पीएम मोदी ने यूपीए सरकार की ट्रेड डील पर की बात, कांग्रेस बोली- 'मनमोहन सिंह ने कभी सरेंडर नहीं किया'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि यूपीए सरकार के दौरान आर्थिक कुप्रबंधन की वजह से ट्रेड पर बात नहीं हो सकी.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. भारत-पाकिस्तान मैच पर सौरव गांगुली बोले, अभिषेक शर्मा को लेकर कही यह बात

    सौरव गांगुली

    इमेज स्रोत, Shubhajit Roy Karmakar/NurPhoto via Getty

    इमेज कैप्शन, सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के साथ हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद जताई (फ़ाइल फ़ोटो)

    टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले मुक़ाबले को लेकर पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि इस मैच में जबरदस्त रोमांच होना चाहिए.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में सौरव गांगुली ने कहा, "मैच हाई वोल्टेज होना चाहिए. पिछले कई सालों से ऐसा हुआ नहीं है. मैच अच्छा होना चाहिए."

    भारतीय टीम की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा, "भारत की टीम बहुत अच्छी है, बहुत मज़बूत है. आशा करेंगे कि सिर्फ़ पाकिस्तान के ख़िलाफ़ ही नहीं, पूरे वर्ल्ड कप में अच्छा खेले."

    सौरव गांगुली ने वर्ल्ड कप में भारत के साथ होने वाले मैच का बॉयकॉट करने के पाकिस्तान के फ़ैसले की आलोचना की.

    उन्होंने कहा, "उनका फ़ैसला ग़लत था. क्रिकेट खेलना चाहिए. आप वर्ल्ड कप कैसे मिस कर सकते हो? पर अच्छा हुआ कि वे खेल रहे हैं. उनके लिए भी अच्छा है क्योंकि वर्ल्ड कप में प्वॉइंट खोना सही नहीं है."

    इसके अलावा पूर्व भारतीय कप्तान ने पाकिस्तान के साथ हाई स्कोरिंग मैच की भी उम्मीद जताई.

    अभिषेक शर्मा को लेकर उन्होंने कहा, "अभिषेक शर्मा फिट है, ये इंडिया के लिए बहुत अच्छी ख़बर है... ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, पांड्या, दुबे, सब छक्के मारते हैं."

  2. अमेरिका में लापता भारतीय छात्र का शव बरामद, भारतीय दूतावास ने क्या बताया

    सैन फ़्रांसिस्को पुलिस

    इमेज स्रोत, Mitchell Layton/Getty

    इमेज कैप्शन, भारतीय कंसुलेट ने कहा कि सैन फ़्रांसिस्को पुलिस ने लापता भारतीय छात्र का शव बरामद होने की पुष्टि की है (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिका के सैन फ़्रांसिस्को में एक लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव पुलिस ने बरामद किया है. इसकी जानकारी सैन फ़्रांसिस्को स्थित भारतीय कंसुलेट ने दी.

    इससे पहले भारतीय कंसुलेट ने साकेत श्रीनिवासैया के लापता होने पर शनिवार को चिंता जताई थी और कहा था कि वह लापता छात्र के परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है.

    भारतीय कंसुलेट ने रविवार को एक बयान में कहा, "कंसुलेट को यह बताते हुए गहरा दुख है कि स्थानीय पुलिस ने लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद होने की पुष्टि की है. इस बेहद कठिन समय में हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं."

    दूतावास ने कहा कि अधिकारी छात्र के परिवार के संपर्क में हैं और सभी ज़रूरी औपचारिकताओं में उनका सहयोग करेंगे.

    भारतीय कंसुलेट के मुताबिक़, साकेत श्रीनिवासैया कर्नाटक के रहने वाले थे. वह यूसी बर्कले से पोस्ट-ग्रैजुएशन कर रहे थे.

  3. टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच से पहले सलमान खुर्शीद क्या बोले

    सलमान ख़ुर्शीद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सलमान ख़ुर्शीद ने कहा कि देश की भावना का सम्मान होना चाहिए (फ़ाइल फ़ोटो)

    टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले मैच से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान ख़ुर्शीद ने खेल में सियासत पर टिप्पणी की है.

    सलमान ख़ुर्शीद ने कहा, "देश की भावना का सम्मान होना चाहिए. इस पर कोई दो राय नहीं है. लेकिन देश की भावना का सम्मान आंखें बंद कर, आंखें मूंद कर और दिमाग़ का इस्तेमाल न करके नहीं किया जाता है."

    उन्होंने कहा, "लीडरशिप का काम यह होता है कि आप सही रास्ता दिखाएं भी. लीडरशिप का काम सिर्फ़ यह नहीं होता कि आपको अवाम रास्ता दिखाए. अवाम का सम्मान हमेशा होना चाहिए. यह लोकतंत्र की ज़िम्मेदारी है."

    "लेकिन लोकतंत्र में आपका यह भी दायित्व बनता है कि आप रास्ता बताएं. सही रास्ता क्या है वो दिखाएं और उस सही रास्ते पर चलने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करें."

