ट्रंप ने शी जिनपिंग से फ़ोन पर बात करने के बाद क्या कहा

ट्रंप ने कहा कहा कि उनकी और शी जिनपिंग की बातचीत में व्यापार, ताइवान, रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान और चीन की उनकी प्रस्तावित यात्रा पर चर्चा हुई.

सारांश

लाइव कवरेज

प्रियंका झा, दीपक मंडल

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए आप उनके साथ लगे लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

    कोटद्वार की घटना के बाद पहली मुलाक़ात: जब 'मोहम्मद दीपक' और वकील अहमद हुए आमने-सामने

    युमनाम खेमचंद कौन हैं जिन्होंने मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है

    अमेरिका और भारत की ट्रेड डील में कृषि और डेयरी सेक्टर को लेकर क्या है विवाद

  2. ट्रंप ने शी जिनपिंग से फ़ोन पर बात करने के बाद ट्रुथ सोशल पर क्या लिखा?

    ट्रंप और शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने अप्रैल में अपनी चीन यात्रा को लेकर भी जानकारी दी है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिका और चीन के बीच रिश्ते "बेहद अच्छे" हैं.

    यह बयान उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई उस फ़ोन बातचीत के बाद दिया, जिसे उन्होंने "बेहतरीन" बताया.

    ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "चीन के साथ रिश्ता, और राष्ट्रपति शी के साथ मेरा निजी रिश्ता, बेहद अच्छा है. हम दोनों समझते हैं कि इसे ऐसे ही बनाए रखना कितना ज़रूरी है."

    ट्रंप ने कहा कि उनकी और शी जिनपिंग की बातचीत में व्यापार, ताइवान, रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान और चीन की उनकी प्रस्तावित यात्रा पर चर्चा हुई.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर राष्ट्रपति शी के साथ हुई कॉल का पूरा ब्योरा भी साझा किया.

    उन्होंने लिखा, "मैंने अभी चीन के राष्ट्रपति शी के साथ एक बेहतरीन टेलीफ़ोन बातचीत पूरी की है. यह लंबी और विस्तार से हुई बातचीत थी, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. इनमें व्यापार, सैन्य मामले, अप्रैल में चीन की मेरी यात्रा, जिसको लेकर मैं काफी उत्साहित हूं, ताइवान, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध, ईरान की मौजूदा स्थिति, चीन द्वारा अमेरिका से तेल और गैस की खरीद, चीन द्वारा अतिरिक्त कृषि उत्पाद खरीदने पर विचार, जिसमें मौजूदा सीजन में सोयाबीन ख़रीद की मात्रा बढ़ाकर 20 मिलियन टन करना शामिल है. उन्होंने अगले सीजन के लिए 25 मिलियन टन की प्रतिबद्धता जताई है."

    ट्रंप ने आगे लिखा, "इसके अलावा विमान के इंजनों की आपूर्ति और कई अन्य मुद्दों पर भी बात हुई. सभी चर्चाएं बेहद सकारात्मक रहीं. चीन के साथ रिश्ता, और राष्ट्रपति शी के साथ मेरा निजी रिश्ता, बेहद अच्छा है और हम दोनों समझते हैं कि इसे बनाए रखना कितना ज़रूरी है. मुझे विश्वास है कि मेरे राष्ट्रपति कार्यकाल के अगले तीन सालों में राष्ट्रपति शी और पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ़ चाइना के साथ मिलकर कई सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे."

  3. बिहार सरकार ने गर्ल्स हॉस्टल के लिए जारी किए दिशानिर्देश, नीट छात्रा मामले में पुलिस ने मानी लापरवाही, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता, पटना

    पटना

    बिहार सरकार ने गर्ल्स हॉस्टल और लॉज के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं.

    इन दिशानिर्देशों के तहत सभी गर्ल्स हॉस्टल और लॉज में 24 घंटे महिला वॉर्डन की नियुक्ति अनिवार्य होगी.

    साथ ही वॉर्डन, गार्ड, रसोइया और सफाईकर्मी सहित सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन ज़रूरी होगा.

    हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरा लगाना होगा. महिलाएं जिन कमरों की ओर रहती हैं वहां पुरुषों का प्रवेश प्रतिबंधित होगा.

    सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग कम से कम 30 दिन तक सुरक्षित रखनी होगी.

