अफ़ग़ानिस्तान के 'अस्पताल पर पाकिस्तानी हमले' पर भारत की कड़ी प्रतिक्रिया
भारत ने अफ़ग़ानिस्तान के काबुल में पाकिस्तान की ओर से 'अस्पताल में हुए हमले' की निंदा करते हुए उसे 'कायरतापूर्ण' और 'जनसंहार' बताया है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसको लेकर एक बयान जारी किया है.
बयान में कहा गया, "यह कायरतापूर्ण और अनैतिक हिंसक कृत्य है, जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिकों की जान गई है. जिस जगह को किसी भी स्थिति में सैन्य टारगेट नहीं माना जा सकता, उसे निशाना बनाया गया."
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, "पाकिस्तान अब इस जनसंहार को सैन्य अभियान के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है."
इसके अलावा भारत ने इस हमले को 'अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला' कहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने की अपील की है.
अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने राजधानी काबुल में "एक नशा मुक्ति अस्पताल पर हमले" किए हैं. इसमें "सैकड़ों लोग मारे गए" हैं.
वहीं, पाकिस्तान का कहना है कि उसकी सेना ने काबुल और नंगरहार में अफ़ग़ान तालिबान शासन के 'आतंकवाद को समर्थन देने वाले सैन्य ठिकानों' पर हमले किए हैं.