यरूशलम में हुई गोलीबारी पर पीएम मोदी बोले- आतंकी हमले की निंदा करते हैं

यरूशलम में सोमवार को 6 लोगों की हुई मौत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय और इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. यरूशलम में हुई गोलीबारी पर पीएम मोदी बोले- आतंकी हमले की निंदा करते हैं

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने यरूशलम में हुई मौतों पर दुख जताया है

    यरूशलम में सोमवार को 6 लोगों की हुई मौत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है.

    दरअसल, यरूशलम में फ़लस्तीनी बंदूक़धारियों के हमले में 6 लोगों की मौत हो गई और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

    इसी को लेकर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है.

    उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "यरूशलम में निर्दोष नागरिकों पर हुए घृणित आतंकी हमले की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं."

    प्रधानमंत्री ने कहा, "हम पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं."

    उन्होंने कहा, "भारत हर प्रकार और हर रूप में आतंकवाद की निंदा करता है और आतंकवाद के प्रति अपनी ज़ीरो टॉलरेंस नीति पर दृढ़ता से कायम है.''

    इसराइली पुलिस ने कहा कि दो 'आतंकवादियों' ने शहर के उत्तरी हिस्से रेमट जंक्शन पर एक बस स्टॉप पर गोलीबारी की, जवाबी कार्रवाई में एक सुरक्षा अधिकारी और एक नागरिक ने गोली चलाई और हमलावरों को 'मार' दिया.

    अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. हालांकि हमास ने इस घटना की सराहना की है.

  3. पुतिन और शी जिनपिंग के साथ ब्रिक्स देशों के वर्चुअल शिखर सम्मेलन में एस. जयशंकर ने क्या कहा?

    एस. जयशंकर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जगह एस. जयशंकर ने वर्चुअल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया है

    भारत के विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने वर्चुअल तौर पर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रिक्स देश अलग-अलग समाज व्यवस्थाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन मौजूदा वैश्विक घटनाक्रमों से सभी प्रभावित हैं.

    उन्होंने कहा कि हाल के सालों में कोविड महामारी का असर, यूक्रेन और पश्चिम एशिया में संघर्ष, व्यापार और निवेश में अस्थिरता, भीषण जलवायु घटनाएं और एसडीजी एजेंडा की धीमी प्रगति जैसी चुनौतियां सामने आई हैं.

    जयशंकर के मुताबिक़, इन परिस्थितियों में बहुपक्षीय व्यवस्था नाकाम दिख रही है और यही चिंता ब्रिक्स देशों में चर्चा का विषय बनी है.

    उन्होंने कहा कि अब ज़रूरी है कि हम अपनी राष्ट्रीय नीतियों में साझा आधार तलाशकर अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था और वैश्विक व्यवस्था को स्थिर करने पर ध्यान दें.

    साथ ही उन्होंने कहा कि मौजूदा संघर्षों पर ध्यान देना अहम है, क्योंकि इनका सीधा असर विकास और सप्लाई चेन पर पड़ता है.

    जयशंकर ने शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और समूह के कई अन्य नेताओं ने भाग लिया.

  4. ट्रंप के सलाहकार नवारो ने भारत के रूस से तेल ख़रीदने पर फिर एक्स पर किया पोस्ट

    पीटर नवारो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीटर नवारो ने भारत के रूस से तेल ख़रीदने पर प्रतिक्रिया दी है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने सोमवार को फिर से भारत पर टिप्पणी की है.

    भारत के रूस से तेल ख़रीदने को उन्होंने 'ब्लड मनी' क़रार दिया है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन युद्ध से पहले भारत ने मॉस्को से बड़ी मात्रा में तेल नहीं ख़रीदा था.

    नवारो ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर लिखा, "सच यह है कि भारत ने रूस से यूक्रेन पर हमले से पहले बड़ी मात्रा में तेल नहीं ख़रीदा. यह ब्लड मनी है और लोग मर रहे हैं."

    इससे पहले नवारो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर मस्क के बहाने लिखा था कि "भारतीय सरकार का प्रचार तंत्र पूरी ताक़त से काम कर रहा है."

