You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

न्यू आर्लिन्स की घटना पर ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यू ऑर्लिन्स में हुई घटना पर बयान जारी किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, इफ़्तेख़ार अली

  1. नमस्कार!

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर से हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल के लिए हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें हैं, जिन्हें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    बांग्लादेश के आर्मी चीफ़ जनरल वकार-उज़-ज़मां ने भारत को लेकर कही कई बातें. पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    अमेरिका के न्यू ऑर्लिन्स में ट्रक ने लोगों को रौंदा, 10 लोगों की मौत और दर्जनों ज़ख़्मी. पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    यूक्रेन ने यूरोप को रूसी गैस की आपूर्ति बंद की, क्या होगा इसका असर? इस ख़बर को पूरा पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    अफ़ग़ानिस्तान की ज़ाकिरा कैसे तुर्की में सबकी उम्मीद बनकर उभरीं. पूरी ख़बर पढ़ने के लिएयहां क्लिक करें.

  2. न्यू आर्लिन्स की घटना पर ट्रंप ने क्या कहा?

    अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यू ऑर्लिन्स में हुई घटना पर बयान जारी किया है.

    अपने सोशल मीडिया नेटवर्क ट्रूथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा है, जब मैंने कहा कि देश में जो अपराधी आ रहे हैं, वो देश में मौजूद अपराधियों से बहुत ही ज़्यादा बुरे हैं, तो मेरे इस बयान को डेमोक्रेटिक पार्टी और फ़ेक न्यूज़ मीडिया ने नकार दिया, लेकिन यह अब सच साबित हो रहा है."

    "हमारे देश में अपराध की दर उस स्तर पर पहुंच गई है, जहां इसे किसी ने कभी नहीं देखा था."

    उनका कहना है, "हमारा दिल सभी बेगुनाह पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ है. इसके साथ ही हम न्यू ऑर्लिन्स के बहादुर पुलिस अधिकारियों के साथ हैं. इस बर्बर घटना की जांच में ट्रंप प्रशासन न्यू ऑर्लिन्स शहर को पूरा समर्थन देगा."

    डोनाल्ड ट्रंप इसी महीने 20 तारीख़ को अमेरिका के राष्ट्रपति का कार्यभार संभालेंगे.

  3. राजस्थान: बोरवेल में दस दिनों से फंसी बच्ची निकाली गई बाहर, डॉक्टरों ने बताया मृत, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए

    राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ ज़िले के कीरतपुर गांव में 23 दिसंबर से बोरवेल में फंसी बच्ची को बुधवार को बाहर निकालकर सीधे ज़िला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया.

    राजस्थान में पहली बार ऐसा हुआ है कि बोरवेल से इस तरह के रेस्क्यू करने में दस दिन का समय लगा है.

    एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट योगेश मीणा ने मौके पर मीडिया से बातचीत में कहा, "बच्ची को निकालने के लिए शुरू से ही सभी एक्सपर्ट की सलाह लेकर रेस्क्यू किया जा रहा था. बोरवेल टिल्ट होने के कारण बच्ची क़रीब 170 फीट पर फंसी हुई थी. सुरंग बनाने के लिए पत्थर को काटा गया, जिसमें काफी समय लगा."

    बच्ची के बोरवेल में गिरने के अगले ही दिन से कोई मूवमेंट भी कैमरे में ट्रैक नहीं हुआ था. बोरवेल में गिरने के बाद से ही बच्ची तक पीने के लिए पानी भी नहीं पहुंचाया जा सका था.

    700 फीट गहरे बोरवेल में चेतना क़रीब 170 फीट की गहराई पर फंसी हुई थी. रेस्क्यू टीमों ने हुक के ज़रिए उसे लगभग 20 फीट तक ऊपर खींचा था.

    बीते दिनों बारिश के कारण कई बार रेस्क्यू ऑपरेशन भी रोकना पड़ा. कई देसी जुगाड़ फेल होने के बाद बोरवेल के पैरलल खुदाई की गई और बच्ची तक पहुंचने के लिए सुरंग बनाई गई थी.