    हॉस्टल की साफ-सफाई, खिड़कियों में लोहे की जाली, आने-जाने वाले व्यक्ति का नाम, उसके आधार नंबर के साथ रजिस्टर में मेंटेन करना होगा.

    बता दें कि बीती 11 जनवरी को पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा की संदिग्ध मौत हुई थी. ये मामला तूल पकड़ने के बाद एसआईटी का गठन किया गया था.

    लेकिन एसआईटी भी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद राज्य सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की है.

    बुधवार शाम को इस मामले में गठित एसआईटी टीम ने भी पहली बार प्रेस कांफ्रेंस की.

    एसआईटी ने स्पष्ट किया कि इस मामले के जांच के दौरान मृतक छात्रा की उम्र 18 साल से कम पाई गई है.

    ऐसे में इस केस में अब पॉक्सो की धाराएं लगाई गई हैं. इस प्रेस कांफ्रेंस में पटना पुलिस ने अपनी लापरवाही स्वीकार की.

    पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया, ''इस मामले में प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल ने 6 जनवरी को ही कदमकुआं थाने को सूचना दी थी. जिसके बाद महिला एसआई ने परिवार से संपर्क किया. परिवार ने महिला एसआई से कहा कि छात्रा के होश में आने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा. इस मामले में कदमकुआं थाना और चित्रगुप्त थाना प्रभारी ने लापरवाही की.”

    पुलिस ने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी फुटेज में किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं हुई है.

    सिटी एसपी परिचय कुमार ने कहा, ''हॉस्टल से छात्रा की पर्सनल डायरी मिली है. जिससे उसकी मानसिक स्थिति का पता चल रहा है. डायरी को भी एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है.''

    सीबीआई ने अब तक इस केस को अपने हाथों में नहीं लिया है. छात्रा के कपड़ों पर स्पर्म मिला था, जिसके बाद एसआईटी ने संदिग्धों के डीएनए सैंपल करवाए थे. अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए अन्य संदिग्धों की भी सैंपलिंग कराई जा रही है.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस में आईजी जितेन्द्र राणा भी मौजूद थे, जिनकी निगरानी में इस मामले की जांच की रोज़ाना समीक्षा होती है. ये कांफ्रेंस महज़ 15 मिनट चली और पुलिस अधिकारियों ने पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया.

  4. हिमंत बिस्वा सरमा ने दी कांग्रेस नेताओं के ख़िलाफ़ मानहानि का मामला दर्ज करने की धमकी, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    हिमंता विस्वा सरमा

    इमेज स्रोत, Anuwar Hazarika/NurPhoto via Getty Images

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई समेत पार्टी के कुछ शीर्ष नेताओं के ख़िलाफ़ दीवानी और आपराधिक दोनों तरह की मानहानि मुक़दमे दर्ज करने की धमकी दी है.

    सीएम का यह बयान कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के उस दावे के बाद आया है जिसमें सरमा के परिवार पर पूरे असम में लगभग 12 हजार बीघा ज़मीन पर कब्ज़ा करने की बात कही गई थी.

    इससे पहले बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने एक वेबसाइट और पैम्फलेट लॉन्च किया था जिसमें कथित तौर पर सीएम पर भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और सांस्कृतिक हस्तियों का अपमान करने के आरोप लगाए गए थे.

    कांग्रेस ने ''हू इज़ एचबीएस'' नाम की वेबसाइट शुरू की थी जो सरमा की संपत्ति से जुड़ी जानकारी मांग रही थी.

    लेकिन यह वेबसाइट लॉन्च होने के तुरंत बाद “अस्थायी तौर पर डाउन” हो गई.

    एचबीएस का मतलब था- हिमंत बिस्वा सरमा. कांग्रेस द्वारा लॉन्च इस वेबसाइट के ख़िलाफ़ सीएम हिमंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं 9 फ़रवरी 2026 को जितेंद्र सिंह,भूपेश बघेल, गौरव गोगोई और देबब्रत सैकिया के ख़िलाफ़ आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेरे ख़िलाफ़ झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक बयान देने के लिए सिविल और आपराधिक मानहानि की कार्यवाही शुरू कर रहा हूं."

    असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने गुवाहाटी में एक कॉन्फ्रेंस में कहा था, "अब तक हमने जो जानकारी इकट्ठा की है, उससे पता चला है कि सरमा और उनके परिवार के सदस्यों के पास करीब 12 हजार बीघा (लगभग 4 हजार एकड़) जमीन है. हम जल्द ही बताएंगे कि उन्होंने नियमों में कैसे हेरफेर किया और खेती की जमीन को इंडस्ट्रियल जमीन में बदल दिया."

    सीएम हिमंत भी लगातार मीडिया में कहते रहे हैं कि 8 फ़रवरी को गौरव गोगोई के पाकिस्तान से जुड़े कथित लिंक के बारे में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की रिपोर्ट सार्वजनिक करेंगे.

  5. अंडर-19 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में पहुंचा भारत, अफ़ग़ानिस्तान को 7 विकेट से हराया

    आरोन जॉर्ज

    इमेज स्रोत, Ashley Allen-ICC/ICC via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरोन जॉर्ज की शतकीय पारी की मदद से भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को मात दी है.

    अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को सात विकेट से हराकर फ़ाइनल में जगह बना ली है.

    आरोन जॉर्ज की शतकीय पारी की मदद से भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को मात दी है.

    अफ़ग़ानिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में चार विकेट पर 310 रन बनाए थे.

    जवाब में भारत के लिए आरोन ने शतक लगाया, जबकि वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने हाफ़ सेंचुरी लगाई.

    भारत की टीम ने 41.1 ओवर में तीन विकेट पर 311 रन बनाकर मैच अपने नाम किया.

    6 फरवरी को फ़ाइनल में भारत का मुक़ाबला इंग्लैंड से होगा.

  6. रूस के हमले से चरमराई बिजली सप्लाई से ठंड में यूक्रेन का बुरा हाल, ज़ेलेंस्की क्या बोले

    यूक्रेन

    इमेज स्रोत, Andrew Kravchenko/Bloomberg via Getty Images

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि देश के ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाकर किए गए रूस के व्यापक हमलों के बाद 1,100 से ज़्यादा अपार्टमेंट में बिजली नहीं है.

    ज़ेलेंस्की के मुताबिक़, राजधानी कीएव में बिजली सप्लाई बहाल करने के लिए 200 से अधिक मरम्मत टीमें काम कर रही हैं.

    रूस ने हाल ही में फिर से हमले तेज़ कर दिए हैं.

    यूक्रेन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, कीएव में बिजली और हीटिंग की भारी किल्लत के बीच सामुदायिक किचन और हीटिंग सेंटर की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है

    इससे पहले एक हफ़्ते का विराम देखा गया था, जिसे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन में कड़ाके की ठंड के बीच व्लादिमीर पुतिन से बरक़रार रखने का आग्रह किया था.

    इस बीच, शांति योजना के ब्योरे पर चर्चा के लिए अमेरिका, यूक्रेन और रूस के अधिकारी एक बार फिर अबू धाबी में बैठक कर रहे हैं.

  7. दिनभर : भारत-अमेरिका ट्रेड डील - जिन सवालों के जवाब नहीं मिले

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. कार्टून: कन्फ्यूजन ही कन्फ्यूजन है

    कोटद्वार

    इमेज स्रोत, bb

    इमेज कैप्शन, कोटद्वार में मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में आए मोहम्मद दीपक के मामले पर आज का कार्टून.
  9. टी-20 वर्ल्ड कप: साउथ अफ़्रीका के साथ वॉर्मअप मैच में भारत का टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के वॉर्म-अप मैच में भारत और साउथ अफ़्रीका के बीच मुक़ाबला हो रहा है. भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    दोनों टीमें पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में एक-दूसरे से भिड़ चुकी थीं. इस बार भी दोनों के बीच कड़ा मुक़ाबला होने की उम्मीद है.

    भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, इशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर.

    साउथ अफ्रीका टीम: एडेन मार्करम (कप्तान), कोर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, मार्को येनसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, कागिसो रबाडा, ट्रिस्टन स्टब्स, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, रेयान रिकेल्टन और जेसन स्मिथ.

  10. काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे टर्किश एयरलाइंस के विमान की कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    टर्किश एयरलाइंस

    इमेज स्रोत, SANJAY DAS

    इमेज कैप्शन, टर्किश एयरलाइंस का वो विमान जिसे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी.

