कटक के अस्पताल में आग से 10 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति मुर्मु और पीएम मोदी ने दुख जताया

इमेज स्रोत, ANI
ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आग की घटना में 10 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है.
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, "ओडिशा के कटक स्थित एक अस्पताल में भीषण आग की घटना में लोगों की मौत से बहुत व्यथित हूं. मेरी संवेदनाएं मृतक के परिवारों के साथ हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं."
वहीं, पीएम मोदी ने कहा, "कटक के अस्पताल में हुई घटना बहुत दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं."
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम नेशनल रिलीफ़ फ़ंड (पीएमएनआरएफ़) से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने का एलान किया.
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि घटना के ज़िम्मेदारों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सीएम माझी ने अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है. उनके मुताबिक़, यह आग ट्रॉमा सेंटर में लगी और उसके नज़दीक आईसीयू में भर्ती मरीज़ इसकी ज़द में आ गए.
संबंधित कहानी: ओडिशा: कटक के एससीबी अस्पताल में आग लगने से 10 लोगों की मौत