    23 दिसंबर को बोरवेल में गिरने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया गया. उसके बाद मौक़े पर एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की टीमें भी पहुंचीं.

    इस बचाव अभियान के लिए हरियाणा से पाइलिंग मशीन मंगाई गई और उत्तराखंड टनल हादसे के दौरान सफल रेस्क्यू करने वाले रैट माइनर्स को भी बुलाया गया था.

  4. दिनभर, पूरा दिन, पूरी ख़बर: रूसी गैस का यूक्रेनी रास्ता बंद, किन पर होगा असर?

  5. नए साल की पहली कैबिनेट बैठक में किसानों के लिए अहम फ़ैसले

    बुधवार को हुए केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ के तहत स्वीकृत राशि को बढ़ाकर 69,515 करोड़ रुपए कर दिया गया है.

    साल 2025 की पहली कैबिनेट मीटिंग के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी है.

    इसके अलावा कैबिनेट में क़रीब 800 करोड़ रुपये का एक फंड बनाने का फ़ैसला किया गया है, जो मूल रूप से फसल बीमा योजना से संबंधित मामले में तकनीक को बढ़ावा देने के लिए होगा.

    इसका इस्तेमाल तकनीक को विकसित करने में होगा ताकि किसानों के फसलों से हुए नुक़सान का जल्दी से आकलन और क्लेम सेटलमेंट को तेज़ किया जा सके.

    बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में फसल बीमा योजना को शुरू से अंत तक की पूरी प्रक्रिया को डिज़िटल करने का फ़ैसला लिया गया है.

    इसके अलावा डीएपी उर्वरक के लिए अतिरिक्त ‘वन टाइम स्पेशल पैकेज’ का फ़ैसला भी कैबिनेट की बैठक में लिया गया है. इसके तहत किसानों को डीएपी के 50 किलो का बैग 1350 रुपए में दिया जाएगा.

    अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि आज युद्ध और अन्य वजहों से पैदा हालात से जो भी भार आया है, वह किसानों पर न पड़े इसलिए सरकार ख़ुद यह भार उठाएगी.

    अश्विनी वैष्णव ने कहा कि डीएपी की योजना पर क़रीब 3850 करोड़ का ख़र्च होगा.

  6. अमेरिका: न्यू ऑर्लिन्स हादसे के चश्मदीद ने बीबीसी को क्या बताया

    अमेरिका के न्यू ऑर्लिन्स में नए साल पर जुटी भीड़ में एक पिकअप ट्रक लोगों को रौंदते हुए घुस गया. इसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है और 30 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

    इस घटना के एक चश्मदीद लुइसियाना के व्हिट डेविस ने बीबीसी को बताया, "इस घटना से हर कोई सदमे में था. मैं अक्सर न्यू ऑर्लिन्स जाता हूं लेकिन इससे बुरा कभी कुछ नहीं देखा."

    उन्होंने बताया, "हम शाम से ही बॉर्बन स्ट्रीट पर थे. जब हम बार में थे, तब गोलीबारी की आवाज़ या किसी गाड़ी के क्रैश की आवाज नहीं सुनी क्यों कि वहां गानों की आवाज तेज़ थी."

    "इसके बाद लोग फिर इधर-उधर भागने लगे और टेबल के नीचे छिपने लगे, जैसे कि यह कोई शूटर ड्रिल हो."

  7. अमेरिका के न्यू ऑर्लिन्स में नए साल पर जुटी भीड़ को एक ट्रक ने रौंदा, 10 की मौत

    नए साल के शुरुआती घंटों में अमेरिका के न्यू ऑर्लिन्स में एक कार भीड़ को रौंदते हुए लोगों के बीच घुस गई है.

    इस हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है और क़रीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

    लुइसियाना के गर्वनर जेफ लैंड्री ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है, "हादसे के पीड़ितों को मदद पहुंचाने वालों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं. बॉर्बन स्ट्रीट में सुबह हिंसा की एक डरावनी घटना को अंजाम दिया गया है."

