भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ, जडेजा और सुंदर ने शतक लगाए

ड्रॉ के बावजूद सिरीज़ में इंग्लैंड 2-1 से आगे है. अब पाँचवां और निर्णायक टेस्ट 31 जुलाई से ओवल के मैदान में खेला जाएगा.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और इफ़्तेख़ार अली

  1. भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ, जडेजा और सुंदर ने शतक लगाए

    रवींद्र जडेजा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चौथे टेस्ट में रवींद्र जडेजा ने अपने टेस्ट करियर का पाँचवां शतक जड़ा

    भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पाँच टेस्ट मैचों की सिरीज़ का चौथा मुकाबला ड्रॉ हो गया है.

    मैनचेस्टर में खेले गए इस टेस्ट मैच के आख़िरी दिन इंग्लैंड ने जीत के लिए पूरी कोशिश की लेकिन भारतीय बल्लेबाज़ मैच को ड्रॉ कराने में सफल रहे.

    भारत ने पहली पारी में 358/10 रन बनाए थे, जिसमें यशस्वी जायसवाल ने 58 और साई सुदर्शन ने 61 रनों का योगदान दिया था. इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स ने सबसे ज़्यादा पाँच विकेट झटके.

    भारत की पहली पारी के जवाब में इंग्लैंड ने 669/10 रन बनाकर 311 रनों की बढ़त हासिल की. इंग्लैंड की तरफ़ से जो रूट (150) और बेन स्टोक्स (141) ने शतक जड़े थे.

    आख़िरी दिन इंग्लैंड को जीत के लिए भारत की दूसरी पारी को जल्द से जल्द समेटना था लेकिन ऐसा नहीं हो सका.

    रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के बीच हुई साझेदारी ने भारत को मैच में हार के साथ सिरीज़ हारने से भी बचा लिया. इस साझेदारी में जडेजा ने 107* और सुंदर ने 101* रन बनाए.

    इससे पहले केएल राहुल ने 90 रन और कप्तान शुभमन गिल ने 103 रन बनाए थे.

    इस ड्रॉ के बावजूद सिरीज़ में इंग्लैंड 2-1 से आगे है. अब पाँचवां और निर्णायक टेस्ट 31 जुलाई से ओवल के मैदान में खेला जाएगा.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. इसराइली पीएम ने कहा- तब तक लड़ाई जारी रखेंगे, जब तक सभी लक्ष्य हासिल नहीं कर लेते

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, GPO

    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि अब और कोई बहाना नहीं चलेगा

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने ग़ज़ा में मानवीय सहायता बढ़ाने को लेकर इसराइली सेना की घोषणा के बाद पहली बार टिप्पणी की है.

    नेतन्याहू ने अपने बयान में कहा है कि इसराइल ग़ज़ा में लगातार जंग लड़ रहा है लेकिन साथ ही युद्धविराम के लिए हमास के साथ उसकी बातचीत भी जारी है, इसलिए उन्होंने ग़ज़ा में न्यूनतम मानवीय सहायता के प्रवेश को मंज़ूरी दी है.

    पीएम नेतन्याहू ने कहा कि इसराइल ने हमेशा ग़ज़ा में राहत सामग्री पहुंचाने की इजाज़त दी है.

    साथ ही उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने फ़लस्तीन के हालात के लिए उनकी सरकार को दोषी ठहराया है.

    इसराइली पीएम ने कहा, "सुरक्षित रास्ते मौजूद हैं. पहले भी थे, लेकिन अब यह आधिकारिक है. अब और कोई बहाना नहीं चलेगा."

    उन्होंने कहा, "हम लड़ाई जारी रखेंगे और तब तक कार्रवाई करते रहेंगे जब तक हम युद्ध के अपने सभी लक्ष्यों को हासिल नहीं कर लेते, जब तक पूरी तरह से जीत नहीं मिल जाती."

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल की ओर से ग़ज़ा में अधिक राहत सामग्री पहुंचाने की घोषणा के बाद जॉर्डन और यूएई ने ग़ज़ा में हवाई मार्ग के ज़रिए सहायता पहुंचाई है.