    दरअसल, मामला पीटर नवारो की एक एक्स पोस्ट से जुड़ा था जिस पर एक्स की तरफ़ से कम्युनिटी नोट यानी फ़ैक्ट चेक से संबंधित नोट लगाया गया था.

    नवारो इस कम्युनिटी नोट से ख़ासे नाराज़ दिखे और एलन मस्क पर प्रोपेगैंडा चलाने का आरोप लगा दिया.

  5. पंजाब बाढ़: राज्य सरकार ने प्रति एकड़ इतना मुआवज़ा देने का किया एलान

    मंत्री हरपाल सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मंत्री हरपाल सिंह का कहना है कि बाढ़ के कारण जिन लोगों के भी घर टूटे हैं उसका पंजाब सरकार सर्वे करवा रही है

    पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सोमवार को कहा है कि बाढ़ प्रभावित किसानों को पंजाब सरकार मुआवज़ा देगी.

    उन्होंने कहा, "पंजाब कई दिनों से लगातार बाढ़ से प्रभावित है. अस्वस्थ होने के बावजूद, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कैबिनेट की मीटिंग की."

    हरपाल सिंह के मुताबिक़, पंजाब सरकार बाढ़ प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ 20 हज़ार रुपये का मुआवज़ा देगी और उन्हें बिना किसी की अनुमति के अपने खेतों से रेत खनन की इजाज़त दी है.

    उनका कहना है कि बाढ़ के कारण जिन लोगों के भी घर टूटे हैं, उसका पंजाब सरकार सर्वे करवा रही है और सर्वे के बाद उन लोगों को भी मुआवज़ा दिया जाएगा.

    उन्होंने कहा, "साथ ही जिन लोगों के पशुओं की मृत्यु हुई है, उसका भी मुआवज़ा पंजाब सरकार देगी."

    मंत्री हरपाल सिंह ने कहा, "इसके अलावा कल (मंगलवार) देश के प्रधानमंत्री पंजाब में आ रहे हैं, मैं उनका स्वागत करता हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि जो हमारे फ़ंड पेंडिंग पड़े हैं, वह भी तुरंत जारी होने चाहिए."

  6. बिहार एसआईआर: सुप्रीम कोर्ट ने आधार कार्ड को लेकर फिर दिया निर्देश

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा है कि आधार कार्ड को भी 12वें दस्तावेज़ के रूप में शामिल किया जाए

    बिहार में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) प्रक्रिया को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई.

    सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई में चुनाव आयोग को दोबारा निर्देश दिया कि बिहार में चल रहे एसआईआर के लिए पहचान पत्र के तौर पर आधार को भी स्वीकार किया जाए.

    जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमल्या बागची की पीठ ने कहा कि आधार को 12वें दस्तावेज़ के रूप में शामिल किया जाना चाहिए.

    चुनाव आयोग ने एसआईआर के लिए 11 दस्तावेज़ तय किए थे, जिनमें आधार शामिल नहीं था.

    एडवोकेट अश्विनी उपाध्याय

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एडवोकेट अश्विनी उपाध्याय ने पांच राज्यों में एसआईआर कराने को लेकर आवेदन दायर किया है

    वहीं एडवोकेट अश्विनी उपाध्याय ने पत्रकारों से कहा, "आज मैंने अलग से एक आवेदन दायर किया कि जिन पांच राज्यों में 2026 में चुनाव हैं, वहां तत्काल एसआईआर शुरू किया जाए."

    उन्होंने कहा, "असम, बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी, इन पांच राज्यों में अगले साल चुनाव होना है. इसलिए मैंने मांग की कि इस पर तत्काल एसआईआर शुरू किया जाए. सुप्रीम कोर्ट ने आज चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया है और अगले सोमवार (15 सितंबर) को इस पर फिर सुनवाई होगी."

    अश्विनी उपाध्याय ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि चुनाव आयोग इस दौरान अपनी तैयारी पूरी कर लेगा और अगली सुनवाई से पहले इन पांच राज्यों में एसआईआर की टाइमलाइन घोषित कर देगा."

