You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नेपाल और चीन के बीच हुआ बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव समझौता, भारत पर क्या होगा असर

नेपाल और चीन ने बुधवार को बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) के फ्रेमवर्क पर हस्ताक्षर किए हैं. प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इसकी पुष्टि की.

सारांश

  • नेपाल और चीन ने बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) के फ्रेमवर्क पर हस्ताक्षर किए हैं
  • असम सरकार ने राज्य के होटलों-रेस्टोरेंट और सार्वजनिक कार्यक्रमों में गोमांस परोसे जाने को बैन कर दिया है.
  • अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि जब वह दिल्ली के मुख्यमंत्री थे तब उनपर बिजली कंपनियों को अदानी को सौंपने का दबाव डाला गया था
  • पाँच दिसंबर 2024 को देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के 31वें मुख्यमंत्री के रूप में मुबंई के आजाद मैदान में शपथ लेंगे

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और अश्वनी पासवान

  1. सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलने के मामले के बारे में बोले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्वर्ण मंदिर में अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलने के मामले में प्रतिक्रिया दी है और पुलिस की मुस्तैदी की सराहना की है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "पंजाब पुलिस ने आज एक बड़ी वारदात होने से रोकी. पंजाब पुलिस की मुस्तैदी का नतीजा है कि पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की साज़िश नाकाम हो गई है. पुलिस ने अपनी मुस्तैदी से मौके पर ही हमलावर को गिरफ्तार करके बड़ी कामयाबी हासिल की. मैं पुलिस की मुस्तैदी की सराहना करता हूँ."

    "सुखबीर बादल जी पर हुए हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूँ. मैंने पुलिस को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि इस घटना की जल्द जांच करके रिपोर्ट सौंपी जाए."

    बुधवार सुबह अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल अकाल तख़्त की सुनाई सज़ा भुगत रहे थे, जब उनपर गोली चली. इस हमले में बादल बाल-बाल बच गए.

    घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने सुखबीर सिंह बादल को घेर लिया. पुलिस के मुताबिक गोली चलाने वाला नारायण सिंह है.

    नारायण सिंह खालिस्तान आंदोलन के दौरान सक्रिय रहे हैं और कथित तौर पर खालिस्तान लिबरेशन फोर्स और अकाल फेडरेशन से जुड़े रहे हैं.

  2. देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे, कब लेंगे शपथ?

    पाँच दिसंबर 2024 को देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के 31वें मुख्यमंत्री के रूप में मुबंई के आजाद मैदान में शपथ लेंगे. उनके शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे.

    बीबीसी मराठी को मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम तक महायुति गठबंधन के नेता फडणवीस के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.

    इससे पहले बुधवार को ही देवेंद्र फडणवीस को बीजेपी ने विधायक दल का नेता चुना.

    उनके नाम का प्रस्ताव चंद्रकांत दादा पाटिल ने दिया था. उनके इस प्रस्ताव को सुधीर सच्चिदानंद मुनगंटीवार, पंकजा मुंडे और कई अन्य नेताओं ने समर्थन दिया.

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 132, शिवसेना को 57 और एनसीपी को 41 सीटों पर जीत मिली थी. कुल 288 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान और 23 नवंबर को मतगणना हुई थी.

  3. संभल जाने से रोके जाने को राहुल गांधी ने बताया संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन, प्रियंका क्या बोलीं?

    राहुल गांधी ने संभल जाने से रोके जाने को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के तौर उनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है.

    24 नवंबर को उत्तर प्रदेश के संभल में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा हुई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी. राहुल गांधी मृतकों के परिजनों से मिलने संभल जा रहे थे.

    उन्होंने कहा, "हम संभल जाने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस मना कर रही है, जाने नहीं दे रही है. नेता प्रतिपक्ष के तौर पर मेरा अधिकार बनता है, मैं जा सकता हूं. मगर तब भी वे मुझे रोक रहे हैं. मैंने कहा है कि मैं अकेला जाने को तैयार हूं, पुलिस के साथ जाने को तैयार हूं. लेकिन वो बात भी स्वीकार नहीं की गई."

    "अब कह रहे हैं कि कुछ दिनों में अगर हम वापस आएंगे तो हमें जाने देंगे. ये असल में नेता प्रतिपक्ष के अधिकारों के ख़िलाफ़ है. मुझे जाने दिया जाना चाहिए. "

    राहुल गांधी ने इस दौरान संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा कि उन्हें रोका जाना संविधान के ख़िलाफ़ है. हम संभल जाना चाहते हैं, वहां देखना चाहते हैं कि क्या हुआ. लोगों से मिलना चाहते हैं लेकिन मेरा जो संवैधानिक अधिकार है, वो मुझे दिया नहीं जा रहा है.

    राहुल गांधी ने कहा, "ये नया हिंदुस्तान है, संविधान को ख़त्म करने का हिंदुस्तान है.आंबेडकर जी के संविधान को ख़त्म करने का संविधान है. मगर हम लड़ते रहेंगे. "

    राहुल गांधी के साथ उनकी बहन और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद हैं. इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं, उनका संवैधानिक अधिकार है, उन्हें मिलना चाहिए. उन्हें (संभल) जाने की अनुमति दी जानी चाहिए.