    नेपाल की राजधानी काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे टर्किश एयरलाइंस के एक विमान को बुधवार शाम तीन बजे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी.

    विमान के पायलट ने दाहिने इंजन में आग लगने का संदेह जताया था. कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक विक्रम सिंह ने पत्रकारों को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि वह विमान दोपहर 2.49 बजे यहां सुरक्षित उतर गया. उस पर 236 यात्री सवार थे. उनको सुरक्षित उतार लिया गया है.

    एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद चालक दल को दाहिने इंजन में गड़बड़ी का पता चला था.

    पायलट ने काठमांडू एटीसी को इसकी सूचना दी और एक इंजन बंद कर दिया. एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.

    एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि विमान के कैप्टन ने कोलकाता एटीसी को दाहिने इंजन में संभावित आग की सूचना दी थी. उसके बाद उसे यहां सुरक्षित उतार लिया गया.

    विमान ने काठमांडू से दोपहर 1.29 बजे उड़ान भरी थी. उड़ान संख्या टीएचवाई-727 के लिए इस्तेमाल होने वाला यह विमान एयरबस ए 330-300 है.

  11. लोकसभा की कार्यवाही हंगामे के कारण कल तक के लिए स्थगित

    ओम बिरला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लोकसभा में तीसरे दिन भी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी

    संसद के चालू बजट सत्र के दौरान लोकसभा में गतिरोध की वजह से तीसरे दिन भी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी.

    मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज शाम पांच बजे से लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था, लेकिन सदन की कार्यवाही के दौरान हंगामे की वजह से कल सुबह 11 बजे तक के लिए टाल दी गई है.

    हंगामे के कारण पीठासीन अध्यक्ष संध्या राय ने शाम पांच बजे जब सदन की कार्यवाही शुरू करते हुए पीपी चौधरी से बोलने के लिए कहा तो विपक्ष के कई सदस्य तख्तियां लेकर वेल में आ गए और नारेबाज़ी शुरू कर दी.

    इसके बाद हंगामे और शोर की वजह से सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी गई.

    सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि "पीएम मोदी डर गए हैं."

  12. अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल: अफ़ग़ानिस्तान ने भारत को दिया 311 रनों का लक्ष्य

    फ़ैसल शिनोज़ादा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़ैसल शिनोज़ादा ने 110 रनों की पारी खेली

    आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफ़ाइनल में अफ़ग़ानिस्तान ने भारत के आगे 311 रनों का लक्ष्य रखा है.

    हरारे में खेले जा रहे मैच में अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था और 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 310 रन बनाए थे.

    अफ़गानिस्तान की ओर से फ़ैसल शिनोज़ादा और उज़ैरुल्लाह नियाज़ई ने शतकीय पारी खेली. फ़ैसल ने 110 रन और उज़ैरुल्लाह ने 101 रन बनाए.

  13. इसराइल ने ग़ज़ा पर किए हमले, छह बच्चों समेत 17 फ़लस्तीनियों की मौत

    इसराइल और हमास

    इमेज स्रोत, Bashar TALEB / AFP) (Photo by BASHAR TALEB/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल और हमास दोनों एक-दूसरे पर लगभग रोज़ाना युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं. यह युद्धविराम 10 अक्तूबर 2025 से लागू हुआ था

    इसराइल ने ग़ज़ा के उत्तरी और दक्षिणी इलाक़ों में हमले किए हैं, जिनमें 17 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

    यहां के अस्पताल से जुड़े कर्मचारियों ने बताया कि ग़ज़ा सिटी और ख़ान यूनिस इलाक़ों में मारे गए लोगों में छह बच्चे भी शामिल हैं.

    इसराइल की सेना का दावा है कि यह घटना तब हुई जब उत्तरी ग़ज़ा में 'आतंकवादियों' ने गोलीबारी की.

    इस दौरान इसराइल का एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया.

    सेना ने कहा कि इस युद्धविराम के स्पष्ट उल्लंघन के जवाब में बख़्तरबंद गाड़ियों और हवाई जहाज़ों ने उस इलाक़े में जवाबी हमले किए.

    इसराइल और हमास दोनों एक-दूसरे पर लगभग रोज़ाना युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं. यह युद्धविराम 10 अक्तूबर 2025 से लागू हुआ था.

