ट्रंप और नेतन्याहू की मुलाक़ात, ग़ज़ा में शांति के नए प्रस्ताव में ये बातें शामिल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के बीच व्हाइट हाउस में बैठक हो रही है. इस बैठक में ग़ज़ा में जंग रोकने के लिए नए सीज़फ़ायर प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह

  1. नमस्कार!

    रात के दस बज रहे हैं. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ट्रंप और नेतन्याहू की मुलाक़ात, ग़ज़ा में शांति के नए प्रस्ताव में ये बातें शामिल

    ट्रंप और नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप और नेतन्याहू की मुलाक़ात ओवल ऑफ़िस में हो रही है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के बीच व्हाइट हाउस में बैठक हो रही है. इस बैठक में ग़ज़ा में जंग रोकने के लिए नए सीज़फ़ायर प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है.

    दोनों नेता इस समय ओवल ऑफ़िस में मुलाक़ात कर रहे हैं.

    जब ट्रंप व्हाइट हाउस में नेतन्याहू का स्वागत कर रहे थे, उस वक्त पत्रकारों ने उनसे कुछ सवाल पूछे. एक पत्रकार ने पूछा, "क्या आपको भरोसा है कि ग़ज़ा में जल्द ही शांति होगी?"

    ट्रंप ने जवाब दिया: "हां, मुझे पूरा भरोसा है."

    ट्रंप और नेतन्याहू एक नए 21-सूत्रीय शांति प्रस्ताव पर चर्चा कर रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति को उम्मीद है कि इस प्रस्ताव से ग़ज़ा में जंग रोकी जा सकेगी.

    उधर, हमास का कहना है कि उन्हें यह प्रस्ताव आधिकारिक तौर पर नहीं भेजा गया है.

    बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, ट्रंप से नेतन्याहू की मुलाक़ात के बीच इसराइल ने ग़ज़ा में हमले तेज़ कर दिए हैं.

    सीबीएस न्यूज़ ने सूत्रों के हवाले से नए शांति प्रस्ताव की जानकारी भी दी है. इस 21-सूत्रीय प्रस्ताव में ये बिंदु शामिल हैं:

    • बचे हुए सभी बंधकों की रिहाई

    • ग़ज़ा में अधिक से अधिक मानवीय सहायता की पहुंच

    • ग़ज़ा पट्टी से इसराइली सैनिकों की वापसी

    • वेस्ट बैंक में कब्ज़ा न करने का वादा

    • ग़ज़ा में नई बस्तियां बनाने की किसी भी कोशिश का अंत

    • हमास से अलग एक नई फ़लस्तीनी सरकार का गठन

    • ग़ज़ा के लोगों का जबरन विस्थापन न करना या संघर्ष के कारण पलायन कर चुके लोगों की वापसी रोकने की कोशिश न करना

  3. कनाडा ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को 'आतंकवादी संगठन' घोषित किया, जेसिका मर्फ़ी, बीबीसी न्यूज़, टोरोंटो

    लॉरेंस बिश्नोई

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, बिश्नोई गैंग को लॉरेंस बिश्नोई चलाता है

    कनाडा ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को 'आतंकवादी संगठन' घोषित किया है. इस फ़ैसले के बाद कनाडा सरकार को बिश्नोई गैंग की संपत्तियों को जब्त करने और उसके पैसे फ्रीज़ करने का अधिकार मिल गया है.

    कनाडा के पब्लिक सेफ़्टी मिनिस्टर गैरी आनंदसांगरी ने सोमवार को यह एलान किया. उन्होंने कहा कि इस गैंग ने कनाडा के प्रवासी समुदायों में डर और धमकी का माहौल बनाया.

    पब्लिक सेफ़्टी मिनिस्टर ने कहा, "इस गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित करने से हमें उनके अपराधों को रोकने और उनका मुक़ाबला करने में अधिक मज़बूत और असरदार तरीक़ों के मदद मिलेगी."

    पिछले साल कनाडा की पुलिस ने आरोप लगाया था कि भारत सरकार के एजेंट बिश्नोई गैंग के सदस्यों का इस्तेमाल "हत्या, वसूली और हिंसक वारदातों" को अंजाम देने और ख़ालिस्तान समर्थकों को निशाना बनाने में कर रहे थे.

