You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अज़ोव सागर में पांच जहाज़ों पर यूक्रेनी हमला, रोमानिया तट के पास ड्रोन ब्लास्ट की भी पुष्टि

यूक्रेन की ड्रोन फोर्सेज के कमांडर रॉबर्ट ब्रोवडी ने आरोप लगाया कि ये जहाज यूक्रेनी अनाज की "चोरी" करने के साथ-साथ सैन्य सामान और ईंधन की ढुलाई में शामिल थे.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. कर्नाटक: रामलिंगा रेड्डी ने डीके शिवकुमार मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफ़ा, इमरान कुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी न्यूज़ हिंदी के लिए

    बेंगलुरु डेवलपमेंट विभाग नहीं मिलने पर कर्नाटक में कांग्रेस नेता रामलिंगा रेड्डी ने डीके शिवकुमार की सरकार में मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    कर्नाटक में कांग्रेस के 'मजबूत नेता' माने जाने वाले रेड्डी को गुरुवार देर रात लोक भवन से जारी लिस्ट में बड़े और मध्यम सिंचाई विभाग का पोर्टफोलियो दिया गया था.

    शिवकुमार मंत्रिमंडल में बेंगलुरु डेवलपमेंट पोर्टफोलियो कृष्णा बायरे गौडा को दिया गया था.

    रेड्डी ने पत्रकारों से कहा, "मंत्रिमंडल में काम करना मेरे ज़मीर के ख़िलाफ़ है. साल 1992 में वीरप्पा मोइली की सरकार में मंत्री बनने के बाद से मैंने कभी कोई पोर्टफोलियो नहीं मांगा."

    रेड्डी ने कहा कि सिद्धारमैया ने उन्हें साल 2023 में बेंगलुरु डेवलपमेंट पोर्टफोलियो देने की पेशकश की थी.

    उन्होंने कहा, "लेकिन शिवकुमार मेरे घर आए और मुझसे कहा कि ढाई साल बाद मुख्यमंत्री बनने के बाद वे मुझे यह पोर्टफोलियो सौंप देंगे."

    उस वक़्त रेड्डी को ट्रांसपोर्ट और मुज़राई पोर्टफोलियो दिए गए थे.

    उन्होंने कहा, "मुझे सिद्धारमैया या शिवकुमार से कोई नाराज़गी नहीं है और मैं (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन) खड़गे से भी नाराज़ नहीं हूं. कोई कितना अपमान सह सकता है?"

    उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रमुख अतिरिक्त मुख्य सचिव को अपने एक पर्सनल असिस्टेंट के ज़रिए अपना इस्तीफ़ा पत्र भेज रहे हैं.

    रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफ़े पर मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, "चिंता करने की कोई बात नहीं है. वे मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं. हम मंत्रिमंडल में सबसे घनिष्ठ मित्रों में से हैं. हम इस समस्या को सुलझा लेंगे."

    साल 1973 में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए रेड्डी ने 1992 से गृह विभाग सहित कई पोर्टफोलियो संभाले हैं.

    रेड्डी ने कहा, "मैं विधायक बना रहूंगा और कांग्रेस पार्टी में ही रहूंगा."

  2. ज़ेलेंस्की ने पुतिन को लिखा खुला ख़त, बातचीत पर क्या कहा

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस के साथ जंग ख़त्म करने के लिए एक नया प्रस्ताव रखा है.

    ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में ख़ुद और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच आमने-सामने की मुलाक़ात की इच्छा ज़ाहिर की है.

    यूक्रेनी नेता ने लिखा, "जब तक कि यूरोप में चल रहा युद्ध एक बार फिर अमेरिका के ध्यान का केंद्र न बन जाए, सिर्फ़ इंतज़ार करना ग़लत होगा."

    उन्होंने आगे कहा कि शांति केवल यूक्रेन और रूस के बीच "सीधी बातचीत के ज़रिए ही" आ सकती है.

    उन्होंने प्रस्तावित बातचीत तक के लिए पूरी तरह से युद्धविराम की भी अपील की है, जिसे पुतिन ने गुरुवार को पहले ही खारिज कर दिया था.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि उन्हें लगता है कि अगर दोनों नेता मिलते हैं तो "यह बहुत अच्छा होगा."

    क्रेमलिन ने पुष्टि की कि उसे ख़त मिल गया है और पुतिन को इसके बारे में जानकारी दी जाएगी.

    ख़त का लहजा चुनौती भरा, यहाँ तक कि मज़ाकिया भी था, जिसमें रूसी क्षेत्र पर यूक्रेन के हालिया हमलों की ओर ध्यान दिलाया गया था.

    ज़ेलेंस्की ने कहा, "सत्ता में 26 साल बिताने के बाद, पुतिन की बढ़ती उम्र अब अपना असर दिखाने लगी है."

    ख़त में एक निमंत्रण भी दिया गया था.

    ज़ेलेंस्की ने लिखा, "यूक्रेन हमारे और आपके बीच सीधी बातचीत के ज़रिए इस युद्ध को खत्म करने का प्रस्ताव रखता है. मैं इसके लिए एक मुलाक़ात का प्रस्ताव रख रहा हूँ."

  3. दिल्ली में पानी की कमी को लेकर सीएम रेखा गुप्ता के बयान की क्यों हो रही चर्चा

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने बयान की वजह से एक बार फिर सुर्खियों में हैं. दिल्ली में पानी की कमी को लेकर उनके ताज़ा बयान को कई लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है.

