्धविराम समझौते के एलान के बाद ग़ज़ा में 100 से ज़्यादा लोग मारे गए

    ग़ज़ा की सिविल डिफ़ेंस एजेंसी के मुताबिक़ बुधवार रात को युद्धविराम समझौते के एलान के बाद से इसराइली हमलों में ग़ज़ा पट्टी में 100 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

    प्रवक्ता महमूद बसल ने बताया कि 27 बच्चों और 31 महिलाओं सहित 101 लोग मारे गए हैं और 264 से ज़्यादा घायल हुए हैं.

    उन्होंने बताया, "कल रात उत्तरी ग़ज़ा के अल-जुर्न इलाक़े में एक घर पर इसराइली हमले में नौ लोग मारे गए और कल मध्य ग़ज़ा में एक घर पर इसराइली हमले में पांच और लोग मारे गए हैं.

    फ़लस्तीनी न्यूज़ एजेंसी वफ़ा के मुताबिक़ शुक्रवार सुबह भी ग़ज़ा पट्टी के कई इलाकों में बमबारी जारी रही.

    इसराइल और हमास के बीच बुधवार को सबसे पहले अमेरिका और क़तर ने युद्धविराम पर सहमति बनने की जानकारी दी थी.

    सात अक्तूबर 2023 को हमास ने इसराइल पर हमला किया था. इसके जवाब में इसराइल ने ग़ज़ा में सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी थी और इसके बाद से ये जारी है.

  13. नमस्कार!

    दोपहर के दो बज रहे हैं. अभी तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    फिलहाल, बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर आप पढ़ सकते हैं.

    सैफ़ अली ख़ान पर हमले के बारे में क्या पता है और किन सवालों के जवाब अब तक नहीं मिले हैं. मामले की पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    इसराइल और हमास के बीच युद्धविराम समझौते पर ईरान और अरब देशों का मीडिया क्या कह रहा है? पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    दिल्ली में दंगा प्रभावित सीटों पर कैसा है चुनावी माहौल, पीड़ितों ने क्या कहा. दिल्ली चुनाव से जुड़ी इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    इसराइल और हमास के बीच युद्धविराम समझौते का भारत पर क्या होगा असर. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

  14. छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों ने बताया- मुठभेड़ में मरने वाले माओवादियों की संख्या हुई 12, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारे जाने वाले संदिग्ध माओवादियों की संख्या बढ़ कर 12 हो गई है.

    इससे पहले गुरुवार को पुलिस सूत्रों ने 10 संदिग्ध माओवादियों के मारे जाने की बात कही थी.

    पुलिस के अनुसार बीजापुर के पुजारी कांकेर इलाके में संदिग्ध माओवादियों की उपस्थिति की ख़बर के बाद बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा ज़िले के डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड, कोबरा बटालियन और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस की बटालियन ऑपरेशन के लिए निकली थी.

    इस ऑपरेशन में 1,800 से अधिक जवानों ने पुजारी लंका के एक बड़े इलाके को चारों से तरफ़ से घेरा था. पुलिस के अनुसार इसी दौरान शुक्रवार की सुबह मुठभेड़ शुरु हुई जो रुक-रुक कर देर रात तक चलती रही.

    शनिवार को बस्तर के आईजी पुलिस सुंदरराज पी ने इस मुठभेड़ में अब तक 12 माओवादियों के मारे जाने की बात कही है.

    पुलिस के अनुसार मारे जाने वाले माओवादी पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी की बटालियन नंबर एक और सेंट्रल रीजनल कमेटी के हैं. हालाँकि इनकी शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है. इस बारे में पुलिस एक प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी देने वाली है.

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवानों को इस अभियान के लिए बधाई दी है.

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलवाद के अंधकार को मिटाकर प्रदेश में शांति और विकास की रौशनी फैलाने के लिए हम दृढ़ संकल्पित हैं.

    मुख्यमंत्री साय ने कहा है, “कल बीजापुर-सुकमा ज़िले की सीमा पर हुई मुठभेड़ में हमारे 1,800 जवान शामिल थे. जवानों नें 12 हार्डकोर माओवादियों को मार गिराया है. हमारे जवान मज़बूती से लड़ रहे हैं."

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, इमरान ख़ान को भ्रष्टाचार से जुड़े केस में सुनाई गई 14 साल की जेल की सज़ा

    पहले से जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को इस्लामाबाद की एक अदालत ने अल-क़ादिर ट्रस्ट से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में 14 साल जेल की सज़ा सुनाई है और दस लाख रुपये का जुर्माना लगाया है.

    अकाउंटिबिलिटी कोर्ट ने इसी मामले में इमरान ख़ान की पत्नी बुशरा बीबी को सात साल जेल की सज़ा सुनाई है और पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. कोर्ट ने सरकार को अल-क़ादिर ट्रस्ट को नियंत्रण में लेने के आदेश भी दिए हैं.

    अदालत ने जब यह सजा सुनाई तब इमरान ख़ान, उनकी पत्नी और पीटीआई के अन्य नेता अदालत में मौजूद थे.