    भारत ने इन आरोपों से इनकार किया था और कहा था कि कनाडा ने इस संबंध में कोई सबूत पेश नहीं किए.

    बिश्नोई गैंग को 32 साल का गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई चलाता है, जो एक दशक से जेल में बंद है. कनाडा का कहना है कि इस गैंग की मौजूदगी कनाडा में भी है और यह उन इलाक़ों में सक्रिय है जहां बड़ी संख्या में प्रवासी रहते हैं.

    संबंधित कहानियां:

  4. स्टेटहुड के मुद्दे पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने कही यह बात, लद्दाख पर भी बोले

    उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उमर अब्दुल्लाह ने लद्दाख के लोगों को लेकर भी बयान दिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने स्टेटहुड की मांग पर कहा है कि केंद्र सरकार को अपने वादे पूरे करने चाहिए. उन्होंने लद्दाख को लेकर भी बयान दिया है.

    पत्रकारों से बातचीत में उमर अब्दुल्लाह ने कहा, "हालात बिगड़ने में समय नहीं लगता और हम नहीं चाहेंगे कि यहां दोबारा बेगुनाह लोगों के खून बहाए जाएं. स्टेटहुड हमारे ऊपर कोई एहसान नहीं है. स्टेटहुड हुकूमत की तरफ़ से जम्मू-कश्मीर के लोगों और सुप्रीम कोर्ट से किया वादा है."

    उन्होंने कहा कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा था कि पहले डिलिमिटेशन, फिर इलेक्शन और फिर स्टेटहुड का दर्जा दिया जाएगा. शुरुआती दो वादे पूरे हो चुके हैं और अब स्टेटहुड का वादा पूरा करना है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "लोग फिलहाल सब्र से काम ले रहे हैं, लेकिन इस चीज़ का नाजायज़ फ़ायदा नहीं उठाना चाहिए."

    उमर अब्दुल्लाह ने लद्दाख को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा, "जहां तक लद्दाख के लोगों की बात है, हम यूटी बनने के पहले भी उन्हें कहते रहे हैं कि जो आप मांग रहे हैं, कहीं ऐसा न हो कि आपकी मांग कुबूल हो और आपके हालात और ज़्यादा बिगड़ जाएं."

    "लेकिन हक़ीक़त ये है कि उन्होंने यूटी मांगा, लेकिन यूटी मिलने से उनकी कोई बेहतरी नहीं हुई. उल्टा उनका नुक़सान हुआ."

    बीते दिनों केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई. इसमें चार लोगों की मौत हो गई और कम से कम 59 लोग घायल हो गए.

    इस घटना के बाद शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को उनके गांव से गिरफ़्तार कर लिया गया.

    संबंधित कहानियां:

  5. उत्तराखंड पेपर लीक मामला: सीएम धामी के एलान के बाद क्या बोले बेरोजगार संघ के अध्यक्ष?, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी हिन्दी के लिए

    पुष्कर सिंह धामी

    इमेज स्रोत, Asif Ali/BBC

    इमेज कैप्शन, सीएम धामी ने सोमवार को धरना दे रहे युवाओं से मुलाक़ात की

    उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच अब सीबीआई को सौंपी जाएगी.

    इस घोषणा के बाद बेरोज़गार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा है कि धरना प्रदर्शन को स्थगित किया जाएगा, लेकिन अगर परीक्षा निरस्त नहीं की गई तो फिर से आंदोलन किया जाएगा.

    बीबीसी से बातचीत में राम कंडवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी दो प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली हैं- सीबीआई जांच और मुक़दमे हटाना. हालांकि, संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा रद्द करने के मुद्दे पर धामी ने कहा है कि इस पर सात से दस दिनों के भीतर निर्णय लिया जाएगा.

