अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता उपासना को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
मिस्र और क़तर इस समझौता वार्ता की मध्यस्थता कर रहे हैं.
सुमंत सिंह और उपासना
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता उपासना को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे बीजेपी नेताओं पर 'हमले' की निंदा की है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "पश्चिम बंगाल में मौजूदा सांसद और विधायक समेत पार्टी के सहकर्मियों पर जिस तरीके से हमले हुए हैं, वो बेहद भयावह हैं. ये टीएमसी की असंवेदनशीलता और राज्य में कानून व्यवस्था की दुर्दशा दिखाता है."
भारतीय जनता पार्टी के विधायक शंकर घोष ने सोमवार को आरोप लगाया कि वो उत्तर बंगाल के नागराकाटा में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान उन पर और मालदा उत्तर के सांसद खगेन मुर्मू पर भीड़ ने हमला कर दिया.
बीजेपी के नेता ने दावा किया कि बाढ़ में फंसे लोगों की मदद करने के लिए उन पर हमले हो रहे हैं. जबकि, सत्ता में मौजूद टीएमसी पार्टी नदारद हैं.
इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी बीजेपी नेताओं पर 'हमले' की निंदा की है.
राजस्थान के सवाई मानसिंह अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में आग लगने के मामले राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख रुपए देने की घोषणा की है.
इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है, जिनमें तीन महिलाएं हैं.
सरकार ने शुरुआती जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए सवाई मानसिंह अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के सुपरिटेंडेंट को हटा दिया है.
राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए छह सदस्यों की एक कमेटी का गठन किया है. मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई नेताओं ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायज़ा लिया है.
लेकिन चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर अभी तक अस्पताल में हालात जानने के लिए नहीं पहुंचे हैं. इसको लेकर विपक्षी कांग्रेस पार्टी सवाल उठा रही है.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर खीरी पुलिस ने पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी और उनके बेटे आशीष मिश्र पर गवाह को धमकाने का मुक़दमा दर्ज किया है.
खीरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संकल्प शर्मा ने बताया कि मुक़दमा सुप्रीम कोर्ट की ओर से मिले आदेश के बाद सोमवार को दर्ज किया गया.
लखीमपुर खीरी हिंसा के चश्मदीद गवाह बलजिंदर सिंह का आरोप है कि 15 अगस्त 2023 को अमनदीप सिंह नाम का एक शख़्स उनके घर पहुंचा और गवाही बदलने का दबाव बनाया.
बलजिंदर सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा देकर बताया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी और पैसे का लालच दिया जा रहा है. बलजिंदर का दावा कि वो डर गए थे और पंजाब चले गए थे.
सुप्रीम कोर्ट ने मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा था.
लखीमपुर खीरी के पढुआ थाने में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी, बेटे आशीष मिश्र, अमनदीप सिंह और एक अन्य अज्ञात के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 195(झूठी गवाही के लिए धमकाना), 506 (आपराधिक धमकी),120बी (आपराधिक साजिश) की धाराओं में मुक़दमा दर्ज किया गया है.
साल 2021 में तीन अक्तूबर को लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में एक जीप सवार ने चार किसानों और एक पत्रकार को कुचलकर मार डाला था.
इस घटना के बाद गुस्साई भीड़ की पिटाई से तीन लोगों की मौत हो गई थी.
इस पूरे मामले में आशीष मिश्र और अन्य अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया था.
हमास और इसराइल के बीच समझौते को लेकर नए चरण की वार्ता के तहत दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों का दल मिस्र पहुंच गया है.
इस बैठक में हमास का नेतृत्व ख़लील अल-हया करेंगे. ख़लील अल-हया वही व्यक्ति हैं, जिन पर इसराइल ने पिछले महीने क़तर की राजधानी दोहा में हमला किया था. इस हमले में हमास के पांच सदस्य और क़तर के एक सुरक्षा अधिकारी मारे गए थे.
