You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से की मुलाकात, क्या बात हुई?

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रूस के दौरे पर हैं. उन्होंने मंगलवार को मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अश्वनी पासवान

  1. लोकसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित होने पर बोले ओम बिरला और प्रियंका गांधी

    मंगलवार को एक बार फिर लोकसभा में हंगामे की वजह से कार्यवाही को कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा.

    लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को स्थगित करते हुए कहा, "सदन चलेगा तो मर्यादा और गरिमा से चलेगा."

    सुबह ग्यारह बजे जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, ओम बिरला ने सभी पक्षों से सदन चलने देने की अपील की.

    उन्होंने कहा, "संसद एक पवित्र स्थल है. इस भवन की उच्च गरिमा और प्रतिष्ठा है. सहमति और असहमति हमारे लोकतंत्र की परंपरा रही है, जो संविधान बनते समय भी हमने अभिव्यक्त की है."

    बिरला ने कहा, "मेरा आग्रह है कि हमें गरिमा रखनी चाहिए. संसद परिसर में पिछले कुछ दिनों से जिस प्रकार के प्रदर्शन किए जा रहे हैं, जिस प्रकार के नारे और पोस्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है, वो ना सिर्फ अशोभनीय है बल्कि हमारी नियम प्रक्रियाओं के अनुरूप भी नहीं है."

    "मुझे बड़े अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि इसमें प्रतिपक्ष के बड़े नेताओं का आचरण-व्यवहार भी संसदीय मर्यादाओं के अनुकूल नहीं है. मेरा आग्रह है चाहे सत्ता पक्ष हो या प्रतिपक्ष हो सभी दल के लोग संसद की गरिमा, परंपरा, मर्यादा, प्रतिष्ठा को बनाए रखें."

    उधर, कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "हमारी पूरी कोशिश है कि सदन चले, लेकिन किसी वजह से सरकार नहीं चाह रही है. हम जो प्रदर्शन कर रहे हैं वो बाहर कर रहे हैं. हम अपना काम करके अंदर जा रहे हैं, रोज हम कोशिश करते हैं लेकिन वो चर्चा नहीं चाहते. किसी ना किसी बहाने हर रोज कार्यवाही स्थगित करा रहे हैं."

  2. आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कार्यकाल के आखिरी दिन क्या कहा?

    भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने अपने कार्यकाल के आखिरी दिन शुक्रिया अदा किया है.

    आरबीआई गवर्नर के तौर पर शक्तिकांत दास का कार्यकाल मंगलवार (10 दिसंबर) को समाप्त हो रहा है.

    शक्तिकांत दास ने एक्स पर लिखा, "आज आरबीआई गवर्नर के तौर पर ऑफिस छोड़ दूंगा. समर्थन और शुभकामनाओं के लिए सभी का धन्यवाद."

    शक्तिकांत दास ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे यह अवसर दिया. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद. फिसकल मॉनेटरी को-ऑर्डिनेशन सबसे बढ़िया पहलू था, जिससे हमें पिछले छह सालों में चुनौतियों से निपटने में मदद मिली."

    उन्होंने कहा, "मैं वित्तीय क्षेत्र और अर्थव्यवस्था के सभी हितधारकों, विशेषज्ञों, अर्थशास्त्रियों, उद्योग निकायों, संघों, कृषि क्षेत्र के संगठनों, सहकारी समितियों और सेवा क्षेत्र को धन्यवाद करता हूं."

    शक्तिकांत दास ने कहा, "मैं आरबीआई की टीम को धन्यवाद करता हूं. हमने साथ मिलकर सफलतापूर्वक अभूतपूर्व वैश्विक चुनौतियों को पार किया. मैं कामना करता हूं कि आरबीआई एक भरोसेमंद और विश्वसनीय संस्था के रूप में और भी ऊंचाई पर जाए. आप सभी को मेरी शुभकामनाएं."

  3. गूगल का नया चिप जिसकी स्पीड करेगी कमाल, क्या है ख़ास?, क्रिस वैलेंस, वरिष्ठ तकनीकी संवाददाता

    गूगल ने एक ऐसा चिप लॉन्च किया है जो पांच मिनट में उस प्रॉबल्म को हल कर देगा, जिसे दुनिया का सबसे तेज़ सुपर कंप्यूटर दस सेप्टिलियन सालों (10,000,000,000,000,000,000,000,000 साल) में हल करता है.

    क्वांटम कंप्यूटिंग के क्षेत्र में यह एक अलग तरह का चिप है. पार्टिकल फिजिक्स के सिद्धांतों का इस्तेमाल करके इस चिप से एक नए तरह का बेहद शक्तिशाली कंप्यूटर बनाने का प्रयास किया जा रहा है.

    गूगल ने इसे नाम दिया है - विलो

    गूगल ने कहा है कि उसका चिप अभूतपूर्व उपलब्धि है.

    हालांकि जानकारों का कहना है कि विलो काफी हद तक अभी एक एक्सपेरिमेंटल डिवाइस है, जिसका मतलब है कि वास्तविक दुनिया की समस्याओं को हल करने के लिए एक सक्षम और शक्तिशाली क्वांटम कंप्यूटर अभी भी सालों दूर है.

  4. इसराइल ने सीरिया के कई सैन्य ठिकानों पर किए दर्जनों हवाई हमले, एलेक्स बिनले, बीबीसी न्यूज़

    सीरियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ इसराइल ने सीरिया की राजधानी दमिश्क समेत देश के विभिन्न इलाकों में स्थित कई सैन्य ठिकानों पर दर्जनों हवाई हमले किए हैं.