    राम कंडवाल ने कहा, "अब हम धरने को स्थगित करेंगे, लेकिन अगर परीक्षा निरस्त नहीं हुई तो नई तारीख़ तय कर फिर से आंदोलन शुरू करेंगे. अगर सरकार ने वादे पूरे नहीं किए तो पहले से दस गुना ज़्यादा संख्या में युवा सड़क पर उतरेंगे."

    हरिद्वार के एक सेंटर से पेपर लीक मामले को लेकर पिछले आठ दिनों से बड़ी संख्या में युवा धरने पर बैठे थे.

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में धरना दे रहे युवाओं से मुलाक़ात की.

    इस दौरान उन्होंने एलान किया कि पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई से कराई जाएगी. साथ ही, परीक्षा देने वाले छात्रों पर दर्ज मुक़दमे वापस लिए जाएंगे.

    संबंधित कहानियां:

  6. क्रिस वोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट का एलान किया

    क्रिस वोक्स

    इमेज स्रोत, Shaun Botterill/Getty

    इमेज कैप्शन, क्रिस वोक्स जख़्मी कंधे के साथ भारत के ख़िलाफ़ बल्लेबाज़ी करने आए थे

    इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट का एलान कर दिया है. वोक्स ने सोशल मीडिया के ज़रिए इसकी घोषणा की.

    उन्होंने कहा, "अब समय आ गया है. मेरे लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का यह सही समय है."

    वोक्स ने आगे कहा, "इंग्लैंड के लिए खेलना मेरे बचपन के सपने के सच होने जैसा था, जो मैं अपने घर के पीछे वाले गार्डन में देखा करता था. मैं भाग्यशाली महसूस करता हूं कि मैंने अपने सपनों को पूरा किया."

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के मुताबिक़, 2011 में डेब्यू से अब तक क्रिस वोक्स ने सभी फ़ॉर्मेट में इंग्लैंड के लिए 217 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 396 विकेट झटके और 3705 रन जोडे़.

    वोक्स ने इंग्लैंड के लिए 62 टेस्ट, 122 वनडे और 33 टी20 मैच खेले हैं.

    बीते दिनों भारत के ख़िलाफ ओवल टेस्ट मैच में चोटिल होने के बाद भी वोक्स बल्लेबाज़ी करने उतरे थे. उस वक्त उनकी काफ़ी तारीफ़ हुई थी.

  7. चीन में एक ही परिवार के 11 लोगों को मिली मौत की सज़ा, क्या है वजह, जोनाथन हेड और टेसा वॉन्ग, बीबीसी संवाददाता

    सज़ा पाने वाले लोग

    इमेज स्रोत, CCTV

    इमेज कैप्शन, अदालत ने माफ़िया परिवार के कुल 39 सदस्यों को सज़ा सुनाई है

    चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक़, म्यांमार में स्कैम सेंटर चलाने के आरोप में देश की एक अदालत ने एक माफ़िया परिवार के 11 सदस्यों को मौत की सज़ा सुनाई है.

    इस परिवार के दर्जनों सदस्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए हैं. परिवार के कई अन्य सदस्यों को लंबे समय के लिए जेल की सज़ा भी सुनाई गई है.

    चीन का यह माफ़िया परिवार म्यांमार के छोटे शहर लौक्काई को चलाने वाले चार कबीलों में से एक के लिए काम करता था. यह शहर म्यांमार-चीन सीमा के क़रीब स्थित है, जो कि जुए, ड्रग्स और कई सारे स्कैम सेंटर्स का केंद्र बन गया.

    साल 2023 में म्यांमार ने इन परिवारों पर कार्रवाई करते हुए कई सदस्यों को गिरफ़्तार किया और उन्हें चीनी अधिकारियों के हवाले कर दिया.

    चीन के सरकारी ब्रॉडकास्टर सीसीटीवी के मुताबिक़, सोमवार को वानजाउ के उत्तरी शहर में अदालत ने माफ़िया परिवार के कुल 39 सदस्यों को सज़ा सुनाई है.

  8. उत्तराखंड पेपर लीक मामला: सीएम धामी ने सीबीआई जांच की सिफारिश का एलान किया

    पुष्कर सिंह धामी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जांच में सरकार की ओर से कोई भी रुकावट नहीं आएगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों के लिए होने वाली भर्ती में पेपर लीक के आरोपों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीआई जांच कराने की सिफारिश का एलान किया है.

