You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एयर इंडिया विमान क्रैश: जांच करने वाली एजेंसी ने कहा- शुरुआती रिपोर्ट से नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी

एयरक्राफ्ट एक्सिडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने कहा है कि एयर इंडिया विमान हादसे की जांच अभी जारी है, इसलिए किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, संदीप राय

  1. ओडिशा: छात्रा की मौत पर विपक्षी दलों का बंद का आह्वान, कैसा है असर?, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी हिंदी के लिए

    गुरुवार को कांग्रेस समेत आठ विपक्षी दलों ने ओडिशा बंद का आह्वान किया है. बंद गुरुवार की सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगा.

    बंद का असर गुरुवार की सुबह पूरे राज्य में दिख रहा है. बालासोर के एफएम कॉलेज की छात्रा की मौत के बाद विपक्षी दलों ने बंद का आह्वान किया है.

    ओडिशा में स्कूल और कॉलेज बंद है. साथ ही दुकान, बाज़ार, शॉपिंग मॉल और सिनेमा हॉल भी बंद है. पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर भी असर पड़ा है.

    हालांकि, आपातकालीन सेवा जारी है. एंबुलेंस सर्विस और अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं पर बंद का कोई असर नहीं हुआ है. मेडिकल स्टोर भी खुले हुए हैं.

    इस बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभापति भक्त चरण दास ने एक वीडियो जारी कर लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से इस बंद में शामिल होने की अपील की है.

    सरकार ने क्या कदम उठाए?

    बंद को देखते हुए पुलिस बल तैनात किए गए हैं. लोक सेवा भवन (सचिवालय), विधानसभा और महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

    साथ ही राज्य सरकार ने ज़िला कलेक्टरों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है. कलेक्टरों को सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा और ज़रूरी सेवा प्रभावित नहीं हो, इसका ध्यान रखने के लिए कहा गया है.

    पुलिस कमिश्नर एस देबदत्त सिंह ने कहा है कि विरोध प्रदर्शन का अधिकार राजनीतिक दलों के पास है. क़ानून के ख़िलाफ़ जो भी काम करेगा, उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.

    कांग्रेस ने क्या मांग की है?

    बंद का आह्वान करने वाली कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने छात्रा की मौत की न्यायिक जांच की मांग की है.

    साथ ही विपक्षी दलों ने उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज, बालासोर के सांसद प्रताप सारंगी और बालासोर सदर विधायक मानस कुमार दत्त के इस्तीफ़े की भी मांग की है.

    कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने बालासोर के ज़िलाधिकारी सूर्यवंशी मयूर विकाश और पुलिस अधीक्षक राज प्रसाद के ख़िलाफ़ तत्काल कार्रवाई की भी मांग की है.

    विपक्षी दलों का आरोप है कि राज्य में बिगड़ती क़ानून-व्यवस्था ने लोगों की जान-माल को ख़तरे में डाल दिया है और क़ानून का राज ध्वस्त हो गया है.

    मामला क्या है?

    ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती छात्रा की मौत हो गई है.

    यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में कार्रवाई न होने से परेशान छात्रा ने शनिवार को आत्मदाह की कोशिश की थी.

    इसके बाद छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.

    छात्रा ने ओडिशा के बालासोर के फकीर मोहन कॉलेज में एक विभाग प्रमुख पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था.

    सोमवार को पुलिस ने कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष को गिरफ़्तार किया था. मामले में अभियुक्त विभागाध्यक्ष समीर साहू को भी गिरफ़्तार किया जा चुका है.

    छात्रा के परिवार का आरोप है कि बीते कई महीनों से उसके साथ यौन उत्पीड़न हो रहा था और उसने इसके ख़िलाफ़ कॉलेज प्रशासन से शिकायत भी की थी, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर छात्रा ने ऐसा कदम उठाया.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800 233 3330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

    ये भी पढ़ें-

  2. बिहार के सीएम नीतीश कुमार का ऐलान- 125 यूनिट तक नहीं देना होगा बिजली बिल

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को घोषणा की है कि एक अगस्त से सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा.

