भारत के 32 हवाई अड्डों से नागरिक उड़ानें 15 मई तक बंद : डीजीसीए

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय (डीजीसीए) ने देश के उत्तरी एवं पश्चिमी हिस्सों में स्थित 32 हवाई अड्डों से नागरिक उड़ानों पर रोक लगा दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. अमेरिका में भारत के राजदूत ने पाकिस्तान के साथ चल रहे तनाव पर क्या कहा?

    अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा

    इमेज स्रोत, @AmbVMKwatra/X

    इमेज कैप्शन, अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने गुरुवार को सीएनएन न्यूज़ चैनल को दिए एक इंटरव्यू में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ देश की कार्रवाई को 'आतंकवाद के ख़िलाफ़ युद्ध' बताया.

    उन्होंने कहा कि भारत केवल पाकिस्तान की कार्रवाइयों का जवाब दे रहा है.

    भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले के लिए लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े पाकिस्तान प्रशिक्षित 'आतंकवादियों' को ज़िम्मेदार ठहराया है. वहीं पाकिस्तान ने इस हमले किसी भी तरह का कोई संबंध होने से इनकार किया है.

    विनय क्वात्रा से पूछा गया कि क्या भारत पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 'युद्ध' में है, इस पर उन्होंने कहा कि भारत 'आतंकवादियों के ख़िलाफ़ युद्ध' में है.

    क्वात्रा से ये भी पूछा गया कि क्या इस तनाव के परमाणु युद्ध के स्तर तक बढ़ने की आशंका है, इस पर क्वात्रा ने कहा , 'ये पाकिस्तान से पूछा जाना चाहिए.'

  2. भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच इंडियन ऑयल ने लोगों से ये अपील की है

    इंडियन ऑयल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) ने शुक्रवार को कहा कि उसके पास देश भर में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक है और लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है.

    इंडियन ऑयल के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया गया, "इंडियन ऑयल के पास पूरे देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक है और हमारी आपूर्ति लाइनें बिना किसी समस्या के अच्छी तरह से चल रही हैं."

    पोस्ट में लोगों से अपील की गई है, "घबराकर खरीदारी करने की कोई ज़रूरत नहीं है - हमारे सभी आउटलेट पर ईंधन और एलपीजी आसानी से उपलब्ध हैं."

    लोगों को शांत रहने और अनावश्यक भीड़ से बचने की सलाह दी गई है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इंडियन ऑयल का ये बयान सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट और वीडियो सामने आने के बाद आया है, जिसमें पेट्रोल पंपों पर ईंधन खरीदने के लिए लोगों की भीड़ देखी गई.

  3. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कमर्शियल एयरलाइंस के लिए ये सलाह दी

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने बीबीसी को बताया कि पाकिस्तान ने कमर्शियल एयरलाइंस को पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी है.

    ख़्वाजा आसिफ़ ने चेतावनी दी है कि कमर्शियल एयरलाइंस के विमानों के 'किसी मिसाइल या किसी तरह की हवाई फायरिंग' की चपेट में आने का ख़तरा है और इससे 'आम लोगों की जान जा सकती' है.

    भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र कई इंटरनेशनल एयरलाइंस ने पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में अपने फ्लाइट ऑपरेशन्स कुछ दिन के लिए रोकने की घोषणा की थी.

    एमिरेट्स एयरलाइन ने कहा है कि वे 10 मई तक पाकिस्तान के लिए फ्लाइट ऑपरेशन्स सस्पेंड कर रही है.

    वहीं लुफ्थांसा एयरलाइन ने इस हफ्ते की शुरुआत में बीबीसी को बताया था कि वे 'अगली सूचना तक' पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में अपने फ्लाइट ऑपरेशन्स रोक रही है.

  4. भारत-पाकिस्तान तनाव: जम्मू और कश्मीर में रात भर क्या स्थिति रही?, रियाज़ मसरूर, बीबीसी संवाददाता

    जम्मू के कई इलाकों में गुरुवार रात बिजली नहीं रही

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जम्मू के कई इलाकों में गुरुवार रात बिजली नहीं रही

    भारतीय अधिकारियों ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में उधमपुर, कश्मीर के कई इलाकों और पंजाब के पठानकोट में दर्जनों मिसाइलें दागीं, जिन्हें निष्प्रभावी कर दिया गया.

    पाकिस्तान ने भारत द्वारा लगाए गए इन आरोपों का खंडन किया है. गुरुवार देर रात भारतीय सैन्य प्रवक्ता ने एक बयान में दावा किया कि पाकिस्तान ने 16 भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों पर रॉकेट और मिसाइलों से हमला किया, जिन्हें आधुनिक उपकरणों की मदद से निष्प्रभावी कर दिया गया.