    पिछले कई दिनों से राज्य के युवा इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. सीएम धामी ने सोमवार को इन युवाओं से बातचीत में सीबीआई जांच की सिफारिश की बात कही है.

    सीएम ने कहा, "आप सब लोग चाहते हैं कि भर्ती प्रक्रियाओं की जांच सीबीआई से होनी चाहिए. आप सब के मन में किसी प्रकार का कोई संदेह न रहे, कोई अविश्वास न रहे, इसलिए हम इसकी सीबीआई से जांच की सिफारिश करते हैं."

    उन्होंने कहा, "इसकी जांच प्रक्रिया चल रही है. एसआईटी जांच कर रही है और सारे तथ्य जुटाए जा रहे हैं."

    पुष्कर सिंह धामी ने यह भी स्पष्ट किया कि एसआईटी या किसी अन्य जांच में जो भी चीज़ें सामने आएंगी, उसको लेकर सरकार पूरा सहयोग करेगी.

    बीते कई दिनों से देहरादून में पेपर लीक को लेकर युवा प्रदर्शन कर रहे हैं. आरोप है कि बीते दिनों आयोजित यूकेएसएसएससी की भर्ती परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही उसका पेपर लीक हो गया.

    इसके बाद से ही देहरादून में युवाओं का प्रदर्शन जारी है.

    यूकेएसएसएससी यानी उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, राज्य में सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित करता है.

    संबंधित कहानियां:

  9. पाकिस्तानी पीएम बोले- 'हर मुद्दे पर आर्मी चीफ़ से सलाह लेता हूं'

    शहबाज़ शरीफ़ और आसिम मुनीर

    इमेज स्रोत, Yuri Gripas/Abaca/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के बीच सहयोग से पाकिस्तान अपने शिखर पर पहुंच जाएगा

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि वह और फ़ील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर हर मुद्दे पर एक-दूसरे से सलाह लेते हैं.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, लंदन में पत्रकारों से बात करते हुए शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "चाहे वह विदेश नीति हो, युद्ध हो, आर्थिक नीति हो या आईएमएफ़ हो, हम हर चीज़ पर बातचीत करते हैं और हम एकमत हैं."

    पाकिस्तानी पीएम का कहना है कि अगर भविष्य में राजनीतिक नेतृत्व और सैन्य नेतृत्व के बीच ऐसा सहयोग जारी रहा तो पाकिस्तान अपने शिखर पर पहुंच जाएगा.

    पिछले हफ़्ते शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाक़ात की थी. इस बारे में उन्होंने कहा कि यह मुलाक़ात बहुत सुखद रही.

    उन्होंने बताया कि इस बैठक में पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर भी मौजूद थे. वहीं अमेरिका की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप के अलावा उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो मौजूद थे.

  10. सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप ट्रॉफ़ी को लेकर अब क्या कहा?

    सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, Francois Nel/Getty

    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम ने पीसीबी चीफ़ मोहसिन नक़वी के हाथों ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया है

    भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप ट्रॉफ़ी को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जो ट्रॉफ़ी मिलने वाली है वह 'चांदी का एक बर्तन है, असली ट्रॉफ़ी लोगों का मन जीतना है'.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने ट्रॉफ़ी नहीं लेने और इस पूरे विवाद पर सूर्यकुमार यादव से प्रतिक्रिया मांगी थी.

    इस पर सूर्यकुमार यादव ने कहा, "मैं इसे विवाद नहीं कहूंगा. ट्रॉफ़ी तो सबने देखी होगी, सबने तस्वीरें शेयर की हैं. लेकिन असली ट्रॉफ़ी वह है जब आप लोगों का मन जीतते हो. जो खिलाड़ी हैं, उनका भरोसा जीतते हो. सपोर्ट स्टाफ़ ने जो भरोसा दिखाया है, जो लोग पर्दे के पीछे काम करते हैं वो असली ट्रॉफ़ी है."

