ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बारे में अभी तक क्या-क्या पता है?

ईरान में बीते 15 दिन से सरकार विरोधी प्रदर्शन चल रहे हैं. इन प्रदर्शनों की शुरुआत 28 दिसंबर को राजधानी तेहरान से हुई.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, प्रवीण

  1. इन दो देशों ने मस्क के एआई टूल ग्रोक पर लगाई पाबंदी, ये वजह बताई, ऑसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर

    एलन मस्क

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग्रोक यूज़र्स को तस्वीरें एडिट करने की सुविधा देता है

    मलेशिया और इंडोनेशिया ने एलन मस्क की कंपनी एक्स के एआई चैटबॉट ग्रोक पर पाबंदी लगा दी है. ये दुनिया के पहले देश हैं जिन्होंने इस एआई टूल पर बैन लगाया है.

    ग्रोक यूज़र्स को तस्वीरें जनरेट करने की सुविधा देता है. हालांकि, हाल के हफ़्तों में इसका इस्तेमाल लोगों की तस्वीर को उनकी सहमति के बगैर एडिट करने के लिए किया गया.

    मलेशिया और इंडोनेशिया ने कहा कि ग्रोक का इस्तेमाल महिलाओं और बच्चों से जुड़ी पोर्नोग्राफ़िक और बिना सहमति वाली तस्वीरें बनाने के लिए किया जा सकता है.

    बीबीसी ने इस पर टिप्पणी के लिए ग्रोक प्लेटफ़ॉर्म से संपर्क किया है. मस्क ने पहले कहा था कि उनके प्लेटफ़ॉर्म के आलोचक "सेंसरशिप के लिए कोई भी बहाना" ढूंढ रहे हैं.

  2. रज़ा पहलवी ने ईरानी प्रदर्शनकारियों को दिया 'अंतरराष्ट्रीय मदद' का भरोसा, कहा- ईरान की आज़ादी करीब है

    रज़ा पहलवी

    इमेज स्रोत, X/@PahlaviReza

    इमेज कैप्शन, रज़ा पहलवी ने ईरान के प्रदर्शनकारियों के नाम एक्स पर एक और पोस्ट किया है

    ईरान के आख़िरी शाह के बेटे रज़ा पहलवी ने ईरानी प्रदर्शनकारियों के नाम एक पोस्ट में कहा है कि देश की आज़ादी करीब है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "पिछले दो हफ़्तों में, ख़ासकर पिछले चार दिनों में, आपने बड़े पैमाने पर, देशव्यापी प्रदर्शनों से गैर-क़ानूनी इस्लामिक रिपब्लिक की नींव हिला दी है."

    "मैं इस्लामिक रिपब्लिक को उखाड़ फेंकने और अपने प्यारे ईरान को वापस पाने के लिए राष्ट्रीय विद्रोह के एक नए चरण की घोषणा कर रहा हूं."

    उन्होंने लिखा, "ईरान की आज़ादी करीब है...हम अकेले नहीं हैं. जल्द ही अंतरराष्ट्रीय मदद मिलेगी."

    ईरान में बीते कई दिनों से देश की ख़राब आर्थिक हालात और महंगाई के कारण सरकार के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं. इसकी शुरुआत 28 दिसंबर 2025 को हुई थी.

  3. ट्रंप ने ख़ुद को 'वेनेज़ुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति' बताया

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, ANDREW CABALLERO-REYNOLDS / AFP via Getty Images

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ख़ुद को 'वेनेज़ुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति' बताया है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर अपनी एक फ़ोटो पोस्ट की है, जिसमें उनकी तस्वीर के साथ पदनाम "वेनेज़ुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति" लिखा है.

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, @realDonaldTrump

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर ये तस्वीर शेयर की

    अमेरिका ने बीती 3 जनवरी को वेनेज़ुएला पर कार्रवाई करते हुए देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ़्लोरेस के साथ 'पकड़' लिया था.

    मादुरो के ख़िलाफ़ हथियार और ड्रग्स की तस्करी के आरोप में अमेरिका में मुक़दमा चलाया जा रहा है.

    वहीं वेनेज़ुएला की उप राष्ट्रपति रही डेल्सी रोड्रिगेज़ कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाई गई हैं.

  4. ईरान में अमेरिकी कार्रवाई से जुड़े सवाल पर अब ये बोले ट्रंप

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, The White House

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ईरान पर नज़र रख रहे हैं

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के मामले में कुछ बहुत मज़बूत विकल्पों पर विचार कर रहे हैं.

    प्रेस से बातचीत में ट्रंप से सवाल किया गया था कि 'क्या अमेरिका को ईरान पर कार्रवाई करनी पड़ेगी.'