मिस्र और क़तर इस समझौता वार्ता की मध्यस्थता कर रहे हैं. बातचीत के इस चरण में दोनों देशों के बीच ग़ज़ा में सीज़फ़ायर पर सहमति बनने की उम्मीद जताई जा रही है.
फ़लस्तीन और मिस्र के अधिकारियों ने बीबीसी से बताया कि फ़लीस्तीनी क़ैदियों के बदले सभी इसराइली बंदियों की रिहाई की स्थितियों पर चर्चा इन बैठकों के केंद्र में होगी.
मिस्र और क़तर के अधिकारी हमास और इसराइली प्रतिनिधियों के साथ अलग अलग बैठकें कर रहे हैं. ताकि, समझौते के पहले चरण को लागू करने का खाका तैयार किया जा सके.
हमास ने पिछले सप्ताह कहा था कि वो प्रस्ताव के कुछ बिंदुओं को मानने के लिए तैयार है. मगर उसने निरस्त्रीकरण सहित कई प्रमुख मांगों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी.
इस बैठक में इसराइल और हमास के अलावा अमेरिका और क़तर के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे. दोनों देश ग़ज़ा में शांति के लिए मध्यस्थ की प्रमुख भूमिका में हैं.
अमेरिका की ओर से विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और राष्ट्रपति के पूर्व सलाहकार जैरेड कुशनर शामिल होंगे.
वहीं, क़तर की ओर से प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी मौजूद रहेंगे. इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के दफ़्तर ने रविवार रात बताया कि इसराइली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व स्ट्रैटेजिक अफ़ेयर्स मिनिस्टर रॉन डर्मर करेंगे.
बैठकों के दौर के इतर ग़ज़ा पट्टी के कई हिस्सों में इसराइल की तरफ़ से बमबारी जारी है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास से कहा है कि वो ग़ज़ा शांति समझौते को जल्दी मान ले वर्ना उसे बुरे परिणाम भुगतने होंगे.
इसराइल ने सोमवार को ग्रेटा थनबर्ग और 170 अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं को वापस भेज दिया है. इन्हें ग़ज़ा में राहत सामग्री ले जाते समुद्र में नावों से हिरासत में लिया गया था.
इन नावों में कुल 470 लोग सवार थे.
वापस भेजे जा चुके कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसराइली हिरासत के दौरान ख़राब बर्ताव का दावा किया है. हालांकि, इसराइल के विदेश मंत्रालय ने इन लोगों पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है.
इसराइल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में ग़ज़ा तक पहुंचने की कोशिश को एक पीआर स्टंट करार दिया है.
यह दूसरी बार है, जब ग्रेटा की समुद्री रास्ते से ग़ज़ा पहुंचने की कोशिश को असफ़ल करते हुए इसराइल ने उन्हें वापस लौटा दिया है.
ग्रेटा के अलावा वापस भेजे गए 170 लोगों में ग्रीस, इटली, फ़्रांस, आयरलैंड, पोलैंड, जर्मनी, बुल्गारिया, लिथुआनिया, ऑस्ट्रिया, लक्ज़मबर्ग, फ़िनलैंड और डेनमार्क जैसे देशों के नागरिक हैं.
चीफ़ जस्टिस बीआर गवई पर सोमवार को हुए हमले की कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने निंदा की है.
सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "चीफ़ जस्टिस पर हमला हमारी न्यायपालिका की गरिमा और हमारे संविधान की मूल भावना पर हमला है."
"इस तरह की घृणा के लिए हमारे देश में कोई जगह नहीं है और इन घटनाओं की निंदा होनी चाहिए."
वहीं, कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल पर सोनिया गांधी की तरफ़ से भी एक अलग बयान जारी किया गया.
इसमें लिखा है, "सुप्रीम कोर्ट के अंदर आदरणीय चीफ़ जस्टिस पर हमले की निंदा के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है. यह हमला सिर्फ उन पर नहीं, बल्कि हमारे संविधान पर भी हुआ है."