    ब्रिटेन स्थित सीरियन ऑब्सर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) ने कहा है कि सीरिया के सैन्य ठिकानों पर सौ से ज़्यादा हमले किए गए हैं.

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, रासायनिक हथियार बनाने वाले एक संदिग्ध रिसर्च सेंटर पर भी इसराइल ने हमला किया.

    इसराइल का कहना है कि असद सरकार के जाने के बाद हथियारों को "चरमपंथियों के हाथों में जाने से रोकने" के लिए वह हमले कर रहा है.

    एसओएचआर ने कहा है कि पिछले दो दिनों में इसराइल की तरफ से सीरिया में सैकड़ों हवाई हमले हुए हैं. इसमें दमिश्क स्थित एक सैन्य ठिकाने को भी निशाना बनाया गया है, जिसके बारे में कहा जाता है कि इसका इस्तेमाल ईरानी वैज्ञानिक रॉकेट बनाने के लिए किया करते थे.

    सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक हुई, जिसमें सीरिया की वर्तमान स्थित पर चर्चा हुई.

    रूस ने सीरिया की स्थिति पर चर्चा करने के लिए सुरक्षा परिषद की तत्काल बैठक बुलाई थी.

    कहा जा रहा है कि सीरिया के बदलते हालात के बीच इसराइल की ओर गोलान हाइट्स पर अस्थाई कब्ज़े को लेकर रूस असहज है.

  5. यूनाइटेड हेल्थ केयर के सीईओ की हत्या के संदिग्ध को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया

    अमेरिका में यूनाइटेड हेल्थ केयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ब्रायन थॉमसन की हत्या के संदिग्ध को पुलिस ने सोमवार को पेंसिल्वेनिया की अदालत में पेश किया.

    अदालत ने अभियुक्त लुइगी मंगियोन की जमानत याचिका खारिज कर दी है. अभियुक्त पर पुलिस ने जालसाजी और बिना लाइसेंस के बंदूक रखने के अभियोग भी लगाए गए हैं.

    पुलिस ने कहा है कि अभियुक्त लुइगी मंगियोन, सीईओ ब्रायन थॉमसन की हत्या का संदिग्ध भी है. पेंसिल्वेनिया के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें न्यूयॉर्क पुलिस से जल्द ही हत्या का मामला दर्ज किए जाने की उम्मीद है.

    मैंगियोन को सोमवार की सुबह पेंसिल्वेनिया के अल्टोना के एक रेस्तरां ग्राहक ने देखा था. ग्राहक ने इसके बारे में एक कर्मचारी को बताया. इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया.

    ब्रायन थॉमसन अमेरिका की सबसे बड़ी निजी बीमा कंपनी के सीईओ थे. उनकी हत्या बुधवार को मैनहट्टन में कर दी गई थी.

    थॉमसन ने साल 2004 में कॉरपोरेट डेवलपमेंट के डायरेक्टर के तौर पर कंपनी में काम करना शुरू किया था. उन्हें अप्रैल 2021 में सीईओ बनाया गया.

  6. कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा का 92 साल की उम्र में निधन

    कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सोमनहल्ली मल्लैया कृष्णा का निधन हो गया.

    पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक़ एसएम कृष्णा की मौत हार्ट अटैक से हुई है. पिछले एक साल से उन्हें सांस लेने में समस्या आ रही थी, जिसकी वजह से वो कई बार अस्पताल गए.

    एसएम कृष्णा 92 साल के थे. वो साल 1999 से 2004 तक कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे.

    कृष्णा भारत के विदेश मंत्री और महाराष्ट्र के राज्यपाल भी रहे. एसएम कृष्णा पहले कांग्रेस में रहे थे, इसके बाद वो बीजेपी में शामिल हुए.

    उन्हें भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है.

    उन्होंने अपना राजनीतिक करियर साल 1962 में शुरू किया, जब वो निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर कर्नाटक की मद्दुर सीट से चुनाव जीते थे.

  7. मुंबई: अनियंत्रित बस ने कई वाहनों को कुचला, चार लोगों की मौत

    मुंबई में सोमवार रात एक बस हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है. जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

    ज़ोन 5 के डीसीपी गणेश गावड़े ने हादसे के बारे में बताया, "कुर्ला में बीईएसटी (बेस्ट) बस अनियंत्रित हो गई, ड्राइवर ने कुछ गाड़ियों को कुचल दिया है. इसमें 25 लोग घायल हैं जबकि चार लोगों की मौत हुई है."

    उन्होंने कहा, "सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है. जिस जगह पर ये हादसा हुआ वहां से बीईएसटी ने बस को हटा दिया है. अब बस का आरटीओ इंस्पेक्शन होगा."

    डीसीपी ने बताया, "इस घटना में आरोप दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. बस ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में लिया है. और आगे की जांच की जा रही है. अभी तक इस हादसे की वजह पता नहीं चल सकी है, लेकिन इसकी जांच की जा रही है."

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ यह बस कुर्ला से अंधेरी की ओर जा रही थी. इसी दौरान बस अनियंत्रित हुई और कई वाहनों को कुचल दिया.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाउंगा.

    कल के लाइव पेज में जाने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    - इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज ने विहिप के कार्यक्रम में क्या कह दिया जिस पर हो रहा विवाद. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - जॉर्ज सोरोस कौन हैं, जिनका नाम लेकर कांग्रेस पर निशाना साध रही है बीजेपी. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - सीरियाः बशर अल-असद के शासन में उनके खानदान की महिलाओं का कितना था दख़ल. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - सीरिया की सेना चंद दिनों के भीतर ही कैसे हार गई विद्रोहियों से जंग. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - क्या विमान बनाने वाली बोइंग कंपनी दोबारा पटरी पर लौट सकती है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.