    दरअसल, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कांग्रेस नेताओं को हिंसा प्रभावित संभल जाने के रास्ते में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के गाज़ीपुर बॉर्डर पर पुलिस ने रोक दिया.

    संभल में 29 नवंबर से लेकर 10 दिसंबर तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत बाहरी लोगों की आवाजाही पर पाबंदी है.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, बीजेपी ने देवेंद्र फडणवीस को विधायक दल का नेता चुना

    देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र में बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है.

    बीजेपी की अगुवाई वाले महायुति गठबंधन ने बीते महीने हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल किया था.

    बीजेपी विधायक दल की बैठक में देवेंद्र फडणवीस को सर्वसम्मति से नेता चुना गया है. बीजेपी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी को पर्यवेक्षक बनाकर महाराष्ट्र भेजा था.

    महाराष्ट्र के सीएम पद के लिए एकनाथ शिंदे का नाम भी आगे आ रहा था. एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री कार्यकाल में देवेंद्र फडणवीस डिप्टी सीएम थे. नतीजों के बाद सरकार गठन की कोशिशों के बीच एकनाथ शिंदे, अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाक़ात की थी.

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 132, शिवसेना को 57 और एनसीपी को 41 सीटों पर जीत मिली थी. कुल 288 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान और 23 नवंबर को मतगणना हुई थी.

  5. संभल जा रहे राहुल और प्रियंका गांधी के काफ़िले को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के गाज़ीपुर बॉर्डर पर रोका गया

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश के संभल जाने के दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के गाज़ीपुर सीमा पर रोक लिया गया है.

    उनके साथ वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य कांग्रेस नेता भी थे. ये सभी नेता बीते दिनों हिंसा से प्रभावित रहे संभल जा रहे थे.

    राहुल गांधी को रोके जाने पर कांग्रेस ने एक वीडियो ट्वीट किया है. कांग्रेस ने कहा है, "नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी जी संभल में पीड़ित परिवारों से मिलना चाहते हैं. यूपी सरकार पुलिस और प्रशासन लगाकर उन्हें रोक रही है. आख़िर यूपी सरकार को किस बात का डर है? कौन सी ऐसी बात है जो छिपाई जा रही है?"

    मंगलवार को ही संभल के ज़िलाधिकारी ने पड़ोस के चार ज़िलों गाज़ियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और अमरोह के प्रशासन से राहुल गांधी को रोकने के लिए चिट्ठी लिखी थी.

    चिट्ठी में लिखा गया, "29 नवंबर से 10 दिसम्बर तक संभल में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लगा दिया गया है."

    "राहुल गांधी की गतिविधियों पर सतर्क नज़र रखी जाए और संभल जाने के दौरान अपने जनपद की सीमा में ही रोकने का निर्देश जारी जारी किया जाए."

    संभल में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान 24 नवंबर को हिंसा हुई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी. राहुल गांधी मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए वहां जा रहे हैं.

  6. दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी नेता प्रवेश रतन आम आदमी पार्टी में हुए शामिल

    अगले साल दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रवेश रतन आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं.

    बुधवार को आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में प्रवेश रतन को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई.

    आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद प्रवेश रतन ने कहा, "मैं केजरीवाल जी के बारे में जितना कहूंगा उतना कम होगा क्योंकि उन्होंने दिल्ली को एक रूप ही नहीं, उन्होंने दिल्ली को वो सब दिया जो आज तक कभी नहीं मिला. उनके कामों से प्रभावित होकर मैं आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहा हूं."

    वहीं प्रवेश रतन की आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेने पर मनीष सिसोदिया ने कहा, "मैं आज बहुत खुश हूं कि अरविंद केजरीवाल जी के जो काम है और उनके मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार ने जो काम किए है. उन सब कामों से विशेष रूप से गरीब तबके को, उनमें दलित, एससी समाज और पिछले वर्गों के लिए जो काम हुए है. इससे उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और नौकरियों का फायदा मिला है और इससे उनकी प्रगति हुई है. उससे प्रेरित होकर प्रवेश रतन जी आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं."

  7. स्वर्ण मंदिर के बाहर सुखबीर बादल पर गोली चली, पुलिस ने बताया हमलावर का नाम

    बुधवार सुबह अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में गोली चली है.

    फ़ायरिंग उस जगह पर हुई जहां अकाली दल के नेता और सूबे के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल अकाल तख़्त की सुनाई सज़ा भुगत रहे हैं.

    वीडियो में एक बुज़ुर्ग को सुखबीर सिंह बादल की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है. ये व्यक्ति पिस्तौल निकाल कर गोली चलाता है लेकिन उसे बादल के साथ मौजूद लोग पकड़ लेते हैं.

    समाचार एजेंसियों के मुताबिक हमला करने वाले के पास से पिस्तौल बरामद कर ली गई है.

    घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने सुखबीर बादल को घेर लिया था.

    कौन है हमलावर?

    अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने पुष्टि की है कि जब सुखबीर सिंह बादल सेवारत थे तो उन पर हमले की कोशिश की गई थी.

