You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सुमित अंतिल ने फिर किया कमाल, टोक्यो के बाद पेरिस पैरालंपिक में भी जीता गोल्ड

टोक्यो पैरालंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले सुमित अंतिल ने पेरिस पैरालंपिक में भी गोल्ड जीत लिया है.

सारांश

  • दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के पूर्व कम्युनिकेशन हेड विजय नायर को ज़मानत दी
  • बुलडोज़र एक्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सख़्त टिप्पणी की है
  • पेरिस पैरालंपिक 2024 में पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी नीतेश कुमार ने गोल्ड मेडल हासिल किया
  • योगेश कथुनिया ने सोमवार को पेरिस पैरालंपिक में पुरुषों की डिस्कस थ्रो- एफ56 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता.
  • वरिष्ठ हुर्रियत नेता सलीम गिलानी श्रीनगर में पीडीपी (पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) में शामिल हुए
  • मुसलमानों पर हो रहे हमलों को लेकर राहुल गांधी ने बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) पर कसा तंज

लाइव कवरेज

शिल्पा ठाकुर और अश्वनी पासवान

  1. आप विधायक अमानतुल्लाह ख़ान के घर ईडी पहुंचने पर क्या बोली बीजेपी?

    आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्लाह ख़ान ने सोमवार सुबह दावा किया कि ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम उन्हें गिरफ़्तार करने उनके घर पहुंची है.

    उन्होंने एक वीडियो समेत एक्स पर दो पोस्ट भी किए. अमानतुल्लाह ख़ान के दावे को लेकर आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं ने बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) पर तंज़ कसा.

    इसके बाद अब बीजेपी की प्रतिक्रिया आई है. बीजेपी दिल्ली के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "जो बोयेगा वही काटेगा. अमानतुल्लाह ख़ान काश आपने यह याद रखा होता."

    केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने एएनआई से बातचीत में कहा, "आम आदमी पार्टी पूरी तरह अपराधियों से घिरी हुई पार्टी है. जिसका मुख्यमंत्री जेल में है, कोई किसी घोटाले में और कोई किसी और घोटाले में अंदर है. कोई व्यक्ति कानून से बड़ा नहीं होता. अगर अमानतुल्लाह ख़ान पर कोई आरोप है तो कोर्ट में उसका फैसला होगा."

    आप नेताओं ने क्या कहा?

    अमानतुल्लाह ख़ान के पोस्ट को रीट्वीट कर दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक्स पर लिखा, "ईडी का बस यही काम रह गया है. बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) के ख़िलाफ़ उठने वाली हर आवाज़ को दबा दो. तोड़ दो. जो टूटे नहीं, दबे नहीं, उसे गिरफ़्तार करके जेल में डाल दो."

    आप नेता संजय सिंह ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा, "ईडी की निर्दयता देखिए. अमानतुल्लाह ख़ान पहले ईडी की जांच में शामिल हुए, उनसे आगे के लिए समय भी मांगा. उनकी सास को कैंसर है. उनका ऑपरेशन हुआ है. घर में सुबह सुबह धावा बोलने पहुंच गए."

    संजय सिंह ने लिखा कि अमानतुल्लाह ख़ान के ख़िलाफ़ कोई सबूत नहीं हैं लेकिन मोदी की तानाशाही और ईडी की गुंडागर्दी दोनों जारी है.

  2. आप विधायक अमानतुल्लाह ने कहा- ईडी उनके घर पहुंची, आप के बड़े नेताओं की आई प्रतिक्रिया

    आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्लाह ख़ान ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर दावा किया कि ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम उन्हें गिरफ़्तार करने उनके घर पहुंची है.

    अमानतुल्लाह ख़ान ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मेरे घर अभी ईडी के लोग मुझे गिरफ़्तार करने के लिए पहुंचे हैं."

    एक अन्य पोस्ट में उन्होंने अपना एक वीडियो शेयर किया. इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, "अभी सुबह-सुबह तानाशाह के इशारे पर उनकी कठपुतली ईडी मेरे घर पर पहुंच चुकी है, मुझे और आप नेताओं को परेशान करने में तानाशाह कोई कसर नहीं छोड़ रहा."

    उन्होंने कहा, "ईमानदारी से अवाम की ख़िदमत करना गुनाह है? आख़िर ये तानाशाही कब तक?"

    अमानतुल्लाह ख़ान के पोस्ट पर आम आदमी पार्टी के कई नेताओं की प्रतिक्रिया आई है.

    दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया ने उनकी पोस्ट को रीट्वीट किया.

    मनीष सिसोदिया ने एक्स पर लिखा, "ईडी का बस यही काम रह गया है. बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) के ख़िलाफ़ उठने वाली हर आवाज़ को दबा दो. तोड़ दो. जो टूटे नहीं, दबे नहीं, उसे गिरफ़्तार करके जेल में डाल दो."

    आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने एक्स पर अमानतुल्लाह ख़ान के घर का वीडियो शेयर किया.

