You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत और पाकिस्तान की स्थिति पर क़रीबी नज़र, दोनों पक्षों के संपर्क में: अमेरिका

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया है कि अमेरिका भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव पर 'क़रीबी नज़र' बनाए हुए है.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, सुरभि गुप्ता और इफ़्तेख़ार अली

  1. क्या भारत और पाकिस्तान के नेताओं ने 'जोखिम' उठाया है?, अनबरासन एथिराजन, दक्षिण एशिया एडिटर, बीबीसी वर्ल्ड सर्विस

    दो परमाणु संपन्न देशों भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है.

    भले ही बीते कुछ दिनों से अंदेशा जताया जा रहा था कि भारत पाकिस्तान के ख़िलाफ़ किसी तरह की सैन्य कार्रवाई कर सकता है, लेकिन जिस पैमाने पर ये हमले किए गए, उसने कई लोगों को हैरान कर दिया है.

    भारत का कहना है कि उसने पाकिस्तन की जिन जगहों पर बमबारी की है, उनमें कुछ चरमपंथियों से जुड़ी थीं और उनका निशाना पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने नहीं थे.

    पाकिस्तान ने कहा है कि वो जवाबी कार्रवाई करेगा. कार्रवाई के स्वरूप पर ही भारत की आगे की प्रतिक्रिया भी निर्भर करेगी.

    दोनों ही देशों को लगता है कि वो तनाव को बढ़ने से रोक सकते हैं, लेकिन हालात गंभीर हैं और ये अनुमान लगाना मुश्किल है कि सैन्य संघर्ष अब किस दिशा मे बढ़ेगा.

    पूर्व में अमेरिका और दूसरे अन्य देश भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने की कोशिशें करते रहे हैं.

    ऐसे में ट्रंप प्रशासन, जिसका ध्यान फ़िलहाल दूसरे वैश्विक मुद्दों पर है, वो दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को कम करने के लिए क्या और कितनी जल्दी क़दम उठाएगा ये देखना होगा.

    इस बीच दोनों देशों के नेता अपने नागरिकों को यही दिखाना चाहेंगे कि उन्होंने निर्णायक क़दम उठाया है और कामयाब हुए हैं. लेकिन हालात कभी भी क़ाबू से बाहर हो सकते हैं.

  2. भारतीय एयरलाइंस की ट्रैवल एडवाइज़री, कई उड़ानें रद्द

    भारत के "ऑपरेशन सिंदूर" शुरू किए जाने के बाद कई एयरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइज़री जारी की है.

    एयर इंडिया, स्पाइसजेट और इंडिगो ने ट्रैवल एडवाइज़री जारी कर कई क्षेत्रों की उड़ानें प्रभावित होने की जानकारी दी है.

    एयर इंडिया ने एक्स पर पोस्ट किया, "मौजूदा स्थिति को देखते हुए, एयर इंडिया ने 7 मई को दोपहर 12 बजे तक जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं."

    एयरलाइन ने आगे जानकारी दी, "अमृतसर जाने वाली दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दिल्ली की ओर मोड़ा जा रहा है."

    स्पाइसजेट ने पोस्ट किया, "मौजूदा स्थिति के कारण, धर्मशाला, लेह, जम्मू, श्रीनगर और अमृतसर सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हवाई अड्डे अगले आदेश तक बंद किए गए हैं."

    इंडिगो ने एक्स पर पोस्ट किया, "हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों के कारण, श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़ और धर्मशाला से आने-जाने वाली हमारी उड़ानें प्रभावित हुई हैं."

    तीनों ही एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करके ही एयरपोर्ट पहुंचें.

  3. भारत के हमले पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री क्या बोले?

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने दावा किया है कि भारत ने आम नागरिकों को निशाना बनाया है.

    ख़्वाजा आसिफ़ ने बीबीसी उर्दू से कहा, "देखिए, वो (भारत) ये दावा कर रहे हैं कि उन्होंने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है. मैं अंतरराष्ट्रीय मीडिया से कहूंगा कि वे सारे साइड खुद आकर देख लें कि ये आतंकी ठिकाने थे या सिविल आबादी थी, जिसमें हमारी दो मस्जिदें भी थीं.

    "एक बच्चा शहीद हुआ है. एक ख़ातून शहीद हुई हैं. मेरे पास ताज़ा आंकड़ा नहीं है शहादतों का, लेकिन ये सभी सात टारगेट जिनकी पुष्टि हुई है, इनमें से दो कश्मीर में और पांच पाकिस्तान में हैं. ये सभी टारगेट सिविल आबादी पर थे."

    पाकिस्तानी सेना ने भी बीबीसी से पुष्टि की है कि भारत के हमले में दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई है.

  4. संयुक्त राष्ट्र प्रमुख की भारत और पाकिस्तान से अपील, कहा- सैन्य संयम बरतें

    भारत सरकार ने बयान जारी कर पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर मिसाइल हमला करने की जानकारी दी है. इस पर संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रतिक्रिया दी गई है.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता ने कहा कि गुटेरेस नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार भारतीय सैन्य अभियानों को लेकर बहुत चिंतित हैं.

    एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफ़न दुजारिक ने कहा, "वह (एंटोनियो गुटेरेस) दोनों देशों से अधिकतम सैन्य संयम बरतने की अपील करते हैं. दुनिया भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव बर्दाश्त नहीं कर सकती."

    इससे पहले 5 मई को गुटेरेस ने एक्स पर पोस्ट किया था, "भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव पिछले कई सालों में सबसे ज़्यादा है. मैं 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूँ."

  5. पाकिस्तान का दावा, भारत के हमले में दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत, पीएम शहबाज़ शरीफ़ क्या बोले?

    पाकिस्तानी सेना ने बीबीसी को बताया है कि भारत के हमले में दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई है.

    दूसरी ओर पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि भारत के हवाई हमलों में मस्जिद सहित कई जगहों को निशाना बनाया गया है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "पाकिस्तान को इस उकसावे के बिना किए गए भारतीय हमले का निर्णायक रूप से जवाब देने का पूर्ण अधिकार है."

    "पूरा देश अपनी सेना के साथ एकजुट होकर खड़ा है. हमारा मनोबल और संकल्प अटूट बना हुआ है. हमारी दुआएं और शुभकामनाएं पाकिस्तान के बहादुर अधिकारियों और सैनिकों के साथ हैं."

    शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "पाकिस्तान की जनता और उसकी सेनाएं किसी भी ख़तरे का सामना करने और उसे पराजित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं."

    "दुश्मन को कभी भी अपने नापाक इरादों में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा."

  6. भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर किया मिसाइल हमला

    भारत सरकार ने अब से कुछ देर पहले बयान जारी करके कहा है कि सेना ने "ऑपरेशन सिंदूर" शुरू किया है.

    भारत सरकार ने अपने बयान में कहा है, ''इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पाकिस्तान के क़ब्ज़े वाले कश्मीर में आतंकी ढांचे को निशाना बनाया गया है, जहां से भारत पर आतंकी हमलों की योजना बनाई गई थी और उन्हें अंजाम दिया गया था."

    बयान में ये भी कहा गया है कि "कुल नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया है."

    दूसरी ओर पाकिस्तान के सरकारी टीवी ने सेना के प्रवक्ता के हवाले से बताया है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर तीन जगहों पर मिसाइलों से हमला किया है.