    यह हादसा उस वक़्त हुआ है, जब एक शख्स ने न्यू ऑर्लिन्स के फ्रेंट क्वार्टर के बॉर्बन स्ट्रीट में कार को भीड़ के उपर चढ़ा दिया.

    यह सड़क नाइट लाइफ़ के लिए जानी जाती है. यहां कई बार, क्लब और रेस्तरां हैं. माना जा रहा है कि यहां नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.

    यहाँ से आ रही तस्वीरों में दिख रहा है कि घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस की गाड़ियां मौजूद हैं.

    न्यू ऑर्लिन्स की एक सरकारी एजेंसी ‘नोला रेडी’ ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा है कि कैनाल एंड बॉर्बनस्ट्रीट में बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं. उसने आसपास के लोगों से इस इलाक़े से दूर रहने को कहा है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, अमेरिका के न्यू ऑर्लिन्स में भीड़ में ट्रक के घुसने से 10 लोगों की मौत

    नए साल के शुरुआती घंटों में न्यू ऑर्लिन्स में एक ट्रक भीड़ को रौंदते हुए लोगों के बीच घुस गई है. इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है और क़रीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

    न्यू ऑर्लिन्स में 'नोला रेडी' सरकारी एजेंसी के अधिकारियों ने कहा है कि घायलों को हॉस्पिटल ले जाया जा रहा है.

    बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़ न्यू ऑर्लिन्स के लोकप्रिय बॉर्बन स्ट्रीट पर एक गाड़ी के भीड़ में घुस जाने से कई लोगों के हताहत होने की ख़बर है.

    न्यू ऑर्लिन्स के एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा है कि “प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक़ शायद एक कार लोगों की भीड़ में घुस गई है.”

    प्रवक्ता ने कहा है, “इस हादसे में लोगों के मारे जाने की सूचना है.”

    सीबीएस न्यूज़ के रिपोर्टर ने भी हादसे के बाद कई घायल लोगों को ज़मीन पर पड़े हुए देखा.

    चश्मदीदों ने बताया है कि गाड़ी एक भीड़ को रौंदते हुए घुस गई और उसके बाद ड्राइवर ने फायरिंग शुरू कर दी, वह पुलिस को जवाबी फ़ायरिंग के लिए उकसा रहा था.

    हालांकि पुलिस ने इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की है.

    न्यू ऑर्लिन्स की एक सरकारी एजेंसी ‘नोला रेडी’ ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा है कि कैनाल एंड बॉर्बनस्ट्रीट में बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं. उसने आसपास के लोगों से इस इलाक़े से दूर रहने को कहा है.

  9. अमेरिका के न्यू ऑर्लिन्स में भीड़ में घुसी एक गाड़ी, कई लोगों के हताहत होने की आशंका

    बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़ न्यू ऑर्लिन्स के लोकप्रिय बॉर्बन स्ट्रीट पर एक गाड़ी के भीड़ में घुस जाने से कई लोगों के हताहत होने की ख़बर है.

    न्यू ऑर्लिन्स के एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा है कि “प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक़ शायद एक कार लोगों की भीड़ में घुस गई है.”

    प्रवक्ता ने कहा है, “इस हादसे में लोगों के मारे जाने की सूचना है.”

    सीबीएस न्यूज़ के रिपोर्टर ने भी हादसे के बाद कई घायल लोगों को ज़मीन पर पड़े हुए देखा.

    चश्मदीदों ने बताया है कि गाड़ी एक भीड़ को रौंदते हुए घुस गई और उसके बाद ड्राइवर ने फायरिंग शुरू कर दी, वह पुलिस को जवाबी फ़ायरिंग के लिए उकसा रहा था.

    हालांकि पुलिस ने इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की है.

    न्यू ऑर्लिन्स की एक सरकारी एजेंसी ‘नोला रेडी’ ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा है कि कैनाल एंड बॉर्बनस्ट्रीट में बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं. उसने आसपास के लोगों से इस इलाक़े से दूर रहने को कहा है.

