You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम की हुई घोषणा

भारत और बांग्लादेश के बीच 19 सितंबर से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ में पहले टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है.

सारांश

  • भारत में एमपॉक्स का संदिग्ध मामला आया सामने, मरीज को आइसोलेशन में रखा गया
  • पहलवान और कांग्रेस नेता बजरंग पूनिया ने कहा- हमारे कांग्रेस में जाने से बृजभूषण सहित पूरी बीजेपी को दिक्कत है
  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- डकैत के एनकाउंटर से समाजवादी पार्टी को बुरा लग रहा है.
  • वेस्ट बैंक और जॉर्डन की सीमा के पास हुए हमले में इसराइल के तीन नागरिकों की हुई मौत
  • ताइवान में ‘यागी’ तूफ़ान के कारण चार लोगों की मौत

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ यादव

  1. वेनेजुएला: सुरक्षाबलों ने अर्जेंटीना के दूतावास को क्यों घेरा

    वेनेजुएला के सुरक्षाबलों ने राजधानी कराकास स्थित अर्जेंटीना की एंबेसी को घेर लिया है. अर्जेंटीना की इस एंबेसी में छह राजनेता शरण लिए हुए हैं.

    ये वे छह राजनेता हैं जो वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के विरोधी हैं.

    वेनेजुएला के विपक्षी दलों के नेताओं ने एंबेसी को इमारत को घेरते हुए खुफ़िया सुरक्षा दलों के जवानों की तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया है.

    वहीं इमारत में शरण लेने वाले विपक्षी नेताओं का कहना है कि उनको मादुरो ने ‘घेरे’ में रखा है.

    वेनेजुएला में हुए राष्ट्रपति चुनावों के बाद से ही अर्जेंटीना के साथ इसके संबंध टूट गए थे. तब से ही अर्जेंटीना का दूतावास ब्राज़ील के रखरखाव में था.

    हालांकि शनिवार को वेनेजुएला की सरकार ने अर्जेंटीना के दूतावास से ब्राज़ील के रखरखाव की व्यवस्था को भी ख़त्म कर दिया.

    अर्जेंटीना उन देशों में शामिल है, जिसने वेनेज़ुएला के चुनावी नतीजों को संदेहास्पद माना है.

    विपक्षी दलों का ऐसा कहना है कि उनके उम्मीदवार एडमंडो गोंजालेज ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की थी, लेकिन पश्चिमी देशों ने उनको मान्यता देने से इनकार कर दिया.

  2. 'हम भारत जैसे दोस्त की तरफ देख रहे हैं'- भारत में फ़लस्तीनी राजदूत ने ऐसा क्यों कहा

    भारत में फ़लस्तीनी राजदूत दनान अबु अलहैजा ने ''इसराइल और फ़लस्तीन के बीच मध्यस्थता कराने का आग्रह'' किया है.

    दनान अबु अलहैजा का कहना है कि भारत इसराइल और फ़लस्तीनी इलाके के बीच मध्यस्थता करा सकता है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा, “हम हमेशा से मध्यस्थता के लिए भारत जैसे एक दोस्त की तरफ़ देख रहे हैं.”

    अबु अलहैजा ने कहा, ''मुझे पता है कि भारत एक शांति प्रिय देश है, इसीलिए हम उससे आग्रह करते हैं कि उसे मध्यस्थता के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि वह इसराइल और फ़लस्तीन दोनों का ही मित्र देश है.''

    फ़लस्तीनी राजदूत ने सीज़फ़ायर, अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ़्रेंस को बुलाने, फ़लस्तीन की आज़ादी और पूर्वी यरूशलम को इसकी राजधानी बनाने के लिए भारत को आगे आने का आग्रह किया.

  3. पेरिस पैरालंपिक: नवदीप सिंह का मेडल अपग्रेड क्यों हो गया?

    भारतीय खिलाड़ी नवदीप सिंह के सिल्वर मेडल को गोल्ड मेडल में अपग्रेड कर दिया गया है.

    शनिवार को नवदीप सिंह ने पेरिस पैरालंपिक में भाला फ़ेंक प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता था.

    वहीं इसी प्रतियोगिता में ईरानी खिलाड़ी सादेग बेत सयाह ने स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन बाद में उनको डिस्क्वालिफ़ाई कर दिया गया. इस वजह से नवदीप सिंह को गोल्ड मेडल मिला.

    नवदीप सिंह ने 47.32 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पैरालंपिक के भाला फ़ेंक के एफ़ 41 केटेगरी में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता है.

    इस मौके पर भारत के पैरालंपिक कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र झाझारिया ने कहा, "नवदीप का प्रदर्शन लाजवाब रहा. उन्होंने भारत के लिए सातवां गोल्ड मेडल जीता है. हमें अपने खिलाड़ियों पर यह भरोसा था कि ये हमें 25 से ज़्यादा मेडल दिलाएंगे और हम पदक तालिका की टॉप 20 में जगह बनाएंगे."

    उन्होंने कहा कि पहले नवदीप को पहले सिल्वर मिला था, बाद में उसे गोल्ड मेडल में बदल दिया गया. ये हमारे लिए एक ऐतिहासिक पल था. उनकी टेक्निक और प्रदर्शन शानदार था.

    इसी के साथ पेरिस पैरालंपिक में भारत के लिए मेडलों की संख्या बढ़कर 29 पर पहुंच गई है. इसमें सात गोल्ड मेडल, नौ सिल्वर मेडल और 13 ब्रॉन्ज़ मेडल शामिल हैं. पदक तालिका में भी भारत 16वें नंबर पर पहुंच गया है.

  4. लखनऊ बिल्डिंग हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हुई

    उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर में शनिवार को एक इमारत के गिरने से बड़ा हादसा हो गया था.