  7. जम्मू-कश्मीर: कुलगाम मुठभेड़ में दो चरमपंथियों की मौत, दो जवान घायल

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कुलगाम के गुड्डर जंगल में मुठभेड़ जारी है (सांकेतिक तस्वीर)

    भारतीय सेना के चिनार कोर ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम ज़िले में सोमवार को हुई मुठभेड़ में दो चरमपंथी मारे गए हैं और सेना के दो जवान घायल हो गए हैं.

    चिनार कोर ने एक्स पोस्ट में बताया, "विशेष ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और सीआरपीएफ़ ने कुलगाम के गुड्डर जंगल में एक साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया."

    बयान में कहा गया, "जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी और उन्हें चुनौती देने पर आतंकियों ने फ़ायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया, जबकि एक जूनियर कमीशंड अधिकारी घायल हो गए."

    इसके कुछ देर बाद सेना ने जानकारी दी कि इस ऑपरेशन में एक और 'आतंकी' को ढेर किया गया है.

    चिनार कोर ने अपने बयान में कहा, "कुलगाम के गुड्डर जंगल में जारी ऑपरेशन में एक और आतंकी मारा गया है. एक सैनिक घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है. मारे गए आतंकियों की पहचान की जा रही है."

  8. गणेश विसर्जन के दौरान पथराव के बाद कर्नाटक के मड्डूर में तनाव, क्या है पूरा मामला?, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए

    कर्नाटक

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कर्नाटक के मड्डूर में तनाव की स्थिति बनी हुई है

    कर्नाटक के बेंगलुरु से 80 किलोमीटर दूर मांड्या ज़िले के मड्डूर में रविवार शाम गणेश विसर्जन शोभायात्रा पर पथराव के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. इसके बाद वहां कर्फ़्यू लागू कर दिया गया है.

    सोमवार सुबह पुलिस ने उन लोगों पर लाठीचार्ज किया जो भगवा झंडे लेकर मस्जिद के पास पथराव का विरोध कर रहे थे. रविवार हुए पथराव में कम से कम आठ लोग घायल हुए हैं.

    रविवार शाम की हिंसा के कारण इलाक़े में काफ़ी तनाव की स्थिति बनी हुई है. इससे पहले भी सितंबर 2024 में मांड्या ज़िले के मड्डूर से 63 किलोमीटर दूर नागमंगला तालुक में भी ऐसी स्थिति देखने को मिली थी.

    मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेंगलुरु में पत्रकारों को बताया कि रविवार रात की हिंसा में 21 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    उन्होंने कहा, "दोषी चाहे हिंदू हों या मुस्लिम, किसी को बख्शा नहीं जाएगा. राज्य के किसी और हिस्से में ऐसा कोई मामला नहीं हुआ है. अगर पुलिस की भी ग़लती साबित हुई तो हम उन्हें भी नहीं छोड़ेंगे."

    कर्नाटक के डीजीपी एम.ए. सलीम ने बीबीसी हिन्दी से कहा, "मैंने उन अधिकारियों को भी भेजा है जिन्होंने पहले मांड्या ज़िले में काम किया है, ताकि लोग हिंसा से दूर रहें और शांति स्थापित की जा सके."

    पुलिस अधिकारियों के मुताबिक़ (जिन्होंने नाम न बताने की शर्त पर हम से बात की है), जब रात क़रीब 8 बजे गणेश विसर्जन शोभायात्रा एक मस्जिद के पास से गुज़री तो आसपास की इमारतों से कुछ उपद्रवियों ने कथित तौर पर पथराव किया.

    इसके बाद दोनों समुदायों के बीच झड़प हो गई. कुछ लोग पास की दूसरी मस्जिद के सामने भी विरोध करने लगे. पुलिस तुरंत मौके़ पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित की.

    वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत की और शांति बनाए रखने की अपील की है.