    उन्होंने कहा, "ये जो मिलने वाली है वह एक सिल्वरवेयर (चांदी का बर्तन) है. ग्राउंड पर जो लोग काम करते हैं, मेहनत करते हैं वह असली ट्रॉफ़ी है."

    रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फ़ाइनल मुक़ाबला खेला गया था. भारत ने इस मैच को पांच विकेट से जीतकर नौवीं बार एशिया कप ख़िताब अपने नाम किया था.

    मैच के बाद भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ़ मोहसिन नक़वी के हाथों ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया था, जिसको लेकर विवाद हो रहा है.

    संबंधित कहानियां:

  11. एक्स ने कर्नाटक हाई कोर्ट के इस आदेश पर जताई चिंता, उठाए ये सवाल

    एलन मस्क

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अदालत ने एक्स की ओर से दायर याचिका को खारिज करते हुए अपना फ़ैसला दिया था, जिस पर एक्स ने असहमति जताई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स ने कर्नाटक हाई कोर्ट के एक हालिया आदेश पर गहरी चिंता जताई है और इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का 'उल्लंघन' बताया है.

    एक्स का कहना है कि इस आदेश के तहत पुलिस को 'सहयोग' नाम के गुप्त ऑनलाइन पोर्टल के ज़रिए मनमाने तरीक़े से ऑनलाइन कंटेंट हटाने का अधिकार मिलेगा.

    एक्स ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा, "यह नई व्यवस्था क़ानून के तहत नहीं है और आईटी एक्ट की धारा 69A को दरकिनार करती है. साथ ही यह सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसलों और भारतीय नागरिकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसे संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन करती है."

    एक्स ने कहा, "सहयोग पोर्टल अधिकारियों को केवल 'ग़ैरकानूनी' होने के आरोप के आधार पर और बिना किसी न्यायिक समीक्षा के कंटेंट हटाने का आदेश देने की अनुमति देता है. इसका पालन न करने पर प्लेटफ़ॉर्म्स को आपराधिक प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है."

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ने कहा कि वह भारतीय क़ानून का सम्मान करता है और उसका पालन करता है.

    "लेकिन यह आदेश संवैधानिक मुद्दों का समाधान नहीं करता और बॉम्बे हाईकोर्ट के हालिया फ़ैसले के विपरीत है, जिसमें इसी तरह की व्यवस्था को असंवैधानिक बताया गया था."

    इसके साथ ही एक्स ने अदालत के आदेश के ख़िलाफ़ अपील करने की भी बात कही है.

    कर्नाटक हाई कोर्ट ने अपने हालिया फ़ैसले में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से संचालित सहयोग पोर्टल के ख़िलाफ़ दी गई चुनौती को 'बेबुनियाद' बताया था.

    हाई कोर्ट ने एक्स की ओर से दायर याचिका को खारिज करते हुए यह फ़ैसला सुनाया था. अदालत के आदेश की पूरी कॉपी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है.

    अगर सरकार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स में प्रकाशित किसी कंटेट को आपत्तिजनक मानती है तो वो सहयोग पोर्टल के ज़रिए उन प्लेटफॉर्म्स को नोटिस भेज सकती है.

  12. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. भारत से हार के बाद क्या बोले पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर कामरान अकमल?

    कामरान अकमल (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एशिया कप के फ़ाइनल मैच में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया (फ़ाइल फ़ोटो)

    एशिया कप 2025 के फ़ाइनल मुक़ाबले में भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की हार के बाद पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.

    पूर्व विकेटकीपर कामरान अकमल ने बल्लेबाज़ी को टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कमज़ोरी बताया है.

    उनका कहना था कि टीम सिर्फ़ "मॉडर्न क्रिकेट" का नारा लगा रही है, लेकिन तैयारी और चयन में गंभीरता नहीं है.

    कामरान अकमल ने 'द गेम प्लान' यूट्यूब चैनल पर कहा,"सिर्फ़ मॉडर्न क्रिकेट का नारा लगाने से टीम अच्छी नहीं बनती. उसके लिए खिलाड़ियों को सही तरीके़ से तैयार करना पड़ता है, उन्हें चुनना पड़ता है और दुनिया की क्रिकेट को देखकर खेलना पड़ता है."

