ग़ज़ा पीस प्लान पर बातचीत के लिए मिस्र पहुंचे हमास और इसराइल के प्रतिनिधि

मिस्र और क़तर इस समझौता वार्ता की मध्यस्थता कर रहे हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और उपासना

  1. माउंट एवरेस्ट की ट्रैकिंग करने गए सैकड़ों पर्वतारोही फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

    माउंट एवरेस्ट पर फंसे पर्वतारोही

    इमेज स्रोत, CCTV

    इमेज कैप्शन, हर साल हज़ारों लोग माउंट एवरेस्ट की ट्रैकिंग के लिए आते हैं

    भारी बर्फ़बारी के कारण माउंट एवरेस्ट के पास तिब्बत की ओर ढलानों पर सैकड़ों लोग फंस गए हैं. ये लोग कैंपिंग की जगहों में फंसे हुए हैं.

    चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक़, क़रीब 350 से ज़्यादा पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालकर स्थानीय क़स्बे में पहुंचाया गया है, जबकि अन्य 200 से ज़्यादा लोगों से संपर्क किया गया है.

    स्थानीय मीडिया ने शुरू में बताया था कि लगभग 1,000 पर्वतारोही फंसे हुए हैं.

    माउंट एवरेस्ट के पूर्वी ढलान की ओर स्थित कर्मा घाटी में शुक्रवार शाम से बर्फ़बारी शुरू हुई, जो शनिवार तक जारी रही. इस वजह से सैकड़ों पर्वतारोही वहीं फंस गए.

    हिमालय के इलाक़ों में कई दिनों से मौसम ख़राब है. नेपाल में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की वजह से शुक्रवार से अब तक कम-से-कम 47 लोगों की मौत हो चुकी है.

    माउंट एवरेस्ट दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है, जिसकी ऊंचाई 8,849 मीटर से अधिक है. हर साल कई लोग यहां ट्रैकिंग के लिए आते हैं.

  2. ओडिशा: कटक में दो समुदायों के बीच तनाव के बाद 36 घंटे का कर्फ़्यू, इंटरनेट बंद, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    कटक में कर्फ़्यू

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कटक में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है

    ओडिशा के कटक में दो समुदायों के बीच तनाव और हिंसक घटनाओं के बाद इंटरनेट और सोशल मीडिया को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. शहर के ज़्यादातर हिस्सों में 36 घंटों के लिए कर्फ़्यू लगाया गया है.

    विश्व हिन्दू परिषद की ओर से सोमवार को कटक में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया गया है.

    दो दिन पहले दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान हुई झड़प के बाद शहर में तनाव का माहौल जारी है.

    पुलिस कमिश्नर एस देबदत्त सिंह ने मीडिया को बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाया गया है. उन्होंने कहा, "रविवार को अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद विश्व हिन्दू परिषद के कर्मियों ने बाइक रैली का आयोजन किया. सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाक़ों में उन्होंने पहुंचने की कोशिश की."

    उन्होंने बताया, "पुलिस ने उन्हें रोका. प्रदर्शन के दौरान पुलिस के ऊपर पत्थर फेंके गए, जिसमें आठ पुलिसकर्मी घायल गए हैं. स्थिति को काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. कुल 25 लोग घायल हुए हैं. शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."

    कटक

    इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati/BBC

    इमेज कैप्शन, पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल का इस्तेमाल किया

    ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, "कटक एक हज़ार साल पुराना शहर है जो अपने भाईचारे के लिए जाना जाता है. कुछ उपद्रवियों की हरकतों के कारण हाल के दिनों में शहर की शांति भंग हुई है. सरकार उपद्रवियों पर कड़ी नज़र रख रही है और उनके ख़िलाफ़ क़ानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी."

    कटक के माहौल पर विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल के नेता नवीन पटनायक ने सरकार की आलोचना की है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "शांतिप्रिय ओडिशा में इस तरह का अशांत माहौल स्वीकार्य नहीं है. पुलिस असहाय प्रतीत हो रही है. बीजेपी सरकार में पुलिस के ऊपर दबाव होने से राज्य में क़ानून-व्यवस्था बिगड़ रही है."

