अजित पवार के विमान हादसे के बाद सरकार ने दिए स्पेशल सेफ़्टी ऑडिट के आदेश

इस दुर्घटना में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री रहे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, प्रवीण

  1. टी20 वर्ल्ड कप 2026: नामीबिया के ख़िलाफ़ नीदरलैंड्स ने जीता टॉस, पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला

    नामीबिया-नीदरलैंड्स मैच

    इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images

    इमेज कैप्शन, टॉस के दौरान नीदरलैंड्स के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स (दाएं) और नामीबिया के कप्तान एरार्ड इरास्मस (बाएं)

    दिल्ली में खेले जा रहे आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए के मैच में नामीबिया के ख़िलाफ़ नीदरलैंड्स ने टॉस जीत लिया है.

    नीदरलैंड्स ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है. ये मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हो रहा है.

    इस टूर्नामेंट में नामीबिया का ये पहला मैच है, वहीं नीदरलैंड्स का ये दूसरा मैच है.

    नीदरलैंड्स का पहला मुक़ाबला 7 फ़रवरी को पाकिस्तान से हुआ था. कोलंबो में हुए शनिवार के मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को तीन विकेट से शिकस्त दी थी.

  2. दिल्ली में 'गुमशुदगी की घटनाओं' पर मानवाधिकार आयोग ने क्या कहा

    दिल्ली पुलिस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली पुलिस ने कहा है कि पहले की तुलना में दिल्ली में लापता व्यक्तियों के मामलों में कोई वृद्धि नहीं हुई है

    राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने कहा है कि उसने जनवरी 2026 के पहले दो हफ़्तों में दिल्ली से 807 व्‍यक्तियों की गुमशुदगी की एक मीडिया रिपोर्ट पर स्‍वत: संज्ञान लिया है.

    पीआईबी की ओर से सोमवार को जारी प्रेस रिलीज़ में कहा गया है, "मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़ जनवरी 2026 के पहले दो हफ़्तों में दिल्ली में 807 लोग लापता हुए. इनमें 191 नाबालिग और 616 वयस्क शामिल हैं. पुलिस ने अब तक 235 लोगों को खोजा है, जबकि 572 लोग अभी भी लापता हैं."

    एनएचआरसी ने कहा है कि अगर रिपोर्ट सच है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है.

    आयोग ने दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव और दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो हफ़्ते के अंदर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई की हाल ही में एक रिपोर्ट आई थी, जिसमें दिल्ली पुलिस के आधिकारिक डेटा का हवाला देते हुए ये बताया गया था कि 1 से 15 जनवरी के बीच कुल 807 लोग लापता हुए, जिसमें हर दिन औसतन 54 लोग लापता हुए.

    गुमशुदगी के मामलों पर दिल्ली पुलिस की अपील

    इसके बाद दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की थी कि वे 'बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में अचानक वृद्धि' की अफ़वाहों पर भरोसा न करें.

    दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट किया, "हम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि की अफ़वाहों का शिकार न हों."

    दिल्ली पुलिस ने 'लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि' के दावों का खंडन किया है. साथ ही, अफ़वाह फैलाने वालों को आंकड़ों को गलत तरीके से पेश करके बेवजह डर फ़ैलाने के लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.

    दिल्ली पुलिस ने कहा था कि "घबराने या डरने की कोई बात नहीं है" क्योंकि ये आंकड़े पिछले सालों की इसी अवधि की तुलना में असल में कमी दिखाते हैं.

    दिल्ली पुलिस के जन संपर्क अधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी ने कहा था, "दिल्ली में लापता व्यक्तियों विशेषकर बच्चों के संबंध में घबराने या डरने की कोई वजह नहीं है."

    "पहले की तुलना में दिल्ली में लापता व्यक्तियों के मामलों में कोई वृद्धि नहीं हुई है. जनवरी 2026 के महीने में पिछले वर्षों की समान अवधि की तुलना में गुमशुदगी के मामलों में कमी दर्ज की गई है."