    उन्होंने कहा, "पूरे टूर्नामेंट में बैटिंग लगातार संघर्ष करती रही. यह साफ़ है कि बैटिंग में तालमेल नहीं है. हर बार एक्सपेरिमेंट करने से कुछ हासिल नहीं होगा. जिस नंबर का खिलाड़ी है, उसे वहीं खेलना चाहिए. वरना बड़ी टीमों के ख़िलाफ़ यही हाल होगा."

    वहीं पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने भी हालात को समझने में ग़लती और "गेम अवेयरनेस" की कमी पर सवाल उठाए हैं.

    पाकिस्तानी स्ट्रीमिंग सर्विस टैपमैड के कार्यक्रम में शोएब मलिक ने कहा, "सबसे पहले देखें कि आपने कंडीशंस को समझा ही नहीं. बैटिंग में भी ग़लती हुई और गेंदबाज़ी में भी. ऊपर से फील्डिंग भी गड़बड़ थी."

    उन्होंने कहा, "जब तीन विकेट गिर चुके थे, तब मैच बदलना था, लेकिन आपने वही ग़लतियां दोहराईं. गेम अवेयरनेस ज़ोरो था. और ऊपर से आपने क्या किया? भाई, खुद मत जाओ, उन बल्लेबाज़ों को भेजो जो फ़ॉर्म में हैं. अगर आपसे रन नहीं बन रहे तो इनफ़ॉर्म बल्लेबाज़ों को ऊपर भेजना चाहिए था. 120 गेंदें खेलने हैं तो वो खिलाड़ी खेलें जो लय में हैं."

  14. पाकिस्तान टीम ने किसे डोनेट की मैच फ़ीस, कप्तान सलमान आग़ा ने बताया

    कप्तान सलमान अली आग़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कप्तान सलमान अली आग़ा ने जानकारी दी है कि उनकी टीम मैच फ़ीस डोनेट करेगी

    भारत और पाकिस्तान फ़ाइनल मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कप्तान सलमान अली आग़ा ने एक एलान किया है.

    पाकिस्तान कप्तान ने कहा, "हम पूरी टीम अपनी मैच फ़ीस उन लोगों को डोनेट कर रहे हैं, जो भारत के हमले में प्रभावित आम नागरिक और बच्चे हैं."

    हालांकि उन्होंने साफ़ नहीं किया कि यह फ़ीस पूरे मैच की होगी या सिर्फ़ एक मैच की.

    वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम की जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने घोषणा की कि वह टूर्नामेंट की अपनी पूरी मैच फ़ीस भारतीय सेना और 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के पीड़ितों को डोनेट करेंगे.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैंने अपने सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों की मदद के लिए अपनी इस टूर्नामेंट की मैच फ़ीस को दान करने का फै़सला किया है."

  15. 'हैंडशेक विवाद' पर संजय राउत ने शेयर किया वीडियो, कहा- नक़वी के साथ हाथ भी मिलाया और...

    सांसद संजय राउत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सांसद संजय राउत ने एक वीडियो शेयर करते हुए बड़ा दावा किया है

    भारत और पाकिस्तान के बीच 'हैंडशेक विवाद' एक बार फिर चर्चा में है. शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने हैंडशेक को लेकर एक दावा किया है.

    अपने दावे के साथ उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव एसीसी अध्यक्ष और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी से हाथ मिलाते हुए नज़र आ रहे हैं.

    उन्होंने लिखा, "15 दिन पहले सिरीज़ की शुरुआत में पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नक़वी के साथ हाथ भी मिलाया ,फोटो खिंचवाया. अभी ये लोग देश को नौटंकी दिखा रहे है."

    संजय राउत ने कहा, "इतनी राष्ट्रभक्ती आपके खून में थी तो पाकिस्तान के साथ मैदान में नहीं उतरना था, ऊपर से नीचे तक ड्रामा ही ड्रामा."

    भारत और पाकिस्तान ने एशिया कप 2025 में एक दूसरे के साथ तीन मुक़ाबले खेले हैं, लेकिन तीनों ही मैच में भारत ने हैंडशेक नहीं किया.