    रेखा गुप्ता ने कहा है कि गर्मी के कारण पानी भाप बनकर उड़ जाता है जिसकी वजह से पानी की कमी हो गई है.

    उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा, ''पानी की कितनी दिक्कत हो रही है. आजकल के समय में जब इतनी भरी गर्मी पड़ रही है. पानी हमारा जो आता है, बीच में कुछ पानी इवैपोरेट (भाप बनकर उड़ जाना) हो जाता है, तो उसके कारण कमी हो जाती है.''

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने रेखा गुप्ता के इस बयान को शेयर करते हुए लिखा, ''दिल्ली में पानी के संकट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के ये विचार हैं.''

    कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली में पानी का संकट है और यह यहाँ की मुख्यमंत्री के विचार हैं. भगवान बचाए. बीजेपी में ऐसे शिरोमणियों की भरमार है."

    कांग्रेस की एक अन्य प्रवक्ता रागिनी नायक ने एक्स पर लिखा, “जो पानी हमारा आता है, वो बीच में इवैपोरेट हो जाता है इसीलिए पानी की कमी हो रही है. दिल्ली में पानी की किल्लत पर ये हैं दिल्ली की मुख्य-मंत्री रेखा गुप्ता जी के विचार."

    सोशल मीडिया पर भी कई यूज़र्स ने इस बयान पर तंज कसते हुए टिप्पणी की है.

    रेखा गुप्ता इससे पहले भी एक्यूआई और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े अपने बयानों की वजह से विपक्षी दलों के निशाने पर रही हैं.

  4. कांग्रेस ने पवन खेड़ा को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार, जानिए और किसको दिया मौक़ा

    कांग्रेस पार्टी ने पवन खेड़ा को राज्यसभा चुनावों के लिए कर्नाटक से अपना अपना उम्मीदवार बनाया है.

    पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, कर्नाटक जैसे खूबसूरत राज्य से राज्यसभा के लिए नॉमिनेट होना मेरे लिए सम्मान की बात है. मुझे उम्मीद है कि नेतृत्व ने मुझ पर जो भरोसा और विश्वास जताया है, मैं उस पर खरा उतरूँगा.”

    पवन खेड़ा ने ख़ुद को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य नेताओं के प्रति आभार जताया है.

    बीते दिनों पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद वो सुर्खियों में रहे.

    खेड़ा के ख़िलाफ़ असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा की एफ़आईआर पर असम पुलिस की अपराध शाखा ने मानहानि, जालसाजी और आपराधिक साजिश का आरोप लगाते हुए एक मामला दर्ज किया था.

    कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और मंसूर अली ख़ान को भी उम्मीदवार बनाया है. इसके अलावा मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन, राजस्थान से नीरज डांगी, तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से प्रणव झा को अपना उम्मीदवार बनाया है.

  5. लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा के पूर्व महासचिव और संविधान विशेषज्ञ सुभाष कश्यप के निधन पर शोक जताया है.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "डॉक्टर सुभाष सी कश्यप के निधन से गहरा दुख हुआ, जिन्होंने लोकसभा के महासचिव के रूप में काम किया था. वे भारत के अग्रणी संवैधानिक विद्वानों में से एक थे, जिनका संसदीय और संवैधानिक विमर्श में योगदान हमारे समाज को समृद्ध करने वाला रहा."

    पीएम मोदी ने लिखा, "उनके लेखन और लोकतांत्रिक संस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उल्लेखनीय थी. उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएँ."

    सुभाष कश्यप के निधन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत कई अन्य नेताओं ने भी शोक जताया है.

    97 साल के सुभाष कश्यप कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे. उन्हें भारतीय संविधान के विशेषज्ञ के तौर पर जाना जाता था. उन्होंने इस पर किताब भी लिखी है.

    सुभाष कश्यप लोकसभा के सातवें, आठवें और नौवें कार्यकाल के दौरान इसके महासचिव रहे थे.

    वे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में 'वन नेशन वन इलेक्शन' यानी 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की संभावना पर विचार करने के लिए बनाई गई उच्चस्तरीय समिति के सदस्य भी थे.

  6. पीएम मोदी मेरे अच्छे दोस्त, भारत के साथ ट्रेड डील जल्द होने की उम्मीद- ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाएगा.

    ट्रेड डील को लेकर उन्होंने कहा, ”हम एक समझौते पर पहुँच जाएँगे, क्योंकि मुझे प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) बहुत पसंद हैं. वे मेरे अच्छे दोस्त हैं और हमारी आपस में अच्छी बनती है. हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं."

    हालांकि एक बार ट्रंप ने फिर दोहराया कि 'भारत ने अमेरिका पर बहुत ज़्यादा टैरिफ़ लगाए और इसके बदले अमेरिका को कुछ नहीं मिला.'

    व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "सालों तक भारत ने अमेरिका का फ़ायदा उठाया... उन्होंने हम पर बहुत ज़्यादा टैरिफ़ लगाए और बदले में कुछ नहीं दिया. अब स्थिति बिल्कुल विपरीत है. अब हम भारत से काफ़ी पैसा कमा रहे हैं.”

    ग़ौरतलब है कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर बातचीत लंबे समय से जारी है लेकिन अभी तक कोई घोषणा नहीं हुई है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.