    इससे पहले इसराइल ने ग़ज़ा के कुछ हिस्सों में अपनी सैन्य गतिविधियों पर 'रणनीतिक रोक' की घोषणा की थी.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने अपने बयान में कहा है कि ऐसा ग़ज़ा में मानवीय सहायता की मात्रा बढ़ाने के लिए किया जा रहा है.

    ग़ज़ा में राहत सामग्री पहुंचने को लेकर नेतन्याहू के बयान पर प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है.

    ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लेमी ने कहा इसराइल ने ग़ज़ा के "कुछ इलाकों में सैन्य अभियान पर जो अस्थायी रोक लगाई है वो ज़रूरी है", लेकिन ग़ज़ा में स्थिति के हिसाब से "नाकाफी है".

    जर्मनी के चांसलर फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ ने फ़ोन पर नेतन्याहू से बात की और कहा कि तुरंत युद्धविराम हो और गज़ा में लोगों तक मदद पहुंचाई जाए.

    दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ग़ज़ा में फलस्तीनियों के ख़िलाफ़ जो हो रहा है वो "जनसंहार" है और वो इसकी "कड़ी आलोचना करते हैं". उन्होंने कहा कि ग़ज़ा में अधिक मात्रा में राहत सामग्री पहुंचाई जानी चाहिए.

  4. भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर उठ रहे सवाल पर सौरव गांगुली ने क्या कहा

    सौरव गांगुली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान की टीमें 14 सितंबर को आमने-सामने होंगी

    एशिया कप 2025 का शेड्यूल जारी होने के बाद भारत-पाकिस्तान मैच पर सवाल उठ रहे हैं.

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इस पर प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है कि खेल नहीं बंद होना चाहिए.

    एशिया कप का शेड्यूल जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए थे कि जब पहलगाम हमले में लोगों की जान गई तो ऐसे में भारत-पाकिस्तान का मैच क्यों कराया जा रहा है.

    अब सौरव गांगुली का कहना है कि "खेल चलते रहना चाहिए. पहलगाम में जो हुआ वो नहीं होना चाहिए, लेकिन खेल चलते रहना चाहिए."

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "आतंकवाद रुकना चाहिए, आतंकवाद नहीं चल सकता. मुझे लगता है कि भारत ने आतंकवाद के प्रति कड़ा रुख़ अपनाया था."

    उन्होंने आगे कहा, "वह बीती बात है. बस कोशिश करें और सुनिश्चित करें कि यह दोबारा न हो, लेकिन खेल खेले जाने चाहिए."

    भारत की मेज़बानी में एशिया कप का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हो रहा है.

    इस बार एशिया कप टी20 फ़ॉर्मेट में खेला जाएगा और टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर को होगी. एशिया कप 2025 का फ़ाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा.

    भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है. दोनों टीमें 14 सितंबर को एक-दूसरे के ख़िलाफ़ खेलेंगी.

    भारत और पाकिस्तान अगर फ़ाइनल तक पहुंचते हैं तो दोनों टीमों के बीच दो और मुक़ाबले खेले जा सकते हैं.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, कोनेरू हम्पी और दिव्या देशमुख के बीच कल होगा अहम मुक़ाबला

    ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी (फ़ाइल फ़ोटो)

    ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी और उनसे आधी उम्र की दिव्या देशमुख के बीच रविवार को खेला जा रहा फ़िडे महिला विश्व कप का मैच ड्रॉ हो गया है.

    इंटरनेशनल चेस फेडेरेशन ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि कोनेरू हम्पी और दिव्या देशमुख के बीच पहले और दूसरे राउंड का मुक़ाबला ड्रॉ रहा.

    अब ये दोनों खिलाड़ी सोमवार को टाई ब्रेक में खेलेंगे.

    ये दोनों भारतीय खिलाड़ी पहले स्थान के लिए मुक़ाबले में हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि इनमें से कोई भी जीते भारत के लिए ख़िताब पक्का है.

    कोनेरू हम्पी बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड के दूसरे संस्करण की विजेता हैं.

    पहले राउंड के मैच के बाद कोनेरू हम्पी ने कहा, "दिव्या का खेल बेहतर था और एक मौक़ा ऐसा रहा जब मेरे लिए स्थिति जटिल हो गई."

