न्यूयॉर्क में 300 प्रदर्शनकारी छात्र हिरासत में, मेयर बोले शांतिपूर्वक प्रदर्शन ठीक पर तोड़-फोड़ बर्दाश्त नहीं

न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने कहा है कि कोलंबिया यूनिवर्सिटी के निवेदन पर उन्होंने बिल्डिंग के भीतर जमे हुए छात्रों के ख़िलाफ़ एक बड़ा अभियान चलाया था.

सारांश

  • कथित यौन उत्पीड़न वीडियो मामले में प्रज्वल रेवन्ना ने पहली बार अपना पक्ष रखते हुए कहा- 'पूछताछ में शामिल होने के लिए मैं बेंगलुरु में मौजूद नहीं हूं, इसलिए मैं अपने वकीलों के जरिए सीआईडी बेंगलुरु के संपर्क में हूं. सच्चाई जल्द ही सामने आएगी.'
  • कांग्रेस के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में चुनाव आयोग ने तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर पर प्रतिबंध लगाया है. वे 48 घंटों के लिए प्रचार नहीं कर पाएंगे.
  • पुलिस ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी और द सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ़ न्यूयॉर्क में 300 प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार कर लिया है.
  • जेडीएस ने प्रज्वल रेवन्ना को कथित यौन उत्पीड़न वीडियो मामले में पार्टी से निलंबित किया.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे

  1. कोलंबिया यूनिवर्सिटी: गिरफ़्तार छात्रों का प्रदर्शनकारियों ने ऐसे बढ़ाया हौसला

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नोमिया इक़बाल

    बीबीसी न्यूज़, कोलंबिया यूनिवर्सिटी से

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बाहर का माहौल अफ़रा-तफ़री वाला बना हुआ है.

    न्यूयॉर्क पुलिस की कई बसों को हमने यहां से जाते देखा है. बीबीसी के अमेरिका में पार्टनर चैनल सीबीएस की रिपोर्ट की मानें तो लगभग 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

    जब गिरफ्तार किए गए छात्रों के हाथों को बांधकर बसों तक ले जाया जा रहा था, तो बड़ी संख्या में बाक़ी प्रदर्शनकारी इन छात्रों का हौसला बढ़ाते देखे गए.

    एक व्यक्ति ने हम से कहा कि इन गिरफ्तारियों से पूरा शहर शर्मसार हुआ है.

    ग़ज़ा में इसराइल के हमलों के विरोध में अमेरिका की कई यूनिवर्सिटी में बीते दिनों से प्रदर्शन चल रहे हैं.

  2. कोलंबिया यूनिवर्सिटी में न्यूयॉर्क पुलिस की रेड, गिरफ़्तार किए गए छात्र प्रदर्शनकारी

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कैंपस में न्यूयॉर्क पुलिस मंगलवार को घुसी और कई प्रदर्शनकारी छात्रों को गिरफ्तार किया गया.

    कोलंबिया के स्टूडेंट रेडियो स्टेशन ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों को ले जाने के लिए न्यूयॉर्क पुलिस की बस यूनिवर्सिटी कैंपस से कुछ दूर 116वीं स्ट्रीट एंड ब्रॉडवे पर पहुंची है.

    यूएस टीवी नेटवर्क पर प्रसारित किए जा रहे फुटेज में दिखाया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी जिनमें से कइयों ने कोलंबिया-ब्रांड वाले स्वेटशर्ट औरअन्य तरह के कपड़े पहने हुए हैं वो इन बसों में घुस रहे हैं.

    हमें अब तक ये पता नहीं है कि कितने छात्रों की गिरफ़्तारी हुई है.

    सीएनएन को एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि न्यूयॉर्क पुलिस ने आज के ऑपरेशन में आंसू गैस का इस्तेमाल नहीं किया बल्कि फ्लैश बैंग ग्रेनेड का इस्तेमाल किया है.

    अमेरिका के न्यूयॉर्क में स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कैंपस में मंगलवार की रात न्यूयॉर्क पुलिस दाखिल हुई है.

    बीते कुछ दिनों से ग़ज़ा में युद्ध को लेकर फलस्तीनियों के समर्थन में अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में व्यापक विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं.

    ख़बर थी कि यहां छात्रों ने कैंपस में स्थित हैमिलटन हॉल पर कब्ज़ा कर लिया है. उनके खिड़कियां तोड़ कर अंदर घुस गए हैं.

    इसके बाद कैंपस में पुलिस दाखिल हुई.

  3. कोलंबिया यूनिवर्सिटी कैंपस में न्यूयॉर्क पुलिस के दाख़िल होने के बाद यूनिवर्सिटी ने कहा- हमारे पास कोई विकल्प नहीं था

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी ने न्यूयॉर्क पुलिस के कैंपस में दाखिल होने और मंगलवार के पूरे रात के घटनाक्रम पर बयान जारी किया है.