    हालांकि सोमवार सुबह फिर बड़ी संख्या में लोग भगवा शॉल और झंडों के साथ मड्डूर में इकट्ठा हो गए. जिसको देखते हुए पुलिस बल भी बढ़ा दिया गया और वरिष्ठ अधिकारी भी वहां पहुंचे हैं.

    गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने बेंगलुरु में पत्रकारों से कहा कि 'सब कुछ नियंत्रण में है.'

    वहीं, विपक्ष के नेता आर. अशोक ने कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना की और आरोप लगाया कि 'सरकार पत्थरबाज़ों को संरक्षण दे रही है और पुलिस हिंसा का विरोध करने वालों पर ही लाठीचार्ज कर रही है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को हिंदुओं से माफ़ी मांगनी चाहिए."

  9. खड़गे के '40 एकड़ ज़मीन' वाले वायरल वीडियो पर बीजेपी का आया बयान

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

    इमेज स्रोत, HD Kumaraswamy/X

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तीखी आलोचना की है. आरोप है कि उन्होंने कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित इलाके़ कलबुर्गी में एक किसान से बातचीत के दौरान उसका अपमान किया.

    बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पास एक ग़रीब किसान अपनी मटर की फ़सल बाढ़ में बर्बाद होने की पीड़ा बताने गया था."

    रविशंकर प्रसाद के मुताबिक़, "उससे उन्होंने (खड़गे) कहा कि यहां क्यों आए हो? दिखावा क्या करते हो? तुम्हारी 4 एकड़ है, मेरी 40 बीघा बर्बाद हो गई."

    बीजेपी सांसद ने कहा कि इससे एक बात पता चली कि कांग्रेस अध्यक्ष कलबुर्गी में 40 एकड़ ज़मीन रखते हैं.

    दरअसल, खड़गे की किसान से बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, वीडियो में खड़गे किसान से पूछते हैं, "आपने कितने एकड़ में बुआई की?" किसान जवाब देता है, "चार एकड़." इस पर खड़गे कहते हैं, "मेरे पास तो 40 एकड़ है."

    इस पूरे मामले पर अभी तक मल्लिकार्जुन खड़गे ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  10. यरूशलम में गोलीबारी में पांच लोगों की मौत और कई घायल

    इसराइल में गोलीबारी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइली पुलिस का कहना है कि दो बंदूक़धारियों ने रेमट जंक्शन पर एक बस स्टॉप पर गोलीबारी की

    यरूशलम में फ़लस्तीनी बंदूक़धारियों के हमले में पांच लोगों की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. यह जानकारी पैरामेडिक्स और पुलिस ने दी है.

    इसराइल की एंबुलेंस सेवा मगन डेविड एडोम ने बताया कि मरने वालों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं. तीन पुरुषों की उम्र क़रीब 30 साल और एक पुरुष और महिला की आयु लगभग 50 साल है.

    गोली लगने से घायल नौ लोगों को और कांच टूटने से घायल तीन अन्य लोगों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

    इसराइली पुलिस ने कहा कि दो 'आतंकवादियों' ने शहर के उत्तरी हिस्से रेमट जंक्शन पर एक बस स्टॉप पर गोलीबारी की, जवाबी कार्रवाई में एक सुरक्षा अधिकारी और एक नागरिक ने गोली चलाई और हमलावरों को 'मार' दिया.

    अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. हालांकि हमास ने इस घटना की सराहना की है.

    पुलिस ने बताया कि बड़ी संख्या में अधिकारी इलाके़ की सुरक्षा में तैनात हैं. साथ ही बम निरोधक यूनिट यह सुनिश्चित कर रही है कि जगह पूरी तरह सुरक्षित हो, जबकि फॉरेंसिक टीमें सबूत इकट्ठा कर रही हैं.

  11. भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार ने भी माना ट्रंप के टैरिफ़ से भारत की जीडीपी को होगा नुक़सान

    वी. अनंत नागेश्वरन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वी. अनंत नागेश्वरन का मानना है कि अतिरिक्त टैरिफ़ कम अवधि का साबित होगा

    ट्रंप के टैरिफ़ को लेकर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले संभावित असर को भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने भी स्वीकार किया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ़ लगा दिया है जिससे भारत पर कुल अमेरिकी टैरिफ़ 50 प्रतिशत हो गया है और यह पिछले महीने के अंत से लागू हो गया है.

    मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने सोमवार को ब्लूमबर्ग टीवी को दिए एक साक्षात्कार में कहा, 'अमेरिकी टैरिफ़ से इस वर्ष देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में आधा प्रतिशत की कमी आ सकती है."

    उन्होंने उम्मीद जताई कि अतिरिक्त टैरिफ़ कम अवधि का साबित होगा.

    उन्होंने ब्लूमबर्ग से कहा कि "यह इस बात पर निर्भर करता है कि टैरिफ़ कितने समय तक रहता है... संभावना है कि जीडीपी में 0.5 से 0.6 प्रतिशत के बीच प्रभाव पड़ सकता है."

    जुलाई से सितंबर की दूसरी तिमाही और उसके आगे भी कुछ तिमाहियों में उत्पादन और निर्यात के आंकड़ों पर टैरिफ़ असर दिखेगा.

  12. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. नेपालः सोशल मीडिया पर बैन का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी संसद परिसर में , काठमांडू के कई इलाक़ों में कर्फ़्यू

    नेपाल संसद
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शन कर रहे युवाओं के संसद भवन परिसर में प्रवेश करने के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें शुरू हो गईं.

    काठमांडू में स्थानीय प्रशासन ने संसद भवन परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर कर्फ्यू लगा दिया है.

    नेपाली सरकार द्वारा लोकप्रिय 26 सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर बैन लगाने के बाद युवाओं के प्रदर्शन को ज़ेन-ज़ी प्रोटेस्ट कहा जा रहा है, जिनमें अधिकांश कॉलेज के छात्र और युवा शामिल हैं.

    विरोध प्रदर्शन करने वालों ने राजनीतिक भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए संसद भवन के बाहर एक विरोध रैली का आयोजन किया था, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प हुई है.

    नेपाल
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शनकारियों ने नया बानेश्वर स्थित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र के कुछ हिस्से में आग लगा दी, यहां संघीय संसद की बैठक होती है.

    बीबीसी नेपाली सेवा के अनुसार, देश के मुख्य प्रशासनिक केंद्र के निकट मैतीघर में सुबह एकत्रित हुए प्रदर्शनकारी न्यू बनेश्वर स्थित संसद भवन की ओर बढ़े.

    काठमांडू ज़िला प्रशासन कार्यालय के प्रवक्ता मुक्ति राम रिजाल ने कहा, "हमने दोपहर 12:30 बजे जारी किए गए कर्फ्यू को बढ़ा दिया है. अब राष्ट्रपति आवास, शीतल निवास, नारायणहिती दरबार संग्रहालय, प्रधानमंत्री आवास, बालुवाटर और बानेश्वर संसद भवन के आसपास के इलाकों में रात 10 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया गया है."

  14. नेपाल में सोशल मीडिया पर बैन के बाद तनाव, सड़कों पर उतरे हज़ारों युवा

    नेपाल प्रदर्शन

    नेपाल में सोशल मीडिया बैन के बाद काठमांडू समेत देश के कई शहरों में युवा सड़कों पर उतर आए हैं.

    ये विरोध प्रदर्शन टिकटॉक पर एक ऑनलाइन ट्रेंड से तब शुरू हुआ जब नेपाली अधिकारियों ने संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में पंजीकरण न कराने पर 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर बैन लगा दिया.

    इसके बाद लोगों ने अपने गुस्से का इज़हार करना शुरू कर दिया.

