You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ईरान ने इस्लामी देशों की सरकारों की आलोचना करते हुए पूछा- आप किस तरफ़ हैं?

ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के वरिष्ठ नेता अली लारिजानी ने एक पत्र जारी किया है, जिसमें इस्लामी देशों की सरकारों की आलोचना की है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. कटक के अस्पताल में आग से 10 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति मुर्मु और पीएम मोदी ने दुख जताया

    ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आग की घटना में 10 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है.

    राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, "ओडिशा के कटक स्थित एक अस्पताल में भीषण आग की घटना में लोगों की मौत से बहुत व्यथित हूं. मेरी संवेदनाएं मृतक के परिवारों के साथ हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं."

    वहीं, पीएम मोदी ने कहा, "कटक के अस्पताल में हुई घटना बहुत दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं."

    इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम नेशनल रिलीफ़ फ़ंड (पीएमएनआरएफ़) से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने का एलान किया.

    ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि घटना के ज़िम्मेदारों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

    सीएम माझी ने अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है. उनके मुताबिक़, यह आग ट्रॉमा सेंटर में लगी और उसके नज़दीक आईसीयू में भर्ती मरीज़ इसकी ज़द में आ गए.

  2. ट्रंप की होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने में मदद की अपील पर जापानी पीएम तकाइची क्या बोलीं

    जापान की प्रधानमंत्री सनाई तकाइची ने सोमवार को कहा कि उनके देश को होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने में मदद के लिए कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला है, लेकिन वह "उचित प्रतिक्रिया कैसे दी जाए" इस पर विचार कर रही हैं.

    इससे पहले, ट्रंप ने ईरान की ओर से इस समुद्री मार्ग को बंद करने की कोशिश से प्रभावित देशों से मदद मांगी थी. उन्होंने चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन का नाम उन देशों में लिया था जिनसे उन्हें मदद की उम्मीद है.

    तकाइची अगले हफ़्ते अमेरिका दौरे पर जा रही हैं. इससे पहले उन्होंने कहा कि जापान यह भी "जांच रहा है कि हम जहाज़ों और उनके चालक दल के लोगों की ज़िंदगी की सुरक्षा कैसे कर सकते हैं और हम कौन-कौन से क़दम उठा सकते हैं."

    उन्होंने कहा कि जापानी क़ानून के तहत समुद्र में किसी तरह की सुरक्षा या पुलिस कार्रवाई करना "बेहद मुश्किल" है.

    उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हमें यह देखना होगा कि मौजूदा क़ानूनी ढांचे के भीतर रहकर हम सबसे बेहतर क़दम क्या उठा सकते हैं."

  3. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ईरान बातचीत करना चाहता है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान बातचीत करना चाहता है. उन्होंने यह भी कहा कि ग़लत जानकारी फैलाने के लिए ईरान एआई का इस्तेमाल कर रहा है.

    ट्रंप ने ये बयान 'एयर फ़ोर्स वन' में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिए.

    ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करने के लिए बेताब है. कूटनीतिक बातचीत के बारे में उन्होंने बताया, "हम उनसे बात कर रहे हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे अभी तैयार हैं, हालांकि वे काफ़ी क़रीब पहुंच रहे हैं."

    उधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने रविवार को कहा कि ईरान ने "कभी भी युद्धविराम की मांग नहीं की है और न ही बातचीत की मांग की है."

    जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह ईरान पर जीत की घोषणा करने के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने कहा, "ऐसा करने की कोई वजह नहीं है."

    उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने इतना नुक़सान पहुंचाया है कि "अगर हम अभी उन्हें छोड़ दें तो उन्हें दोबारा खड़े होने में 10 साल लगेंगे."

    ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि मोजतबा ख़ामेनेई के समर्थन में एक चौक पर हज़ारों लोगों के जुटने की तस्वीरें, "कामिकाज़ी बोट्स" से जुड़े दावे और यूएसएस अब्राहम लिंकन पर हमले की ख़बरें एआई से बनाई गई हैं.

    हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई सबूत नहीं दिया.

  4. बांग्लादेश ने पाकिस्तान को तीसरे वनडे मैच में हराकर जीती सिरीज़

    बांग्लादेश ने तीसरे वनडे मैच में पाकिस्तान को 11 रनों से हराकर सिरीज़ 2-1 से जीत ली है.

    तीसरे और आख़िरी वनडे मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बांग्लादेश ने पाकिस्तान के सामने 291 रनों का लक्ष्य रखा. बांग्लादेश की शुरुआत काफ़ी अच्छी रही और पहले विकेट के लिए सैफ़ हसन और तंज़ीद हसन ने 105 रन की साझेदारी की.

    तंज़ीद हसन ने शतक जड़ते हुए 107 रन बनाए. उनके अलावा तौहीद हृदॉय ने 48, लिटन दास ने 41 और सैफ़ हसन ने 36 रन की पारी खेली.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 50 ओवरों में 279 रनों पर सिमट गई. पाकिस्तान की ओर से सलमान अली आग़ा ने शतकीय पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके.

    आग़ा ने 98 गेंदों में 106 रन बनाए.

    बांग्लादेश के तंज़ीद हसन को उनकी शतकीय पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया.

  5. ओडिशा: कटक के एससीबी अस्पताल में आग लगने से 10 लोगों की मौत, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई है. इसकी जानकारी राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दी है.

    यह घटना सोमवार तड़के तीन बजे की है.