    हालांकि पहला राउंड ड्रॉ रहा.

    दूसरे राउंड के बाद दिव्या ने कहा "पहला राउंड मेरे लिए अच्छा नहीं रहा लेकिन दूसरे राउंड में अपने प्रदर्शन से मैं खुश हूं."

  6. थाईलैंड और कंबोडिया बातचीत के लिए तैयार, मलेशिया में होगी अहम बैठक

    थाईलैंड के साथ विवादित क्षेत्र के पास कंबोडियाई सेना

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, थाईलैंड के साथ विवादित क्षेत्र के पास कंबोडियाई सेना

    थाईलैंड और कंबोडिया चार दिनों से जारी संघर्ष को ख़त्म करने लिए सोमवार को मलेशिया में बातचीत करने के लिए सहमति जताई है.

    थाईलैंड ने रविवार को कहा कि कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल इस बातचीत में शामिल होगा.

    थाईलैंड की सरकार का कहना है कि मलेशिया ने उन्हें बताया है कि कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेत भी इस चर्चा में शामिल होंगे.

    इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दोनों देशों से तत्काल युद्धविराम करने की अपील की थी.

    दोनों देशों ने युद्धविराम की कोशिशों के लिए ट्रंप का आभार जताया है. हालांकि, ट्रंप के पोस्ट के बाद भी रविवार रातभर दोनों देशों के बीच सीमा पर गोलाबारी जारी रही.

    थाईलैंड और कंबोडिया के बीच ये लड़ाई 24 जुलाई को शुरू हुई. दोनों देशों की इस लड़ाई में अब तक कम से कम 33 सैनिकों और आम नागरिकों की मौत हो गई है.

  7. चिराग पासवान के बयान पर बोले जीतन राम मांझी, 'जानकारी नहीं है तो नहीं बोलना चाहिए'

    जीतन राम मांझी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 'हम' अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान पर प्रतिक्रिया दी है

    बिहार में क़ानून-व्यवस्था को लेकर दिए चिराग पासवान के बयान पर केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा कि 'अगर जानकारी नहीं है तो फिर नहीं बोलना चाहिए'.

    केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने शनिवार को बिहार सरकार से नाराज़गी ज़ाहिर की थी.

    उन्होंने कहा था, "मुझे इस बात का दुख होता है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां पर अपराध पूरी तरह से बेलगाम हो चुका है."

    चिराग पासवान के इसी बयान का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, "चिराग के पास 2025 से पहले क्या हुआ था इसकी जानकारी है? अगर जानकारी नहीं है तो फिर नहीं बोलना चाहिए."

    उन्होंने तंज़ कसते हुए आरोप लगाया कि पहले क्रिमिनल को राजनेताओं का समर्थन हासिल था. उन्हेंने कहा, "आज जो घटना घटती है वह कराई होती है."

    मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, "चिराग जी को पहले और आज की स्थिति में तुलना करके बोलना चाहिए."

  8. बिहार: चुनाव आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान के ताज़ा आंकड़े जारी किए, जानिए क्या बताया

    एसआईआर बिहार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय चुनाव आयोग बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) यानी मतदाता पुनरीक्षण अभियान चला रहा है.

    चुनाव आयोग ने रविवार को कहा कि उसे एसआईआर के तहत 91. 69 प्रतिशत मतदाताओं के एन्यूमरेशन फ़ॉर्म मिल गए हैं. चुनाव आयोग ने कहा, "36 लाख मतदाता अपने पते पर नहीं पाए गए हैं."

    चुनाव आयोग ने 24 जून को एसआईआर का आदेश दिया था. चुनाव आयोग ने कहा था कि 25 जुलाई से पहले बिहार के सभी 7.8 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं को एन्यूमरेशन फ़ॉर्म जमा कराने होंगे.

    • 7.89 करोड़ कुल मतदाताओं में से अब तक 7.24 करोड़ मतदाताओं के फ़ॉर्म प्राप्त हो चुके हैं
    • 22 लाख (2.83 फ़ीसदी) मतदाता ऐसे हैं जो मर चुके हैं
    • 36 लाख मतदाता अपने पते पर नहीं पाए गए हैं
    • 7 लाख (0.89 फ़ीसदी) लोग ऐसे हैं जिनका नाम दूसरी जगह के वोटर लिस्ट में भी है

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) समेत बिहार के तमाम विपक्षी दल चुनाव आयोग के इस फ़ैसले का विरोध कर रहे हैं.