    ग़ज़ा की हमास द्वारा चलाई जाने वाले स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इसराइली गोलीबारी से अब तक कम से कम 529 लोग मारे गए हैं. जबकि इसराइल की सेना ने कहा है कि फ़लस्तीनी हमलों में उसके चार सैनिक मारे गए हैं.

    यह युद्ध 7 अक्तूबर 2023 को शुरू हुआ था, जब हमास ने दक्षिणी इसराइल पर हमले कर दिए थे. उस हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था.

    इसराइल ने इस हमले के जवाब में ग़ज़ा में सैन्य अभियान शुरू किया.

  14. नई एपस्टीन फ़ाइल्स के बाद एंड्रयू ने रॉयल लॉज के घर को छोड़ा, डेनियला रेल्फ़, रॉयल कॉरेस्पोंडेंट

    ब्रिटेन के पूर्व राजकुमार एंड्रयू -विंडसर

    इमेज स्रोत, Getty Images / BBC

    इमेज कैप्शन, पैलेस ने अक्टूबर में घोषणा की थी कि उन्हें रॉयल लॉज से हटाया जाएगा

    ब्रिटेन के पूर्व राजकुमार एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर, विंडसर स्थित अपने घर से बाहर निकलकर नॉरफ़ॉक के सैंड्रिंघम एस्टेट में चले गए हैं.

    पूर्व राजकुमार ने सोमवार रात रॉयल लॉज ख़ाली कर दिया और फ़िलहाल सैंड्रिंघम एस्टेट के वुड फ़ार्म कॉटेज में रह रहे हैं. उनके स्थायी घर में मरम्मत का काम चल रहा है.

    बकिंघम पैलेस ने कहा था कि यह स्थानांतरण 2026 की शुरुआत में होगा, लेकिन ऐसा लग रहा है कि जेफ़री एपस्टीन से जुड़े नए दस्तावेज़ों के सामने आने के बाद यह प्रक्रिया तेज़ हो गई है.

    बाल यौन अपराधों के आरोपी फाइनेंसर जेफ़री एपस्टीन के साथ अपने संबंधों को लेकर एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर पर अमेरिका में गवाही देने का दबाव बढ़ता जा रहा है.

    हालांकि उन्होंने लगातार किसी भी तरह की ग़लत हरकत से इनकार किया है.

    पैलेस ने अक्टूबर में घोषणा की थी कि उन्हें रॉयल लॉज से हटाया जाएगा. इसी समय उनसे ‘प्रिंस’ की उपाधि भी वापस ले ली गई थी.

    सैंड्रिंघम एस्टेट किंग की निजी संपत्ति है और अपने भाई के नए आवास से जुड़ा खर्च वह स्वयं वहन करेंगे. माना जा रहा है कि आख़िरकार एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर इसी एस्टेट में स्थित मार्श फ़ार्म में रहेंगे.

    एंड्रयू से जुड़ा मामला लंबे समय से शाही परिवार के लिए चुनौती बना हुआ है और कई बार पूर्व राजकुमार से निपटने को लेकर लिए गए फैसले धीमे और असरहीन नज़र आए हैं.

    रॉयल लॉज पर उनका बना रहना, जेफ़री एपस्टीन के साथ उनके संबंधों से पैदा हुई व्यापक समस्याओं का प्रतीक बन गया था. इससे विशेषाधिकार, पारदर्शिता और सार्वजनिक धन के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हुए.

    उम्मीद जताई जा रही है कि सैंड्रिंघम स्थानांतरण एक निर्णायक कदम साबित होगा और माउंटबेटन-विंडसर को, जहां तक संभव हो, सार्वजनिक निगाहों से दूर रखेगा.

  15. तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन का सऊदी अरब दौरा, किन मुद्दों पर बनी बात

    तुर्की और सऊदी अरब

    इमेज स्रोत, TUR Presidency/Murat Cetinmuhurdar/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच मुलाक़ात हुई है

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने मंगलवार को सऊदी अरब का दौरा किया. यह दो साल से ज़्यादा समय में उनकी पहली यात्रा है.

    ये दौरा ऐसे समय में हुआ है जब सऊदी अरब और उसके प्रतिद्वंद्वी रहे तुर्की के बीच रिश्तों में गर्माहट आई है.

    तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाक़ात के बाद जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने तेल, पेट्रोलियम उत्पादों और पेट्रोकेमिकल्स के क्षेत्र में सहयोग मज़बूत करने पर सहमति जताई है.

    इसके अलावा बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है, जो सऊदी अरब के बड़े पैमाने पर किए जा रहे ऊर्जा निवेश पर आधारित होगा.

    वहीं दोनों देश के बीच ग़ज़ा में शांति और स्थिरता के लिए साझा प्रयास तेज़ करने पर सहमति बनी.

    संयुक्त बयान में ग़ज़ा की मानवीय स्थिति पर गहरी चिंता जताई गई. इसमें युद्धविराम मज़बूत करने, सहायता मार्ग खोलने और दो देशों के समाधान के समर्थन पर ज़ोर दिया गया. साथ ही यूएनआरडब्ल्यूए की भूमिका की भी पुष्टि की गई.

    यमन, सोमालिया, सूडान और सीरिया के मामलों में में संप्रभुता, एकता और स्थिरता के समर्थन और शांति प्रयासों की सराहना की गई.

    वहीं तुर्की के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से कहा गया कि तुर्की को उम्मीद है कि वह खाड़ी सहयोग परिषद के सदस्य देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बातचीत को अंतिम रूप दे सकेगा.

  16. ईरान का दावा, अमेरिका से अगले कुछ दिनों में शुरू हो जाएगी बातचीत

    ईरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया है कि कि ओमान, तुर्की और कुछ अन्य देशोें ने इस बातचीत की मेज़बानी की इच्छा जताई है

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने दावा किया है अमेरिका के साथ उनके देश की बातचीत अगले कुछ दिनों में तय हो जाएगी.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, इस्माइल बक़ाई ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ से कहा कि ओमान, तुर्की और कुछ अन्य देशोें ने इस बातचीत की मेज़बानी की इच्छा जताई है. लेकिन अभी कोई जगह तय नहीं की गई है. हालांकि इस पर जल्द फ़ैसला हो जाएगा.

    मंगलवार शाम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस बात की पुष्टि की थी ईरान के साथ बातचीत की प्रक्रिया चल रही है.

    इससे पहले व्हाइट हाउस के एक प्रवक्ता ने साफ़ किया था कि ईरानी अधिकारियों से बातचीत के लिए अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ का कार्यक्रम पहले की तरह बना हुआ है.

    इससे पहले अमेरिकी युद्धपोत अब्राहम लिंकन ने एक ईरानी ड्रोन को मार गिराया था. इससे ये आशंका जताई जा रही थी कि शायद बातचीत में अड़चन आ सकती है.

    ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत ऐसे समय में शुरू हो रही है, जब दिसंबर 2025 में ईरान में विरोध-प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों की सख़्त कार्रवाई में हज़ारों प्रदर्शनकारी मारे गए और घायल हुए थे.

  17. गाज़ियाबाद: तीन बहनों ने की 'ख़ुदकुशी', पुलिस ने ये बताया

    अतुल कुमार सिंह

    इमेज स्रोत, @ghaziabadpolice/X

    इमेज कैप्शन, एसीपी (शालीमार गार्डन) अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तीनों बहनों को कथित तौर पर ऑनलाइन गेम की लत थी

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

    गाज़ियाबाद पुलिस के मुताबिक़ बुधवार सुबह तीन नाबालिग बहनों ने ख़ुदकुशी कर ली.

    पुलिस अधिकारियों के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि पुलिस इस मामले में तीनों बहनों को ऑनलाइन कोरियन गेम की लत होने के एंगल से भी जांच कर रही है.

    असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (शालीमार गार्डन) अतुल कुमार सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच से ये सामने आया है कि तीनों बहनों को कथित तौर पर 'लव गेम' की लत थी. ये एक ऑनलाइन गेम है, जिसमें टास्क दिए जाते हैं. उन्होंने ये भी बताया कि बच्चियों के माता-पिता हद से ज्यादा गेम खेलने से मना कर रहे थे.

    एसीपी अतुल कुमार सिंह ने एक वीडियो बाइट में बताया है, "आज यानी 4 फ़रवरी को रात करीब सवा दो बजे पीआरवी से ये सूचना मिली कि थाना टीलामोड़ में तीन बच्चियों ने आत्महत्या कर ली. तीन बच्चियों की उम्र 16 साल, 14 साल और 12 साल थी."

