ईरान: विरोध प्रदर्शनों की वजह से फ़्लाइट्स प्रभावित, कई इमारतों में आग

इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच तुर्की की राजधानी इस्तांबुल से तेहरान जाने वाली एक फ्लाइट के कैंसल होने की ख़बरें आई हैं.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ इस फ़्लाइट के यात्रियों का कहना है कि ऐसा लगता है कि उनके विमान को उतरने की इजाज़त नहीं दी गई, और ऐसी ही वजहों से तबरीज़ और इस्फ़हान जाने वाली फ्लाइट्स का रास्ता भी बदल दिया गया है.
ईरान में 12 दिनों से लगातर हो रहे प्रदर्शनों के दौरान तेहरान में कई इमारतों में आग लगी हुई है.
बीबीसी फ़ारसी के वेरिफ़ाई किए गए फ़ुटेज में ईरान की राजधानी तेहरान में इमारतों में आग लगी हुई दिख रही है, क्योंकि सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन पूरे देश में फैल गए हैं.
वीडियो में तेहरान के घोलहक और सआदत आबाद इलाक़ों में इमारतों में आग लगी हुई दिख रही है.
मानवाधिकार समूहों के अनुसार, ईरान की मुद्रा के गिरने से हुई निराशा के कारण देश के सभी 31 प्रांतों के 100 से ज़्यादा शहरों और क़स्बों में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं.









