महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए अमित शाह के घर बैठक, महायुति के नेता जुटे

महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन के बहुमत हासिल करने के बाद सरकार बनाने की कोशिशें तेज़ हो गई हैं

सारांश

  • हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, इस दौरान राहुल गांधी समेत कई इंडिया गठबंधन के कई नेता मौजूद रहे
  • चटगांव में हुए वक़ील सैफुल इस्लाम की हत्या पर बांग्लादेश के इस्कॉन ने गहरा दुख जताया है
  • यूक्रेन का कहना है कि रूस ने बुधवार रात किए हमलों में उसके बिजली संयंत्रों को निशाना बनाया है.
  • अजमेर दरगाह: शिव मंदिर के दावे वाले मुक़दमे की सुनवाई स्वीकार किए जाने पर भारतीय सूफ़ी सज्जादानशीन परिषद के अध्यक्ष सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने प्रतिक्रिया दी है.

लाइव कवरेज

संदीप राय और अभिषेक पोद्दार

  1. प्रियंका गांधी ने ली लोकसभा सांसद के तौर पर शपथ

    प्रियंका गांधी

    इमेज स्रोत, sansadtv.nic.in

    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी केरल के वायनाड से जीत कर संसद पहुंची हैं.

    प्रियंका गांधी ने गुरुवार को लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली.

    सदन में सुबह क़रीब 11 बजे पहुंचीं प्रियंका गांधी ने हाथ में लाल रंग की संविधान की प्रति लेकर शपथ ली.

    हाल ही में हुए लोकसभा उपचुनाव में केरल की वायनाड सीट से उन्होंने जीत दर्ज की थी.

    प्रियंका गांधी ने पहली बार चुनाव लड़ा.

    यह सीट कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के छोड़ने के बाद खाली हुई थी. इसी साल हुए लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने रायबरेली और वायनाड से चुनाव लड़ा था और दोनों जगहों से जीत दर्ज की थी.

    इसके बाद उन्होंने वायनाड की सीट छोड़ दी थी.

    इसके अलावा महाराष्ट्र से जीत कर संसद पहुंचने वाले रविंद्र वसंतराव चव्हाण ने भी लोकसभा की सदस्यता ली. उन्होंने मराठी में शपथ ली.

    वसंतराव चव्हाण कांग्रेस के टिकट पर नांदेड़ से चुनाव जीत कर संसद पहुंचे हैं. यह सीट वसंतराव बलवंतराव चव्हाण के देहांत के बाद खाली हुई थी.

    इस बीच राज्यसभा में अदानी के मुद्दे पर बहस कराए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की ओर से स्थगन प्रस्ताव दिया गया था और हंगामे के बीच सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है.

    लोकसभा में भी हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

  2. अदानी मुद्दे पर बहस के लिए कांग्रेस और आप ने राज्यसभा में दिया स्थगन प्रस्ताव का नोटिस

    संजय सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने सरकार के साथ मिलीभगत का लगाया आरोप.

    संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान अदानी मुद्दे पर बहस कराए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत स्थगन प्रस्ताव दिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने राज्य सभा में यह नोटिस दिया.

    आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने भी राज्य सभा में नोटिस दिया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर संजय सिंह ने लिखा है, “देश में महंगी बिजली के नाम पर जनता को लूटने वाले मोदी के दोस्त अदानी के मामले में सदन में चर्चा क्यों नहीं करा रही है बीजेपी. नियम 267 का नोटिस दिया, सदन में चर्चा की मांग.”

    नोटिस में कहा गया है कि "अदानी और उनके उद्योगपति साथियों और सरकार की मिलीभगत से भ्रष्टाचार का मामला अमेरिकी अदालत के संज्ञान में आया है. 2000 करोड़ रुपये से अधिक का यह मामला है जिसमें सरकार और कारपोरेट के कई लोगों के शामिल होने की आशंका है."

    इसमें मांग की गई है कि सदन की सभी कार्यवाहियों को रोक कर इस पर चर्चा कराई जाए.

    बीते दो दिन से संसद के शीतकालीन सत्र में अदानी मुद्दे पर बहस कराए जाने को लेकर विपक्ष की ओर से मांग की जा रही है.

    बुधवार को इसी मुद्दे पर हुए हंगामे के बाद दोनों सदनों को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया था.

  3. ट्रंप ने यूक्रेन-रूस के लिए रिटायर्ड लेफ़्टिनेंट जनरल को विशेष दूत बनाने का किया एलान

    कीथ केलॉग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कीथ केलॉग जंग ख़त्म करने को लेकर यूक्रेन पर दबाव डालने के समर्थक रहे हैं.

    अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और रिटायर्ड लेफ़्टिनेंट जनरल कीथ केलॉग को रूस-यूक्रेन मामलों का विशेष दूत नियुक्त करने का एलान किया है.

    यूक्रेन में जंग ख़त्म करने को लेकर होने वाली बातचीत में केलॉग के मुख्य भूमिका निभाने की संभावना है.

    ट्रंप ने कार्यभार ग्रहण करने के पहले दिन ही इस जंग को ख़त्म कराने का वादा किया है, हालांकि उन्होंने इस बारे में और कोई जानकारी नहीं दी है.

    जंग ख़त्म करने के लिए रूस और यूक्रेन से कड़ी बातचीत करने के केलॉग समर्थक रहे हैं.

    एक ट्रंप समर्थक थिंक टैंक अमेरिका फ़र्स्ट पॉलिसी इंस्टीट्यूट की ओर से प्रकाशित रिसर्च पेपर के केलॉग सह लेखक थे और उन्होंने जंग ख़त्म करने के लिए कुछ सुझाव दिये थे.

    इस महीने की शुरुआत में, फॉक्स न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में केलॉग ने विशेष तौर पर कहा था कि अपने दूसरे कार्यकाल में ट्रंप के सामने जंग को ख़त्म कराना सबसे बड़ी चुनौती है.

    केलॉग का प्रस्ताव है कि यूक्रेन पर रूस के साथ शांति वार्ता में शामिल होने का दबाव डाला जाए और उसी सूरत में कीएव को अमेरिकी मदद दी जाए. अगर मॉस्को शांति वार्ता में शामिल नहीं होता है तो वॉशिंगटन कीएव को दी जाने वाली मदद को और बढ़ा दे.

  4. बांग्लादेश में उठी इस्कॉन पर प्रतिबंध लगाने की मांग, छात्र नेता ने दी चेतावनी

    हसनत अब्दुल्लाह
    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के छात्र आंदोलन के संयोजक हसनात अब्दुल्लाह ने कहा है कि देश में धर्म की आड़ में काम करने वाले अतिवादी संगठनों के लिए कोई जगह नहीं है.

    बांग्लादेश के भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन ने देश में इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्सियसनेस) पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है.

    ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, बुधवार को इस्कॉन पर प्रतिबंध लगाने और वकील की हत्या के मामले में ज़िम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाने की मांग को लेकर एक क़ानूनी नोटिस जारी हुआ है.

    ख़बर के अनुसार 10 वकीलों की ओर से यह नोटिस गृह मंत्रालय, क़ानून एवं न्याय मंत्रालय और इंस्पेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस को भेजा गया है.

    इसमें इस्कॉन पर रेडिकल ग्रुप होने का आरोप लगाते हुए उस पर सांप्रदायिक अशांति फैलाने का आरोप लगाया गया है.

    बीबीसी बांग्ला के अनुसार, छात्र आंदोलन के संयोजक हसनात अब्दुल्लाह ने इस्कॉन को ‘टेररिस्ट ग्रुप’ बताया और उस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की.

    अब्दुल्लाह ने कहा, “हमारे देश में सभी धर्म सद्भाव के साथ रहते हैं. हम सभी के अधिकारों की सुरक्षा के लिए काम करेंगे. लेकिन धर्म के बहाने सक्रिय चरमपंथी संगठनों को बांग्लादेश में एक इंच भी जगह नहीं मिलेगी. सैफ़ुल की बर्बर हत्या कर दी गई. इस इस्कॉन को एक टेररिस्ट ग्रुप के तौर पर प्रतिबंधित कर देना चाहिए.”

    बांग्लादेश के चटगाँव में इस्कॉन मंदिर से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी और जेल भेजने के बाद माहौल तनावपूर्ण है.

    चिन्मय कृष्ण दास के जेल भेजे जाने के अलावा 32 साल के वकील सैफ़ुल इस्लाम की मंगलवार को चटगाँव कोर्ट परिसर में ही हत्या कर दी गई थी. इसके बाद से इलाक़े में तनाव है.

    चिन्मय कृष्ण दास को जेल भेजे जाने पर भारत ने आपत्ति जताई थी और इसे बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर हो रहे अतिवादी हमले से जोड़ा था.

    इसके जवाब में बांग्लादेश ने कहा कि भारत उसके आंतरिक मामलों में दख़ल दे रहा है.