    अब इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ तक पहुंच गई है. समाचार एजेंसी एएनआई ने राहत आयुक्त कार्यालय लखनऊ के हवाले से यह जानकारी दी है. साथ ही समाचार एजेंसी पीटीआई ने भी इसकी पुष्टि कर दी है.

    राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक़, इस हादसे में घायलों की संख्या 28 है. कार्यालय ने मृतकों और घायलों के नाम भी जारी कर दिए हैं.

    साथ ही कार्यालय ने यह भी बताया है कि रेस्क्यू का काम जारी है और एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की टीमें घटना स्थल पर मौजूद हैं.

    घटना पर शनिवार को उत्तर प्रदेश के एडीजी (कानून और व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया था कि कुल 24 व्यक्तियों को अभी तक रेस्क्यू किया गया है और उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.

    एडीजी ने कहा था कि एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़, फायर सर्विसेज़, नगर निगम, बिजली विभाग, मेडिकल विभाग ये सभी रिलीफ़ और रेस्क्यू में लगे हुए हैं.

  5. ताइवान में ‘यागी’ तूफ़ान से गई चार लोगों की जान, कई मछुआरे लापता

    ताइवान में ‘यागी’ तूफ़ान के चलते चार लोगों की मौत हुई है. इस तूफ़ान में ताइवान का उत्तरी हिस्सा सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ है.

    ‘यागी’ को इस साल एशिया का सबसे शक्तिशाली तूफ़ान भी कहा जा रहा है. इंडो-पैसेफ़िक ट्रॉपिकल साइक्लोन वॉर्निंग सेंटर के मुताबिक़, शनिवार की सुबह लगभग 203 कीमी की रफ़्तार के साथ यह तूफ़ान ताइवान के हाई फोंग और क्वांग निह राज्यों से टकराया था.

    तेज़ हवाओं के बाद उड़ने वाली धूल की वजह से इमारतों की ख़िड़कियों और गाड़ियों को नुक़सान हुआ है.

    हानोई में कई सारे पेड़ों के उखड़ने की वजह से बिजली सप्लाई की समस्या भी पैदा हो गई है.

    सरकारी मीडिया का कहना है कि ताइवान के उत्तरी राज्य क्वांग निह में इस तूफ़ान की वजह से तीन लोगों की जान गई है. वहीं हानोई के नज़दीक हाई दुआंग में एक व्यक्ति की मौत हुई है.

    इसी इलाक़े में 78 लोगों के घायल होने की ख़बरें भी हैं. साथ ही कई मछुआरे भी लापता हैं.

  6. फ़्रांस में हज़ारों लोग सड़कों पर क्यों उतरे

    फ़्रांस में जनता नए प्रधानमंत्री मिशेल बार्नियर के ख़िलाफ़ सड़कों पर उतर आई है. प्रदर्शनकारी मिशेल को प्रधानमंत्री नियुक्त किए जाने का विरोध कर रहे हैं.

    कुछ दिनों पहले ही फ़्रांस में चुनाव हुए थे. इस चुनाव में दक्षिणपंथी पार्टियों को हराने के लिए वामपंथी दलों ने अपना गठबंधन बनाया था.

    हलांकि पूरे चुनाव के दौरान दक्षिणपंथी पार्टियां मज़बूत नज़र आ रही थीं, लेकिन आख़िर में नतीजे वामपंथी पार्टियों के पक्ष में रहे.

    राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दक्षिणपंथी नेता मिशेल बार्नियर को प्रधानमंत्री नियुक्त किया है, जिसके बाद लोगों में नाराज़गी है.

    शनिवार को क़रीब एक लाख से भी ज़्यादा की तादाद में लोगों ने मिशेल की नियुक्ति का विरोध करते हुए सड़कों पर प्रदर्शन किया.

    यह विरोध ट्रेड यूनियनों और एनपीएफ़ के सदस्य कर रहे हैं. वे इस बात से नाराज़ हैं कि राष्ट्रपति ने उनके उम्मीदवार को प्रधानमंत्री पद के लिए खारिज कर दिया.

    फ़्रांस के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने कहा है कि पूरे देश भर में क़रीब एक लाख 10 हज़ार लोग इस प्रदर्शन में शामिल हुए. फ़्रांस की राजधानी पेरिस से भी क़रीब 26 हज़ार से ज़्यादा लोगों ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया.

    वहीं, दूसरी ओर यूरोपीय संघ के पूर्व ब्रेक्जिट वार्ताकार मिशेल बार्निए ने कहा कि वो सरकार बनाने के लिए लेफ्ट सहित अन्य दलों से बात करने को तैयार है.

  7. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाउंगा.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    इसराइली सेना दक्षिणी सीमा पर ग़ज़ा से लगी एक प्रमुख सड़क पर आजकल कोलतार बिछाने में लगी है. लेकिन इसराइली सेना ऐसा क्यों कर रही है जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    मणिपुर के जिरीबाम ज़िले में शनिवार सुबह हुई हिंसा की एक ताज़ा घटना में चार संदिग्ध चरमपंथियों और एक आम नागरिक की मौत हो गई है. पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    पेरिस पैरालंपिक में भारत का प्रदर्शन पेरिस ओलंपिक के मुक़ाबले ज़्यादा बेहतर रहा है. इस खेल समारोह में भारत ने अभी तक कुल कितने पदक जीते हैं, यह जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से विधानसभा चुनाव शुरू हो रहे हैं. लिहाज़ा राजनीतिक दल चुनावी घोषणाओं और बयानबाज़ी में लगे हुए हैं. पूर्ण राज्य के दर्जे पर अलग-अलग पार्टियों के क्या दावे हैं, जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    शनिवार के लाइव पेज पर जाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.