    टी20 वर्ल्ड कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में मैच होना है. यह मैच शाम सात बजे शुरू होगा.

  4. अमेरिकी विदेश मंत्री बोले, तनाव के बावजूद अमेरिका और यूरोप 'एक साथ'

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, रुबियो ने कहा कि ट्रांसअटलांटिक साझेदारी को समाप्त करना "न तो हमारा लक्ष्य है और न ही हमारी इच्छा"

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने यूरोपीय नेताओं को आश्वस्त किया है कि अमेरिका ट्रांसअटलांटिक गठबंधन को छोड़ने की योजना नहीं बना रहा है. उन्होंने कहा कि यूरोप के साथ इसकी तक़दीर 'हमेशा जुड़ी रहेगी'.

    अमेरिकी विदेश मंत्री ने म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में कहा, "हम अलग होने की कोशिश नहीं कर रहे हैं, बल्कि एक पुरानी दोस्ती को फिर से जीवित और मानव इतिहास की सबसे महान सभ्यता को ताज़ा करना चाहते हैं."

    उन्होंने यूरोप की इमिग्रेशन, व्यापार और जलवायु नीतियों की आलोचना की, लेकिन उनका भाषण पिछले साल इसी कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति जेडी वांस के भाषण से काफ़ी अलग था. उस दौरान जेडी वांस ने यूरोपीय नेताओं को फटकार लगाई थी.

    यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फ़ॉन डेयेर लेयेन ने कहा कि वह रुबियो की टिप्पणियों से "काफ़ी आश्वस्त" हैं.

    रुबियो ने कहा कि ट्रांसअटलांटिक साझेदारी को समाप्त करना "न तो हमारा लक्ष्य है और न ही हमारी इच्छा". उन्होंने कहा, "हम अमेरिकी लोगों के लिए हमारा घर भले ही वेस्टर्न हेमिस्फियर (पश्चिमी गोलार्द) में है, लेकिन हम हमेशा यूरोप की संतान रहेंगे."

  5. एस जयशंकर रूसी तेल ख़रीद और भारत की रणनीतिक स्वायत्तता के सवाल पर क्या बोले

    एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, RAMIL SITDIKOV/POOL/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्री ने कहा कि कभी-कभी ऐसा भी हो सकता कि वह ऐसे फ़ैसले लें जो दूसरों की सोच से मेल न खाएं

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ़्रेंस में शामिल होने के लिए जर्मनी गए हुए हैं, जहां एक चर्चा के दौरान उनसे भारत की रणनीतिक स्वायत्तता और रूसी तेल ख़रीद से जुड़ा सवाल किया गया.

    जयशंकर से पूछा गया कि 'हाल में अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते को लेकर कहा गया कि भारत को रूस से तेल नहीं ख़रीदने पर मजबूर किया जा रहा है. क्या इससे आपकी रणनीतिक स्वायत्तता पर असर नहीं पड़ रहा?'

    इस पर एस जयशंकर ने कहा, "मुझे लगता है कि हम अपनी रणनीतिक स्वायत्तता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं क्योंकि यह हमारे इतिहास और हमारे विकास की प्रक्रिया का अहम हिस्सा रही है."

    उन्होंने कहा, "जहां तक ऊर्जा (तेल) से जुड़े मुद्दों की बात है, आज के दौर में बाज़ार काफ़ी जटिल है. जैसा कि यूरोप और शायद दुनिया के अन्य हिस्सों में है, भारत में तेल कंपनियां उपलब्धता को देखती हैं, लागत को देखती हैं, जोखिम को परखती हैं और फिर वही फ़ैसले लेती हैं जिन्हें वे सबसे ज़्यादा अपने हित में मानती हैं."

    भारतीय विदेश मंत्री ने दुनिया के बदलते परिदृश्य पर भी बात की और कहा कि बहुत सी चीज़ें बदल रही हैं और सब अपना आकलन लगा रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "ज़रूरी नहीं कि हम हर बात पर सहमत हों, लेकिन मेरा मानना है कि अगर साझा हित और समानताएं तलाशने की इच्छा हो तो वह संभव है."

    जयशंकर ने कहा, "लेकिन अगर आपका सवाल यह है कि क्या मैं स्वतंत्र सोच बनाए रखूंगा और अपने फ़ैसले खुद लूंगा? और क्या मैं ऐसे विकल्प चुनूंगा जो कभी-कभी आपकी सोच या किसी और की सोच से मेल न खाएं, तो हां, ऐसा हो सकता है."

    हाल ही में भारत और अमेरिका ने व्यापार समझौते पर सहमति का एलान किया. दोनों देशों ने एक फ्रेमवर्क पर सहमति जताई है.

    इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि भारत ने रूसी तेल ख़रीद रोकने पर सहमति दी है. हालाँकि, भारत की ओर से अब तक इस पर कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है.

    भारत का कहना है कि वह सारे फ़ैसले अपने हितों को ध्यान में रखते हुए लेता है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.