    इस प्रक्रिया के तहत लिस्ट का ड्राफ़्ट एक अगस्त को शेयर किया जाएगा. वहीं अंतिम सूची 30 सितंबर को जारी होगी.

    बिहार में इस साल के आख़िर में विधानसभा चुनाव होने हैं.

  9. हरिद्वार: मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़ के बाद बदले गए ये नियम

    हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल

    उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में भगदड़ की घटना के बाद सुरक्षा इंतज़ामों में बदलाव किए गए हैं. इस बारे में जानकारी एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने दी.

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हमने मंदिर प्रशासन और ट्रस्ट से बात की है और यह तय हुआ है कि मंदिर परिसर में वन-वे व्यवस्था लागू करना ज़रूरी है. यह व्यवस्था तुरंत प्रभाव से लागू की जाएगी. ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए एसपी सिटी को नोडल अधिकारी बनाया गया है और उन्हें अतिरिक्त अधिकार दिए गए हैं."

    उन्होंने कहा, "वन-वे व्यवस्था तुरंत प्रभाव से लागू की जाएगी. ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए एसपी सिटी को नोडल अधिकारी बनाया गया है और उन्हें अतिरिक्त अधिकार दिए गए हैं."

    एसएसपी ने बताया कि सावन के महीने में लगातार भारी भीड़ हो रही है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत करने के लिए समीक्षा की जा रही है.

    प्रशासन ने बताया कि इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में उत्तर प्रदेश के चार, बिहार का एक और उत्तराखंड का एक व्यक्ति शामिल है. इसके अलावा भगदड़ में 28 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई गई है.

  10. ग़ज़ा में अधिक राहत सामग्री पहुंचाने के इसराइल के फ़ैसले से मंत्री क्यों हुए नाराज़

    इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतेमार बेन-ग्वेर

    इमेज स्रोत, EPA-EFE

    इमेज कैप्शन, इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतेमार बेन-ग्वेर

    इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतेमार बेन-ग्वेर ने कहा है कि ग़ज़ा में मानवीय मदद बढ़ाने के उपायों पर प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से की गई चर्चा में उन्हें "जानबूझकर" शामिल नहीं किया गया.

    एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि एक अधिकारी ने उन्हें बताया कि शनिवार रात एक सुरक्षा बैठक बुलाई गई थी, जिसमें उन्हें नहीं बुलाया गया. इसका कारण यह बताया गया कि "अधिकारी नहीं चाहते थे कि इतेमार सब्बाथ का अपमान करें."

    धुर दक्षिणपंथी माने जाने वाले इतेमार बेन-ग्वेर ने सरकार के फ़ैसले को "शर्मनाक और अपमानजनक" बताया और कहा कि वह इस निर्णय के ख़िलाफ़ लड़ेंगे.

    इसराइल ने ग़ज़ा के कुछ हिस्सों में अपनी सैन्य गतिविधियों पर 'रणनीतिक रोक' की घोषणा की है.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने अपने बयान में कहा है कि ऐसा ग़ज़ा में मानवीय सहायता की मात्रा बढ़ाने के लिए किया जा रहा है.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, मैनचेस्टर टेस्ट: कप्तान शुभमन गिल ने जड़ा शतक, लेकिन भारत की मुश्किलें अब भी कायम

    कप्तान शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने मैनचेस्टर में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट के पांचवें दिन शतक पूरा किया है.

    गिल ने 228 गेंदों में 12 चौकों की मदद से ये शतक पूरा किया.

    भारत और इंग्लैंड के बीच जारी इस मैच में इंग्लैंड ने पहली पारी में 669 रन बनाकर मज़बूत बढ़त हासिल की थी.

    भारत की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही. क्रिस वोक्स ने पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन को शून्य पर आउट कर दिया.

