चैंपियंस ट्रॉफ़ी: पाकिस्तान के ख़िलाफ़ जीत के बाद क्या बोले विराट कोहली और रोहित शर्मा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इस मैच के दौरान विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में अपने 14 हज़ार रन पूरे कर लिए हैं
रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुक़ाबले में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शतकीय पारी खेली है.
इस मैच में भारत ने पाकिस्तान के दिए 242 रन के लक्ष्य को 42.3 ओवर में ही हासिल कर लिया.
मैच जीतने के बाद विराट कोहली ने कहा, "मैंने स्ट्राइक रोटेट करने पर ज़्यादा ध्यान दिया. यह पारी बेहद ख़ास है क्योंकि इससे हमारी सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीदें मज़बूत हुई हैं."
उन्होंने कहा, “इस तरह बल्लेबाज़ी करना अच्छा रहा, खासतौर पर ऐसे अहम खेल में, जहां सेमीफ़ाइनल के लिए जगह पक्की करनी थी.”
“रोहित के आउट होने के बाद मुझे पता था कि मुझे क्या करना है. मुझे बीच के ओवर को कंट्रोल करना था और तेज़ गेंदबाज़ों का सामना करते हुए स्पिनर्स के ख़िलाफ़ रिस्क नहीं लेना था.”
कोहली ने कहा, “मैं जितना हो सके अपनी टीम के लिए अपना काम करने की कोशिश करता हूं. मैं मैदान में अपने आप से कहता रहा कि मैं अपना 100 प्रतिशत दूंगा और कभी-कभी मुझे अपनी कड़ी मेहनत का फल भी मिलता है. जब आप ऐसा करते हैं, तो आपको इसका रिवार्ड मिलता है.”
विराट कोहली का मानना है कि अगर आप पहले दस ओवर में 60-70 रन नहीं बना पाते, तो आप खेल में हमेशा पीछे रहेंगे.
उन्होंने कहा, “जिस तरह से उन दोनों (रोहित शर्मा और शुभमन गिल) ने खेला, वो काफी बढ़िया था. श्रेयस भी अच्छी फॉर्म में आ रहे हैं. इन परिस्थितियों में सभी को अच्छी पारी मिली. उम्मीद है कि टूर्नामेंट में आगे चलकर ये हमारे लिए अच्छा रहेगा.”
भारत की जीत पर भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, “मुझे लगता है कि जिस तरह से हमने गेंदबाज़ी से शुरुआत की वह शानदार था. हम वैसा ही अपनी बल्लेबाज़ी में भी करना चाहते थे ताकि हम आगे बढ़ें और रन बना सकें.”
उन्होंने कहा, “इसका श्रेय मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज़ों को जाता है. उन्होंने इस फॉर्मेट में बहुत खेला है और वो जानते हैं कि उन्हें क्या करना है. पाकिस्तान ने जिस तरह गेंदबाज़ी की, उसे भी नहीं भूलना चाहिए. हर कोई मैदान में आया और वही किया जो उनके लिए करना ज़रूरी था.”
“इसका श्रेय खिलाड़ियों को जाता है. हमने एक साथ बहुत क्रिकेट खेला है, खासकर इस फॉर्मेट में. ये कभी-कभी मुश्किल हो सकता है क्योंकि कुछ लोगों को पूरे 10 ओवर गेंदबाज़ी करने का मौका नहीं मिल पाता.”
रोहित ने कोहली के 51वें वनडे शतक को लेकर कहा, “विराट को देश का प्रतिनिधित्व करना पसंद है, वह वही करते हैं जो वह सबसे अच्छा कर सकते हैं, जैसा कि उन्होंने आज किया.”
राजस्थान: 150 फीट गहरे बोरवेल में गिरा पांच साल का बच्चा, रेस्क्यू जारी, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Anis Alam
इमेज कैप्शन, बोरवेल में गिरे बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचा दी गई है
राजस्थान के झालावाड़ ज़िले के डग थाना इलाक़े में रविवार दोपहर लगभग दो बजे एक पांच साल का बच्चा 150 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया.