    नेपाल में जनता के सड़कों पर उतरने की कुछ तस्वीरें बीबीसी नेपाली सेवा ने प्रकाशित की हैं-

    नेपाल प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, अभियान चलाने वालों ने युवा पीढ़ी से हाल ही में कुछ सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर प्रतिबंधित को लेकर टिकटॉक के माध्यम से देश में राजनीतिक भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अभियान में शामिल होने का आह्वान किया.
    नेपाल प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, काठमांडू के मैतीघर पहुंचे बीबीसी नेपाली सेवा के फणींद्र दहल के अनुसार, विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वाले अधिकांश युवा माध्यमिक विद्यालय के छात्र हैं.
    नेपाल प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शनकारियों में युवा लोगों की ख़ासी संख्या है और इसे ज़ेन-ज़ी प्रोटेस्ट कहा जा रहा है.
    नेपाली प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, युवाओं ने कैलाली ज़िले में प्रशासन कार्यालय के सामने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यालयों के सामने प्रदर्शन किया.
    नेपाली प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, युवा हाथों में प्लेकार्ड लिए प्रदर्शन कर रहे हैं जिन पर लिखा है- 'हमारा भविष्य बिकाऊ नहीं है', 'भ्रष्टाचार हम नहीं सहेंगे, अपना भविष्य नहीं बेचने देंगे', 'भ्रष्टाचार रोको'...
    नेपाली प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शन में कॉलेज के छात्र भी शामिल हो गए और वे सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं. पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा के गृह ज़िले में भी युवाओं ने प्रदर्शन किया.
  15. यूक्रेन की जंग ख़त्म करने पर चर्चा के लिए यूरोपीय नेता अमेरिका का दौरा करेंगे: ट्रंप

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले रूस पर और प्रतिबंध लगाने की बात कही थी.

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यूरोपीय नेता यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए सोमवार या मंगलवार को अमेरिका का दौरा करेंगे.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इसके बाद वह ‘जल्द ही’ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात करेंगे.

    ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि उनका प्रशासन मास्को पर प्रतिबंधों के दूसरे चरण की ओर बढ़ने के लिए तैयार है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने प्रतिबंधों को सही कदम बताते हुए कहा है कि यूरोप की रूस से ऊर्जा की ख़रीदारी बंद कर देनी चाहिए.

    इस बीच रूस ने जंग शुरू होने के बाद से अब तक यूक्रेन पर सबसे बड़ी हवाई बमबारी की है. इसमें चार लोग मारे गए और पहली बार कीएव में यूक्रेन की मुख्य सरकारी इमारत को निशाना बनाया गया.

  16. नेपाल में सोशल मीडिया पर बैन के ख़िलाफ़ युवाओं का प्रदर्शन, सरकार ने क्या कहा

    सोशल मीडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नेपाल में सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्मों को पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है.

    नेपाल की राजधानी काठमांडू में सैकड़ों युवाओं ने फ़ेसबुक, एक्स और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाने के सरकार के फैसले के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया.

    दिलचस्प है कि विरोध प्रदर्शन टिकटॉक पर एक ऑनलाइन ट्रेंड से तब शुरू हुआ जब नेपाली अधिकारियों ने संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में पंजीकरण न कराने पर 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर बैन लगा दिया.

    बीबीसी नेपाली सेवा के अनुसार, देश के कई शहरों में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन होने की ख़बर है.

    काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह और कई अन्य शख़्सियतों ने भी इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है.

    पुलिस उपमहानिरीक्षक बिनोद घिमिरे ने बीबीसी नेपाली सेवा को बताया कि क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए देश के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है.

    सूचना एवं संचार मंत्रालय ने बताया है कि अब तक सोशल मीडिया के दो प्लेटफ़ॉर्म पंजीकृत हो चुके हैं और उन पर से प्रतिबंध हटा लिया गया है.

    अधिकारियों ने बताया कि ट्विटर समेत दो प्लेटफ़ॉर्म ने पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में जानकारी के लिए संपर्क किया है.

    नेपाल सरकार का तर्क है कि वह सोशल मीडिया पर प्रतिबंध नहीं लगा रहे है बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्मों को नेपाली क़ानून के दायरे में लाने की कोशिश की जा रही है.

  17. ग़ज़ा युद्धविराम को लेकर अमेरिका के प्रस्ताव पर हमास ने क्या कहा

    इसराइली सेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने कहा है कि ग़ज़ा सिटी के 40 फ़ीसदी हिस्से पर उसका कब्ज़ा हो गया है.