"चीफ़ जस्टिस गवई ने विनम्रता दिखाई है लेकिन देश को गहरे दर्द और आक्रोश की भावना के साथ एकजुटता से उनके साथ खड़ा होना चाहिए."
कोर्ट में मौजूद वकील अनस तनवीर ने बीबीसी संवाददाता उमंग पोद्दार को घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया, "आज सुप्रीम कोर्ट में उस समय थोड़ी देर के लिए अफ़रा-तफ़री मच गई जब एक वकील ने चीफ़ जस्टिस पर हमला करने की कोशिश की."
"बाहर निकाले जाने के दौरान वकील ने कहा- सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान."
अनस तनवीर का कहना है कि इस घटनाक्रम के दौरान जस्टिस गवई शांत रहे और सुनवाई जारी रखी.
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख़ों को लेकर भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एएनआई से बातचीत में कहा, “मैं समझता हूं कि किसी को शंका नहीं होनी चाहिए.”
“भारतीय जनता पार्टी सहित सभी दलों के साथ विचार विमर्श के बाद ये (तारीख़) तय की गई हैं.”
उन्होंने कहा, “एसआईआर का जो शोर मचाया गया वो आज गायब है.” इसके अलावा उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा है.
गिरिराज सिंह ने कहा, “इनकी शुरू से आदत रही है, झूठा भ्रम फैलाना. कोर्ट में केस हो जाए तो माफी मांग लेना.”
“क्योंकि ये तो नेपोबॉय हैं. इनके लिए सब कुछ माफ है. इनका पैदाइशी अधिकार है. इन्हें अपना (हाल) देखना चाहिए. इनकी गठबंधन पार्टियों ने इन्हें मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित नहीं किया है.”
“मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखने का सभी को अधिकार है, वो देखते रहें. एनडीए की सरकार भारी बहुमत से बनेगी. बिहार में जंगलराज फिर से कभी नहीं आएगा.”
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बिहार में चुनाव की तारीख़ों के चुनाव आयोग के एलान पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने पीटीआई से बातचीत में कहा, "चुनावी तारीख़ तो छोटा मसला है, लेकिन हम सवालों के जवाब ना मिलने से असंतुष्ट हैं."
उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर रोज एक नया प्रश्नचिन्ह लग जाता है. कहा गया कि घुसपैठिये घुस गए इसलिए लिस्ट साफ की जा रही है. कहां हैं घुसपैठिये, एक तो दिखाएं. कोई जवाब नहीं मिलेगा."
"कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी, और ‘इंडिया गठबंधन’ ने जो सवाल उठाए उसके जवाब नहीं मिले."
उन्होंने चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत होने का भी आरोप लगाया.
पवन खेड़ा ने कहा, “कल भी प्रेस वार्ता थी, लेकिन कल रविवार था. इसलिए बैंक खातों में प्रधानमंत्री पैसे नहीं डाल पा रहे थे, आज पैसे डाल दिए तो घोषणा हो गई."
"आप बताइए ये चुनाव आयोग का भाजपा के साथ गठबंधन नहीं है तो और क्या है. आपको सामने उदाहरण मिल रहा है.”
चुनाव आयोग ने आज अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार चुनाव की तारीख़ों का एलान किया है. बिहार में 6 नवंबर, 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 14 नवंबर को नतीजों का एलान होगा.
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कफ़ सिरप से हुई 11 बच्चों की मौत के मामले में डिप्टी ड्रग कंट्रोलर और ड्रग इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को इसकी जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने तमिलनाडु की कथित फैक्ट्री की दवाइयों को बैन कर दिया है. दो और फैक्ट्रियों की जानकारी आई है, उन्हें भी बैन करने का आदेश दिया गया है.
उन्होंने बताया, " इसके अलावा, ये दवाइयां जहां बनती हैं, उनसे संबंधित राज्य सरकार और केंद्र सरकार को भी लिखित में शिकायत दी गई है."