    इसके बाद शुभमन गिल और केएल राहुल ने साझेदारी करते हुए पारी को संभाला. हालांकि राहुल 90 रन बनाकर आउट हो गए.

    फिलहाल सिरीज़ में इंग्लैंड 2-1 से आगे है.

    शुभमन गिल
  12. हरिद्वार: मनसा देवी मंदिर में भगदड़ की जांच के आदेश दिए गए, सीएम ने क्या कहा, आसिफ़ अली, उत्तराखंड से बीबीसी हिन्दी के लिए

    उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर में रविवार को हुई भगदड़

    इमेज स्रोत, Asif Ali

    उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर में रविवार को हुई भगदड़ की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. साथ ही हादसे में मृतकों और घायलों के परिजनों को सहायता राशि दी जाएगी.

    प्रशासन के मुताबिक़, इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    मरने वालों में उत्तर प्रदेश के चार, बिहार के एक और उत्तराखंड से एक व्यक्ति शामिल हैं.

    प्रशासन के मुताबिक़, भगदड़ में 28 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

    मनसा देवी मंदिर में भगदड़

    इमेज स्रोत, Pushkar Singh Dhami/X

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हज़ार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है.

    मुख्यमंत्री ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाक़ात की और कहा कि "बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए गए हैं."

    इसके साथ ही उन्होंने भगदड़ की घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दिए हैं.

    आपदा प्रबंधन मामलों के सचिव विनोद कुमार सुमन ने जानकारी देते हुए बताया, "गंभीर रूप से घायल पांच श्रद्धालुओं को तत्काल ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है. शेष 23 घायलों का इलाज हरिद्वार के जिला चिकित्सालय में चल रहा है."

  13. भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील कब होगी? पीयूष गोयल ने दी जानकारी

    भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत और अमेरिका के बीच अभी तक ट्रेड डील नहीं हुई है

    भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जानकारी दी है.

    पीयूष गोयल ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, "भारत आज मज़बूती की स्थिति से, विश्वास की स्थिति से बातचीत करता है."

    उन्होंने कहा, "हमारा आत्मविश्वास हमें लगातार अच्छे मुक़्त व्यापार समझौते करने के लिए प्रोत्साहित करता है."

    केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि चाहे वह न्यूज़ीलैंड हो, ओमान हो, अमेरिका हो या 27 देशों का यूरोपीय संघ हो, भारत अब समझौते बहुत सोची-समझी रणनीति के साथ करता है.

    उन्होंने कहा, "अमेरिका के साथ हमारी बातचीत बहुत अच्छी चल रही है. मुझे विश्वास है कि अक्तूबर-नवंबर 2025 की समय-सीमा में हम एक अच्छा समझौता कर लेंगे, जो प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मिलकर द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए तय किया था."

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जनवरी 2025 में दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद से ही दुनिया में ट्रेड वॉर की शुरुआत हुई.

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में दावा किया था कि भारत के साथ ट्रेड डील होने जा रही है और इससे भारतीय बाज़ार अमेरिका सामान के लिए और 'खुल जाएगा'.

  14. ग़ज़ा पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से बात करेंगे ब्रितानी पीएम स्टार्मर

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर (फ़ाइल फ़ोटो)

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर सोमवार को स्कॉटलैंड के टर्नबेरी में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाक़ात करेंगे.

    माना जा रहा है कि इस दौरान पीएम स्टार्मर राष्ट्रपति ट्रंप के सामने ग़ज़ा में मौजूदा हालात को लेकर चर्चा कर सकते हैं.

    माना जा रहा है कि वह इस मुलाक़ात के दौरान ग़ज़ा में युद्धविराम के लिए क्षेत्रीय साझेदारों और अमेरिका की कोशिशों का स्वागत करेंगे.

    साथ ही इस पर चर्चा करेंगे कि युद्धविराम को तुरंत लागू करने और ग़ज़ा में हो रही मुश्किलों को ख़त्म करने के लिए और क्या किया जा सकता है.

    दोनों नेताओं के बीच व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने के बारे में भी बातचीत होने की उम्मीद है.