  3. जयपुर: सवाई मान सिंह अस्पताल में आग लगने से छह लोगों की मौत, पुलिस ने क्या बताया?

    जयपुर के पुलिस कमिश्नर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जयपुर के पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर के दो आईसीयू में 24 मरीज भर्ती थे

    जयपुर में सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में बीती रात आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई है. शहर के पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ ने यह जानकारी दी.

    पुलिस कमिश्नर ने बताया, "छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. दोनों आईसीयू में 24 मरीज भर्ती थे. बाकी लोगों को दूसरे वार्ड में शिफ़्ट किया गया है. उनका इलाज चल रहा है."

    उन्होंने बताया, "मृतकों के शवों को मॉर्च्युरी में शिफ़्ट कराया गया है. जब सारी फ़ॉर्मैलिटीज़ पूरी हो जाएंगी तो उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा."

    आग के कारणों पर उन्होंने कहा कि यह जांच के बाद पता चलेगा कि आग किन वजहों से लगी.

    उन्होंने कहा, "प्रथम दृष्टया यह इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट लग रहा है, लेकिन इसके सही कारण एफ़एसएल की जांच के बाद ही पता लग पाएंगे."

    ट्रॉमा सेंटर में रविवार रात आग लगने के बाद बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल से बाहर सड़क पर निकल आए थे.

  4. क्रांति गौड़ भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच रिश्तों के सवाल पर क्या बोलीं

    क्रांति गौड़ विकेट लेने के बाद

    इमेज स्रोत, ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, क्रांति गौड़ ने मैच में तीन विकेट झटके

    आईसीसी महिला विश्व कप में पाकिस्तान को हराने के बाद क्रांति गौड़ ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में मैच से जुड़े सवालों का जवाब दिया. इस मुक़ाबले में क्रांति 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' भी रहीं.

    उन्होंने 10 ओवरों में 20 रन देकर तीन विकेट झटके.

    क्रांति से एक पाकिस्तानी पत्रकार ने पूछा, "हमने पास्ट में देखा है कि पाकिस्तान और भारत की महिला टीम के बीच काफ़ी अच्छे रिश्ते थे, तो आज भी ये वैसे ही हैं या इनमें बदलाव आया है?"

    इस पर क्रांति ने कहा, "चूंकि यह मेरा पहला मैच है तो मैं भारत-पाकिस्तान जैसी चीज़ों पर ज़्यादा ध्यान नहीं देती. मुझे मेरे काम से मतलब है. मुझे अगर बॉलिंग दी गई है तो मुझे सिर्फ़ बॉल डालनी है. बाकी ऐसा कुछ नहीं है."

    पाकिस्तानी कप्तान ने क्या कहा था?

    मैच से पहले पाकिस्तानी कप्तान फ़ातिमा सना ने दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच संबंधों से जुड़े सवाल का जवाब दिया था.

    फ़ातिमा से सवाल किया गया था कि 'पिछले वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच से ख़ूबसूरत तस्वीरें सामने आईं थीं. भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ी बिस्मिल्लाह मारूफ़ की बच्ची के साथ तस्वीरें खिंचवाईं थीं. क्या आप इस तरह के पल को मिस करेंगी?'

    इस पर फ़ातिमा सना ने कहा था, "हमारा मेन गोल खेलना होता है. हमारा यही फ़ोकस होता है कि गेम पर फ़ोकस करें. जिस तरह से दूसरी टीमों के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं, हम कोशिश करेंगे कि खेल भावना के तहत जो भी चीज़ें आती हैं उन्हें पूरी करें."