उन्होंने कांग्रेस पार्टी के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी. मोहन यादव ने कहा,"आरोप लगाना सरल है. उनके हल्केपन की वजह से ही इस तरह की व्यवस्थाओं पर ध्यान भटकता है."
"कांग्रेस अपने शासन की घटनाओं को याद करे. उनके समय में कार्रवाई भी नहीं होती थी. हमारी सरकार तत्परता से कार्रवाई करती है. जहां कहीं भी सरकारी महकमा लापरवाही करेगा कठोर कार्रवाई होगी."
साल 2025 के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा सोमवार को फिजियोलॉजी और मेडिसिन क्षेत्र के विजेताओं के साथ शुरू हो गई है.
नोबेल कमेटी ने इस क्षेत्र में मैरी ई. ब्रंकॉ, फ्रेड रैम्सडेल और शिमॉन साकागुची को नोबेल पुरस्कार देने का एलान किया है.
तीनों को इम्यून सिस्टम को शरीर के ख़िलाफ़ काम करने से रोकने वाली चीज़ की खोज में योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया है.
नोबेल कमेटी के प्रमुख ओल कैम्प ने कहा, “उनकी खोज से यह समझने में मदद मिली है कि हमारा इम्यून सिस्टम काम कैसे करता है और हमें गंभीर ऑटोइम्यून बीमारियां क्यों नहीं होतीं.”
दरअसल, हर दिन हमारा इम्यून सिस्टम हज़ारों किस्म के सूक्ष्म जीवों (माइक्रोब्स) को शरीर में घुसने से रोकता है. इनमें से कुछ माइक्रोब ह्यूमन सेल जैसे दिखते हैं.
ऐसे में सवाल उठता था कि आख़िर इम्यून सिस्टम ये कैसे तय करता है कि किस सेल पर हमला करना है और किसे शरीर में आने देना है.
नोबेल विजेताओं की ख़ोज में इस फै़सले के लिए जिम्मेदार चीज़ की खोज की है और उसका नाम है 'टी सेल्स'.
उनके मुताबिक़, इम्यून सिस्टम में 'टी सेल्स' सिक्योरिटी गार्ड की तरह काम करती हैं और ये इम्यून सेल्स को शरीर पर हमला करने से रोकती हैं.
एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने आगामी बिहार चुनाव के बीच एक रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा, “हम उन्हें बता रहे हैं कि हमें क्या चाहिए फिर भी वो(राजद) हमसे बात करने को तैयार नहीं हैं. बिहार के लोगों को मालूम हो गया है कि कौन मोदी-नीतीश की सरकार को बनने से रोकना चाहता है और कौन उन्हें सरकार बनाने में मदद कर रहा है.”
उन्होंने राजद पार्टी का नाम लेते हुए कहा, “तुम्हारी नादानी तुम्हें नुकसान पहुंचाएगी और तुम्हारा ग़ुरूर तुम्हें कमज़ोर कर देगा. तुम्हें लगता है कि तुम सब कुछ कर जाओगे लेकिन तुम नहीं कर सकते.”
उन्होंने आगे कहा, “तुम्हें(राजद) अगर बिहार में नीतीश-मोदी सरकार को रोकना है तो आपको ओवैसी और अख्तरुल ईमान का हाथ पकड़ना पड़ेगा.”
इससे पहले रविवार को चुनाव आयोग ने बिहार के पटना में प्रेस कॉन्फ़्रेंस की थी. मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने जानकारी दी कि बिहार में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो गई है.
फ्रांस में राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ती जा रही है. फ्रांस के नए प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने सोमवार को इस्तीफ़ा सौंप दिया है. लेकोर्नू बीते दो सालों में फ्रांस के पांचवें प्रधानमंत्री थे.