    पुलिस के मुताबिक गोली चलाने वाला नारायण सिंह है.

    नारायण सिंह खालिस्तान आंदोलन के दौरान सक्रिय रहे हैं और कथित तौर पर खालिस्तान लिबरेशन फोर्स और अकाल फेडरेशन से जुड़े रहे हैं.

    सज़ा काट रहे हैं बादल

    सोमवार को अकाल तख़्त ने बादल और उनकी कैबिनेट के अधिकांश सदस्यों को धार्मिक सज़ा सुनाई थी.

    इसके तहत बादल को स्वर्ण मंदिर के गेट पर बरछा लिए पहरा देने की सज़ा दी गई थी.

  8. अफ्रीकी देश नामीबिया को मिली पहली महिला राष्ट्रपति

    नेतुम्बो नंदी-नदैतवाह वो पहली महिला हैं जिन्हें अफ्रीकी देश नामीबिया के राष्ट्रपति के तौर पर चुना गया है.

    इससे पहले नंदी-नदैतवाह उपराष्ट्रपति पद का कार्यभार संभाल रही थीं. वह सत्ताधारी पार्टी दक्षिण पश्चिम अफ्रीका पीपल्स ऑर्गेनाइजेशन (स्वापो) की सदस्य हैं.

    उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में 57 फीसदी से अधिक वोट हासिल किए हैं जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी पांडुलेनी इतुला को 26 फीसदी वोट मिले हैं.

    लेकिन पांडुलेनी इतुला ने शनिवार को नदैतवाह की पार्टी पर चुनावी प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए चुनावी नतीजों को मनाने से इंकार किया है.

    द नामीबियन अखबार के मुताबिक, मंगलवार शाम को नामीबिया की राजधानी विंडहोक में अधिकांश विपक्षी दलों ने चुनावी नतीजों का बहिष्कार किया है.

  9. दक्षिण कोरिया के घटनाक्रम पर अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

    पिछले 24 घंटों में दक्षिण कोरिया में जो कुछ हुआ है उस पर अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की है.

    बयान में लिखा है, "अमेरिका ने पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण कोरिया में हुई घटनाओं पर करीब से नजर रखी है. हम राष्ट्रपति यून के उस बयान का स्वागत करते हैं जिसमें उन्होंने कहा कि नेशनल असेंबली की सर्वसम्मति पर वो कोरिया के संविधान के तहत आपातकालीन मार्शल लॉ रद्द करेंगे."

    "हम उम्मीद करते हैं कि राजनीतिक मतभेद शांतिपूर्ण ढंग से और कानून के तहत सुलझाए जाएंगे."

    "हम लोकतंत्र और कानून के तहत कोरिया के लोगों और अमेरिका- कोरिया गठबंधन के लिए अपने समर्थन की पुष्टि करते हैं."

    मंगलवार को दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक-योल ने देश में मार्शल लॉ की घोषणा की थीं.

    लेकिन दक्षिण कोरिया की नेशनल असेंबली में सांसदों ने राष्ट्रपति के इस फैसले को बहुमत से पलट दिया. इसके बाद बुधवार की सुबह मार्शल लॉ लगाने का आदेश वापस ले लिया गया.

  10. दक्षिण कोरिया में मार्शल लॉ का आदेश वापस, सड़कों पर उतरे हज़ारों लोग

    बुधवार सुबह दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक-योल ने घोषणा की कि उन्होंने देश में मार्शल लॉ लगाने का आदेश वापस ले लिया है.

    देश की नेशनल असेंबली में मौजूद 190 सांसदों ने सर्वसम्मति से इस फैसले पर अपना विरोध जताया था. जिसके बाद मार्शल लॉ को हटाया गया.

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने कहा, "नेशनल असेंबली की मांग पर मार्शल लॉ हटा दिया गया है और सेना को वापस बुला लिया गया है. मैं नेशनल असेंबली की मांग स्वीकार करता हूं."

    मार्शल लॉ के आदेश को हटाने के कुछ घंटों बाद ही दक्षिण कोरिया में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं.

    प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति यून सुक-योल के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.

    मंगलवार शाम को दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक-योल ने देश में मार्शल लॉ की घोषणा की थीं.

    उन्होंने कहा था कि ये कदम देश विरोधी तत्वों को ख़त्म करने के लिए उठाया गया है.

  11. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत दोपहर दो बजे तक आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल यानी 3 दिसंबर के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए त्रिपुरा की राजधानी अगरतला स्थित बांग्लादेश उप उच्चायोग में वीजा और वाणिज्य दूतावास से जुड़े सारे कामकाज रोक दिए. पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    - महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन को मिली बड़ी जीत के बाद एक बार फिर सीएम पद की रेस में देवेंद्र फडणवीस का नाम सुर्खियों में है. आइए जानते हैं उनके राजनीतिक सफर के बारे में.

    -अजमेर की एक स्थानीय अदालत ने अजमेर शरीफ़ दरगाह के नीचे 'मंदिर' का दावा करने वाली याचिका को स्वीकार कर लिया था. पढ़िए क्या हैं पूरा मामला.