हालांकि घटना की सूचना मिलते ही मौक़े पर पहुंची प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बच्चे तक ऑक्सीजन की व्यवस्था पहुंचा दी है.
कोटा और ज़िला मुख्यालय से एनडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया था, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
स्थानीय एसडीएम छत्रपाल चौधरी ने बीबीसी हिन्दी से कहा है, "बच्चा तीस फीट की गहराई पर फंसा हुआ है."
एसडीएम छत्रपाल चौधरी ने आगे बताया, "सूचना मिलते ही हम मौक़े पर पहुंचे थे. बोरवेल में ऑक्सीजन दिया जा रहा है, बच्चे की मूवमेंट भी देखी गई है. रस्सी के ज़रिए बच्चे को खींचने की कोशिश की गई थी लेकिन सफलता नहीं मिली."
उन्होंने कहा, "बच्चा जिस बोरवेल में गिरा है वह बोरवेल उनके ही परिवार का है. बच्चे की मां खेत में काम कर रहीं थी, उसी दौरान बच्चा बोरवेल पर रखे पत्थर पर बैठ गया. पत्थर टूटने के साथ ही बच्चा बोरवेल में गिर गया."
एसडीएम के मुताबिक, "बोरवेल के नज़दीक ही खुदाई की जा रही थी. आठ फीट तक मिट्टी होने के कारण आसानी से खुदाई हो गई. इसके नीचे पत्थर की चट्टान होने से बोरवेल में मिट्टी गिरने की आशंका बनी हुई थी. इसलिए खुदाई रोक दी गई है और अब एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं."
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ के बाद अब कैसे हैं इंतज़ाम? रेल मंत्री ने क्या बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रण करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपनी योजना बताई है.
बीते 15 फ़रवरी की रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची थी, जिसमें 18 लोगों की मौत हुई थी.
अश्विनी वैष्णव ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में एंट्री और भीड़ को नियंत्रण करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं. जो भी पैसेंजर्स आएंगे, उनमें से जिनके पास पहले से रिजर्व टिकट होगा, तो वह सीधा स्टेशन के अंदर जाएंगे."
उन्होंने बताया, "जिनके पास टिकट नहीं है वे सबसे पहले होल्डिंग एरिया में जाएंगे. इन्हें सीधे होल्डिंग एरिया तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है."
रेल मंत्री ने बताया कि अब ऐसी व्यवस्था कर दी गई है कि जिसके पास टिकट है वही स्टेशन के अंदर जा पाएगा.
लूटे गए हथियार जमा करने के अल्टीमेटम पर मणिपुर के मुख्य सचिव ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बीते 9 फरवरी को मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह के इस्तीफ़ा देने के बाद विधानसभा को निलंबित कर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था. (फ़ाइल फोटो)
मणिपुर के मुख्य सचिव पीके सिंह ने रविवार को कहा कि जो लोग हथियार छोड़ना चाहते हैं, उनके लिए सात दिन का समय काफ़ी है.
उन्होंने यह भी कहा कि समय सीमा ख़त्म होने के बाद, सुरक्षा बल ऐसे हथियारों को बरामद करने के लिए कार्रवाई करेंगे.
20 फ़रवरी को मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने सभी समुदायों के लोगों को लूटे गए और अवैध रूप से रखे गए हथियार और गोला-बारूद अगले सात दिनों के भीतर जमा कराने को कहा था.
मुख्य सचिव पीके सिंह ने पत्रकारों से कहा, "वहां शांति और सामान्य स्थिति होनी चाहिए. इसलिए, हथियार जनता के हाथ में नहीं होने चाहिए. यह एक खतरनाक स्थिति है."
उन्होंने कहा, "सबसे पहले हमें हथियार वापस लाने होंगे. इसके बाद हमें जल्द से जल्द राजमार्ग खोलने, आवाजाही तेज करने के लिए कदम उठाने की ज़रूरत है."