उनका इस्तीफ़ा ऐसे समय में आया है जब नई कैबिनेट की घोषणा को कुछ घंटे ही बीते थे. लेकोर्नू ने सोमवार की सुबह राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के साथ करीबन एक घंटे तक मीटिंग की. उसके बाद राष्ट्रपति के दफ़्तर से उनके इस्तीफ़े की घोषणा कर दी गई.
फ्रांस्वा बेयरू की सरकार गिरने के बाद लेकोर्नू ने फ्रांस के प्रधानमंत्री का पद संभाला था. इस जिम्मेदारी को संभाले हुए 26 दिन ही बीते थे.
नई कैबिनेट में उन्होंने ज्यादातर पदों पर बेयरू सरकार के मंत्रियों को ही लिया था और कुछ पदों पर नई नियुक्ति की थी. सभी पार्टियों ने इसकी काफ़ी आलोचना भी की थी.
लेकोर्नू के इस्तीफ़े के बाद कई पार्टियां अब जल्दी चुनाव कराने की मांग कर रही हैं. कुछ पार्टियां मैक्रों से भी इस्तीफ़े की मांग कर रही हैं.
हालांकि, मैक्रों ये साफ़ कर चुके हैं कि 2027 में उनका कार्यकाल ख़त्म होने से पहले वो राष्ट्रपति पद नहीं छोड़ेंगे.
नेशनल रैली पार्टी के एक बड़े नेता सेबेस्टियन चेनू ने कहा, "संसद भंग या इस्तीफा- मैक्रों को दोनों में से कोई एक चुनना होगा."
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता उपासना आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में आग लगने से छह लोगों की मौत के मामले में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने और घटना की जांच की मांग की है.
प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, "जयपुर में सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में आग लगने की वजह से कई मरीजों की दर्दनाक मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है."
"ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें. शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं"
प्रियंका गांधी ने कहा, "राज्य सरकार से अपील करती हूं कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और इस घटना की त्वरित जांच कर सख़्त कार्रवाई की जाए ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो."
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, राजस्थान सरकार ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
जयपुर के पुलिस कमिश्नर के मुताबिक़, प्रथम दृष्टया इस घटना की वजह इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है. उन्होंने कहा कि एफ़एसएल की जांच के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा.
संबंधित कहानियां:
इसराइल और हमास के बीच मिस्र में जल्द ही अप्रत्यक्ष बातचीत शुरू होने वाली है. इस बैठक में हमास का नेतृत्व ख़लील अल-हया करेंगे.
ख़लील अल-हया वही व्यक्ति हैं, जिन्हें इसराइल ने पिछले महीने क़तर की राजधानी दोहा में मारने की कोशिश की थी. इस हमले में हमास के पांच सदस्य और क़तर के एक सुरक्षा अधिकारी मारे गए थे.
इस बैठक में इसराइल और हमास के अलावा अमेरिका और क़तर के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे. दोनों देश ग़ज़ा में शांति के लिए मध्यस्थ की प्रमुख भूमिका में हैं.
अमेरिका की ओर से विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और राष्ट्रपति के पूर्व सलाहकार जैरेड कुशनर शामिल होंगे. वहीं, क़तर की ओर से प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी मौजूद रहेंगे.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के दफ़्तर ने रविवार रात बताया कि इसराइली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व स्ट्रैटेजिक अफ़ेयर्स मिनिस्टर रॉन डर्मर करेंगे.
संबंधित कहानियां:
जयपुर में सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में बीती रात आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई. इस मामले में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "मैं परिवारवालों से बात कर रहा हूं... हमें दुख इस बात का है कि कोई जांच की बात भी नहीं कर रहा है. परिवारवालों को अपने परिजनों के शवों के बारे में कोई जानकारी नहीं है. ऐसा कभी नहीं हुआ आज तक."
अशोक गहलोत ने कहा कि मौक़े पर सरकार का कोई नुमाइंदा नहीं है, इससे दुखद बात क्या हो सकती है? उन्होंने कहा कि मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए.
