You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लंदन में एक शख़्स ने किया तलवार से लोगों पर हमला, एक की मौत और चार घायल

पुलिस का कहना है घायल लोगों में 14 साल का एक लड़का भी शामिल था, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई है.

सारांश

  • भारतीय क्रिकेट चयनकर्ताओं ने टी20 विश्व कप के लिए टीम की घोषणा कर दी है. टीम में ऋषभ पंत वापसी कर रहे हैं लेकिन शुभमन गिल को पहले 15 खिलाड़ियों में जगह नहीं मिल पाई है.
  • दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी.
  • लंदन में धारदार हथियार से हमला करने वाले शख़्स को पुलिस ने किया गिरफ्तार.
  • जेडीएस ने प्रज्वल रेवन्ना को कथित यौन उत्पीड़न वीडियो मामले में पार्टी से निलंबित किया.
  • प्रज्वल प्रसन्ना को लेकर ओवैसी ने कहा- हज़ारों महिलाओं की ज़िंदगी बर्बाद करने वाले के लिए नरेंद्र मोदी ने प्रचार किया.
  • उत्तराखंड सरकार ने पतंजलि के 14 उत्पादों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं.
  • ब्रिटेनः स्कॉटलैंड सरकार के प्रमुख हमज़ा यूसुफ़ ने दिया इस्तीफ़ा
  • बसपा ने यूपी से तीन और उम्मीदवारों की घोषणा की, नन्हे सिंह चौहान को अमेठी से मैदान में उतारा.
  • छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित नारायणपुर ज़िले में पुलिस ने मुठभेड़ में चार माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे

  1. इंदौर से कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन वापस लेने पर जीतू पटवारी ने कहा- ये लोकतंत्र पर ख़तरा

    इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने अपना नामांकन मंगलवार को वापस ले लिया.

    बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट करके बताया है कि अक्षय कांति बम बीजेपी में शामिल हो गए हैं.

    इंदौर सीट पर 13 मई को मतदान होना है. 25 अप्रैल नामांकन भरने की आखिरी तारीख थी. ऐसे में अब इस सीट पर कांग्रेस का कोई प्रत्याशी ही नहीं है.

    इस मामले पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि 'ये लोकतंत्र पर ख़तरा है कि बिना वोट के जन प्रतिनिधि बनेंगे.'

    जीतू पटवारी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा- “इंदौर के लोगों को सोचना चाहिए कि लोकतंत्र क्यों खतरे में है. हमें ऐसी परिस्थिति में क्या करना है, इसकी विस्तृत रणनीति बनाएंगे. मेरे पत्रकार साथी, आप लोग हमारी आलोचना करेंगे कि कांग्रेस प्रत्याशी ने ऐसा कर लिया और ऐसा करना आपका अधिकार है. लेकिन ये भी सोचना होगा कि बिना वोट के जनप्रतिनिधि बनेंगे तो क्या होगा इस शहर का."

    "गुंडे बदमाश सरकार के संरक्षण में उगाही करेंगे, प्लॉटों पर कब्ज़ा करेंगे. जब आदमी अहंकार से परिपूर्ण हो जाएगा तो आपको (पत्रकारों) भी लिखने नहीं दिया जाएगा, जैसा कि हम होते देख रहे हैं. ये एक सीट के प्रत्याशी का नामांकन वापस नहीं हुआ है बल्कि ये इंदौर के लोकतंत्र का चीरहरण है."

    बीते सप्ताह गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से बीजेपी के मुकेश दलाल चुनाव होने से पहले ही जीत गए थे.

    उनके ख़िलाफ़ कांग्रेस उम्मीदवार नीलेश कुंभानी का पर्चा रद्द हो चुका था और बाकी निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए थे. इसलिए उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया.

  2. गोपनीय दस्तावेज़ों से पता चला ईरान के सुरक्षाबलों ने एक प्रदर्शनकारी का यौन उत्पीड़न कर हत्या की

    बीबीसी आई इन्वेस्टिगेशन

    ईरान के सुरक्षाबलों के लिए काम करने वाले तीन लोगों ने एक ईरानी किशोरी का यौन उत्पीड़न किया और उसकी हत्या कर दी.

    ये बात एक ऐसे लीक दस्तावेज़ से सामने आई है जिसे माना जा रहा है कि इन सुरक्षाबलों की ओर से ही लिखा गया है.