ब्रेकिंग न्यूज़, विराट कोहली सबसे तेज़ी से वनडे में 14 हज़ार रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बने
इमेज स्रोत, ANI
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में अपने 14 हज़ार रन पूरे कर लिए हैं.
ऐसा करने वाले वह दुनिया के सबसे तेज़ बल्लेबाज़ बन गए हैं.
कोहली ने अपने 14 हजार रन रविवार को पाकिस्तान के साथ खेले जा रहे मुक़ाबले में पूरे किए, ये उनका 299वां मैच है. ये रन उन्होंने 287 पारियों में बनाए हैं.
उन्होंने ये रन 57.86 के औसत से बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 93.44 रहा है.
कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में इसराइल ने क्यों बढ़ाई सेना? रक्षा मंत्री ने क्या बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली सेना (फ़ाइल फोटो)
इसराइल ने कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में तीन शरणार्थी शिविरों के लोगों को वहां से हटा दिया है. उसने वहां अपनी पहले से ही मौजूद सैन्य उपस्थिति को और बढ़ा दिया है.
इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने कहा, "जेनिन, तुल्कर्म और नूर शम्स में फ़लस्तीनी शिविर अब खाली हैं और एक साल के लिए वहां सेना का कब्ज़ा होगा."
इसराइल काट्ज ने कहा कि "आतंक के घोंसले" साफ़ कर दिए गए हैं.
पिछले महीने हुए ग़जा युद्धविराम समझौते के बाद से वेस्ट बैंक में पचास से ज़्यादा फ़लस्तीनी मारे गए हैं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि कई फ़लस्तीनियों को डर है कि इसराइल इस क्षेत्र पर कब्ज़ा करने का इरादा रखता है.
दिल्ली: सीएम रेखा गुप्ता ने ‘आप’ पर सरकारी खजाना खाली करने का लगाया आरोप
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये देने के वादे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रतिक्रिया दी है
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को आरोप लगाया कि पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार ने "सरकारी खजाना" खाली कर दिया है.
साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया है कि महिलाओं के लिए 2,500 रुपये मासिक भुगतान योजना को विस्तृत योजना के साथ लागू किया जाएगा.
रविवार को विधायकों के साथ बैठक के बाद सीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा, “दिल्ली की जनता के लिए ये नियमित काम है, हम पूरी तैयारी के साथ इसे लेकर आएंगे.”
रेखा गुप्ता ने कहा, “जब हम अधिकारियों के साथ बैठते हैं और सरकार की वर्तमान वित्तीय स्थिति की जांच करते हैं, तो सारे के सारे सरकारी खजाने खाली दिखाई देते हैं.”
इससे पहले दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा था, “हम दिल्ली की महिलाओं से वादा करते हैं कि जो गारंटी बीजेपी ने महिलाओं को दी है, उस 2500 रुपये को हम दिलवाकर रहेंगे.”
रूस-यूक्रेन युद्ध: रूस का अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला, देखिए तस्वीरें
यूक्रेन पर शनिवार की रात हुए ड्रोन हमले की बात करें तो अधिकारियों का कहना है कि 267 ड्रोन लॉन्च किए गए थे.
यूक्रेन के एयर फोर्स कमांड के प्रवक्ता यूरी इग्नात का कहना है कि 24 फरवरी 2022 को रूसी आक्रमण शुरू होने के बाद से यह एक हमले में लॉन्च किए गए सबसे अधिक ड्रोन हैं.
इमेज स्रोत, Ukraine Ministry of Defence
इमेज कैप्शन, यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने हमले के बाद की तस्वीर शेयर की है.