    इसके जवाब में उन्होंने कहा, "(ईरान में) ऐसे लोग मारे गए हैं जिन्हें नहीं मारा जाना चाहिए था. अगर आप नेताओं की बात करें, तो मुझे नहीं पता कि वे नेता हैं या सिर्फ़ हिंसा के ज़रिए राज करते हैं."

    ट्रंप ने कहा, "लेकिन हम और हमारी सेना इस पर बहुत गंभीरता से नज़र रख रहे हैं और हम कुछ बहुत मज़बूत विकल्पों पर विचार कर रहे हैं."

    ईरान में हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच ट्रंप वहां अमेरिका की ओर से सैन्य हस्तक्षेप की चेतावनी दे चुके हैं.

    वहीं ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका ने ऐसा कुछ किया, तो इसराइल और क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे उसका "टारगेट" बनेंगे.

  5. ईरान में विरोध प्रदर्शन के दौरान नहीं गिरफ़्तार किए गए भारतीय, ईरानी राजदूत ने बताया

    भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने ऐसी ख़बरों को फ़र्ज़ी बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने उन ख़बरों को झूठ बताया है, जिसमें दावा किया गया था कि ईरानी पुलिस ने "दंगों और तोड़फोड़" में शामिल कुछ अफ़गानों और भारतीयों को गिरफ़्तार किया है.

    फथाली ने रविवार को इन अफ़वाहों का खंडन करते हुए एक्स पर लिखा, "ईरान के घटनाक्रम के बारे में कुछ विदेशी एक्स अकाउंट्स पर फैलाई गई ख़बर पूरी तरह से झूठी है."

    "मैं सभी संबंधित लोगों से गुज़ारिश करता हूं कि वे अपनी ख़बरें विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त करें."

    उन्होंने एक एक्स पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी डाला है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि पुलिस ने 10 अफ़गान और छह भारतीय नागरिकों को गिरफ़्तार किया है जो "अबादान, ख़ूज़स्तान में दंगों और तोड़फोड़ के पीछे मुख्य अपराधी थे."

  6. अमेरिका पहुंचे केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, क्रिटिकल मिनरल्स पर होने वाली अहम बैठक में लेंगे हिस्सा

    अश्विनी वैष्णव

    इमेज स्रोत, X/@AshwiniVaishnaw

    इमेज कैप्शन, अश्विनी वैष्णव ने रविवार को एक्स पर पोस्ट कर इस मीटिंग की जानकारी दी

    इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार को अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी पहुंचे.

    अश्विनी वैष्णव यहां क्रिटिकल मिनरल्स पर एक मीटिंग में हिस्सा लेंगे, जिसकी मेज़बानी अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट कर रहे हैं.

    अश्विनी वैष्णव ने रविवार को एक्स पर पोस्ट कर इस मीटिंग की जानकारी दी.

    उन्होंने लिखा, "वॉशिंगटन, डी.सी. पहुंच गया हूं. कल क्रिटिकल मिनरल्स पर मंत्री स्तर की बैठक में हिस्सा लूंगा. विकसित भारत के हमारे लक्ष्य के लिए सुरक्षित क्रिटिकल मिनरल सप्लाई चेन बहुत ज़रूरी हैं."

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी, सैकड़ों प्रदर्शनकारियों की मौत के दावे

    ईरान में विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरान में बीते कई दिनों से सरकार विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं

    ईरान से ऐसे और सबूत सामने आ रहे हैं कि सरकार विरोधी प्रदर्शनों को कुचलने की कोशिश में सुरक्षा बलों ने कितनी हिंसा की है.

    तेहरान में एक सूत्र ने रविवार को कहा, "यहां हालात बहुत खराब हैं. हमारे कई दोस्त मारे गए हैं. वे गोलियां चला रहे थे. यह एक युद्ध क्षेत्र जैसा है, सड़कों पर ख़ून ही ख़ून है. वे ट्रकों में लाशें ले जा रहे हैं."

    बीबीसी ने तेहरान के पास एक मुर्दाघर के फ़ुटेज में लगभग 180 बॉडी बैग गिने. अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट न्यूज़ एजेंसी का कहना है कि उसने देश भर में 495 प्रदर्शनकारियों और 48 सुरक्षाकर्मियों की मौत की पुष्टि की है.

    एजेंसी का कहना है कि पिछले दो हफ़्तों की अशांति के दौरान 10,600 और लोगों को हिरासत में लिया गया है.

    वहीं रविवार को ईरानी सरकार ने "अमेरिका और इसराइल के ख़िलाफ़ लड़ाई में मारे गए शहीदों" के लिए तीन दिन के शोक की घोषणा की है.

  8. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.