    उन्होंने बताया है कि जुलाई महीने के बिल से ही 125 यूनिट तक की बिजली का पैसा नहीं देना होगा.

    नीतीश कुमार ने कहा, "इससे राज्य के एक करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा. हमने यह भी तय किया है कि अगले तीन वर्षों में इन सभी घरेलू उपभोक्ताओं से सहमति लेकर उनके घर की छतों पर और नज़दीकी सार्वजनिक स्थल पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर लाभ दिया जाएगा."

    उन्होंने बताया, "कुटीर ज्योति योजना के तहत जो अत्यंत निर्धन परिवार होंगे, उनके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए पूरा खर्च राज्य सरकार करेगी. शेष के लिए भी सरकार उचित सहयोग करेगी."

    "इससे घरेलू उपभोक्ताओं को अब बिजली का 125 यूनिट तक कोई खर्च नहीं लगेगा. साथ ही साथ राज्य में अगले तीन वर्षों में एक अनुमान के अनुसार, 10 हज़ार मेगावाट तक सौर ऊर्जा उपलब्ध हो जाएगी."

    नीतीश कुमार ने यह ऐलान ऐसे समय में किया है, जब इस साल के आख़िर में बिहार में विधानसभा चुनाव होना है.

  3. बांग्लादेश: गोपालगंज में हुई हिंसा में चार लोगों की मौत, शहर में कर्फ्यू

    बांग्लादेश के गोपालगंज में बुधवार को नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) की रैली में हुई हिंसा में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है.

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक अंतरिम सरकार ने बयान जारी कर कहा है कि हिंसा में जो भी शामिल होगा, उसके ख़िलाफ़ कानून के तहत कार्रवाई होगी.

    वहीं, एनसीपी के संयोजक नाहिद इस्लाम ने हिंसा में शामिल लोगों को 24 घंटों में गिरफ्तार करने की मांग की है.

    एनसीपी ने घोषणा की है कि गुरुवार को देशभर में उनका विरोध प्रदर्शन होगा.

    स्थिति को देखते हुए गोपालगंज में गुरुवार की शाम 6 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया गया है. शहर में सुरक्षाकर्मी गश्त लगा रहे हैं.

  4. सीरिया पर इसराइली हमले के बाद अमेरिका ने कहा, 'हिंसा ख़त्म करने पर बनी है सहमति'

    इसराइली सेना ने बुधवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क स्थित रक्षा मंत्रालय और दक्षिणी सीरिया में सरकारी बलों पर हमला किया.

    इसी दौरान ड्रूज़ बहुल प्रांत में सांप्रदायिक हिंसा चौथे दिन भी जारी रही.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा, "हम अपने ड्रूज़ भाइयों को बचाने और सीरिया में हथियारबंद गिरोहों को ख़त्म करने के लिए काम कर रहे हैं."

    सीरियाई विदेश मंत्रालय ने इसराइल पर 'धोखेबाज़ी से की गई आक्रामकता' का आरोप लगाया.

    हिंसा का दौर

    आदिवासी बद्दू और ड्रूज़ मिलिशिया के बीच हुए संघर्ष में अब तक 300 लोगों की जान जा चुकी है.

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि वह दक्षिण सीरिया में हो रही हिंसा से 'बहुत चिंतित' हैं, लेकिन उन्होंने भरोसा जताया है कि हिंसा जल्द ही ख़त्म हो जाएगी.

    उन्होंने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, "हमने कुछ खास क़दमों को लेकर सहमति बनाई है. ये कदम इस परेशान करने वाली और भयावह स्थिति को आज रात खत्म कर देंगे."

    सीरिया के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह 'मौजूदा संकट का शांतिपूर्ण समाधान निकालने' के लिए अमेरिका के प्रयास का स्वागत करता है.

    अब तक इसराइल ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.