इमेज स्रोत, Ukraine Ministry of Defence
इमेज कैप्शन, यूक्रेनी वायु सेना ने यह भी बताया कि रूस ने बीती रात तीन बैलिस्टिक मिसाइल भी लॉन्च की हैं
इमेज स्रोत, Ukraine Ministry of Defence
इमेज कैप्शन, यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं का कहना है कि हमलों के कारण रात भर में कई क्षेत्र तबाह हुए और कई इमारतों में आग लग गई
इमेज स्रोत, Ukraine Ministry of Defence
इमेज कैप्शन, रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को तीन साल पूरे होने जा रहे हैं
यूक्रेन पर रूस ने किया बड़ा हमला, दागे 267 ड्रोन, ज़ेलेंस्की ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को तीन साल पूरे होने जा रहे हैं
शनिवार की रात रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए हैं. यह हमला रूस की ओर से इस युद्ध के तीन साल पूरे होने से ठीक एक दिन पहले किया गया है.
यूक्रेन के एयर फोर्स कमांड के प्रवक्ता यूरी इग्नात ने कहा कि एक ही समन्वित हमले में रूस ने "रिकॉर्ड" 267 ड्रोन दागे हैं .
यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं का कहना है कि हमलों के कारण रात भर में कई क्षेत्र तबाह हुए और कई इमारतों में आग लग गई.
हालांकि अभी तक ये साफ नहीं है कि इस हमले में कितने लोग मारे गए हैं, लेकिन आपातकालीन सेवाओं के शुरुआती आंकड़ों से पता चल रहा है कि कम से कम तीन लोग हताहत हुए हैं.
इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रात में रूस की ओर से दागे गए 20 यूक्रेनी ड्रोन "नष्ट" कर दिए गए हैं.
रूस के हमले के बाद ज़ेलेंस्की ने एक बयान में लिखा, "युद्ध जारी है" और क्षेत्र में शांति लाने में मदद मांगी.
मौत के पांच महीने बाद हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह का अंतिम संस्कार
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, हसन नसरल्लाह के मारे जाने की पुष्टि हिज़्बुल्लाह ने 28 सितंबर को की थी
रविवार को हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह और उनके उत्तराधिकारी हाशिम सैफ़िद्दीन को आखिरी विदाई देने के लिए हजारों लोग बेरूत के स्पोर्ट्स सिटी में उमड़ पड़े.
लेबनान पर इसराइली हमलों में मारे जाने के लगभग पांच महीने बाद उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है.
क़रीब पांच महीने पहले हिज़्बुल्लाह के ये दो बड़े नेता इसराइली हमलों में मारे गए थे.
ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह ख़ामेनेई ने हिज़्बुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह की मौत पर पांच दिनों के शोक का एलान भी किया था.
हसन नसरल्लाह और हाशिम सैफ़िद्दीन के अंतिम संस्कार में ईरान की तरफ से विदेश मंत्री अब्बास अराघची शामिल हों रहे हैं.
कुंभ: ममता और अखिलेश के बयानों पर बोले पुष्कर सिंह धामी- उन्हें कुंभ की सफलता पच नहीं रही
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
कुंभ को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयानों पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निशाना साधा है.
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें कुंभ की सफलता पच नहीं रही है.
इससे पहले ममता बनर्जी और अखिलेश यादव कुंभ में हुई भगदड़ के बाद से ही उत्तर प्रदेश सरकार पर वीआईपी कल्चर और कुंभ के इंतज़ाम को लेकर निशाना साधते रहे हैं.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों से कहा, “जो लोग कारसेवकों पर गोली चलाते रहे हैं, लोगों ने देखा है कि पश्चिम बंगाल में लोगों पर किस तरह से अत्याचार हो रहे हैं, कुंभ की सफलता इन लोगों को पच नहीं रही है. वहां पर प्रशासन की पूरी टीम लगी हुई है, वहां पर बहुत अच्छी व्यवस्था है. करोड़ों लोगों ने संगम में डुबकी लगाई है.”
धामी ने कहा “इन लोगों का शुरू से एजेंडा रहा है कि हमारे धार्मिक स्थलों और धार्मिक आस्थाओं को चोट पहुंचाना और ये उसी एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं.”
दिल्ली विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी होंगी नेता प्रतिपक्ष
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दिल्ली विधानसभा में सीएम और नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में होंगी महिलाएं
रविवार को आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक के बाद दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को विधानसभा का नेता प्रतिपक्ष चुना गया है.