    इन दस्तावेज़ों के ज़रिए बीबीसी इस बारे में पता लगा सका है कि साल 2022 में ईरान में चल रहे प्रदर्शनों के दौरान 16 साल की निका शकरमानी, जो अचानक गायब हो गई थीं, उनका क्या हुआ?

    उनका शव नौ दिन बाद मिला था. ईरान की सरकार ने दावा किया था कि उन्होंने खुदकुशी कर ली थी.

    हमने इन आरोपों को ईरान की सरकार और रिवॉल्यूशनरी गार्ड के सामने रखा लेकिन हमें कोई जवाब नहीं मिला.

    इस रिपोर्ट को "अत्यधिक गोपनीय" रूप में मार्क किया गया है. ये रिपोर्ट सुरक्षाबल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की ओर से निका के मामले पर की गई सुनवाई का सारांश है. इसमें उनके हत्यारों और सच्चाई को छिपाने की कोशिश करने वाले वरिष्ठ कमांडरों के नाम शामिल हैं.

    निका को एक गुप्त वैन में रखा गया और उनके साथ जो होने की बातें सामने आ रही हैं वो परेशान करने वाली हैं.

    -एक व्यक्ति ने उनका शोषण किया

    -हाथों में हथकड़ी होने के बावजूद निका ने विरोध किया, हाथ-पैर चला कर अपनी रक्षा करने की कोशिश की.

    -इसके कारण उन्हें लाठियों से पीटा गया.

    बीबीसी ने महीनों तक इस मामले की पड़ताल की है. और ये समझा है कि निका के आखिरी वक्त में उनके साथ क्या हुआ.

  3. पतंजलि के 14 उत्पादों के लाइसेंस उत्तराखंड सरकार ने किए रद्द

    उत्तराखंड सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि उसने 15 अप्रैल को एक आदेश जारी कर पतंजलि के 14 उत्पादों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं.

    ड्रग्स एंड मैजिक रेमेडीज़ एक्ट का उल्लंघन करने के लिए रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि के ख़िलाफ आपराधिक शिकायत भी दर्ज की गई है.

    जिन उत्पादों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं उनमें स्वासारि गोल्ड, स्वासारि वटी, ब्रोंकोम, स्वासारि प्रवाही, स्वासारि अवलेह, मुक्ता वटी एक्स्ट्रा पावर, लिपिडोम, बीपी ग्रिट, मधुग्रिट, मधुनाशिनी वटी एक्स्ट्रा पावर, लिवामृत एडवांस, लिवोग्रिट, आईग्रिट गोल्ड और पतंजलि दृष्टि आईड्रॉप शामिल है.

    सुप्रीम कोर्ट को दिए गए हलफ़नामे में उत्तराखंड सरकार ने ये जवाब दिया है.

    राज्य सरकार की ओर से ये कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब सुप्रीम कोर्ट में रामदेव और पतंजलि के प्रबंध निदेशक बालकृष्ण के ख़िलाफ़ अदालत के आदेशों की अवहेलना करने के मामले पर सुनवाई हो रही है.

    बीते दिनों पतंजलि की ओर से अख़बारों में बिना शर्त माफ़ीनामा छापवाया गया था.

    सुप्रीम कोर्ट इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की 2022 की एक याचिका पर सुनवाई कर रही है, जिसमें कोविड टीकाकरण अभियान और चिकित्सा की आधुनिक प्रणालियों को बदनाम करने का आरोप लगाया गया है.

    पिछले सप्ताह सुनवाई के दौरान जस्टिस हिमा कोहली और न्यायमूर्ति जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की बेंच ने पतंजलि से कोर्ट की अवमानना के आरोपों का जवाब मांगा था.

    सुप्रीम कोर्ट पतंजलि से जुड़ी दिव्य फार्मेसी के ख़िलाफ़ सुनवाई कर रहा है. इन विज्ञापनों में ब्लड प्रेशर से लेकर, थायरॉयड, जिगर और चमड़े की बीमारियों को पूरी तरह से ठीक होने का दावा किया गया था, साथ ही आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की आलोचना की गई थी.

    इस मामले में रामदेव और बालकृष्ण दोनों ही कोर्ट के सामने बिना शर्त माफ़ी मांग चुके हैं.

  4. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    30 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.