डॉ. गीतांजलि जे अंगमो ने अपने पति सोनम वांगचुक के हवाले से अनशन ख़त्म करने की एक शर्त विपक्ष के सामने रखी है.
उन्होंने रविवार की शाम को जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन मंच से कहा कि अगर विपक्षी दल उन्हें आश्वासन दें कि वे शिक्षा और जवाबदेही के मुद्दे को ज़ोरदार तरीके़ से संसद सत्र में उठाने का आश्वासन सोनम को मिलकर देते हैं तो ही वो अनशन तोड़ेंगे.
ग़ौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी और उनके समर्थन में 21 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े की रही है.
डॉ. गीतांजलि ने मंच पर सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके की मौजूदगी में कहा, "आज बहुत से नेता यहां आए तो सोनम का यह कहना है कि कल अगर सांसद और नेता उनसे सफ़दरजंग अस्पताल में मिलकर उन्हें यह आश्वासन दें कि वो जवाबदेही की बात इस संसद सत्र में उठाएंगे या संसदीय सत्र का मुख्य मुद्दा शिक्षा और जवाबदेही रखें तो ही वे कल अपना अनशन तोड़ेंगे."
ग़ौरतलब है कि सोमवार को सीजेपी ने संसद मार्च की कॉल दी है और बड़ी संख्या में समर्थक जंतर मंतर पर शाम से ही जुट गए हैं. उधर, दिल्ली पुलिस ने कहा है कि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं ली गई है.
संसद मार्च को लेकर यह बोलीं गीतांजलि
फिर कुछ घंटों के बाद अब उनका यह बयान आया है कि कल अनशन तोड़ने की शर्त से जुड़ा है. हालांकि मंच से उन्होंने अपने पति सोनम वांगचुक का यह संदेश भी अपने समर्थकों को दिया है कि सोमवार को सभी शांतिपूर्ण ढंग से संसद मार्च में शामिल हों.
वांगचुक की तबीयत का हाल बताया
उन्होंने मंच से अपने पति वांगचुक की सेहत को ठीक बताया और कहा कि उन्होंने कोशिश की मगर वे उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कराने में क़ामयाब नहीं हुईं.
वहीं, रविवार शाम को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी हुए हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक़, "सोनम के शरीर के महत्वपूर्ण जीवन संकेत (वाइटल पैरामीटर) स्थिर हैं, जबकि खून संबंधी पैरामीटर में कुछ सुधार देखा गया है. फिर भी उनकी सेहत की मॉनिटरिंग आवश्यक है."
बता दें कि अपने बयान में डॉ. गीतांजलि ने कई नेताओं के रविवार को प्रदर्शन में आने की बात कही. इस दिन कुछ बड़ी हस्तियों ने प्रदर्शन में भाग लिया जिनमें बॉलीवुड की वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आज़मी और तमिल फ़िल्मों के जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज शामिल हैं.
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया मंच पर आए.
इसके अलावा, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना दल ने दादर के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया जिसमें आदित्य ठाकरे शामिल रहे.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.
(कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.)