इस बैठक में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, आतिशी और पूर्व मंत्री गोपाल राय समेत पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे.
यानी इस बार दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष दोनों ही महिलाएं होंगी.
नेता प्रतिपक्ष चुने जाने के बाद आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा, “मैं अरविंद केजरीवाल जी और आम आदमी पार्टी के सभी विधायक दल का धन्यवाद करना चाहूंगी कि उन्होंने मुझ पर इतना भरोसा किया और मुझे यह ज़िम्मेदारी दी.”
उन्होंने कहा, “ दिल्ली के लोगों ने आम आदमी पार्टी को विपक्ष की भूमिका दी है, आम आदमी पार्टी पूरी तरह से इस ज़िम्मेदारी को निभाएगी.”
“एक विपक्ष के तौर पर हमारी ज़िम्मेदारी रहेगी कि जो भी भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली की जनता से वादे किए उन वादों को आम आदमी पार्टी पूरा करवाएगी.”
आतिशी ने कहा, “हम दिल्ली की महिलाओं से वादा करते हैं कि जो गारंटी बीजेपी ने महिलाओं को दी है, उस 2500 रुपये को हम दिलवाकर रहेंगे.”
नमस्कार!
दोपहर के दो बज चुके हैं. अभी तक बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबेआप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे
तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अलीआप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ
अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके आप पढ़ सकते हैं.
चैंपियंस ट्रॉफ़ीः तस्वीरों में देखिए भारत-पाकिस्तान मैच से पहले प्रशंसकों का उत्साह
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारत और पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर गुजरात के अहमदाबाद में खेल प्रेमियों में ऐसा उत्साह देखने को मिल रहा है
चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 के तहत रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें आमने-सामने होंगी.
इस मैच से पहले क्रिकेट प्रेमियों के बीच ख़ासा उत्साह देखने को मिला. उसकी एक झलक आप इन तस्वीरों में देख सकते हैं.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट मैच को लेकर प्रयागराज में कुंभ में आए खेल प्रेमियों में भी दिखा उत्साह
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अमृतसर के मशहूर पतंग निर्माता जगमोहन कनौजिया ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफ़ी को दर्शाती पतंगें बनाई हैं
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर क्रिकेट फैंस पोस्टर लेकर पहुंचे हैं
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अहमदाबाद में क्रिकेटप्रेमियों ने कुछ इस अंदाज़ में उत्साह दिखाया
नेताओं के बिहार दौरे को लेकर तेजस्वी यादव के दिए बयान पर शिवराज सिंह चौहान ने कही ऐसी बात
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा था, “दिल्ली का चुनाव ख़त्म हो गया. अब हर कोई
कूद-कूद कर बिहार आएगा.” इस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने टिप्पणी की है.
समाचार एजेंसी
एएनआई के मुताबिक, केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “तेजस्वी यह जान लें, प्रधानमंत्री मोदी अभी उतर रहे हैं मध्य प्रदेश, और
वहां कोई चुनाव नहीं है.”
“वो यह भी जान लें कि इसके बाद वो जाएंगे असम, वहां भी कोई चुनाव नहीं हैं.
इसके पहले के प्रधानमंत्री के दौरे देख लो, हमारे प्रधानमंत्री बंगलों में क़ैद
नहीं रहते, जनता के बीच जाते हैं.”
दरअसल, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री मोदी समेत बीजेपी नेताओं के बिहार दौरे को लेकर कहा था, “इन
लोगों को बिहार से, बिहार के लोगों से लेना-देना नहीं है.”
“केवल ये सत्ता में
काबिज़ कैसे रहेंगे, मैनेजमेंट कैसे किया जाए, इसी काम के लिए आ रहे हैं. क्या ये बिहार को
फ़ैक्ट्री देने के लिए आ रहे हैं, पलायन रोकने के लिए आ रहे हैं, ग़रीबी रोकने के
लिए आ रहे हैं, महंगाई ख़त्म करने के लिए आ रहे हैं, बेरोज़गारी ख़त्म करने के लिए
आ रहे हैं? ये लोग अपने स्वार्थ के लिए आ रहे हैं.”