    हमास ने कहा है कि उसे अमेरिका से मध्यस्थों के ज़रिए ग़ज़ा में युद्धविराम को लेकर सुझाव मिले हैं.

    यह बयान डोनाल्ड ट्रंप के उस कथित अंतिम चेतावनी देने के बाद आया जिसमें उन्होंने हमास से इसराइली बंधकों को रिहा करने के समझौते को स्वीकार करने को कहा.

    इसराइली मीडिया के मुताबिक़, ताज़ा प्रस्ताव यह है कि सभी 48 बंधकों को, जिनमें से कई मारे जा चुके हैं, युद्धविराम के पहले दिन हज़ारों फ़लस्तीनी क़ैदियों के बदले छोड़ा जाए. इसके साथ युद्ध ख़त्म करने पर भी बातचीत होगी.

    बताया जा रहा है कि इसराइली सरकार इस योजना पर बहुत गंभीरता से विचार कर रही है.

    ग़ज़ा सिटी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीते शुक्रवार को पश्चिमी ग़ज़ा सिटी की एक बहुमंजिला इमारत को इसराइली सेना ने नष्ट कर दिया था.

    उधर, इसराइल में रविवार को 15 हज़ार से ज़्यादा लोग सड़कों पर उतरे और ग़ज़ा में जारी युद्ध को ख़त्म करने की मांग की.

    उन्होंने प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से अपील की कि वह बचे हुए बंधकों को छुड़ाने के लिए हमास के साथ किसी समझौते पर राज़ी हों.

    हमास ने क़तर और मिस्र की मध्यस्थता में एक युद्धविराम समझौते पर राज़ी होने की बात कही थी लेकिन इसराइल ने इसे स्वीकार नहीं किया था.

    पिछले महीने ही इसराइली सेना ने ग़ज़ा सिटी पर कब्जे़ की कार्रवाई शुरू कर दी थी और इसकी वजह से भारी संख्या में फ़लस्तीनी पलायन को मज़बूर हैं.

  18. भारत पर ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो और एलन मस्क के बीच नोक-झोंक

    एलन मस्क और पीटर नवारो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एलन मस्क और पीटर नवारो

    रूस से तेल ख़रीदने को लेकर भारत पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो नरम नहीं पड़ रहे हैं.

    इसे लेकर वो एलन मस्क से भी भिड़ गए और फिर मस्क ने उन्हें एक्स पर ही जवाब दिया. दरअसल दोनों के बीच बयानबाज़ी रविवार को पीटर नवारो की एक्स पर पोस्ट के बाद शुरू हुई.

    नवारो ने रविवार को एक्स पर लिखा था, “शानदार! मस्क लोगों की पोस्ट में प्रोपेगैंडा घुसने दे रहे हैं. नीचे लिखा गया नोट सिर्फ़ बकवास है. भारत रूस से तेल सिर्फ़ मुनाफ़ा कमाने के लिए ख़रीदता है. उसने यूक्रेन पर रूस के हमले से पहले कुछ भी नहीं ख़रीदा था. भारतीय सरकार की स्पिन मशीन पूरी रफ़्तार पर चल रही है. यूक्रेनियों को मारना बंद करो. अमेरिकी नौकरियाँ छीनना बंद करो.”

    दरअसल इससे पहले शनिवार को नवारो ने एक पोस्ट कर, रूस का तेल ख़रीदने को लेकर भारत की आलोचना की थी, और इसे फ़ैक्ट बताया था.

    इसके नीचे एक्स ने एक नोट जारी किया था ये लिखते हुए कि शायद लोगों को ये भी पता होना चाहिए कि अमेरिकी अभी भी रूस से हर साल अरबों डॉलर का आयात करता है.

    आज फिर नवारो ने एक्स पर लिखा, “पहली वाली पोस्ट में आप देख सकते हैं कि भारतीय ख़ास हित घरेलू बहस में दख़ल देने की कोशिश कर रहे हैं, ये झूठ फैलाकर कि भारत रूस का तेल ख़रीद रहा है. क्या एक्स को इस बकवास को 'अलग नज़रिए' से आई टिप्पणियों के रूप में पेश करना चाहिए?”