    नियंत्रण रेखा के बेहद करीब पुंछ क्षेत्र में कल रात भारी गोलाबारी जारी रही, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई.

    पुंछ के पुलिस अधिकारी नवीद अहमद ने बीबीसी को बताया कि गोलीबारी में लोहाल बेला के नागरिक मुहम्मद अबरार की मौत हो गई और बेलियां की शाहिदा अख्तर नाम की महिला गोलाबारी में घायल हो गईं, जिनका मंडी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान की तरफ़ से हुई गोलाबारी में कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान की तरफ़ से हुई गोलाबारी में कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं

    नियंत्रण रेखा के पास के इलाकों जैसे बारामुला, कुपवाड़ा और बांदीपुरा में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. कुपवाड़ा के कुछ सेक्टरों में गोलाबारी के कारण कुछ इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं.

    उरी में स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि गोलाबारी में नरगिस बेगम नाम की एक महिला की मौत हो गई.

    इस पूरी स्थिति के दौरान भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर में रेड अलर्ट जारी कर दिया और नागरिक प्रशासन ने ब्लैकआउट की घोषणा कर दी, जिसके कारण जम्मू-कश्मीर के तमाम इलाकों में रात को बिजली नहीं रही और लोग डरे सहमे रहे.

    पुंछ में पूरी रात गोलाबारी के बाद आज सुबह भी भारी गोलाबारी हुई, लेकिन अभी तक किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है. जम्मू-कश्मीर में सभी शैक्षणिक संस्थान दो दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं और परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं.

  5. भारतीय सेना ने कहा- पाकिस्तानी सेना ने 8 और 9 मई की आधी रात पूरी पश्चिमी सीमा पर हमला किया

    जम्मू-कश्मीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर के उरी में भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी के कारण क्षतिग्रस्त हुई एक संरचना

    भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (एडीजी पीआई) ने कहा है कि पाकिस्तानी सेना ने आठ और नौ मई की आधी रात पूरी पश्चिमी सीमा पर हमला किया.

    भारतीय सेना के एडीजी पीआई ने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने आठ और नौ मई 2025 की आधी रात को पूरी पश्चिमी सीमा पर ड्रोन और अन्य हथियारों का इस्तेमाल करके कई हमले किए. पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर कई बार सीज़फ़ायर का भी उल्लंघन किया."

    भारतीय सेना ने कहा कि पाकिस्तानी ड्रोन हमलों को प्रभावी ढंग से निष्क्रिय किया गया है और संघर्ष विराम उल्लंघन का मज़बूती से जवाब दिया गया है.

    भारतीय सेना

    श्रीनगर में मौजूद बीबीसी संवाददाता माजिद जहांगीर के अनुसार, गुरुवार रात क़रीब 11 बजे उरी सेक्टर में भारी गोलाबारी हो रही थी और सीमा के पास नागरिक इलाकों को निशाना बनाया जा रहा था.

    वहीं, जम्मू-कश्मीर के राजौरी में मौजूद बीबीसी संवाददाता दिव्या आर्या ने बताया कि वहां पूरी तरह ब्लैकआउट कर दिया गया था.

    8 मई को जम्मू-कश्मीर में धमाके और ब्लैकआउट की रिपोर्ट्स आने के कुछ ही देर बाद बीबीसी ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ से बात की थी.

    इस बातचीत में ख़्वाजा आसिफ़ ने जम्मू-कश्मीर में किसी भी हमले की ज़िम्मेदारी से इनकार किया था.

  6. जम्मू के लिए रवाना हुए सीएम उमर अब्दुल्लाह, बताई ये वजह

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने जानकारी दी है कि वे आज यानी 9 मई की सुबह जम्मू जा रहे हैं.

    सीएम अब्दुल्लाह ने एक्स पर पोस्ट किया, "जम्मू शहर और संभाग के अन्य हिस्सों पर कल रात हुए असफल पाकिस्तानी ड्रोन हमले के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए अब जम्मू जा रहा हूं."

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, @OmarAbdullah/X

    इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने एक्स पर ये तस्वीर डाली है

    भारतीय रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशालय ने कल यानी 8 मई को एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि जम्मू, पठानकोट और उधमपुर के मिलिट्री बेस पर पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइल से हमला हुआ, जिसे नाकाम कर दिया गया.

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने हमले की बात से इनकार किया है.

    आठ मई की रात 8 बजकर 45 मिनट पर जम्मू शहर से एयर रेड्स की जानकारी मिलनी शुरू हुई थी.