    यूनिवर्सिटी का बयान

    "आज रात 9 बजे के बाद न्यूयॉर्क पुलिस यूनिवर्सिटी के अनुरोध पर कैंपस में घुसी है. यह फ़ैसला हमारी कम्युनिटी में सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने के लिए किया गया.

    हमें खेद है कि प्रदर्शनकारियों ने अपने प्रदर्शन को आगे बढ़ाने और इसे बुरी स्थिति में ले जाने का विकल्प चुना. हमें रातों-रात पता चला कि हैमिल्टन हॉल पर कब्ज़ा कर लिया गया है, तोड़फोड़ की गई है और उसे ब्लॉक किया गया है तो हमारे पास पुलिस को बुलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा. कोलंबिया के सुरक्षाकर्मियों को इमारत से बाहर निकाल दिया गया, और हमारी फैसिलिटी टीम के एक सदस्य को धमकी दी गई. हम अपने कम्युनिटी की सुरक्षा को जोखिम में नहीं डाल सकते.

    यूनिवर्सिटी के ट्रस्टीज़ के बोर्ड सहित लीडरशिप टीम ने बीती पूरी रात और आज सुबह में बैठक की, हमारे छात्रों और पूरे कोलंबिया कम्युनिटी की सुरक्षा के लिए बेहतर प्लान बनाने के लिए सुरक्षा विशेषज्ञों और लॉ इनफोर्समेंट के साथ परामर्श किया. आज सुबह हमने तय किया कि ये लॉ इनफोर्समेंट का मामला है और न्यूयॉर्क पुलिस इससे निपटने के लिए सबसे उपयुक्त है.

    हमारा मानना है कि जिस ग्रुप ने इमारत में तोड़फोड़ की और उस पर कब्ज़ा कर लिया, उसका नेतृत्व ऐसे व्यक्तियों ने किया है जो यूनिवर्सिटी से नहीं हैं. अफसोस की बात है कि यह फैसला वेस्ट लॉन में कैंप लगाने वाले प्रदर्शनाकारियों के साथ एक सप्ताह से अधिक समय तक हुई सार्थक चर्चा के बाद लेना पड़ रहा है.

    हमने मंगलवार सुबह से मॉर्निंग साइड कैंपस में लोगों की संख्या को काफ़ी कम कर दिया था. दिनभर में, हमने अपने कम्युनिटी को कैंपस की इमारतों एक्सेस के बारे में अपडेट किया और अगले कुछ दिनों तक ऐसा करना जारी रखेंगे.

    एनवाईपीडी (न्यूयॉर्क पुलिस) तक पहुंचने का निर्णय प्रदर्शनकारियों के एक्शन के जवाब में किया गया,न कि उस कारण के लिए जिसका वे समर्थन कर रहे हैं. हमने यह स्पष्ट कर दिया है कि नियमों और कानून का उल्लंघन करने वाले प्रदर्शनकारी कैंपस अनिश्चितकाल तक बाधित नहीं कर सकते.

    मंगलवार की सुबह से प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन को खतरनाक और अस्थिर स्थिति में पहुंचा दिया- जिसमें संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, दरवाज़े और खिड़कियां तोड़ना, लोगों की एंट्री रोकना और हमारी सुविधाओं और सुरक्षा कर्मचारियों को बाहर निकालना शामिल है. हम उचित रूप इसका से जवाब दे रहे हैं, हमने पहले से स्पष्ट कर दिया है कि हम ऐसा करेंगे. हमारी कम्युनिटी की सुरक्षा करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.”

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कैंपस में दाख़िल हुई न्यूयॉर्क पुलिस, ग़ज़ा को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं छात्र

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नोमिया इकबाल

    कोलंबिया, अमेरिका से

    अमेरिका के न्यूयॉर्क में स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कैंपस में न्यूयॉर्क पुलिस दाखिल हुई है.

    बीते कुछ दिनों से ग़ज़ा में युद्ध को लेकर फलस्तीनियों के समर्थन में अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में व्यापक विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं.

    ख़बर है कि यहां छात्रों ने कैंपस में स्थित हैमिलटन हॉल पर कब्ज़ा कर लिया है. उनके खिड़कियां तोड़ कर अंदर घुसने की ख़बर थी.

    न्यूयॉर्क पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन "शुरू" हो गया है.

    इस समय स्थिति अस्थिर है और यह स्पष्ट नहीं है कि हॉल के अंदर कितनी संख्या में पुलिस फोर्स घुसी है या कितने लोगों को हिरासत में लिया गया है.

    टीवी पर जो फुटेज सामने आ रहे हैं उसमें पुलिस के लोग क्रेन और बड़ी सीढ़ियों के ज़रिए इमारत में घुसते दिख रहे हैं.

    विरोध प्रदर्शन में शामिल मुख्य छात्र समूहों में से एक ‘कोलंबिया स्टूडेंट्स फॉर जस्टिस इन फ़लस्तीन’ ने थोड़ी देर पहले सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था- "बड़े स्तर पर गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है."

    इस ग्रुप ने एक्स पर अपील की कि लोग छात्रों के समर्थन में आगे आएं.

  5. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    30 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.