  3. पूर्व क्रिकेटर मदन लाल बोले- अच्छा है कि पाकिस्तान खेल रहा है, वरना टूर्नामेंट का चार्म कम हो जाता

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने कहा कि वर्ल्ड कप हो रहा है क्रिकेट का खेल कमज़ोर नहीं होना चाहिए

    टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के भारत के साथ मैच खेलने के लिए तैयार होने के फ़ैसले पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "अच्छा है कि वे खेल रहे हैं, वरना टूर्नामेंट का चार्म कम हो जाता, और उन्हें भी बड़ा फ़ाइनेंशियल नुक़सान होता."

    "सुनने में आया है कि बांग्लादेश और श्रीलंका ने थोड़ा सा प्रेशर डाला था उनके ऊपर...नुक़सान श्रीलंका का भी था क्योंकि उनको भी रेवेन्यू वगैरह जनरेट होना था."

    मदन लाल ने कहा कि इस पूरे मामले को पहले ही डिप्लोमैटिक तरीक़े से सुलझा लेना चाहिए था.

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने भी आईसीसी को हिला दिया है. आख़िर तक वो मना कर रहे थे खेलने के लिए फिर आईसीसी के अधिकारी पाकिस्तान गए और ये समस्या सुलझी है और मैं समझता हूं कि इसे पहले ही डिप्लोमैटिक तरीक़े से सुलझा लेना चाहिए था."

    भारत-पाकिस्तान के मैच पर उन्होंने कहा, "भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा रोमांचक ही होता है. दोनों टीमें बहुत बेहतरीन हैं. हमारी टीम लगातार काफ़ी अच्छा खेल रही है. दोनों टीम पर प्रेशर होता है."

    "पाकिस्तान टीम पर थोड़ा ज़्यादा प्रेशर हो सकता है क्योंकि उन्होंने हाल ही में भारत के ख़िलाफ़ ज़्यादा मैच जीते नहीं हैं...दर्शकों को भी काफ़ी मजा आएगा क्योंकि वर्ल्ड कप हो रहा है क्रिकेट का खेल कमज़ोर नहीं होना चाहिए."

  4. पीयूष गोयल बोले- तो टी20 वर्ल्ड कप मुक़ाबले में भारत से जीत जाता अमेरिका

    भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल

    इमेज स्रोत, X/@USAmbIndia

    इमेज कैप्शन, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को अपने घर पर एक रिसेप्शन रखा था

    भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के घर पर सोमवार को रखे गए एक समारोह में भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दोनों देशों के बीच हुए मैच और टैरिफ़ को लेकर एक मज़ाक किया.

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए भारत-अमेरिका मुक़ाबले का ज़िक्र करते हुए पीयूष गोयल ने कहा, "अमेरिका ने भले ही (भारत के ख़िलाफ़) मैच नहीं जीता हो, लेकिन एक ऐसे देश के लिए जिसने कुछ साल पहले ही में क्रिकेट खेलना शुरू किया है, उनका प्रदर्शन शानदार था."

    उन्होंने कहा, "सर्जियो भी वहां मैच का आनंद लेने के लिए मौजूद थे...उन्होंने (सर्जियो गोर ने) एक अहम फ़ैक्ट बताया कि अमेरिका मैच 18 परसेंट से हार गया."

    पीयूष गोयल ने आगे कहा कि 'अगर आपने रेसिप्रोकल टैरिफ़ ज़ीरो कर दिया होता, तो शायद आप मैच जीत जाते', उनके ये कहते ही वहां मौजूद लोग हंसने लगे.

    शनिवार, 7 फ़रवरी को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के अपने पहले मुक़ाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से मात दी. भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते अमेरिका के सामने जीत के लिए 20 ओवर में 162 रन का लक्ष्य रखा था.

    लेकिन अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 132 रन ही बना पाई थी.

  5. वीडियो: बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में जमात-ए-इस्लामी की हार या जीत पर क्यों है भारत की नज़र?

    बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख डॉ. शफ़ीकुर रहमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एक चुनावी रैली में बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख डॉ. शफ़ीकुर रहमान

    बांग्लादेश में 12 फरवरी को संसदीय चुनाव होने वाले हैं. इन चुनावों में एक अहम दावेदार जमात-ए-इस्लामी भी है.