    रविवार को हुए मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़ेंस में पाकिस्तान टीम के कप्तान ने दावा किया, "जब हम टूर्नामेंट की शुरुआत के लिए प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर रहे थे, तब उन्होंने मुझसे हाथ मिलाया."

    उनका कहना है कि रेफ़री की मीटिंग में भी हैंडशेक किया गया था. हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि किस खिलाड़ी ने उनके साथ हैंडशेक किया.

  16. 'मैच में आने के बाद सब कुछ ऑटो पायलट पर चलता है', सूर्यकुमार यादव ने ऐसा क्यों कहा?

    कप्तान सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कप्तान सूर्यकुमार यादव का कहना है कि वह फ़ॉर्म से बाहर नहीं हैं

    भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप फ़ाइनल के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया है.

    उनसे ट्रॉफ़ी विवाद, पाकिस्तान मैच के दौरान दिए गए बयान और क्रिकेट में राजनीति के आरोप को लेकर सवाल पूछा गए.

    एशिया कप में भारत और पाकिस्तान मैच के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कई ऐसे बयान दिए हैं, जिसे उन्होंने पहलगाम हमले से जोड़ा है.

    सूर्यकुमार यादव ने 'क्रिकेट में सियासत' वाले सवाल पर हंसते हुए कहा, "बोलना है या नहीं बोलना है, गुस्सा हो रहे हो आप. आपका सवाल पता ही नहीं चला."

    पीसी में उनसे उनके ख़राब प्रदर्शन को लेकर भी सवाल पूछे गए.

    इस पर उन्होंने कहा, "मैं ज़्यादा विश्वास करता हूं कि मैं नेट में क्या कर रहा हूं. मैच में आने के बाद सब कुछ ऑटो पायलट पर चलता है."

    अपनी फॉर्म को लेकर उनका कहना था, "मुझे ऐसा लगता है मैं फ़ॉर्म से बाहर नहीं हूं, मैं आउट ऑफ़ रन्स हूं. मेरा मानना है कि आप अभ्यास करते रहो रन आ जाएंगे."

    एशिया कप 2025 में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला बिल्कुल नहीं चला, वह इस टूर्नामेंट में 7 मैचों में सिर्फ़ 72 रन बना पाए.

  17. पाकिस्तान के कप्तान सलमान आग़ा ने फेंका चेक

    पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आग़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आग़ा ने एशिया कप 2025 के फ़ाइनल में भारत से हार के बाद कुछ ऐसा किया जो काफ़ी चर्चा में है.

    पोस्ट-मैच प्रेज़ेंटेशन सेरेमनी के दौरान चेक लेने के बाद आग़ा ने उसे ज़मीन पर फेंक दिया.

    जब उन्होंने चेक ज़मीन पर फेंका तो उस समय वहां एसीसी अध्यक्ष और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी भी मौजूद थे.

    इसके बाद सलमान आग़ा इंटरव्यू देने के लिए आगे बढ़ गए.

    कप्तान सलमान अली आग़ा ने 'ट्रॉफ़ी विवाद' पर भी प्रतिक्रिया दी है.

    जब उनसे पूछा गया कि इस पूरे विवाद के बीच उनके प्रदर्शन पर बात दब जाएगी, तो उन्होंने कहा, "हमारा क्रिटिसिज़्म तो होता ही है. जिन लोगों को क्रिकेट की समझ है, वो क्रिकेट की ही बात करते हैं."

    उन्होंने कहा, "बाक़ी चीज़ें सेकेंडरी हैं. हमें पता है कि इस टूर्नामेंट में हमारी बैटिंग वैसी नहीं रही जैसी होनी चाहिए थी और किन चीज़ों को हमें सुधारना है. हम उसी पर ध्यान देते हैं. बाक़ी बातों पर हम गौर नहीं करते."

    ये भी पढ़ें:

  18. भारत-पाकिस्तान मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने किसके नाम की मैच फ़ीस?