    अपने पोस्ट में संजय सिंह ने लिखा, "ईडी की निर्दयता देखिए. अमानतुल्लाह ख़ान पहले ईडी की जांच में शामिल हुए, उनसे आगे के लिए समय भी मांगा. उनकी सास को कैंसर है. उनका ऑपरेशन हुआ है. घर में सुबह सुबह धावा बोलने पहुंच गए."

    संजय सिंह ने लिखा, "अमानतुल्लाह ख़ान के ख़िलाफ़ कोई सबूत नहीं हैं लेकिन मोदी की तानाशाही और ईडी की गुंडागर्दी दोनों जारी है."

  3. तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तेज़ बारिश से कई इलाक़ों में बाढ़, 9 लोगों की मौत

    तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भी तेज़ बारिश हो रही है. इससे कई इलाक़ों में बाढ़ आ गई है. रेलवे और बस सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.

    दोनों ही राज्यों में लोगों को बाढ़ वाले इलाक़ों से निकालकर राहत शिविरों तक पहुंचाया जा रहा है. एनडीआरएफ (नेशनल डिजास्टर रेस्पॉन्स फोर्स) की 26 टीमें तैनात की गई हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से बात की और इन्हें केंद्र की तरफ़ से हर संभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया है.

    तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि कई एहतियाती उपाय अपनाए जाने के बावजूद तेलंगाना में 9 लोगों की मौत हो गई है.

    तेलंगाना के महबूबाबाद और खम्मन ज़िलों में कम से कम तीन लोगों के बाढ़ के पानी में बहने की आशंका है.

    मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इमरजेंसी बैठक बुलाई है. तेलंगाना के साथ-साथ आंध्र प्रदेश के भी कई इलाकों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है.

  4. इसराइल में प्रधानमंत्री नेतन्याहू के ख़िलाफ़ उग्र विरोध प्रदर्शन

    इसराइल में बिन्यामिन नेतन्याहू सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. हज़ारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरे.

    ये प्रदर्शन ग़ज़ा में बंधक बनाए गए छह लोगों के शव मिलने के बाद शुरू हुए. लोगों की मांग है कि प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की सरकार को बंधकों की रिहाई के लिए हमास के साथ समझौता करना चाहिए.

    प्रदर्शनकारी तेल अवीव, यरूशलम और अन्य कई शहरों में इसराइली झंडा अपने हाथों में लेकर निकले. इनका कहना है कि पीएम नेतन्याहू और उनकी सरकार बंधकों की रिहाई के लिए हमास के साथ समझौता करने के लिए ज़्यादा कुछ नहीं कर रही.

    बीते साल सात अक्टूबर को इसराइल पर हुए हमास के हमले के बाद सैकड़ों की संख्या में लोगों को बंधक बनाकर ग़ज़ा ले जाया गया था.

    रविवार को विरोध प्रदर्शन की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से हुई. लेकिन बाद में भीड़ ने पुलिस बैरियर तोड़ दिए और तेल अवीव में प्रमुख हाईवे ब्लॉक कर दिए. प्रदर्शनकारियों ने टायरों में भी आग लगाई.

    इसराइल की ट्रेड यूनियन ने सोमवार को देशव्यापी हड़ताल का एलान किया है. इनकी मांग है कि सरकार बंधकों की रिहाई के लिए हमास के साथ जल्द से जल्द किसी समझौते तक पहुंचे.

    इसराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने इससे पहले कहा था कि उसे शनिवार को दक्षिणी ग़ज़ा के रफाह में एक सुरंग में छह शव मिले थे.

    आईडीएफ शनिवार को जब तक इन बंधकों तक पहुंच पाती, उससे कुछ देर पहले ही इन्हें मार दिया गया था.

  5. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता शिल्पा ठाकुर आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर हाज़िर हूं.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    दिल्ली से क़रीब 150 किलोमीटर दूर हरियाणा के चरखी दादरी के बाढड़ा इलाके़ में गोरक्षा से जुड़े कुछ लोगों ने बंगाल के एक कूड़ा बीनने वाले मुस्लिम व्यक्ति की कथित तौर पीट-पीटकर हत्या कर दी. पूरी घटना के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग ज़िले के राजकोट क़िले में छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति गिरने के मामले को लेकर रविवार को विपक्षी गठबंधन ने विरोध प्रदर्शन किया था. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की माफ़ी स्वीकार करने से इनकार कर दिया है. विपक्ष ने क्या कुछ कहा है. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    महाराष्ट्र के नासिक ज़िले में ईगतपुरी के निकट एक एक्सप्रेस ट्रेन में बीफ़ ले जाने के संदेह में एक मुस्लिम बुज़ुर्ग शख़्स के साथ उनके साथ बैठे मुसाफ़िरों ने मारपीट की है. इस कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जीआरपी ने इसकी जांच शुरू कर दी है. पूरा मामला जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    रविवार यानी कल के लाइव पेज पर मौजूद ख़बरों को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.