    इससे पहले इसराइल ने ग़ज़ा के कुछ हिस्सों में अपनी सैन्य गतिविधियों पर 'रणनीतिक रोक' की घोषणा की है.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने अपने बयान में कहा है कि ऐसा ग़ज़ा में मानवीय सहायता की मात्रा बढ़ाने के लिए किया जा रहा है.

  15. इसराइल की घोषणा के बाद हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने की ये अपील

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने ग़ज़ा के कुछ हिस्सों में अपनी सैन्य गतिविधियों पर 'रणनीतिक रोक' की घोषणा की है

    ग़ज़ा में हमास की ओर से संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसराइल के 'रणनीतिक रोक' पर प्रतिक्रिया दी है. मंत्रालय ने लोगों की जान बचाने के लिए 'तत्काल कोई उपाय' करने की अपील की है.

    मंत्रालय का कहना है कि जल्द ग़ज़ा में सहायता पहुंचाई जाए और घायलों को इलाज के लिए वहां से बाहर निकाला जाए.

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के महानिदेशक मुनीर अल-बर्श का कहना है कि इसराइल की ये घोषणा आम लोगों की जान बचाने का एक मौक़ा है.

    उन्होंने गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए आपातकालीन चिकित्सा के तहत उन्हें वहां से निकालने का आग्रह किया है.

    साथ ही हमास ने दवाइयों और पोषक चीज़ों को ग़ज़ा में भेजने की अपील की है. हमास की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि इसमें देरी होने से मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है.

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इससे पहले आज इसराइल ने कहा था कि वो ग़ज़ा में मानवीय कॉरिडोर के ज़रिए कुछ राहत सामग्री पहुंचने की इजाज़त देगा.

    साथ ही उसने ग़ज़ा के कुछ हिस्सों में अपनी सैन्य गतिविधियों पर 'रणनीतिक रोक' की भी घोषणा की थी. इसराइल के अनुसार ऐसा ग़ज़ा में मानवीय सहायता की मात्रा बढ़ाने के लिए किया जा रहा है.

    इसराइल ने ये भी कहा था कि घायलों को यहां से बाहर निकालने के लिए स्थायी सुरक्षित रास्ते बनाए जाएंगे.

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ प्रमुख ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ को लेकर एक चश्मदीद ने क्या बताया

    मनसा देवी मंदिर भगदड़

    इमेज स्रोत, ANI

    उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर में रविवार को हुई भगदड़ में छह लोगों की मौत हुई है.

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया है कि इस घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए गए हैं.

    हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल और डीएम मयूर दीक्षित ने भी कहा है कि भगदड़ कैसे मची, इस पर पुख़्ता जानकारी जांच के बाद मिलेगी.

    प्रत्यक्षदर्शी ने क्या बताया

    इस घटना में घायल हुए संतोष कुमार ने बताया, "काफ़ी भीड़ थी, पैर रखने की जगह नहीं थी. भीड़ ज़्यादा होने के कारण जब लोग गिरने लगे, तो लोग साइड के दुकानों के पीछे लगी तार पकड़कर चढ़ने लगे. इससे तार नीचे फैल गए और लोगों को करंट लगा."

    वहीं हरिद्वार के इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रिब्यूशन सर्कल (ईडीसी) के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर प्रदीप कुमार ने कहा है कि उनके विभाग ने पूरा सिस्टम चेक किया है, कहीं कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बातचीत में उन्होंने कहा, "शुरुआत में हमें भी ऐसी न्यूज़ आई कि शायद कोई इलेक्ट्रिक करंट या कुछ इस तरह हुआ है. हमारी पूरी टीम मौक़े पर आई. वैसे भी इतनी महत्वपूर्ण जगह की हम नियमित तौर पर हर महीने-15 दिनों पर टेस्टिंग करते रहते हैं."

    ईडीसी के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर ने कहा, "हमारा सिस्टम बहुत सेक्योर है. कोई नंगे तार नहीं हैं, करंट होने की संभावना नहीं है. आज भी हमने अपने सारे सिस्टम दोबारा चेक किए. हॉस्पिटल से भी कोई करंट रिपोर्टेड नहीं है, ऐसा कुछ भी संज्ञान में नहीं आया है."