    जमात, जिस पर शेख़ हसीना ने चुनाव लड़ने से प्रतिबंध लगाया था, अपनी विचारधाराओं की वजह से दुनिया और भारत का ध्यान आकर्षित कर रही है.

    पड़ोसी देश के इन चुनावों में जमात की तक़दीर क्या होगी, इस पर भारत नज़र रख रहा है. अगर बांग्लादेश में जमात-ए-इस्लामी सत्ता में आती है, तो उसका बांग्लादेश के समाज और राजनीति पर क्या असर पड़ेगा? देखिए इशाद्रिता लाहिड़ी और देबलिन रॉय की ग्राउंड रिपोर्ट.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  6. भारत के साथ अब मैच खेलने के लिए तैयार हुए पाकिस्तान पर क्या बोले विराट कोहली के पूर्व कोच

    भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनके पूर्व कोच राज कुमार शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images/ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनके पूर्व कोच राज कुमार शर्मा

    टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का पहले भारत के ख़िलाफ़ मैच बहिष्कार करने की घोषणा और फ़िर खेलने के लिए राज़ी होने के पूरे घटनाक्रम को विराट कोहली के पूर्व कोच राज कुमार शर्मा ने 'ड्रामा' बताया है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में राज कुमार शर्मा ने कहा, "ये ड्रामा ही था पाकिस्तान का, जो वो हमेशा से करता आया है. बांग्लादेश को उन्होंने सपोर्ट करके उनको बाहर (टी20 वर्ल्ड कप से) करा दिया."

    "अब उनको एहसास हुआ कि अगर वो भारत के साथ नहीं खेलेंगे तो उनका कितना नुक़सान होगा. तो ये अपेक्षित है, पाकिस्तान से ऐसी चीज़ें, जो उन्होंने इस बार भी किया."

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने की अनुमति दे दी है. उन्होंने कहा है कि यह फ़ैसला मित्र देशों के अनुरोध पर लिया गया है.

  7. बांग्लादेश की अमेरिका के साथ ट्रेड डील, टैरिफ़ में ये छूट मिली

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस समझौते पर व्हाइट हाउस की ओर से दोनों देशों का संयुक्त बयान जारी किया गया है

    अमेरिका ने बांग्लादेश पर लगाए गए टैरिफ़ की दर घटाकर 19 प्रतिशत कर दी है. सोमवार, 9 फ़रवरी को दोनों देशों के बीच एक व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए गए.

    व्हाइट हाउस की ओर से जारी दोनों देशों के संयुक्त बयान में कहा गया, "अमेरिका और बांग्लादेश ने अपने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मज़बूत करने के लिए रेसिप्रोकल ट्रेड (एग्रीमेंट) पर सहमति जताई है."

    संयुक्त बयान में समझौते की मुख्य शर्तें बताई गई हैं.

    इसमें कहा गया है, "अमेरिका बांग्लादेश के सामानों पर टैरिफ़ दर को घटाकर 19 प्रतिशत करेगा, और ऐसे उत्पादों की पहचान करेगा जिन पर ज़ीरो प्रतिशत टैरिफ़ लगेगा."

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने कहा कि अमेरिका ने "बांग्लादेश में अमेरिकी कपास और मानव निर्मित फ़ाइबर के इस्तेमाल से बनाए गए कुछ टेक्सटाइल और कपड़ों के सामान पर ज़ीरो रेसिप्रोकल टैरिफ़ के लिए एक तंत्र स्थापित करने का वादा किया है."

    बयान में ये भी बताया गया है कि बांग्लादेश अमेरिका के औद्योगिक और कृषि सामानों को अपने बाज़ारों में अहमियत देने के लिए प्रतिबद्ध है. इसमें केमिकल, मेडिकल डिवाइस, मशीनरी और मोटर वाहन और उसके पार्ट्स, सूचना और संचार प्रौद्योगिकी के उपकरण, ऊर्जा उत्पाद, सोया उत्पाद, डेयरी उत्पाद, बीफ़, पोल्ट्री, मेवे और फल शामिल हैं.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल बांग्लादेश पर 37 प्रतिशत टैरिफ़ का एलान किया था, फिर अगस्त में इसे घटाकर 20 प्रतिशत कर दिया गया था.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.