  10. पाकिस्तान की जेल में कितने भारतीय हैं कै़द?

    भारत और पाकिस्तान ने आज राजनयिक माध्यम से एक-दूसरे की जेल में बंद कैदियों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज़ में बताया गया कि भारत ने 381 आम कैदियों और 81 मछुआरों के नाम साझा किए जो पाकिस्तानी हैं या पाकिस्तानी माने जाते हैं.

    इसी तरह पाकिस्तान ने भी अपनी हिरासत में बंद 49 नागरिक कैदी और 217 मछुआरों के नाम साझा किए जो भारतीय हैं या जिनके बारे में माना जाता है कि वे भारतीय हैं.

    प्रेस रिलीज़ में कहा गया, “भारत सरकार ने पाकिस्तान से उन 183 भारतीय मछुआरों और नागरिक कैदियों की रिहाई में तेजी लाने को कहा है, जिन्होंने अपनी सज़ा पूरी कर ली है.”

    साथ ही भारत ने पाकिस्तान से भारत की हिरासत में मौजूद 76 पाकिस्तानी नागरिक कैदियों और मछुआरों की पहचान में तेज़ी लाने का आग्रह किया है.

    प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, " साल 2014 से 2,639 भारतीय मछुआरों और 71 भारतीय नागरिक कैदियों को पाकिस्तान से वापस लाया गया है."

    भारत और पाकिस्तान के बीच ऐसी सूचियों का आदान-प्रदान हर साल 1 जनवरी और 1 जुलाई को किया जाता है.

  11. लखनऊ: होटल में मां और चार बेटियों के शव मिले, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    लखनऊ के नाका इलाके़ में नए साल के पहले ही दिन एक ही परिवार के पाँच लोगों के शव होटल से बरामद हुए हैं. पुलिस के मुताबिक़ मृतकों में चार सगी बहनें और उनकी माँ हैं.

    ये सभी आगरा से लखनऊ नया साल का जश्न मनाने आए थे. ये लोग नाका इलाके में एक होटल में ठहरे हुए थे.

    पुलिस ने बताया कि आरोप परिवार के पुत्र अरशद पर ही है, जिसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और हत्या में अभियुक्त के पिता भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.

    डीसीपी रवीना त्यागी ने बताया कि अरशद ने हत्या की बात कबूल की है. त्यागी ने कहा कि पूछताछ में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है.

    पुलिस के मुताबिक़ परिवार की हत्या से पहले पूरे परिवार को नशे में कर दिया गया था. बाद में गला घोंटकर और नस काट कर हत्या को अंजाम दिया गया है.

    मृतकों में शामिल आलिया जिसकी उम्र नौ साल है. वहीं उसकी बहन 19 साल की अलशिया,16 साल की अक्सा और 18 साल की रहीमन के साथ में उनकी मां अस्मा की लाश भी मिली है.

    पुलिस के मुतबिक़ लखनऊ आने से पहले ये लोग अजमेर गए थे. रात में ही होटल में रहने के लिए कमरा लिया था.

  12. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान इस लाइव पन्ने के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    ग़ज़ा की लड़ाई रोकने के लिए हो रही वार्ताओं में क्या हैं रुकावटें?

    साल 1995 में 2025 के बारे में की गई भविष्यवाणियां कितनी सटीक साबित हुईं?

    बांग्लादेश और पाकिस्तान समेत पड़ोसी देशों के साथ साल 2024 में कैसे रहे मोदी सरकार के रिश्ते

    यमन में सज़ा-ए-मौत का सामना कर रहीं नर्स निमिषा की अब भी बच सकती है जान, ये है विकल्प

  13. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में क्या भारत पहुँच सकता है, आईसीसी ने बताया

    वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फ़ाइनल में दक्षिण अफ्रीका पहुँच चुका है.

    ऑस्ट्रेलिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच में भारत के ख़िलाफ़ जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजूबत की है.

    आईसीसी ने बताया कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में प्रवेश के लिए ऑस्ट्रेलिया सिर्फ एक जीत दूर है. ऐसे में भारत के लिए अगले टेस्ट मैच में जीत दर्ज करना काफी अहम होगा.