    कप्तान सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद घोषणा की है कि वह टूर्नामेंट की अपनी पूरी मैच फ़ीस डोनेट करेंगे

    एशिया कप में भारतीय टीम की जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने घोषणा की है कि वह टूर्नामेंट की अपनी पूरी मैच फ़ीस भारतीय सेना और 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के पीड़ितों को डोनेट करेंगे.

    सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी.

    उन्होंने लिखा, "मैंने हमारे सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों की मदद के लिए अपनी इस टूर्नामेंट की मैच फ़ीस को दान करने का फै़सला किया है."

    इससे पहले पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आग़ा ने कहा था, "हम पूरी टीम अपनी मैच फ़ीस उन लोगों को डोनेट कर रहे हैं, जो भारत के हमले में प्रभावित आम नागरिक और बच्चे हैं."

    रविवार को खेले गए फ़ाइनल मैच में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया.

    भारत-पाकिस्तान मैच

    इमेज स्रोत, Getty Images

  19. पीएम मोदी ने लिखा 'खेल के मैदान में ऑपरेशन सिंदूर', मोहसिन नक़वी ने दिया ये जवाब

    पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने पीएम मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया दी है

    भारत की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर पाकिस्तान ने जवाब दिया है.

    एसीसी अध्यक्ष और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अगर युद्ध ही आपका गौरव मापने का पैमाना है, तो इतिहास में पाकिस्तान के हाथों आपकी शर्मनाक हार पहले से दर्ज है."

    उन्होंने कहा, "कोई भी क्रिकेट मैच उस सच्चाई को नहीं बदल सकता. खेल में युद्ध को घसीटना केवल आपकी डेस्परेशन को दिखाता है और खेल की मूल भावना का अपमान करता है."

    इससे पहले पीएम मोदी ने भारत-पाकिस्तान फ़ाइनल की तुलना 'ऑपरेशन सिंदूर' से की और कहा कि 'नतीजा वही रहा, भारत जीता'.

    उन्होंने कहा, "खेल के मैदान में ऑपरेशन सिंदूर. नतीजा वही, भारत की जीत. हमारे खिलाड़ियों को बधाई."

    भारत ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया था.

  20. पाकिस्तानी कप्तान सलमान आग़ा का दावा: टूर्नामेंट की शुरुआत में हुआ था हैंडशेक

    कप्तान सलमान अली आग़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कप्तान सलमान अली आग़ा का कहना है कि टूर्नामेंट में जो हुआ है, वह काफ़ी निराश करने वाला है

    एशिया कप 2025 फ़ाइनल में भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आग़ा ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस की, जिसमें उन्होंने कई बड़े दावे किए.

    इसमें उन्होंने दावा किया कि टूर्नामेंट की शुरुआत में जब प्रेस कॉन्फ़्रेंस हुई थी तब भारत ने उनसे हाथ मिलाया था, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि किस खिलाड़ी ने उनके साथ हैंडशेक किया.

    पाकिस्तान के कप्तान ने कहा, "इस टूर्नामेंट में जो हुआ है, वह काफ़ी निराश करने वाला है. उन्हें (भारत) ऐसा लग रहा है कि वह हैंडशेक नहीं कर रहे हैं तो हमारा अपमान कर रहे हैं, लेकिन नहीं, वह क्रिकेट का अपमान कर रहे हैं."

    उन्होंने दावा किया, "जब हम टूर्नामेंट की शुरुआत के लिए प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर रहे थे, तब उन्होंने मुझसे हाथ मिलाया."

    उनका कहना है कि रेफ़री की मीटिंग में भी हैंडशेक किया गया था.

    सलमान आग़ा ने कहा, "लेकिन जब आप दुनिया के सामने आते हैं, तो नहीं करते हैं. मुझे यक़ीन है कि उन्हें जो निर्देश दिए गए हैं, वही वह पालन कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "टूर्नामेंट में जो चीज़ें शुरू हुई हैं, मुझे नहीं पता यह कहां जाकर रुकेंगी."

    साथ ही पाकिस्तान कप्तान ने कहा, "हम पूरी टीम अपनी मैच फीस उन लोगों को डोनेट कर रहे हैं, जो भारत के हमले में प्रभावित आम नागरिक और बच्चे हैं."