  18. अब तक बीबीसी संवाददाता प्रियंका झा आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  19. पश्चिम बंगाल में एसआईआर के ख़िलाफ़ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को दिया नोटिस

    सुनवाई के दौरान ममता बनर्जी भी कोर्ट में मौजूद रहीं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुनवाई के दौरान ममता बनर्जी भी कोर्ट में मौजूद रहीं

    पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के ख़िलाफ़ राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग और पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन आयुक्त को नोटिस जारी किया है.

    मामले में अगली सुनवाई 9 फ़रवरी को होगी. ममता बनर्जी ने कोर्ट में दलील दी कि एसआईआर समावेशी प्रक्रिया नहीं है बल्कि यह विभाजनकारी है. उन्होंने कोर्ट से कहा, "कृपया हमारे लोकतंत्र को बचा लें."

    ममता बनर्जी की ओर से वरिष्ठ वकील श्याम दिवान ने कोर्ट को बताया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं की सूची का पुनरीक्षण बाकी है और अब सुधारात्मक कदम उठाने के लिए लगभग न के बराबर समय बचा है.

    पश्चिम बंगाल में इसी साल अप्रैल-मई में चुनाव होने हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में कहा, "हमें कहीं भी न्याय नहीं मिल रहा है. मैंने मुख्य चुनाव आयुक्त को कई चिट्ठियां लिखीं."

    ममता बनर्जी ने राज्य में मतदाता सूची के पुनरीक्षण से आम लोगों को हो रही 'परेशानियों और इसमें हो रही अनियमितताओं' के बारे में बताने के लिए सुप्रीम कोर्ट से पांच मिनट मांगे.

    वहीं, सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि इलेक्टोरल रोल रिवीज़न माइग्रेशन से भी जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान भी होता है और हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर उस व्यक्ति का नाम सूची में हो, जिनके पास पूरे दस्तावेज़ हों.

    ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग आधार कार्ड को मंज़ूरी नहीं दे रहा और वो मतदाताओं से दूसरे दस्तावेज़ मांग रहा है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यही पैमाना असम पर लागू क्यों नहीं हो रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि बहुत सारे जीवित लोगों को भी एसआईआर प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग ने मृत घोषित कर दिया.

  20. अनिल अंबानी के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में कहा, 'वह देश छोड़कर नहीं जाएंगे'

    अनिल अंबानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को रिलायंस कम्युनिकेशंस और अनिल अंबानी पर लगे बैंक फ्रॉड के आरोपों से जुड़े मामले की सुनवाई की.

    बार एंड बेंच और लाइव लॉ के मुताबिक, सुनवाई के दौरान अनिल अंबानी के वकील मुकुल रोहतगी ने अदालत को ये आश्वासन दिया है कि अनिल अंबानी देश छोड़कर नहीं जाएंगे. इस संबंध में वकीलों ने कोर्ट में अंडरटेकिंग दी, जिसे कोर्ट ने रिकॉर्ड पर लिया.

    दरअसल, ये आशंकाएं जताई जा रही थीं कि अनिल अंबानी अपने ख़िलाफ़ जांच पूरी होने से पहले भारत छोड़कर जा सकते हैं. इसके बाद ही कोर्ट में उनके वकीलों की ओर से ये अंडरटेकिंग दी गई.

    वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने कहा, "वह क्यों भागेंगे? वह इस अदालत की मंज़ूरी के बग़ैर नहीं जाएंगे."

    चीफ़ जस्टिस सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच ने प्रवर्तन निदेशालय को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने का आदेश दिया जो रिलायंस कम्युनिकेशन और अनिल अंबानी पर लगे बैंक फ्रॉड के आरोपों की की जांच करेगा.

    कोर्ट में दायर याचिका के मुताबिक आरकॉम और उसकी सहयोगी इकाइयों ने साल 2013 से 2017 के बीच एसबीआई की अगुवाई वाले कंसोर्टियम ऑफ़ बैंक से 31 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज़ लिया था. लेकिन इसका इस्तेमाल कर के कंपनी ने बहुत से दूसरे कर्ज़े चुकाए, म्युचुअल फंड में और फ़िक्स्ड डिपॉज़िट में निवेश कर दिया.