    ऐसे पहुँच सकता है फ़ाइनल में इंडिया

    आईसीसी ने बताया है कि भारत को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ आख़िरी टेस्ट जीतना होगा.

    उसके बाद उसे उम्मीद करनी होगी कि श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली टेस्ट सिरीज़ में श्रीलंका जीते या श्रृंखला 0-0 से ड्रॉ रहे.

    अगर ऐसा होता है तो भारत फ़ाइनल में पहुँच सकता है. ज़ाहिर है भारत को इसके लिए श्रीलंका के प्रदर्शन पर निर्भर होना पड़ेगा.

  14. अरविंद केजरीवाल ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को लिखा पत्र, क्या कहा?

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत को बुधवार को पत्र लिखा है.

    आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने बीबीसी संवाददाता दिलनवाज पाशा से और न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से इसकी पुष्टि की.

    केजरीवाल ने मोहन भागवत से सवाल किया, "मीडिया में ख़बरें चल रही है कि आरएसएस दिल्ली चुनावों में बीजेपी के लिए वोट मांगेगा क्या ये सही है? इसके पहले लोग आपसे जानना चाहते हैं कि पिछले दिनों बीजेपी ने जो गलत हरकतें की, क्या आरएसएस उनका समर्थन करता है?"

    केजरीवाल ने मोहन भागवत से तीन सवाल किए हैं-

    • बीजेपी के नेता खुलकर पैसे बांटकर वोट खरीद रहे हैं. क्या आरएसएस वोट खरीदने का समर्थन करता है?
    • बड़े स्तर पर ग़रीब, दलित, पूर्वांचली और झुग्गी में रहने वालों के वोट कटवाने का प्रयास किया जा रहा है जबकि ये लोग कई सालों से यहांं रह रहे हैं. क्या आरएसएस को लगता है कि ऐसा करना भारतीय जनतंत्र के लिए सही है?
    • क्या आपको नहीं लगता कि बीजेपी इस तरह भारतीय जनतंत्र को कमजोर कर रही है?

    दिल्ली में इस साल फरवरी में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं. हालांकि चुनाव आयोग ने अभी तक तारीख की घोषणा नहीं की है.

  15. पश्चिमी अफ़्रीकी देश आइवरी कोस्ट से होगी फ़्रांस के सैनिकों की वापसी, राष्ट्रपति ने किया एलान

    आइवरी कोस्ट के राष्ट्रपति अलास्साने ओउटारा ने एलान किया कि फ़्रांस के सैनिक जल्द ही देश छोड़ देंगे.

    राष्ट्रपति ने कहा कि यह कदम देश के सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण को दिखाता है.

    दरअसल फ़्रांस के सैनिक दशकों से यहां मौजूद हैं.

    पश्चिमी अफ़्रीकी देश आइवरी कोस्ट पर फ़्रांस के औपनिवेशिक शासन का अंत 1960 में हुआ था. लेकिन अभी भी वहां फ़्रांसीसी सैनिक मौजूद थे.

    सेनेगल ने भी पिछले महीने घोषणा की थी कि फ़्रांस अपने सैन्य बेस उनके क्षेत्र में बंद करेगा. ये काम 2025 के अंत तक पूरा हो जाएगा.

  16. अमेरिकी इतिहास में विस्फोटकों की सबसे बड़ी बरामदगी, क्या मिला

    अमेरिकी जांच एजेंसी एफ़बीआई (फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन) ने बताया कि उन्होंने वर्जीनिया में एक खेत में छापेमारी के दौरान 150 बम बरामद किए हैं.

    ये अमेरिका इतिहास में विस्फोटकों की सबसे बड़ी बरामदगी है.

    आइल ऑफ व्याइट काउंटी से ब्रैड स्पैफ़ोर्ड नाम के एक शख्स को 17 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था.

    एफ़बीआई को इस बात को जानकारी मिली थी कि वो हथियार और गोला-बारूद जमा कर रहा था.

