ईरान में अमेरिकी सैनिक भेजे जाने के सवाल पर अब क्या बोले ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अभी तक इसको लेकर फ़ैसला नहीं किया है कि ईरान में अमेरिका के सैनिक भेजे जाएं या नहीं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. ट्रंप बोले- तेल की दरों में बढ़ोतरी 'चुकाने लायक बहुत छोटी क़ीमत'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में रविवार को कच्चे तेल की क़ीमत 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष की वजह से तेल की क़ीमतों में तेज़ बढ़ोतरी अपने आप ठीक हो जाएगी और यह ग्लोबल सिक्योरिटी के लिए चुकाने लायक एक 'छोटी क़ीमत' है.

    उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "कम समय के लिए तेल की क़ीमतें बढ़ी हैं, जो ईरान के परमाणु ख़तरे के ख़त्म होते ही तेज़ी से नीचे आ जाएंगी. अमेरिका और दुनिया की सुरक्षा और शांति के लिए यह बहुत छोटी क़ीमत है."

    उन्होंने आगे लिखा, "सिर्फ़ मूर्ख ही इससे अलग सोचेंगे."

    फरवरी 2022 में रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद कच्चे तेल की क़ीमतों में यह सबसे बड़ी बढ़ोतरी है.

  2. कच्चा तेल 110 डॉलर प्रति बैरल के पार, चार साल में सबसे अधिक, पीटर हॉस्किन्स, बिज़नेस रिपोर्टर, सिंगापुर

    तेल रिफ़ाइनरी

    इमेज स्रोत, Maira Erlich/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, होर्मुज़ स्ट्रेट अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध की वजह से बंद है (सांकेतिक तस्वीर)

    ईरान पर अमेरिका और इसराइल के हमले के बाद कच्चे तेल में उछाल जारी है. अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में क्रूड की क़ीमत 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई.

    तेल और गैस की आपूर्ति के लिए दुनिया के सबसे अहम रास्तों में से एक स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के बंद होने के बाद कच्चे तेल की क़ीमतों में उछाल आया है.

    होर्मुज़ स्ट्रेट अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध की वजह से बंद है.

    ब्रेंट क्रूड की क़ीमतों में 18 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 108.68 डॉलर प्रति बैरल हो गया है. वहीं अमेरिकी तेल डब्ल्यूटीआई क़रीब 20 फ़ीसदी बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया.

    फ़रवरी 2022 में रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद यह कच्चे तेल की क़ीमतों में सबसे बड़ी बढ़ोतरी है. उस समय भी कच्चे तेल की क़ीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से काफ़ी ऊपर चली गई थी.

  3. अमेरिका ने सऊदी अरब स्थित अपने दूतावास के कर्मचारियों से देश छोड़ने को कहा

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty

    इमेज कैप्शन, अमेरिका ने अपने नागरिकों से सऊदी अरब की यात्रा पर दोबारा विचार करने को भी कहा है

    खाड़ी देशों में ईरान के ड्रोन हमलों के बीच अमेरिका ने सऊदी अरब स्थित अपने दूतावास के कुछ कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों से देश छोड़ने को कहा है.

    अमेरिकी विदेश विभाग ने सुरक्षा जोखिमों का हवाला देते हुए सऊदी अरब में तैनात गैर-आपातकालीन कर्मचारियों को यह आदेश दिया है.

    इसके अलावा अमेरिका ने अपने नागरिकों से सऊदी अरब की यात्रा पर दोबारा विचार करने की अपील भी दोहराई है.

    अमेरिका ने अपने आदेश में "ईरान की ओर से अमेरिकी हितों को ड्रोन और मिसाइल से निशाना बनाए जाने का ख़तरा, सशस्त्र संघर्ष, आतंकवाद, देश से बाहर जाने पर पाबंदी और सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़े स्थानीय क़ानूनों" का हवाला दिया है.

  4. विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भारतीय टीम के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर क्या कहा?

    विराट कोहली और रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty

    इमेज कैप्शन, इससे पहले भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 का टी-20 वर्ल्ड कप जीता था (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय टीम के टी-20 वर्ल्ड चैंपियन बनने पर पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा ने खिलाड़ियों की तारीफ़ की है.

    विराट कोहली ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, "हम फिर चैंपियन बने. अहमदाबाद में खेले गए बड़े फ़ाइनल में हमें शानदार जीत मिली. दबाव के बीच पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने बेहतरीन जज़्बा दिखाया और इस प्रतिभाशाली टीम के आसपास भी कोई नहीं पहुंच सका."

    कोहली ने पूरे मैनेजमेंट और सपोर्ट स्टाफ़ को जीत की बधाई भी दी.

    वहीं रोहित शर्मा ने इंस्टा स्टोरी पर भारतीय टीम की तारीफ़ करते हुए लिखा, "पूरी टीम ने बेहतरीन एफ़र्ट दिखाया. बधाई."

    भारत ने रविवार को खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड को हरा दिया है. इसी के साथ भारतीय टीम तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली इकलौती टीम बन गई है.

    इससे पहले भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में और महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था.