  5. पाकिस्तानः एमनेस्टी ने कहा प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की पारदर्शी जांच हो

    पीटीआई प्रदर्शनकारी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीटीआई प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में कई लोग घायल हुए हैं.

    एमनेस्टी इंटरनेशनल ने कहा है कि पाकिस्तान में विपक्षी दल के प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की तुरंत पारदर्शी जांच कराई जाए.

    एमनेस्टी ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को बर्बर बताया है.

    एमनेस्टी के बयान के अनुसार, “पीटीआई से जुड़े प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर हुई हिंसा, इंटरनेट सेवाओं को निलंबित किया जाना, बड़े पैमाने पर लोगों को हिरासत में लिया जाना, शांतिपूर्ण राजनीतिक प्रदर्शनों की आज़ादी के प्रति असहिष्णुता दिखाता है.”

    एमनेस्टी ने कहा है, “इस साल ऐसी ही कार्रवाई बलोच और पश्तून प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ भी देखने को मिली है.”

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान की रिहाई की मांग को लेकर पीटीआई ने पूरे देश में प्रदर्शन आयोजित किया था.

    मंगलवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की रिहाई के लिए पूरे देश में प्रदर्शन आयोजित किया था.

    इस दौरान पाकिस्तान की पुलिस और रेंजर्स की कार्रवाई के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा देखने को मिली. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भिड़ंत में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं.

    बीबीसी उर्दू के अनुसार, पंजाब पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों के हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई जबकि 170 से अधिक घायल हुए हैं.

    इस्लामाबाद

    इमेज स्रोत, ICT

    इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद में पुलिस, ट्रैफ़िक पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने फ़्लैग मार्च किया.

    इस्लामाबाद के डी चौक पर बैठे प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस और सुरक्षा बलों ने उस जगह को खाली करा लिया.

    गुरुवार को पीटीआई के प्रदर्शनकारियों ने अपना प्रदर्शन स्थगित करने का एलान किया है.

    इस्लामाबाद में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया है और कहा है कि क़ानून हाथ में लेने वालों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

    बीबीसी उर्दू के अनुसार, पुलिस ने 500 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है.

  6. हेमंत सोरेन आज लेंगे झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ, कौन-कौन होगा शामिल

    हेमंत सोरेन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हेमंत सोरेन ने अपने शपथ ग्रहण के लिए कई शीर्ष नेताओं को आमंत्रित किया है.

    विधानसभा चुनावों में बढ़िया प्रदर्शन के बाद हेमंत सोरेन आज झारखंड के मुख्यमंत्री के पद की शपथ लेंगे

    इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई शीर्ष नेताओं को आमंत्रित किया है.

    यह समारोह झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में शाम चार बजे होगा. इसमें इंडिया ब्लॉक के शीर्ष नेता शामिल होंगे.

    बुधवार की शाम हेमंत सोरेन ने समारोह की तैयारियों का जायजा लिया.

    पिछले दिनों हुए विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की अगुवाई वाले गठबंधन को 81 सदस्यों वाली विधानसभा में 56 सीटें मिली हैं.

    इसमें अकेले झामुमो को 34 सीटें, कांग्रेस को 16 और राष्ट्रीय जनता दल को चार और सीपीआई एमएल को दो सीटें मिलीं थीं.

    हेमंत सोरेन प्रदेश के 14वें मुख्यमंत्री होंगे.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय दोपहर दो बजे तक आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाउंगा.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    महाराष्ट्र का सीएम कौन होगा, एकनाथ शिंदे की प्रेस कॉन्फ्रेंस से क्या बीजेपी की राह आसान हो गई है? पूरी ख़बर पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें.

    यूपी: आज़मगढ़ में साइबर ठगों की गिरफ़्तारी और 190 करोड़ की धोखाधड़ी का क्या है मामला. पूरी ख़बर पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें.

    क्या भारत में महिलाओं का वोटिंग पैटर्न बदल रहा है? पूरी ख़बर पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें.

    'अमेरिकन ड्रीम' के लिए जान जोखिम में क्यों डालते हैं ये भारतीय? पूरी ख़बर पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें.

    मणिपुरः हिंसा में जल रहा यह राज्य अमन से अब भी कोसों दूर- ग्राउंड रिपोर्ट. पूरी ख़बर पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें.

    महाराणा प्रताप के वंशज आमने-सामने, विवाद की जड़ है 40 साल पुराना ये झगड़ा. पूरी ख़बर पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें.