होर्मुज़ स्ट्रेट पर निर्भरता घटाने के लिए इराक़ तेल निर्यात के नए रास्ते बनाएगा
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और होर्मुज़ स्ट्रेट पर निर्भरता कम करने की कोशिशों के बीच इराक़ भी अपने तेल निर्यात के लिए वैकल्पिक रास्ते तलाश रहा है.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, इसी क्रम में इराक़ सरकार बसरा से तुर्की और सीरिया तक नई तेल पाइपलाइन बिछाने की योजना पर विचार कर रही है.
इराक़ के तेल मंत्री बासिम मोहम्मद ख़ुज़ैर ने बताया है कि सरकार एक रणनीतिक पाइपलाइन परियोजना की समीक्षा कर रही है. प्रस्तावित योजना के तहत पाइपलाइन दक्षिणी शहर बसरा से किरकुक तक जाएगी और वहां से तुर्की के जेहान बंदरगाह तक पहुंचेगी.
इसके अलावा पाइपलाइन को सीरिया के भूमध्यसागरीय तट पर स्थित बनियास बंदरगाह तक बढ़ाने की संभावना भी जांची जा रही है.
शनिवार को वॉशिंगटन में इराक़ी सरकारी समाचार एजेंसी से इराक़ी तेल मंत्री बासिम मोहम्मद ख़ुज़ैर ने बात की. उन्होंने कहा कि तेल मंत्रालय की स्पष्ट रणनीति तेल निर्यात के रास्तों में विविधता लाने की है, ताकि देश केवल होर्मुज़ स्ट्रेट पर निर्भर न रहे.
यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब खाड़ी के कई तेल उत्पादक देश भी होर्मुज़ को दरकिनार करने वाले वैकल्पिक निर्यात मार्ग विकसित कर रहे हैं.
क्षेत्रीय तनाव या समुद्री मार्गों में किसी बाधा की स्थिति में तेल आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य देश भी पाइपलाइन तथा वैकल्पिक बंदरगाहों के ज़रिये निर्यात क्षमता बढ़ाने पर काम कर रहे हैं.