  5. सऊदी अरब में मिसाइल गिरने से एक भारतीय नागरिक घायल, दूतावास ने क्या बताया

    तेहरान में हवाई हमला

    इमेज स्रोत, Fatemeh Bahrami/Anadolu via Getty

    इमेज कैप्शन, ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग जारी है (सांकेतिक तस्वीर)

    सऊदी अरब के अल-ख़र्ज में रविवार शाम एक रिहायशी इलाक़े में मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 लोग घायल हैं.

    घायलों में एक भारतीय भी शामिल हैं. इसकी जानकारी 'डायरेक्टरेट ऑफ़ सऊदी सिविल डिफ़ेंस' ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए दी है.

    पोस्ट में कहा गया, "अल-ख़र्ज गवर्नरेट में एक रिहायशी इलाक़े में मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हुई है और 12 लोग घायल हुए हैं."

    एक अन्य पोस्ट में सऊदी के अधिकारियों ने बताया, " दो बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हुई है और घायलों में शामिल 11 लोग बांग्लादेशी हैं, जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति भारतीय नागरिक है."

    वहीं, सऊदी में मौजूद भारतीय दूतावास ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है. भारतीय अधिकारियों ने इस घटना को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया है और किसी भी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है.

    भारतीय दूतावास ने कहा, "यह राहत की बात है कि अल-ख़र्ज में कल (रविवार) शाम हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भी भारतीय की मौत नहीं हुई है. "

    दूतावास ने यह भी कहा कि वह इस मामले को लेकर सऊदी के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है.

    भारतीय दूतावास के मुताबिक़, काउंसलर वाई. साबिर ने रविवार रात अल-ख़र्ज का दौरा किया और घायल हुए भारतीय नागरिक से मुलाक़ात की.

    घायल भारतीय नागरिक का इस समय अल-ख़र्ज के एक सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

  6. 'आपके चेहरे पर मुस्कान...', टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने गौतम गंभीर पर क्या कहा?

    एमएस धोनी और गौतम गंभीर

    इमेज स्रोत, AAMIR QURESHI/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, धोनी ने गंभीर को 'कोच साहब' कहकर संबोधित किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय टीम के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम, सपोर्ट स्टाफ़ और फ़ैन्स को बधाई दी है. उन्होंने मुख्य कोच गौतम गंभीर को लेकर भी बयान दिया है.

    धोनी ने ट्रॉफ़ी के साथ टीम इंडिया की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा, "अहमदाबाद में इतिहास रचा गया. भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ़, और दुनियाभर में मौजूद भारतीय क्रिकेट टीम के सभी फ़ैन्स को बहुत-बहुत बधाई."

    उन्होंने कहा, "आप सबको खेलते हुए देखना बहुत खुशी की बात है."

    इसके आगे धोनी ने गौतम गंभीर की मुस्कुराहट पर कहा, "कोच साहब, आपके चेहरे पर मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है. इंटेंसिटी के साथ मुस्कान एक किलर कॉम्बिनेशन है. बहुत खूब."

    पूर्व कप्तान ने तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह की भी तारीफ़ की है.

    उन्होंने कहा, "बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है. चैंपियन बॉलर."

  7. टी-20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद गौतम गंभीर ने कोचिंग के तरीक़े और सोशल मीडिया की बहसों पर क्या कहा?

    गौतम गंभीर

    इमेज स्रोत, Punit PARANJPE / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, गौतम गंभीर ने भारतीय टीम के कोच के तौर पर चैंपियंस ट्रॉफ़ी, एशिया कप और अब टी-20 वर्ल्ड कप जीता है (फ़ाइल फ़ोटो)

    टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उनके कोचिंग के तरीक़े और सोशल मीडिया पर बहस से जुड़े सवाल का जवाब दिया है.

    गौतम गंभीर से सवाल किया गया था कि 'जब टीम अच्छा नहीं करती, तो सोशल मीडिया पर बहुत बातें होती हैं. लेकिन पर्दे के पीछे खिलाड़ियों के साथ आपका जो प्रयास है, उन्हें हैंडल करने की जो व्यक्तिगत प्रक्रिया है, अगर आप इसे समझा पाओ कि आपकी तरफ़ से कितना एफ़र्ट डाला जाता है?'

    इस पर गौतम गंभीर ने कहा, "सबसे पहली बात तो ये है कि मेरी जवाबदेही किसी सोशल मीडिया की तरफ़ नहीं है. मेरी जवाबदेही सबसे ज़्यादा उन 30 लोगों की तरफ़ है, जो ड्रेसिंग रूम में बैठे हैं... इसके अलावा मेरी जवाबदेही न पहले कभी थी, न आज है और न आगे रहेगी."

    उन्होंने कहा, "भले ही मैंने कोच के तौर पर दो आईसीसी ट्रॉफ़ी जीती हों, वह मैटर नहीं करती. आगे भी आने वाले समय में मुझे लगता है कि मेरे कोचिंग के कार्यकाल में वो 30 लोग सबसे ज़्यादा मैटर करते हैं, बाकी और कोई मैटर नहीं करता."

    भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड को हराकर तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बन गई है.

    इससे पहले भारत ने 2024 और 2007 का टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.