    घटना के समय ड्यूटी पर तैनात अस्पताल के 11 सुरक्षाकर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने मरीजों को रेस्क्यू किया. इस दौरान आग और धुएं की वजह से रेस्क्यू करने वाले कर्मचारी भी घायल हो गए. घायलों का इलाज चल रहा है.

    मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया और मीडिया को बताया कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट से आग लगी है.

    उन्होंने बताया, "एससीबी मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा केयर सेंटर में संभवतः शॉर्ट सर्किट से आग लगी. ट्रॉमा से लगे आईसीयू में 23 मरीज़ भर्ती थे."

    उन्होंने बताया, "इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई. आईसीयू के मरीज़ों को दूसरी जगह शिफ़्ट किया गया, जिसके बाद तीन और लोगों की मौत हुई."

    सीएम माझी ने बताया कि इस घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना के ज़िम्मेदारों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

    इसके साथ ही उन्होंने घटना में जान गंवाने वाले मरीज़ों के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये का मुआवज़ा देने की घोषणा की.

  6. दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित की गईं, जानिए वजह

    दुबई के अधिकारियों ने बताया है कि सभी यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती क़दम के तौर पर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है.

    इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि वे एयरपोर्ट के नज़दीक लगी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं, जो एक "ड्रोन से संबंधित घटना" के कारण फ़्यूल टैंक के प्रभावित होने के बाद लगी है.

    यात्रियों को अपनी उड़ानों से जुड़ी जानकारी के लिए एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी गई है.

    फ़रवरी के अंत में अमेरिका और ईरान के बीच जंग शुरू होने से पहले दुबई एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा था और साल 2025 में यहां क़रीब 9 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की थी.

  7. सऊदी अरब में हमलों के बीच भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइज़री

    सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने क्षेत्र के मौजूदा हालात को देखते हुए अपने नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने, सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख़्ती से पालन करने और स्थानीय प्रशासन और दूतावास की ओर से दी गई सलाह को मानने के लिए कहा है.

    अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों से विशेष तौर पर यह कहा है कि वे मौजूदा हालात से जुड़े किसी भी 'वीडियो या ख़बर को साझा करने या दोबारा पोस्ट करने से परहेज़ करें'.

    मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के बीच खाड़ी देशों ने हमलों से जुड़े किसी भी मीडिया रिपोर्टिंग और सोशल मीडिया पोस्टिंग को लेकर सख़्त नियम लागू किए हैं.

    इनमें उन जगहों की तस्वीरें या वीडियो पोस्ट करने पर पूरी तरह रोक शामिल है, जो ईरानी हमलों का निशाना बनी हों.

    भारतीय दूतावास ने यह जानकारी भी दी है कि सऊदी अरब से भारत के लिए दोनों देशों की एयरलाइंस अपनी नियमित उड़ानें जारी रखे हुए हैं. भारत जाने वाले नागरिक इन उड़ानों का इस्तेमाल कर सकते हैं.

    सऊदी अरब समेत खाड़ी के कई देशों पर रविवार को भी हमले जारी रहे. सऊदी अरब की राजधानी रियाद के नज़दीक स्थित प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर ईरान ने कई मिसाइल और ड्रोन हमले किए.

  8. डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने को लेकर चीन और यूरोपीय देशों का ज़िक्र करते हुए क्या कहा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर यूरोपीय देश होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने में मदद नहीं करते हैं, तो यह नेटो के भविष्य के लिए "बहुत बुरा" होगा.

    इसके साथ ही ट्रंप ने उम्मीद जताई कि चीनी राष्ट्रपति के साथ बीजिंग में होने वाली उनकी आगामी बैठक से पहले चीन होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने में मदद करेगा. उन्होंने दावा किया कि चीन को "उसका 90 फ़ीसदी तेल इसी स्ट्रेट से मिलता है".

    ट्रंप ने यह बातें फ़ाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कही हैं.

    बीजिंग में यह बैठक मार्च के अंत में होनी है, लेकिन ट्रंप ने कहा कि वह चाहते हैं कि इससे पहले ही चीन कोई क़दम उठाए, क्योंकि बैठक दो हफ़्ते बाद होनी है और यह "लंबा समय" है.

    उन्होंने यह भी कहा कि उनकी चीन यात्रा टल भी सकती है, हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई और स्पष्ट जानकारी नहीं दी.

    नेटो और यूरोपीय सहयोगियों के बारे में बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि जिन देशों को होर्मुज़ स्ट्रेट से फ़ायदा होता है, उनके लिए इसे फिर से खोलने में मदद करना "उचित" है.

    ट्रंप का कहना है कि यूरोप और चीन खाड़ी से आने वाले तेल पर काफ़ी निर्भर हैं.

    उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दूसरे देशों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आती है, तो यह "नेटो के भविष्य के लिए बहुत बुरा" हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अपने यूरोपीय सहयोगियों के साथ "काफ़ी नरम" रहा है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, "हमें यूक्रेन के लिए उनकी मदद करना ज़रूरी नहीं था. यूक्रेन हमसे हज़ारों मील दूर है... लेकिन हमने उनकी मदद की. अब हम देखेंगे कि क्या वे हमारी मदद करते हैं. क्योंकि मैं लंबे समय से कहता आया हूं कि हम उनके लिए मौजूद रहेंगे, लेकिन वे हमारे लिए मौजूद नहीं रहेंगे. और मुझे यक़ीन नहीं है कि वे मौजूद होंगे."

    ट्रंप की यह टिप्पणी उस अपील के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन से होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने के लिए "साझा प्रयास" में शामिल होने को कहा था.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.