    इमरान ख़ान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के ख़िलाफ़ 19 करोड़ पाउंड या अल-क़ादिर ट्रस्ट का मामला 450 कनाल (56 एकड़) से अधिक ज़मीन के दान से जुड़ा हुआ है, जो निजी हाउसिंग सोसाइटी बहरिया टाउन की ओर से अल-क़ादिर विश्वविद्यालय को दी गई थी.

    पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी अल-कादिर विश्वविद्यालय के ट्रस्टियों में से हैं.

    ये भी पढ़ें-

  16. LIVE: सैफ़ अली ख़ान पर हमले के मामले में क्या है ताज़ा जानकारी

    LIVE: सैफ़ अली ख़ान की तबीयत अब कैसी है और उन पर हुए हमले के बारे में अब तक क्या पता चला है. ज़्यादा जानकारी दे रही हैं बीबीसी संवाददाता दीपाली जगताप.

  17. सैफ़ अली ख़ान की सेहत पर डॉक्टरों ने दी नई जानकारी, अस्पताल से छुट्टी मिलने पर ये कहा

    अभिनेता सैफ़ अली ख़ान पर हुए हमले के बाद उनके इलाज में जुटी डॉक्टरों की टीम ने बताया है कि सैफ़ अब ठीक हैं और चलने-फिरने में कोई दिक्कत नहीं है.

    बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात अभिनेता के घर में घुसे एक व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला किया था, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों ने सैफ़ अली ख़ान की ताज़ा स्थिति पर जानकारी दी है.

    लीलावती अस्पताल के चीफ़ ऑपरेटिंग ऑफिसर नीरज उत्तमानी ने कहा है कि जब सैफ़ को अस्पताल लाया गया था तो उनके पूरी शरीर पर खून था.

    उन्होंने बताया है कि सैफ़ अभी सुरक्षित हैं. उनकी स्थिति में सुधार हुआ है. उनको आईसीयू से स्पेशल वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है.

    डॉक्टरों ने बताया कि अगर सैफ़ अली ख़ान भाग्यशाली थे क्योंकि अगर चाकू दो मिलीमीटर भी ज़्यादा गहरा जाता तो इससे उनके स्पाइनल कॉर्ड को नुक़सान पहुंचता.

    सैफ़ की सर्जरी करने वाले डॉक्टर नितिन डांगे ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया है कि सैफ़ की तबीयत बिल्कुल ठीक है और उन्हें चलने-फिरने में कोई दिक्कत नहीं है.

    इससे पहले लीलावती अस्पताल के चीफ़ ऑपरेटिंग ऑफ़िसर (सीओओ) डॉक्टर नीरज उत्तमनी ने मीडिया को बताया कि सैफ़ की रीढ़ से ढाई इंच का चाकू का टुकड़ा सर्जरी से निकाला गया है.

    ये भी पढ़ें-

  18. केजरीवाल ने दिल्ली मेट्रो में छात्रों को रियायत देने के लिए पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली मेट्रो में छात्रों को रियायत देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है.

    अरविंद केजरीवाल ने पत्र में लिखा है कि दिल्ली के छात्र स्कूल और कॉलेज जाने के लिए बड़े पैमाने पर मेट्रो पर निर्भर हैं.

    उन्होंने पत्र में लिखा है, "छात्रों पर वित्तीय बोझ कम करने के लिए मैं दिल्ली मेट्रो में छात्रों को 50 प्रतिशत की रियायतें देने का प्रस्ताव रखता हूं. दिल्ली मेट्रो, दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के 50-50 सहयोग की परियोजना है. इसलिए इस पर होने वाले खर्च को दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार आधा-आधा वहन करें."

    उन्होंने इस चिट्ठी में ये भी लिखा है कि वह छात्रों के लिए बस यात्रा पूरी तरह मुफ्त करने की योजना बना रहे हैं.

    अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त करने की उम्मीद जताई है.

    दिल्ली में पाँच फ़रवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं. नतीजे आठ फ़रवरी को आएंगे.

  19. नेतन्याहू के कार्यालय ने ग़ज़ा में युद्धविराम पर हमास से सहमति बनने की बात कही

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा है कि बंधकों की रिहाई के समझौते पर सहमति बन गई है.

    गुरुवार को प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने युद्धविराम समझौते पर कैबिनेट की वोटिंग को टाल दिया था. उन्होंने हमास पर समझौते में बदलाव करने के प्रयास का आरोप लगाया था.

    शुक्रवार की सुबह नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा है कि वार्ता के लिए बनाई गई टीम ने नेतन्याहू को जानकारी दी है कि समझौते पर सहमति बन गई है.

    नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा है कि उन्होंने शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक बुलाने के आदेश दिए हैं. इसके बाद समझौते को मंज़ूरी दी जाएगी. बंधकों के परिवारों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है.

    इसराइली मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार दोहा में इसराइल, हमास, अमेरिका और क़तर के प्रतिनिधियों ने समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं.

    बुधवार को सबसे पहले अमेरिका और क़तर ने युद्ध विराम पर सहमति बनने की जानकारी दी थी.