इटली की पीएम बोलीं- ट्रंप, मेलोनी, या मोदी को लोकतंत्र के लिए ख़तरा बताया जाता है लेकिन...
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने लेफ़्ट के नेताओं पर निशाना साधा है
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने वॉशिंगटन डीसी में सीपीएसी कॉन्फ़्रेंस को संबोधित किया. इस दौरान दुनिया में लेफ़्टिस्ट लीडर्स पर निशाना साधते हुए भारत के प्रधानमंत्री मोदी का भी ज़िक्र किया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ उन्होंने कहा, “हमारी सरकार इटली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर
बेहतर स्थान दिलाने के लिए बिना थके काम कर रही है.”
”हम दुनिया में हमारी
भूमिका को एक बार फिर वैश्विक नेता के रूप में स्थापित करने के लिए इटली को बेहतर और
आधुनिक बना रहे हैं. हमारा लक्ष्य एक ऐसे इटली का निर्माण करना है, जो एक बार फिर दुनिया को
चौंका दे.”
उन्होंने कहा, “ट्रंप
की जीत से लेफ़्ट नर्वस है. उनकी (लेफ़्ट) चिड़चिड़ाहट अब उन्माद में बदल चुकी है. ऐसा
इसलिए नहीं है कि कंज़र्वेटिव्स जीत रहे हैं, बल्कि इसलिए है क्योंकि
कंज़र्वेटिव्स अब वैश्विक स्तर पर एकसाथ आ रहे हैं.”
मेलोनी ने कहा, “जब 90 के दौर में बिल
क्लिंटन और टोनी ब्लेयर ने ग्लोबल लेफ़्टिस्ट लिबरल नेटवर्क बनाया था, तो उनको
स्टेट्समैन कहा गया था. आज जब ट्रंप, मेलोनी, मिलाए (अर्जेंटीना के राष्ट्रपति) या फिर मोदी बात करते हैं, तो
उनको लोकतंत्र के लिए ख़तरा बताया जाता है.”
”यह दोहरे मापदंड हैं, और हमें इनकी आदत
पड़ चुकी है. अच्छी ख़बर यह है कि लोग अब उनके झूठों पर यकीन नहीं करते हैं.
नागरिक हमारे लिए वोट कर रहे हैं.”
बिहारः तेजस्वी यादव के नीतीश कुमार पर दिए बयान पर क्या बोले जेडीयू नेता?
इमेज स्रोत, @RajivRanjanJDU
इमेज कैप्शन, जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा है कि बिहार में एनडीए बेहतर स्थिति में है
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी
यादव के बयान पर जेडीयू नेता ने जवाब दिया है.
तेजस्वी यादव ने कहा था, “मेरे पिता नीतीश
कुमार के मुक़ाबले ज़्यादा स्वस्थ हैं, और लालू जी ने बिहार के लिए जितना काम किया
है, उतना किसी ने नहीं किया है.”
इस पर जेडीयू नेता ने पलटवार किया है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, “राजद की डूबती नैया को पार लगाने में तेजस्वी यादव
का जो नेतृत्व है, वो पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ है.”
उन्होंने कहा, “लोकसभा
और विधानसभा के उपचुनाव के बाद तेजस्वी यादव से एक ज़िम्मेदार नेता प्रतिपक्ष की
भूमिका निभाने की उम्मीद जनता कर रही थी, लेकिन बार-बार नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत
प्रहार करके तेजस्वी यादव ने यह साबित कर दिया है कि उनके पास राज्य को देने के
लिए कुछ नहीं है.”
जेडीयू नेता ने कहा, “राजनीतिक असहमतियां हो सकती
हैं, लेकिन घटिया और व्यक्तिगत आरोपों के बल पर कोई किसी का राजनीति में विकल्प बन
सकता है, तो यह सोचना भी हास्यास्पद है.”