  18. मनसा देवी मंदिर भगदड़: सीएम धामी बोले- मृतकों के परिवार को दी जाएगी 2 लाख रुपये सहायता राशि

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि घायलों की हर संभव मदद की जा रही है

    उत्तराखंड सरकार ने मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों के पास मची भगदड़ की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के लिए 2 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है.

    वहीं घायलों को 50 हज़ार रुपये की सहायता दी जाएगी.

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि भगदड़ की घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दिए हैं.

    सीएम धामी ने कहा, "सुबह करीब़ 9 बजे के आसपास एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी. हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों के पास अफ़वाह फैलने से भगदड़ मच गई, जिसमें छह लोगों की जान चली गई है."

    सीएम ने बताया कि जो लोग घायल हुए हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है.

    उन्होंने कहा, "इस घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं. ये अफ़वाह क्यों फैली, कैसे फैली, इसकी जांच की जा रही है. जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा, उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी. घायलों की हर संभव मदद की जा रही है."

  19. ग़ज़ा के इन हिस्सों में इसराइल ने सैन्य गतिविधियों पर 'रणनीतिक रोक' की घोषणा की

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Hani Alshaer/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह रोक उन क्षेत्रों के लिए है, जहां आईडीएफ़ ऑपरेट नहीं कर रहा है

    इसराइल ने ग़ज़ा के कुछ हिस्सों में अपनी सैन्य गतिविधियों पर 'रणनीतिक रोक' की घोषणा की है. इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने अपने बयान में कहा है कि ऐसा ग़ज़ा में मानवीय सहायता की मात्रा बढ़ाने के लिए किया जा रहा है.

    इसमें कहा गया है कि आईडीएफ़ आज (रविवार) से ग़ज़ा पट्टी के कुछ हिस्सों में स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक सैन्य गतिविधियां रोकेगा.

    आईडीएफ़ ने कहा है कि यह रोक उन क्षेत्रों में शुरू होगी जहां वो ऑपरेट नहीं कर रहा है. ऐसे क्षेत्र अल-मवासी, देर अल-बलाह और ग़ज़ा सिटी हैं.

    इन क्षेत्रों में अगले आदेश तक रोज़ाना सैन्य गतिविधियों पर 'रणनीतिक रोक' रहेगी.

    आईडीएफ़ ने कहा, "इस मामले पर संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया."

    इसके अलावा, ग़ज़ा पट्टी में लोगों तक खाना और दवा पहुंचाने वाले संयुक्त राष्ट्र और मानवीय सहायता संगठनों के काफ़िलों के सुरक्षित आवागमन के लिए सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक स्थायी रूप से सुरक्षित मार्ग बनाए जाएंगे.

  20. हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में कैसे मची भगदड़, अधिकारियों ने बताया

    मनसा देवी मंदिर में भगदड़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया है कि घायलों का इलाज चल रहा है

    उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर में रविवार को भगदड़ कैसे मची, इस पर अधिकारियों का बयान आया है.

    हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल और डीएम मयूर दीक्षित ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई को बताया कि अभी तक ये पता चला है कि करंट या बिजली के तार से जुड़ी एक अफ़वाह फैलने से ये भगदड़ मची. हालांकि, पुख़्ता जानकारी जांच के बाद मिलेगी.

    हरिद्वार के डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि आज सुबह क़रीब 9 बजे के आसपास मनसा देवी के सीढ़ी मार्ग पर भगदड़ की सूचना मिली.

    एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा, "आज सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से हमें सूचना मिली थी कि मनसा देवी मुख्य मार्ग पर भगदड़ मचने से कुछ लोगों की मौत हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा."

    उन्होंने बताया, "क़रीब 35 लोग हॉस्पिटल लाए गए, जिनमें से छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. बाकी लोगों का इलाज चल रहा है."

    प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा, "मनसा देवी मुख्य मार्ग के बाद जो सीढ़ियों का मार्ग शुरू होता है, वह थोड़ा तंग है. वहां पर एक अफ़वाह ये फैली कि इलेक्ट्रिक करंट आ रहा है. मुझे लगता है कि इसी अफ़वाह से भगदड़ मची."

    एसएसपी ने कहा कि घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है और सबूत जुटाए जा रहे हैं.