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि यह घटना सिस्टम की लापरवाही की वजह से हुई है और सरकार संवेदनशील नहीं है.
उन्होंने कहा, "लोग आग से मर रहे हैं. एक्सपाइरी डेट की दवाइयां देकर लोगों की जान ले रहे हैं और सरकार सो रही है."
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, राजस्थान सरकार ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा, "राजस्थान के जयपुर स्थित एक अस्पताल में आग लगने से हुई जान-माल की हानि बहुत दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. ईश्वर से कामना है कि घायल हुए लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों."
राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता वसुंधरा राजे ने भी इस घटना पर दुख जाहिर किया है.
भारत के रक्षा मंत्री, सेना प्रमुख और वायुसेना प्रमुख की ओर से 'ऑपरेशन सिंदूर' और पाकिस्तान से जुड़े बयानों पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने प्रतिक्रिया दी है.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, जियो न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा कि ऐसे बयान 'भारतीय नेतृत्व की निराशा को दर्शाते' हैं.
उन्होंने कहा कि इसका कारण भारत की आंतरिक राजनीति है और 'मोदी सरकार पर काफ़ी दबाव' है.
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री से सवाल किया गया कि 'हाल ही में पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच हुए रक्षा समझौते के बाद भारत के ऐसे बयानों का क्या तर्क है?'
इस पर ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा, "भारतीय नेतृत्व देश के अंदर अपनी प्रतिष्ठा बहाल करने के लिए इस तरह के ग़ैर-ज़िम्मेदाराना बयान दे रहा है और यह उनकी निराशा को दर्शाता है."
पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच हाल ही में एक रक्षा समझौता हुआ है, जिसके तहत अगर इन दोनों में से किसी एक देश पर हमला होता है तो दूसरे देश पर भी हमला माना जाएगा.
संबंधित कहानियां:
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सोनम वांगचुक की हिरासत के मामले में केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है. सोनम की पत्नी डॉ. गीतांजलि ने हिरासत के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी.
यह याचिका संविधान के अनुच्छेद 32 के अनुसार, हैबियस कॉर्पस (बंदी प्रत्यक्षीकरण) के तहत दायर की गई थी.
लाइव लॉ के मुताबिक़, जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजरिया की बेंच ने कहा कि इस मामले की अगली सुनवाई अगले हफ़्ते मंगलवार यानी 14 अक्तूबर को होगी.
याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने पैरवी की. उन्होंने कोर्ट में दलील दी कि सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने की वजहों के बारे में उनकी पत्नी को बताया जाना चाहिए.
सरकार का पक्ष रख रहे सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि सोनम वांगचुक को इसकी जानकारी दी जा चुकी है. उनकी पत्नी को हिरासत के आधारों के बारे में बताने की कोई क़ानूनी आवश्यकता नहीं है.
सॉलिसिटर जनरल ने यह भी कहा कि याचिकाकर्ता इसे एक "भावनात्मक मुद्दा" बनाने की कोशिश कर रही हैं कि सोनम वांगचुक को मेडिकल सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं और उन्हें उनकी पत्नी से नहीं मिलने दिया जा रहा.
संबंधित कहानियां:
चुनाव आयोग सोमवार शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ़्रेंस करने वाला है. यह कॉन्फ़्रेंस नई दिल्ली के विज्ञान भवन में होगी.
माना जा रहा है कि चुनाव आयोग बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का एलान कर सकता है.
इससे पहले रविवार को चुनाव आयोग ने बिहार के पटना में प्रेस कॉन्फ़्रेंस की थी. मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने जानकारी दी कि बिहार में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो गई है.
उन्होंने आधार कार्ड को लेकर भी बयान दिया था. सीईसी ने कहा, ''आधार एक्ट के तहत न तो इसे जन्मतिथि का प्रमाण माना जा सकता है, न निवास का, और न ही नागरिकता का. आधार केवल पहचान का प्रमाण है, नागरिकता या जन्म का नहीं.''