You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में भगदड़, चार की मौत

आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में बुधवार रात भगदड़ मच गई. इसमें चार लोगों की मौत हो गई.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और अश्वनी पासवान

  1. असम की कोयला खदान में फंसे एक मज़दूर का शव मिला, बाकियों को तलाशने का काम जारी

    असम के दीमा हसाओ ज़िले के उमरांगशु इलाक़े में एक कोयला खदान में फंसे नौ मज़दूरों में से एक का शव मिला है.

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी सूचना दी है.

    असम राइफ़ल्स, एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की संयुक्त टीम बचाव अभियान में लगी है. बचावकर्मी लगातार मज़दूरों को खोजने में लगे हैं.

    इससे पहले एनडीआरएफ़ फ़र्स्ट बटालियन के डिप्टी कमांडेंट एन तिवारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया था कि मंगलवार को अभियान शाम को रोका गया था लेकिन बुधवार को सुबह ये फिर शुरू हो गया.

    ये मज़दूर सोमवार सुबह क़रीब 8 बजे असम के दीमा हसाओ ज़िले के उमरांगशु इलाक़े में एक कोयला खदान से कोयला निकालने गए थे.

    इन मज़दूरों को बचाने के लिए एनडीआरएफ़ के बचावकर्मी मंगलवार को अलग-अलग समय पर पांच बार खदान के अंदर गए लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी.

  2. बांग्लादेश की पूर्व पीएम ख़ालिदा ज़िया इलाज के लिए लंदन रवाना, क़तर ने भेजी एयर एंबुलेंस

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की चीफ खालिदा ज़िया इलाज के लिए लंदन रवाना हो चुकी हैं.

    बीबीसी की बांग्ला सेवा के मुताबिक़ मंगलवार रात 10 बजे वो क़तर की ओर से भेजी गई एयर एंबुलेंस से लंदन रवाना हो गईं.

    बीएनपी के संयुक्त महासचिव रूहुल कबीर रिजवी की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि ख़ालिदा ज़िया रात आठ बजे गुलशन हाउस से शाह जलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना हुईं.

    लंदन पहुंचने के बाद उन्हें सीधे लंदन के एक क्लिनिक में भर्ती कराया जाएगा.

    बांग्ला सेवा के अनुसार डॉक्टरों के कहने पर उन्हें इलाज के लिए अमेरिका के जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी अस्पताल भी ले जाया जा सकता है.

    खालिदा ज़िया लीवर सिरोसिस, हृदय और किडनी से जुड़ी बीमारियों से जूझ रही हैं.

    बांग्लादेश में शेख़ हसीना की सरकार के पतन के बाद ख़ालिदा ज़िया को जेल से रिहा कर दिया गया था. वो भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद थी. उन्हें 17 साल की कैद की सजा मिली थी.

  3. रॉकेट साइंटिस्ट वी. नारायणन होंगे इसरो के नए चीफ

    रॉकेट साइंटिस्ट वी. नारायणन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो के नए चेयरमैन होंगे.

    नारायणन को मंगलवार को अंतरिक्ष विभाग का सचिव नियुक्त किया गया. नारायणन मौजूदा इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ की जगह लेंगे. सोमनाथ का कार्यकाल अगले सप्ताह ख़त्म हो रहा है.

    भारत सरकार ने एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है, "कैबिनेट की नियुक्ति कमिटी ने लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम सेंटर,वालिमाला के डायरेक्टर को अंतरिक्ष विभाग और अंतरिक्ष आयोग के सचिव के तौर पर नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है. उनका कार्यकाल दो साल के लिए होगा,’’

    अंतरिक्ष विभाग के सचिव ही इसरो के चैयरमैन होते हैं.

  4. अमेरिका में लॉस एंजेलिस के जंगलों में लगी आग, हज़ारों लोग घर छोड़कर भागे

    अमेरिका में लॉस एंजेलिस के जंगलों में लगी आग फैलती जा रही है. 20 एकड़ के दायरे में लगी आग कुछ ही घंटों में 1200 एकड़ में फैल गई है.

    फायर डिपार्टमेंट के चीफ क्रिस्टिन क्रोले ने कहा है कि 30 हज़ार लोगों को यहां से निकालने के आदेश दिए गए हैं. जंगल में लगी इस आग से 13 हज़ार इमारतों को ख़तरा है.

    कुछ वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि पैसिफिक पेलिसाडेस इलाके के नज़दीकी इलाकों के घरों से घना धुआं उठता दिख रहा है. यहां रहने वाले लोग अपने घरों और गाड़ियों को छोड़कर भागते दिख रहे हैं.

    कैलिफ़ोर्निया के लाखों लोगों के लिए चेतावनी जारी की गई है. आग और फैलने का ख़तरा है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - बाइडन के जाते-जाते अमेरिका से भारत के लिए अहम घोषणा, क्या होगा इसका असर

    - कनाडा के मीडिया में जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफ़े पर कही जा रही हैं कई तरह की बातें

    - रोहित शर्मा ने ख़ुद को लेकर इतना मुश्किल फ़ैसला क्यों लिया, क्या इसका दबाव बाक़ियों पर भी पड़ेगा?

    - राजस्थान में ज़मीन से निकले पानी के सरस्वती नदी होने के दावे में कितना दम है?

    - चीन के युवा अच्छी पढ़ाई के बाद भी निराश क्यों हैं?