    मस्क का जवाब

    एक्स पर प्रोपेगैंडा फैलाने के आरोप पर एलन मस्क ने जवाब दिया.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “इस प्लेटफ़ॉर्म पर नैरेटिव लोग तय करते हैं. आप किसी बहस के सभी पहलू जान सकते हैं...कम्युनिटी नोट्स सबको ठीक करता है, बिना किसी अपवाद के. नोट्स का डेटा और कोड सार्वजनिक स्रोत है. और ग्रोक फ़ैक्ट-चेकिंग भी उपलब्ध कराता है.”

  19. नेपाल और चीन की सेना के बीच काठमांडू में संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू

    नेपाल सेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नेपाली सेना और चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के बीच 'सगरमाथा फ़्रेंडशिप' के तहत संयुक्त सैन्य अभ्यास रविवार को काठमांडू में शुरू हो गया.

    नेपाली सेना की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, "10 दिन चलने वाले इस संयुक्त सैन्य अभ्यास में आपदा प्रबंधन, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन और आतंकवाद-रोधी अभियानों समेत अन्य क्षेत्रों में चुनौतियों से निपटने पर काम किया जाएगा.''

    यह सैन्य अभ्यास 2017 से नेपाल और चीन में बारी-बारी से आयोजित किया जा रहा है.

    नेपाल और भारत हर साल 'सूर्य किरण' नामक सैन्य अभ्यास करते हैं. इसके अलावा नेपाली सेना अमेरिका समेत कई अन्य देशों के साथ नियमित रूप से संयुक्त सैन्य अभ्यास करती है.

    पिछले महीने 28 अगस्त को चीन के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स ने चाइना सेंट्रल टेलीविज़न (सीसीटीवी) की एक रिपोर्ट के हवाले से कहा था कि "सगरमाथा फ़्रेंडशिप-2024" संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण के दौरान पीएलए ने कुछ स्मार्ट उपकरणों का इस्तेमाल किया था.

  20. यूएस ओपन: अल्कारेज़ बने चैंपियन, मैच देखने पहुंचे ट्रंप की क्यों हुई हूटिंग

    कार्लोस अल्काराज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कार्लोस अल्कारेज़ अब विश्व के नंबर वन खिलाड़ी बन गए हैं.

    स्पेन के कार्लोस अल्कारेज़ ने इटली के यानिक सिनर को यूएस ओपन के फ़ाइनल में 3–1 से हराकर ख़िताब अपने नाम किया है.

    अल्कारेज़ ने जोरदार शुरुआत की और सिनर से दूसरे सेट में मिली कड़ी टक्कर का सामना करते हुए न्यूयॉर्क में 6-2, 3-6, 6-1, 6-4 से जीत हासिल की.

    डेढ़ घंटे से ज़्यादा चले इस मैच में अल्कारेज़ ने अपनी तेज़ सर्विस से सिनर को पछाड़ दिया.

    इस जीत के साथ ही सिनर को पीछे छोड़ वो विश्व के नंबर वन खिलाड़ी बन गए हैं.

    22 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अब तक छह ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिए हैं, जिससे वह ब्योर्न बोर्ग के बाद इस मुकाम तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इस मैच को देखने पहुंचे थे.

    ट्रंप की हूटिंग

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी ये मैच देखने पहुंचे थे. उनके लिए किए जा रहे सुरक्षा इंतज़ामों के कारण ये मैच आधा घंटा देरी से शुरू हुआ.

    ट्रंप की मौजूदगी के कारण स्टेडियम के बाहर स्कैनर सहित अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए, जिसके कारण फ़ैन्स की लंबी कतारें लग गईं.

    वो पिछले 25 साल में टूर्नामेंट में शामिल होने वाले पहले मौजूदा राष्ट्रपति हैं.

    उन्हें दर्शकों से तालियों और हूटिंग का मिला-जुला स्वागत मिला.