    उन्होंने कहा था, "पास्ट में जो भी चीज़ें थीं, जिस तरह से बिस्मा जी के साथ सब एंज्वॉय कर रहे थे. एक खिलाड़ी के तौर पर ये सब चीज़ें अच्छी लगती हैं. लेकिन पहली चीज़ तो यही है कि आप जिसके लिए यहां पर हो उस पर फ़ोकस करो."

    संबंधित कहानियां:

  5. पाकिस्तानी खिलाड़ी डायना बेग़ ने मुनीबा के रन आउट विवाद पर क्या कहा?

    डायना बेग़

    इमेज स्रोत, Sameera Peiris/Getty

    इमेज कैप्शन, डायना बेग़ ने मुनीबा अली के रन आउट विवाद पर कहा कि यह मामला अब 'सेटल' हो चुका है

    पाकिस्तानी खिलाड़ी डायना बेग़ ने भारत से हार के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में मुनीबा अली के रन आउट विवाद और भारत से हार से जुड़े सवालों का जवाब दिया है.

    उन्होंने ओपनर मुनीबा अली के रन आउट विवाद पर कहा कि यह मामला अब 'सेटल' हो चुका है.

    डायना बेग़ से सवाल किया गया कि 'मुनीबा का जो रन आउट हुआ, उस पर कप्तान ने भी काफ़ी एतराज़ जताया. इस पर मैनेजमेंट ने कोई फ़ैसला किया क्या?'

    इस पर डायना बेग़ ने कहा, "मुनीबा का जो रन आउट था, वह पहले से ही सेटल्ड है. मैं इस पर कोई बात नहीं करूंगी. जो भी परिस्थिति थी या जो कुछ भी हुआ वह शायद अब सेलट हो गया है."

    इसके अलावा डायना से भारत से हार से जुड़ा सवाल किया गया. उनसे पूछा गया कि 'पहले एशिया कप में पाकिस्तान की मेन्स टीम भारत से हारी और फिर आज पाकिस्तान यहां पर भी हारा, पाकिस्तान की अवाम के लिए फ़ॉर्च्यून्स कब बदलेंगे.'

    इस पर डायना बोलीं, "देखें हम लोग कोशिश करते हैं. जितना हम लोग ऑन एंड ऑफ़ परफ़ॉर्म करते हैं, अगर हम लोग इस चीज़ को थोड़ा लंबा करेंगे तो मेरे ख़्याल में मैच जीतेंगे."

    आईसीसी महिला विश्व कप में रविवार को खेले गए मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को 88 रन से हराया है.

  6. ग़ज़ा में शांति के लिए वार्ता शुरू होने से पहले ट्रंप ने सभी पक्षों से की यह अपील

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Tasos Katopodis/Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप को उम्मीद है कि बंधकों की रिहाई का काम जल्द शुरू हो जाएगा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग़ज़ा में जंग रोकने के प्रयासों में शामिल सभी पक्षों से अपील की है कि वे "तेज़ी से काम करें".

    ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि 'हमास और दुनियाभर के देशों (अरब, मुस्लिम और अन्य) के साथ चर्चा बहुत सकारात्मक रही.'

    ट्रंप ने कहा, "मुझे बताया गया है कि शांति योजना का पहला चरण इसी हफ़्ते पूरा हो जाएगा. मैं सभी से तेज़ी से काम करने के लिए कह रहा हूं."

    इससे पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि बंधकों को "बहुत जल्द" रिहा किया जाना शुरू हो जाएगा.

    इसराइल और हमास के बीच शांति वार्ता के लिए सोमवार को मिस्र में मध्यस्थ मिलने वाले हैं. यह बैठक हमास की ओर से अमेरिका की 20 सूत्रीय शांति योजना की कुछ शर्तों को मानने के बाद हो रही है.

    हमास ने इसराइली बंधकों को छोड़ने और ग़ज़ा का प्रशासन फ़लस्तीनी टेक्नोक्रैट्स को सौंपने जैसी कुछ शर्तों पर सहमति जताई है, जबकि अन्य प्रमुख शर्तों पर वह बातचीत चाहता है.

    संबंधित कहानियां:

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.