    जम्मू कश्मीर के राजौरी में मौजूद बीबीसी संवाददाता दिव्या आर्या ने बताया था कि 8 मई की सुबह वो जम्मू में ही थीं, उन्होंने उन गांवों का दौरा किया जहां लोग सुरक्षित जगहों पर चले गए थे.

    दिव्या आर्या ने बताया था, "जम्मू शहर में कई धमाके सुने गए थे, जिसके बाद पूरे इलाक़े की लाइट काट दी गई. और सिर्फ़ व्हाट्सऐप कॉल सेवा जारी है. स्थानीय निवासियों ने कुछ वीडियो भी भेजे, जिसमें ब्लैकआउट के बीच आसमान में छोटी छोटी रोशनी दिखाई दी, जिसे निवासियों ने ड्रोन होने अंदाज़ा लगाया."

  7. पाकिस्तान सुपर लीग के मैचों का वेन्यू बदला गया, अब इस देश में होंगे बाकी बचे मैच

    पाकिस्तान सुपर लीग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा है कि पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के बाकी मैच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होंगे.

    अब पीएसएल के अंतिम आठ मैच, जो पहले रावलपिंडी, मुल्तान और लाहौर में होने थे, वो यूएई में आयोजित किए जाएंगे.

    पीसीबी की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़ मैचों का शेड्यूल, तारीख़ और जगह सही समय पर बताया जाएगा.

    गुरुवार को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले पीएसएल के मैच को रद्द कर दिया गया था. पाकिस्तानी सेना ने दावा किया था कि रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम के पास एक फ़ूड स्ट्रीट पर भारतीय ड्रोन गिराया गया है.

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने भी इस बारे में बयान जारी किया है.

    नक़वी ने कहा, "पीसीबी ने हमारे घरेलू और हमारे विदेशी मेहमान क्रिकेटरों को भारत के संभावित हमले से बचाने के लिए शेष मैचों को संयुक्त अरब अमीरात में स्थानांतरित करने का फैसला किया है."

    मोहसिन नक़वी ने कहा कि पीसीबी ये सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि लीग लगातार आगे बढ़ती रहे.

    पीएसएल के इन मैचों को रीशेड्यूल किया जाएगा:

    • कराची किंग्स बनाम पेशावर ज़ालमी
    • पेशावर ज़ालमी बनाम लाहौर कलंदर्स
    • इस्लामाबाद यूनाइटेड बनाम कराची किंग्स
    • मुल्तान सुल्तान बनाम क्वेटा ग्लैडिएटर्स
    • क्वालिफायर
    • एलिमिनेटर 1
    • एलिमिनेटर 2
    • फ़ाइनल

    इससे पहले भारत में भी गुरुवार, आठ मई को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेला जा रहा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच बीच में रद्द कर दिया गया था.

    यह मैच पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा था.

  8. भारत-पाकिस्तान तनाव पर अमेरिकी विदेश विभाग ने की ये अपील

    टैमी ब्रूस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत और पाकिस्तान के नेताओं से बात की है.

    भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव पर अमेरिका ने कहा है कि दोनों देशों को एक-दूसरे पर हमला बंद करना चाहिए, क्योंकि इससे समाधान नहीं निकलेगा.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान यह बात कही.

    ब्रूस ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा, “अमेरिका का यही संदेश है कि हिंसा, सैन्य कार्रवाई और जंग बंद होनी चाहिए. मध्य-पूर्व में यह बात साबित हो गई है कि जंग से कोई समाधान नहीं निकलेगा.”

    उन्होंने कहा, "जंग, सेना और हिंसा कोई समाधान नहीं है. पीढ़ी दर पीढ़ी हुई हिंसा और समस्याओं को रोकने के लिए नए विचार और कूटनीति ही समाधान हैं.”

    अमेरिकी हस्तक्षेप पर क्या कहा?

    भारत-पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता के सवाल पर टैमी ब्रूस ने कहा, “किसी भी मामले में जब संबंधित देशों के नेताओं की कूटनीतिक या किसी भी स्तर पर बातचीत हो रही है, तो हम उसकी जानकारी साझा नहीं करेंगे. यह हमारी नीति है.”

    उन्होंने कहा, “हमें लगता है कि जब नेताओं के बीच निजी स्तर पर बात हो रही हो तो मीडिया के बीच विवरण नहीं रखना ज़रूरी है.”

    हालांकि, टैमी ब्रूस ने भारत-पाकिस्तान के बीच किसी भी प्रकार की मध्यस्थता को लेकर ना तो पुष्टि की और ना ही इनकार किया.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने यह भी बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से फ़ोन पर बात की.

    इस दौरान रुबियो ने दोनों देशों के नेताओं से तनाव कम करने और हिंसा रोकने की बात कही. साथ ही उन्होंने सीधी बातचीत पर ज़ोर दिया.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.