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि 2010 से बेहतर
हालत आज एनडीए की है. अगर 225 का लक्ष्य हमने रखा
है, तो निःसंदेह राजद के लिए एक-एक सीट बिहार में जीत पाना असंभव सा दिख रहा है.
इसी बौखलाहट की वजह से उनके बोल बिगड़ रहे हैं.”
बिहारः तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार के बेटे को लेकर क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने निशांत कुमार को लेकर टिप्पणी की है
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी
यादव से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के बयान पर एक सवाल
पूछा गया था.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इसके जवाब में तेजस्वी यादव ने कहा, “निशांत, भाई हैं
हमारे. हम तो चाहेंगे कि वो जल्दी घर भी बसा लें.”
दरअसल, निशांत कुमार ने कहा था कि उनके पिता नीतीश
कुमार स्वस्थ हैं, उन्होंने बिहार के लिए कई काम किए हैं, इसलिए बिहार की जनता उनको वोट दे.
इस पर तेजस्वी यादव ने कहा, “मेरे पिता नीतीश
कुमार के मुकाबले ज़्यादा स्वस्थ हैं. आप देखिएगा, जिस प्रकार से लालू जी ने
सामाजिक न्याय किया, जिस प्रकार से लालू जी ने रेलवे को 90 हज़ार करोड़ का मुनाफ़ा
दिलाया, जिस प्रकार से लालू जी ने बिहार को केंद्र से 1 लाख 65 हज़ार करोड़ का
पैकेज दिलवाया, चार-चार रेलवे के कारख़ाने दिलवाए, लालू जी ने जो काम किया, वो आज
तक किसी ने नहीं किया.”
तेजस्वी ने कहा, “निशांत जी को सोचना पड़ेगा
कि उनके पिताजी के साथ आज जो लोग हैं, चाहे सम्राट चौधरी हों, विजय सिन्हा हों, या
नरेंद्र मोदी जी हों, या चिराग पासवान हों.”
“चिराग पासवान जी तो
प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके कहते थे कि नीतीश जी का दिमाग़ ख़राब हो गया है, स्वस्थ
नहीं हैं. मांझी जी कहते थे कि स्वस्थ नहीं हैं. प्रधानमंत्री तो डीएनए का सवाल
उठाते थे.”
“तो जो लोग नीतीश जी के साथ आज खड़े हैं, उन पर उनकी क्या राय है.”
अमेरिकाः सरकारी कर्मचारियों को मस्क के विभाग ने भेजा ईमेल, पूछे सवाल, लौरा ब्लेसी और एना फ़ागे, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अरबपति उद्यमी एलन मस्क का विभाग अमेरिका में सरकारी ख़र्च में कटौती पर काम कर रहा है
अमेरिकी सरकार के कर्मचारियों को शनिवार दोपहर एक
ईमेल मिला.
इसमें कहा गया कि पिछले सप्ताह आपने जो काम पूरे किए हैं, उनकी सूची
बनाएं या इस्तीफ़ा दें.
दरअसल, अरबपति उद्यमी एलन मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट किया
था. इसमें उन्होंने कहा था, “कर्मचारियों को जल्द ही एक ईमेल प्राप्त होगा, इसका मक़सद यह जानना है कि
उन्होंने पिछले सप्ताह कौन से काम पूरे किए हैं.”
मस्क ने लिखा था, “अगर आप इस ईमेल का जवाब देने में
असफल रहते हैं, तो इसे आपका इस्तीफ़ा समझा जाएगा.”
एलन मस्क अमेरिका में डिपार्टमेंट ऑफ गवर्मेंट
एफ़िशिएंसी का नेतृत्व कर रहे हैं.
इस विभाग का मक़सद अमेरिकी सरकार के ख़र्च में
कटौती करना है.
कर्मचारियों को यह ईमेल तब मिला, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कंज़र्वेटिव पॉलिटिकल एक्शन कॉन्फ़्रेंस में संबोधन दे दिया था.
इस ईमेल की सब्जेक्ट लाइन में लिखा था, “आपने
पिछले सप्ताह क्या किया?”