    जांचकर्ताओं ने बताया कि अभियुक्त के घर के बेड रूम में मिले असुरक्षित बैग में 'नो लाइव्स मैटर' लिखा हुआ है.

    दरअसल 'नो लाइव्स मैटर' अमेरिका में धुर दक्षिणपंथी और सरकार विरोधी के संदर्भ में इस्तेमाल किया जाता है.

    ब्रैड के वकील ने उस पर लगे आरोपों से इनकार किया है.

  17. गुजरात: आर्सेलर मित्तल के हज़ीरा स्टील प्लांट में लगी आग, चार लोगों की मौत

    गुजरात में सूरत के पास हज़ीरा स्थित एक इस्पात संयंत्र में आग लग गई है. ये हादसा 31 दिसंबर की देर रात में हुआ.

    समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक़ ये हादसा आर्सेलर मित्तल निप्पन स्टील इंडिया नाम की कंपनी के प्लांट में हुई है.

    आईएएनएस और पीटीआई के अनुसार आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई.

    वहीं एक शख्स घायल हुआ. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

  18. अगर बुमराह ने अगले टेस्ट मैच में चटकाए छह विकेट तो बनेगा ये रिकॉर्ड

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पांचवां टेस्ट मैच शुक्रवार (3 जनवरी 2025 ) को होना है.

    इस बीच आईसीसी ने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अगले मैच में छह विकेट हासिल करते ही एक नया रिकॉर्ड बना लेंगे.

    आईसीसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि जसप्रीत बुमराह अगर अगले मैच में छह विकेट लेते हैं तो वो भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक टेस्ट सिरीज़ में सबसे अधिक विकेट लेने वाले क्रिकेटर बन जाएंगे.

    जसप्रीत बुमराह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की इस सिरीज़ में अब तक 30 विकेट ले चुके हैं.

    भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सबसे कम टेस्ट मैच खेलकर 200 विकेट लेने वाले भारत के पहले तेज़ गेंदबाज़ हाल ही में बने हैं.

    बुमराह ने यह कारनामा अपने 44वें टेस्ट मैच में कर दिखाया है.

    पांच मैच की सिरीज़ में ऑस्ट्रेलिया ने दो मैच में जीत हासिल की है. वहीं भारत ने एक मैच जीता है और एक ड्रॉ रहा.

    भारतीय क्रिकेट टीम को सिरीज़ बराबर करने के लिए पांचवां टेस्ट मैच जीतना होगा.

  19. 2025 का इस तरह लोगों ने किया स्वागत, देखें तस्वीरें

    दुनिया भर में लोगों ने 2025 का स्वागत जश्न मनाकर किया. इस दौरान लोगों ने रंग-बिरंगी आतिशबाजी और लाइट शो का लुत्फ उठाया.

  20. दुनिया भर में नए साल का जश्न, क्या बोले पुतिन और ज़ेलेंस्की?

    साल 2025 का आगाज हो चुका है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर सहित दुनिया भर के नेताओं ने अपने देशों के लोगों को संबोधित किया.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "2025 की ढेर सारी शुभकामनाएं. यह वर्ष सभी के लिए नए अवसर, सफलता और अंतहीन आनंद लेकर आए."

    व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "मुझे विश्वास है कि सब ठीक होगा और हम सिर्फ आगे बढ़ रहे हैं."

    वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा, "यूक्रेन अपने पैरों पर मजबूती से खड़ा है और हम झुकेंगे नहीं. मैं आपका 2024 के लिए धन्यवाद करता हूं."

    दरअसल, रूस और यूक्रेन में फरवरी 2022 से जंग जारी है. ये लड़ाई जारी रहती है तो फरवरी में इसे तीन साल हो जाएंगे.

    साथ ही चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा, "अर्थव्यवस्था स्थिर है और बढ़ रही है. हम मेहनत से नई चुनौतियों पर काबू पा लेंगे."

    किएर स्टार्मर ने 2024 को बदलाव का साल बताते हुए कहा कि सरकार आपके लिए लड़ती रहेगी.